
गुजरात के भावनगर जिले से सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पालिताना तालुका के गरजिया गांव में एक शेर ने अचानक एक पशुपालक पर हमला कर दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना 6 जुलाई की सुबह उस समय हुई जब गरजिया गांव के बाहरी इलाके में रहने वाले पशुपालक कालूभाई भोगभाई गामरा अपने घर के पास मौजूद थे। तभी अचानक एक शेर वहां पहुंचा और उन पर झपट पड़ा।
जमीन पर दबोचकर करता रहा हमला
वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि शेर ने पशुपालक को जमीन पर दबोच रखा है। वह लगातार उनके पैर को काटने की कोशिश कर रहा है, जबकि घायल पशुपालक अपनी जान बचाने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करता नजर आता है। आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
#LionAttack
A lion attacked a man in Garajiya village of #Gujarat's Bhavnagar district,The lion struck his neck with its paw, leaving him injured. He was rushed to hospital, while #viralvídeo incident is now under Forest Department investigation. @NewIndianXpress @santwana99 pic.twitter.com/HEu90bEoqh— Dilip Kshatriya (@Kshatriyadilip) July 6, 2026
पत्थर फेंककर लोगों ने बचाई जान
शेर के हमले से घबराए ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और दूर से लगातार पत्थर फेंककर शेर को भगाने की कोशिश की। काफी देर की मशक्कत के बाद शेर वहां से भागा, जिसके बाद घायल पशुपालक को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। हमले में उनके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
वन विभाग जांच में जुटा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि शेर गांव के रिहायशी इलाके तक कैसे पहुंचा और उसने अचानक हमला क्यों किया। इस घटना के बाद गरजिया गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शेर की लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



