जापान की सड़कों पर दिखे वैभव सूर्यवंशी, डोरेमोन और नोबिता के रेफरेंस वाला पोस्ट हुआ वायरल

कभी-कभी किसी खिलाड़ी की उम्र सुनकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि वह सच में इतना छोटा है। वैभव सूर्यवंशी के साथ भी कुछ ऐसा ही है। जिस उम्र में ज्यादातर बच्चे स्कूल, दोस्तों और खेल के मैदान में व्यस्त होते हैं, उस उम्र में वैभव भारत के लिए डेब्यू कर चुके हैं।, दो साल में कई IPL शतक लगा चुके हैं। इसके अलावा, कई दिग्गजों के वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं, और शायद इसी वजह से गिनीज बुक वाले भी चक्कर खाने लगे हैं। लेकिन सच्चाई यही है कि वह अभी भी 15 साल का बच्चा है और 2011 वर्ल्ड कप फाइनल से बस 6 दिन बड़ा है।

वहीं, कभी-कभी वैभव खुद भी कुछ ऐसा कर देते हैं, जिससे हमें उसकी उम्र याद आ जाती है। बुधवार को सूर्यवंशी ने जापान के टोक्यो में 2026 एशियन गेम्स के दौरान बिताए समय की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। बता दें कि यह एक भारतीय इंटरनेशनल क्रिकेटर के तौर पर उसका पहला मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट है।

सूर्यवंशी ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘नोबिता के शहर से रिपोर्टिंग’। यह जापानी एनिमेटेड टीवी सीरीज ‘Doraemon’ के संदर्भ में था, जो टोक्यो पर आधारित है और भारत में बहुत लोकप्रिय है।

सूर्यवंशी ने पोस्ट में Doraemon Cat की तस्वीर भी शामिल की। ​​इस शो में Doraemon नाम की एक रोबोटिक बिल्ली है, जो 22वीं सदी से समय में पीछे की ओर यात्रा करके आती है। उसका मुख्य काम नोबिता नोबी नाम के एक युवा, नेक-नीयत लेकिन अनाड़ी स्कूली लड़के की मदद करना है।

बता दें कि वैभव ने इस साल अप्रैल में IPL के दौरान अपने मैच रूटीन के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि, “दिमाग में कुछ नहीं चलता है। आज भी हर दिन मैच से पहले हम भी कार्टून देखते हैं, आदत है देखने का। अभी भी हम कार्टून देख रहे हैं, पर फोकस गेम पर भी है।”

अब यह देखना बाकी है कि क्या सूर्यवंशी को एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिलता है या नहीं। भारत की पुरुष क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर से करेगी। बता दें कि यह युवा बल्लेबाज अफगानिस्तान खिलाफ बिल्कुल नहीं खेला और जापान के खिलाफ़ हाल ही में हुए एकमात्र T20I मैच में भी बेंच पर ही बैठा रहा। वहीं, टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने उन्हें सही समय का इंतजार करने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें: India vs Japan: भारत-जापान मुकाबले में मैदान पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, अंपायर से भिड़ गए कप्तान श्रेयस अय्यर! देखें Video

पहली बार एशियन गेम्स में दिख रहा इन खिलाड़ियों का दम, पहले ही बना चुके हैं खास पहचान!

जापान के आइची-नगोया में 19 सितंबर से शुरू हुए 2026 एशियन गेम्स में भारत कई खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है। इस बार कई अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ऐसे युवा चेहरे भी मैदान में उतर चुके हैं, जो पहली बार एशियन गेम्स में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। जिसमे कई दिग्गज खिलाडियों के नाम शामिल हैं। जिनने अपने-अपने खेल में पहले ही कई अहम मुकाबलों में पहचान बनाई है और अब एशियन गेम्स में उनका प्रदर्शन देखने लायक होगा।

1. साक्षी चौधरी पर रहेंगी नजरें

  • उम्र: साक्षी चौधरी 26 साल की हैं और एशियन गेम्स में पहली बार हिस्सा लेंगी।
  • अचीवमेंट: उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है।
  • वर्ल्ड बॉक्सिंग कप: उन्होंने 54 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
  • एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: 2021 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। एशियन गेम्स में उनका डेब्यू उनके करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है।

2. सुरुचि फोगाट का शूटिंग में जलवा

  • उम्र: सुरुचि फोगाट सिर्फ 20 साल की हैं और कम उम्र में शूटिंग में पहचान बना चुकी हैं।
  • इवेंट: वह 10 मीटर एयर पिस्टल में हिस्सा लेती हैं।
  • वर्ल्ड कप: उन्होंने वर्ल्ड कप में कई गोल्ड मेडल जीते हैं और वर्ल्ड कप फाइनल का खिताब भी अपने नाम किया है।
  • बड़ी जीत: पिछले साल लीमा में उन्होंने ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। एशियन गेम्स में यह उनका पहला मौका होगा।

