
Delhi police custody swatantra bhardwaj: जंतर-मंतर पर सीजेपी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट करने के आरोपी 'इन्फ्लुएंसर' स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा बुलंदशहर से गिरफ्तार किए जाने के बाद शनिवार को आरोपी को कड़कड़डूमा कोर्ट कॉम्प्लेक्स में जज के आवास पर पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। स्वतंत्र भारद्वाज के एक विवादित पॉडकास्ट के बाद भड़के जनआक्रोश और सीजेपी कार्यकर्ताओं के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने यह बड़ा एक्शन लिया है।
पॉडकास्ट में किया था सिर फोड़ने का दावा
यह पूरा मामला जुलाई महीने में जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ हुई मारपीट से जुड़ा है। मामला उस समय गरमा गया जब हाल ही में स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में दावा किया कि उसने प्रदर्शनकारी के पिता का सिर फोड़ दिया था, जिसके बाद उन्हें 60 टांके आए थे और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा था। उसने यह भी दावा किया था कि इस घटना के बावजूद पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस बयान का वीडियो वायरल होते ही विवाद गहरा गया। ALSO READ: निशु आजाद मामला : स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंद शहर से हिरासत में लिया, CJP ने दिया था 72 घंटे का अल्टीमेटम, क्या है पूरा मामला
थाने पर प्रदर्शन और सांसद चंद्रशेखर की एंट्री
पॉडकास्ट में सामने आए इस दावे के बाद सीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने का घेराव कर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में सांसद चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हुए थे। चौतरफा दबाव के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया।
SC-ST एक्ट और POCSO समेत लगीं गंभीर धाराएं
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और सीजेपी की मांग को देखते हुए दर्ज एफआईआर में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC-ST Act) और आपराधिक धमकी की धाराएं जोड़ दी हैं। इसके अलावा, एक नाबालिग कार्यकर्ता की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट, ऑनलाइन धमकी और उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं के तहत एक नई एफआईआर भी दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। ALSO READ: ‘कॉकरोच’ कहने पर हिला दी सरकार! पढ़िए CJP आंदोलन से अभिजीत दीपके को मिले 3 सबसे बड़े सबक
थाने के बाहर सुरक्षा कड़ी, हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन
शनिवार को कड़कड़डूमा कोर्ट में जज के सामने पेशी के बाद स्वतंत्र भारद्वाज को 1 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, आरोपी के समर्थन में कुछ हिंदूवादी संगठनों ने संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संसद मार्ग थाने के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एहतियात के तौर पर जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं और भारी संख्या में अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है।


