
भारत के खिलाफ 3 एकदिवसीय मैचों की सीरीज से पहले वेस्टइंडीज के खब्बू बल्लेबाज आमिर जांगू का नाम कोई नहीं जानता था। लेकिन उन्होंने 119 की औसत से 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाकर इस सीरीज में 239 रन बनाए। यह प्रदर्शन तब आया जब इंडीज की टीम ना केवल नामी खिलाड़ियों के बिना भारत आई बल्कि तब भी आया जब इंडीज मैच में अहम मोड़ पर खड़ी थी।
यही कारण है कि उनको एकदिवसीय मैचों की सीरीज का ईनाम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में शामिल कर दिया जा रहा है। वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाज आमिर जांगू को चोटिल ज्वेल एंड्रयू के विकल्प के रूप में टीम में शामिल किया है।टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मैच मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा।मुल्लांपुर में शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे के दौरान नमन धीर का कैच लेने के प्रयास में एंड्रयू की उंगली में चोट लग गई थी। हालांकि जांच में पता चला कि किसी तरह का फ्रैक्चर नहीं है।
यह 19 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज वेस्टइंडीज के 352 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने के दौरान बल्लेबाजी करने नहीं उतरा।क्रिकेट वेस्टइंडीज ने सोमवार को बयान में कहा, ‘‘भारत के खिलाफ शनिवार को तीसरे वनडे के दौरान ज्वेल एंड्रयू की उंगली में चोट लगने के बाद उनकी जगह विकल्प के तौर पर आमिर जांगू को टीम में शामिल किया गया है। चिकित्सा दल एंड्रयू की स्थिति पर नजर रख रहा है।’’

गौरतलब है कि पहले एकदिवसीय मैच में जब वेस्टइंडीज के 5 विकेट गिर गए थे तो जांगू ने 43 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 58 रन बनाए थे। जिसकी बदौलत इंडीज 295 रनों तक पहुंच पाया था।
दूसरे एकदिवसीय मैच में उनको बल्लेबाजी क्रम में पदोन्नती मिली और वह दूसरे विकेट के पतन के बाद क्रीज पर आए। उन्होंने शानदार शतक जड़ा जिससे इंडीज एकदिवसीय इतिहास में पहली बार 400 पार हो पाई। उन्होंने 77 गेंदों में 13 चौके और 3 छक्के लगाकर 114 रन बनाए।
तीसरे एकदिवसीय मैच में वह पांचवें ओवर में ही क्रीज पर आए और कप्तान के साथ 109 रनों की साझेदारी निभाई जिससे इंडीज लंबे समय बाद भारत में मैच जीतने में सफल रही। इस पारी में रन आउट होने से पहले जांगू 56 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 67 रन बना गए।
वेस्टइंडीज की टी20 स्क्वाड Vs भारत: अकील हुसैन, रोस्टन चेज, शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), गुडाकेश मोती, शिमरोन हेटमायर, कीमो पॉल, शमर स्प्रिंगर, रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड, शेरफेन रदरफोर्ड, मैथ्यू फोर्ड, कामिल पूरन, क्वेंटिन सैम्पसन, ज्वेल एंड्रयू (विकेटकीपर), शमर जोसेफ, अमीर जंगू








