IMD Alert: 13 नवंबर को ‘बंगाल की खाड़ी’ में हलचल, इन राज्यों में मूसलाधार बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

IMD Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है और अगले 24 घंटों के दौरान और स्पष्ट होकर एक सुस्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास समुद्र की स्थिति के साथ-साथ दक्षिण भारत के मौसम पर भी असर पड़ने की संभावना है।

IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 और 11 नवंबर के साथ 15 और 16 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 16 नवंबर को भारी बारिश की आशंका है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 13 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। कश्मीर घाटी में 12 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी ‘बंगाल की खाड़ी’ में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान यह और स्पष्ट होकर सुस्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। IMD ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी म्यांमार तट से लगे पूर्व-मध्य हिस्से में 10 नवंबर को मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की है। इसके अलावा अंडमान सागर में 15 नवंबर तक और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 से 15 नवंबर के दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। अरब सागर के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

दक्षिण भारत में इन तारीखों पर भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के राज्यों में अगले छह-सात दिनों तक अलग-अलग तारीखों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 से 14 नवंबर और फिर 16 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 15 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 और 11 नवंबर के साथ 15 और 16 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। इन इलाकों में 10 से 12 नवंबर और फिर 15-16 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चलने की आशंका है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 और 14 नवंबर को भी कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। यानी इन क्षेत्रों में पूरे सप्ताह मौसम की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, हालांकि बारिश की तीव्रता और उसका फैलाव अलग-अलग दिनों में बदल सकता है।

केरल और माहे में 10 से 15 नवंबर तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 नवंबर को यहां कई स्जगहों पर बारिश होने और कुछ जगहों पर भारी बारिश की आशंका है। केरल और माहे में 10 से 12 नवंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

लक्षद्वीप में 10 से 16 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। यहां 10 से 12 नवंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 और 16 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 16 नवंबर के दौरान बारिश का अनुमान है। रायलसीमा में 14 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी, 12 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। IMD के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 10 और 11 नवंबर तथा फिर 14 से 16 नवंबर के दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 12 और 13 नवंबर को इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी दी है। बुलेटिन के मुख्य पूर्वानुमान में विशेष रूप से कश्मीर घाटी में इस दिन भारी बारिश या बर्फबारी की आशंका जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 10 नवंबर तथा 12 से 14 नवंबर के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना है। यहां 12 और 13 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी का अनुमान है। पंजाब में 12 से 16 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश के आसार

पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी 10 और 11 नवंबर को बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक बिहार, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इन दो दिनों के दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 10 से 12 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10 से 16 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। यहां 10 से 14 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 10 से 15 नवंबर तक गरज-चमक और बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन हवाओं के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। 15 और 16 नवंबर को भी यहां तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 10 से 12 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। IMD ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में इस अवधि के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिर सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को मध्यम से तीव्र बिजली चमकने की आशंका भी जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर 12 से 21 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और त्रिपुरा में भी भारी बारिश दर्ज की गई जहां बारिश का आंकड़ा 7 से 11 सेंटीमीटर के बीच रहा।

IMD के बुलेटिन में बताया गया है कि इस समय कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसकी धुरी समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 55 डिग्री पूर्वी देशांतर के साथ 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में स्थित है।

इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और उससे लगे लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी तथा मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

पश्चिम और मध्य भारत में बड़े बदलाव की संभावना नहीं

IMD ने पश्चिम और मध्य भारत के लिए अगले एक सप्ताह के दौरान किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि का अनुमान नहीं जताया है। मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक इस दौरान पश्चिम और मध्य भारत में कोई खास मौसम बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस तरह 13 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र, पश्चिमी विक्षोभ और अन्य सक्रिय मौसमी प्रणालियां अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम को प्रभावित कर सकती हैं। दक्षिण भारत में भारी बारिश, अंडमान-निकोबार में लगातार बारिश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश-बर्फबारी इस दौरान मौसम की प्रमुख गतिविधियां रहेंगी।

ये भी पढ़ें- IRCTC Down Today: रेलवे टिकट बुकिंग वेबसाइट और ऐप ठप होने से मचा हड़कंप! सैकड़ों यूजर्स ने की शिकायत, लॉगिन से पेमेंट तक में हो रही परेशानी

UP SIR Row: यूपी की वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब? CM योगी के दावे पर सियासी घमासान, अखिलेश यादव का पलटवार

UP SIR Row: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि यूपी में वोटर लिस्ट से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कैसे हट गए और इसके लिए कौन जिम्मेदार है? मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि SIR की प्रक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में ये बातें ‘आज तक पंचायत’ कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने विपक्ष की ओर से SIR प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों को दुष्प्रचार करार दिया और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को चुनौती दी कि अगर उन्हें इस प्रक्रिया पर आपत्ति है तो वे SIR को वापस लेने की मांग करें। योगी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल कराने के लिए निर्वाचन आयोग से संपर्क किया है। साथ ही क्या इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया है।

पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट और ECI के आंकड़ों में अंतर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दावे के समर्थन में पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट और भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की विधानसभा मतदाता सूची के बीच अंतर का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि करीब 1.27 करोड़ ऐसे हिंदू मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में दर्ज हैं। लेकिन निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में नहीं मिल रहे हैं।

सीएम योगी ने सवाल उठाया कि जब इन लोगों के नाम पंचायत चुनाव की लिस्ट में मौजूद हैं तो विधानसभा की वोटर लिस्ट से उनके नाम कैसे गायब हो गए? इसके पीछे कौन जिम्मेदार है? उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस विसंगति को लेकर चुनाव आयोग को ज्ञापन दिया है। यूपी सरकार ने पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने की मांग की है।

66 लाख पंचायत मतदाताओं के नाम गायब होने का दावा

CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में मौजूद हैं। लेकिन निर्वाचन आयोग की विधानसभा मतदाता सूची में नहीं हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने करीब 55 लाख ऐसे हिंदू लाभार्थियों का जिक्र किया, जो सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। लेकिन उनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं। उन्होंने 18 से 19 साल की उम्र के करीब 4.5 लाख युवाओं के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं होने का दावा किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन सभी मामलों को लेकर सरकार निर्वाचन आयोग से जांच और जरूरी कार्रवाई की मांग कर रही है। उनका कहना है कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

46 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाने पर सहमति

योगी आदित्यनाथ ने साफ किया कि सरकार वोटर लिस्ट से अपात्र लोगों के नाम हटाने के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब 46 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कथित विदेशी घुसपैठियों के नाम भी मतदाता सूची से हटाने की मांग की।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि मृत और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के साथ-साथ सभी वास्तविक और पात्र वोटर्स के नाम वोटर लिस्ट में शामिल करना भी जरूरी है। उनके मुताबिक, वोटर लिस्ट को शुद्ध करने की प्रक्रिया में किसी भी योग्य नागरिक का नाम नहीं छूटना चाहिए।

अखिलेश यादव का योगी पर पलटवार

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल किया कि सीएम योगी को यह जानकारी कैसे मिली और क्या निर्वाचन आयोग ने पूरा आंकड़ा मुख्यमंत्री कार्यालय (UP CMO) के साथ शेयर किया है। अखिलेश ने कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घुसपैठियों का मुद्दा बार-बार उठाकर पूरे देश को डराए रखा। अब दावा कर रहे हैं कि एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किया, “इन्हें (योगी) कैसे पता कि नाम गायब हैं? लगता है कि निर्वाचन आयोग ने पूरा आंकड़ा मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ शेयर किया है।” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग यह जानकारी जनता और राजनीतिक दलों को बाद में देता है। लेकिन सबसे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय को दिखाता है।

अखिलेश ने दिए 3 सुझाव

उन्होंने आरोप लगाया कि वोट देने का अधिकार छीनने के लिए पहले SIR कराया गया, फिर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन कराया गया और अब फॉर्म सात के जरिए साजिश की जा रही है। अखिलेश ने कहा, ”हमारा सुझाव है कि जब सबके आधार कार्ड बन गए हैं तो मतदाता सूची को आधार से जोड़ दिया जाए।”

सपा प्रमुख ने आशंका जताई कि ”फॉर्म छह और सात में बदलाव इसलिए किया जा रहा है ताकि फर्जी वोट बढ़ाए जा सकें।” उन्होंने आगाह किया कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर एसआईआर के बाद नागरिकता छिनने का भी खतरा पैदा हो सकता है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी निशाना साधा और दावा किया कि 2027 में राज्य में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

ये भी पढ़ें- IRCTC Down Today: रेलवे टिकट बुकिंग वेबसाइट और ऐप ठप होने से मचा हड़कंप! सैकड़ों यूजर्स ने की शिकायत, लॉगिन से पेमेंट तक में हो रही परेशानी

इसके अलावा मंगलवार को एक अन्य पोस्ट में सपा मुखिया ने X पर लिखा, “जब ‘अपने’ पैर फटी बिवाई तब समझ में आई पीर पराई… मुख्यमंत्री जी सच में अगर ये मान बैठे हैं कि 1.27 करोड़ वोट कट गये हैं तो हमारे द्वारा की गई ये पोस्ट अपने ऑफिशीयल हैंडल से री-पोस्ट कर दें। अगर एतराज़ न हो तो उर्दू के चंद लफ़्ज़ों का इस्तेमाल करते हुए, हम आपसे कहना चाहेंगे: अब कोई फर्क कहां रह गया तुममें और हममें न किसी शिकायत में, न तुम्हारे-हमारे गम में!”