3. सुजीत कलकल की कुश्ती पर नजर

  • उम्र: हरियाणा के 23 साल के फ्रीस्टाइल पहलवान सुजीत कलकल एशियन गेम्स में डेब्यू करेंगे।
  • वेट कैटेगरी: वह 65 किग्रा वर्ग में मुकाबला करते हैं।
  • एशियन चैंपियनशिप: उन्होंने इस वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है।
  • अंडर-23 अचीवमेंट: अंडर-23 लेवल पर भी उनके नाम गोल्ड मेडल रहा है। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब उन्हें सीनियर लेवल पर बड़े स्टेज का एक्सपीरियंस मिलेगा।

4. आयुष शेट्टी का बैडमिंटन मुकाबला

  • उम्र: आयुष शेट्टी 21 साल के हैं और एशियन गेम्स में पहली बार खेलेंगे।
  • थॉमस कप: उन्होंने यहां ब्रॉन्ज मेडल जीता है।
  • एशियन चैंपियनशिप: उनके नाम सिल्वर मेडल भी रहा है।
  • बड़ी जीत: वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने उस समय के वर्ल्ड नंबर-1 शी युकी को हराया था। एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने कुनलावुत वितिदसर्न और जोनाथन क्रिस्टी के खिलाफ भी जीत दर्ज की है।

5. रोहित यादव की जैवलिन में चुनौती

  • टीम: रोहित यादव नीरज चोपड़ा के साथ भारतीय जैवलिन टीम में शामिल हैं।
  • एशियन गेम्स: जापान में होने वाले एशियन गेम्स में वह पहली बार हिस्सा लेंगे।
  • सीजन परफॉरमेंस: इस सीजन में वह 87 मीटर से ज्यादा के दो थ्रो कर चुके हैं।
  • मेजर अचीवमेंट: अगस्त में भुवनेश्वर में हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर लेवल मीट में उन्होंने 87.68 मीटर का थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता था। अब उनका मुकाबला एशिया के मजबूत जैवलिन खिलाड़ियों से होगा।

एशियन गेम्स इन युवा खिलाड़ियों के लिए सिर्फ एक नई प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय करियर में आगे बढ़ने का बड़ा मंच भी है। अब उनके डेब्यू को लेकर खेल प्रेमियों की नजरें इन पांचों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी।

जर्मनी ने स्पेन के खिलाफ सिर्फ एक गोल दागकर जीता हॉकी विश्वकप

जर्मनी की सबसे ज़रूरी समय पर अच्छा प्रदर्शन करने की प्रतिष्ठा रविवार को भी बनी रही, जब डिफेंडिंग चैंपियन ने बेल्जियम के वावरे में बेल्फ़ियस हॉकी एरिना में स्पेन को 1-0 से हराकर पुरुषों के हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का खिताब बरकरार रखा।तीसरे क्वार्टर के आखिर में कड़े मुकाबले वाले फाइनल में मिशेल स्ट्रुथॉफ ने एकमात्र गोल किया, जिससे जर्मनी को स्पेन के कंट्रोल वाले मैच में अपने देश को चौथा पुरुषों का वर्ल्ड खिताब दिलाने का एकमात्र मौका मिला।

1998 के बाद अपने पहले वर्ल्ड कप फाइनल में खेल रहे स्पेन ने लंबे समय तक ज़्यादा पज़ेशन और मौके बनाए रखे, लेकिन जर्मन डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे।रेड स्टिक्स ने आखिरी क्वार्टर में भी ज़ोर लगाना जारी रखा, यहां तक कि चार मिनट से भी कम समय बाकी रहते अपने गोलकीपर को भी चमत्कार की तलाश में हटा लिया, लेकिन जर्मनी ने मज़बूती से अपना टाइटल सफलतापूर्वक बचाया।

इससे पहले रविवार को, अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स को 2-1 से हराकर पुरुषों का ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। यह नतीजा अर्जेंटीना की महिलाओं के एम्सटलवीन में डच मेज़बानों को हराने के 24 घंटे से भी कम समय बाद आया, जहां लास लियोनास 1-1 से ड्रॉ के बाद एक नाटकीय शूटआउट में नीदरलैंड्स को 3-1 से हराकर महिला वर्ल्ड कप विजेता बनीं।

IND vs ENG: ‘शोर नहीं होगा तो मजा नहीं आएगा’, रिटायरमेंट की अफवाहों पर रोहित शर्मा ने तोड़ी चुप्पी

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज को इंग्लैंड ने 2-1 से अपने नाम किया है। वहीं लॉर्ड्स में वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। तीसरे मुकाबले में रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन की तूफानी पारी खेली है। वहीं मैच के बाद ने रोहित ने अपने रिटायरमेंट की खबरों रिएक्शन दिया है। जब रोहित से इन अफवाहों पर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा।”