IRCTC Down Today: रेलवे टिकट बुकिंग वेबसाइट और ऐप ठप होने से मचा हड़कंप! सैकड़ों यूजर्स ने की शिकायत, लॉगिन से पेमेंट तक में हो रही परेशानी

IRCTC Outage Today: इंडियन रेलवे से ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को मंगलवार (10 नवंबर) को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की वेबसाइट और ऐप इस्तेमाल करने वाले कई यूजर्स ने लॉगिन, टिकट बुकिंग और पेमेंट में दिक्कत आने की शिकायत की है। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 11:12 बजे तक 744 शिकायतें दर्ज की गईं। जबकि सामान्य तौर पर शिकायतों की संख्या महज 2 रहती है। यानी उस समय शिकायतों में करीब 372 गुना उछाल दर्ज किया गया। हालांकि, देशभर में IRCTC की सेवाएं पूरी तरह ठप होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।

IRCTC की वेबसाइट और ऐप में क्या आई परेशानी?

IRCTC की ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी की शिकायतों के बाद यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई है। खासकर उन लोगों को दिक्कत हो सकती है, जो तत्काल टिकट बुक करने या अपनी यात्रा के लिए रिजर्वेशन कराने की कोशिश कर रहे हैं। यूजर्स की ओर से सामने आई शिकायतों में वेबसाइट का लोड नहीं होना, अकाउंट में लॉगिन करने में परेशानी और टिकट बुकिंग के दौरान तकनीकी दिक्कतें शामिल हैं। कुछ यात्रियों ने पेमेंट और ट्रांजैक्शन फेल होने की समस्या भी बताई है।

Downdetector पर शिकायतों में 372 गुना उछाल

IRCTC की तकनीकी परेशानी को लेकर Downdetector के आंकड़ों ने ध्यान खींचा है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर को सुबह 11:12 बजे तक प्लेटफॉर्म पर 744 शिकायतें दर्ज की गई थीं। सामान्य शिकायतों का स्तर करीब 2 बताया गया है। इस तरह शिकायतों की संख्या में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला।

Downdetector यूजर्स की ओर से भेजी गई शिकायतों के आधार पर अलग-अलग वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति को ट्रैक करता है। हालांकि, बाद में उपलब्ध स्टेटस चेक में Downdetector ने IRCTC की सेवाओं में किसी व्यापक स्तर की समस्या नहीं दिखाई।

यूजर्स को इन 5 तरह की समस्याओं का करना पड़ रहा सामना

IRCTC की वेबसाइट और ऐप को लेकर सामने आई शिकायतों में मुख्य रूप से ये समस्याएं शामिल हैं:-

1. वेबसाइट नहीं खुलना: IRCTC पोर्टल को ओपन करने पर पेज लोड नहीं हो रहा है।

2. लॉगिन की समस्या: यूजर्स को अपने अकाउंट में लॉगिन करने में परेशानी हो रही है।

3. टिकट बुकिंग में दिक्कत: टिकट सर्च करने और बुकिंग पूरी करने में देरी हो रही है।

4. पेमेंट फेल होना: ऑनलाइन भुगतान के दौरान ट्रांजैक्शन अटकने या फेल होने की शिकायतें हैं।

5. ऐप में तकनीकी खराबी: IRCTC Rail Connect ऐप पर भी कुछ यूजर्स को लॉगिन और बुकिंग से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं।

दिल्ली से यूपी और महाराष्ट्र तक शिकायतों का जिक्र

आउटेज ट्रैकिंग से जुड़े पुराने रिकॉर्ड में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और गुजरात जैसे राज्यों से भी IRCTC की वेबसाइट और बुकिंग सेवाओं में परेशानी की शिकायतें सामने आती रही हैं।हालांकि, इन राज्यों का जिक्र पुराने शिकायत पैटर्न के आधार पर है।

यूजर्स सोशल मीडिया पर क्या कह रहे हैं?

IRCTC की वेबसाइट पर लॉगिन नहीं होने को लेकर यूजर्स ने अपनी परेशानी जाहिर की है। उपलब्ध शिकायतों में एक यूजर ने लिखा, ”मैं अपने कंप्यूटर डेस्कटॉप पर लॉगिन नहीं कर पा रहा हूं। कृपया मदद करें।” इस तरह की शिकायतों से पता चलता है कि कुछ यात्रियों को अकाउंट एक्सेस करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पहले भी ज्यादा ट्रैफिक के कारण आई हैं दिक्कतें

IRCTC की वेबसाइट पर पहले भी कई बार ज्यादा ट्रैफिक के कारण तकनीकी परेशानियां सामने आ चुकी हैं। खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में यात्री एक साथ वेबसाइट और ऐप का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे समय सर्वर पर दबाव बढ़ने से वेबसाइट धीमी हो सकती है या टिकट बुकिंग के दौरान तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं।

ये भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: दिल्ली में मुनक नहर के किनारे बन रहा 11 KM लंबा सबसे बड़ा छठ घाट! जानिए कब से होगा शुरू

IRCTC की सेवाएं कब होंगी सामान्य?

फिलहाल IRCTC की ओर से सेवाएं बहाल होने का कोई निश्चित समय जारी नहीं किया गया है। इसकी वजह यह है कि देशव्यापी आउटेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे कुछ समय बाद दोबारा वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन करने की कोशिश करें। साथ ही IRCTC के आधिकारिक प्लेटफॉर्म और आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।