भारत सीरीज हार गई लेकिन रोहित ने शानदार शतक जड़कर ये साफ कर दिया कि वह अभी वनडे क्रिकेट से विदाई लेने के मूड में नहीं हैं। टीम के लिए बड़ी पारियां खेलने का दम रखते हैं।

रिटायमेंट पर रोहित ने क्या कहा

रोहित ने BCCI.tv से कहा, “मेरा काम मेरे बल्ले से जवाब देना है। मैदान पर उतरकर देश का प्रतिनिधित्व करना ही मेरी जिम्मेदारी है और डेब्यू के दिन से मैं यही करता आ रहा हूं।” उन्होंने आगे कहा, “जब से मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया है, तब से मेरे बारे में बातें होती रही हैं और जब तक मैं खेलूंगा, यह सिलसिला चलता रहेगा। मुझे इन बातों से कोई खास फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे अहम यह है कि मैं मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करूं और टीम की जीत में अपना योगदान दूं।”

 

आलोचकों को दिया ये जवाब

रोहित शर्मा ने साफ किया कि वह आलोचनाओं और अफवाहों को किस तरह देखते हैं। रोहित शर्मा ने कहा, “जब शोर नहीं होता, तो मजा नहीं आता। मेरा काम मैदान के अंदर अपना खेल दिखाना है, जबकि बाहर क्या बातें होती हैं, वह लोगों का काम है। मैं हमेशा इसे इसी नज़रिए से देखता हूं।” रोहित शर्मा को लेकर आगे भी तरह-तरह की चर्चाएं और सवाल उठते रह सकते हैं, लेकिन लॉर्ड्स में उनकी शानदार बल्लेबाजी ने साफ कर दिया कि वह अभी भी भारतीय टीम के लिए बड़ी पारियां खेलने का दम रखते हैं

2027 वर्ल्ड कप जीतना है भारत का लक्ष्य

अब रोहित शर्मा का पूरा ध्यान वनडे क्रिकेट पर है और उनकी सबसे बड़ी मंजिल 2027 वनडे वर्ल्ड कप मानी जा रही है। 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार का दर्द आज भी उनके साथ जुड़ा हुआ है। उस हार के बाद वह काफी निराश हो गए थे और खुद को संभालने में उन्हें काफी समय लगा। रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 से संन्यास ले लिया और फिर टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। अब उनका पूरा फोकस सिर्फ वनडे क्रिकेट पर है। माना जा रहा है कि रोहित की सबसे बड़ी कोशिश 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाना है, ताकि वह अपने करियर का सबसे बड़ा अधूरा सपना पूरा कर सकें।

रोहित ने खेली शानदार पारी

रोहित शर्मा ने अपनी फिटनेस पर भी काफी मेहनत की है। रोहित ने करीब 10 किलो वजन घटाया, जिससे साफ पता चलता है कि वह अभी भी लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए खेलना चाहते हैं। 388 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने शुरुआत में संभलकर खेला और फिर अपने आक्रामक अंदाज में इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। रोहित ने मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट लगाए और तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 125 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 138 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी यह पारी भारत की उम्मीदों को काफी देर तक जिंदा रखे रही, लेकिन बाद में वह जैकब बेथेल की गेंद पर आउट हो गए।

कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में भारत की हार के बाद रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने की चर्चा काफी बढ़ गई थी। कई रिपोर्ट्स में कहा गया कि, लॉर्ड्स वनडे उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है। वहीं, बीसीसीआई ने इन खबरों को गलत बताते हुए किसी भी तरह की रिटायरमेंट की बात से इनकार कर दिया था।

फुटबॉल का ऐसा जुनून! वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए भारत के इस राज्य में स्कूलों की छुट्टी

फुटबॉल वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला देर रात स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। वहीं फाइनल को लेकर भारत में भी फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। इसी को देखते हुए केरल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सोमवार को सामान्य शिक्षा विभाग के तहत आने वाले सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि छात्र आराम से फाइनल मुकाबला देख सकें।

यह फैसला छात्रों की मांग के बाद लिया गया। छात्रों का कहना था कि अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला देर रात खेला जाएगा, इसलिए मैच देखने के बाद अगली सुबह स्कूल जाना उनके लिए मुश्किल होगा। भारतीय समय के अनुसार यह रोमांचक मुकाबला सोमवार देर रात 12:30 बजे शुरू होगा। सरकार के इस फैसले से फुटबॉल प्रेमी छात्रों में काफी खुशी है।

शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

केरल के शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने सोशल मीडिया के जरिए स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की। उन्होंने छात्रों से मजाकिया अंदाज में पूछा, “अब खुश हो, बच्चों?” सरकार के इस फैसले की पूरे केरल में चर्चा हो रही है। राज्य में फुटबॉल को लेकर लोगों में जबरदस्त दीवानगी है और बड़ी संख्या में लोग फीफा वर्ल्ड कप के मुकाबले देखते हैं। छुट्टी की मांग को राजनीतिक समर्थन भी मिला था। सीपीआई (एम) के नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने सरकार से छात्रों के हित में स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की अपील की थी। उनका कहना था कि देर रात तक फाइनल देखने के बाद छात्रों के लिए अगले दिन स्कूल जाना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए शनिवार की छुट्टी को कार्य दिवस बनाकर उसकी भरपाई की जा सकती है।

विपक्ष ने भी किया समर्थन

स्कूलों में छुट्टी की मांग को विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के नेताओं ने भी समर्थन दिया। वहीं, मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन ने भी माना कि फीफा वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर पूरे केरल में फुटबॉल का जबरदस्त उत्साह है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर राज्य में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा फुटबॉल प्रेमी बिना किसी चिंता के देर रात तक मैच का आनंद लें और उन्हें अगले दिन स्कूल या कॉलेज जाने की फिक्र न रहे। इसी वजह से सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागकर मैच देखें, अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाएं और इस रोमांचक मुकाबले का पूरा आनंद लें।

खिताब बचाने उतरेगी अर्जेंटीना

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम अपने विश्व कप खिताब को बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली स्पेन की टीम अपना दूसरा फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीतने की कोशिश करेगी।

FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अलर्ट! न्यूयॉर्क के आसमान पर छाया काला धुआं

FIFA World Cup Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दुनियाभर के फुटबॉल फैंस बेसब्री से फाइनल का इंतजार कर रहे हैं। फाइनल मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के बीच न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले कनाडा में जंगल में लगी आग का धुआं अमेरिका के उत्तर-पूर्वी इलाकों तक पहुंच गया है। इसकी वजह से कई जगहों पर लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी जारी की गई है। न्यूयॉर्क में रविवार को होने वाले फीफा विश्व कप फाइनल भी यहीं पर खेला जाएगा।

रविवार को अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फीफा विश्व कप फाइनल पर मौसम का कितना असर पड़ेगा, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। वहीं खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा फीफा की सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है। एक्सपर्ट के मुताबिक, मैच वाले दिन तक हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

80 हजार दर्शक हो सकते हैं शामिल

इस सप्ताह न्यूयॉर्क शहर में कनाडा की जंगल की आग के धुएं का असर साफ तौर पर देखने को मिला। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की और बाहरी गतिविधियां कम करने के साथ-साथ बाहर रहने पर बीच-बीच में आराम करने की सलाह दी। न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी के ओपन-एयर स्टेडियम में होने वाले फीफा विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन के मुकाबले को देखने के लिए 80 हजार से ज्यादा दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में लगाए जाने वाले सार्वजनिक स्क्रीनिंग कार्यक्रम में भी करीब 50 हजार फुटबॉल प्रशंसकों के मैच देखने की संभावना जताई गई है।

आज साफ हो सकता है धुंवा

एक्यूवेदर के मौसम विज्ञानी एलेक्स दासिल्वा ने रॉयटर्स को एक इंटरव्यू में बताया, “जिन इलाकों में धुआं ज्यादा है, वहां लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। खासकर वे लोग जो पहले से श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं या ज्यादा संवेदनशील हैं, उनके लिए बेहतर होगा कि वे जितना संभव हो घर के अंदर ही रहें।” उन्होंने आगे कहा, “शनिवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे हवा में फैला काफी धुआं साफ हो जाएगा। इसके बाद रविवार सुबह ठंडी हवाएं चलने की उम्मीद है, जो इलाके में बचा हुआ धुआं भी काफी हद तक दूर कर देंगी।”

लोगों को घर में रहने की सलाह

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने गुरुवार को कहा कि जंगल की आग से उठे धुएं की वजह से पूरे राज्य की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जितना संभव हो घर के अंदर रहें और बिना जरूरत बाहर निकलने से बचें। हाल के वर्षों में उत्तरी कनाडा में लगने वाली जंगल की आग का धुआं गर्मियों के दौरान अमेरिका के कई इलाकों तक पहुंचना आम बात बन गया है।

एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर रविवार को मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ, तो खिलाड़ियों के लिए मैदान पर खेलना आसान नहीं होगा। धुआं और गर्मी दोनों ही खिलाड़ियों की सेहत पर असर डाल सकते हैं। ऐसे में मुकाबले के दौरान उन्हें पर्याप्त पानी पीना होगा और शरीर को ठंडा रखने पर विशेष ध्यान देना पड़ेगा।