SSC CPO Notification 2026: दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ में सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन से पहले समझें परीक्षा पैटर्न

SSC CPO Notification 2026: लंबे समय से एसएससी सीपीओ भर्ती 2026 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में सब इंस्पेक्टर (CPO) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। एसएससी सीपीओ भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बनने के इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर नोटिफिकेशन देख सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं।

इस बार एसएससी सीपीओ भर्ती में कई प्रमुख बदलावों के साथ होगी। एसएससी ने परीक्षा पैटर्न से लेकर निगेटिव मार्किंग और सेक्शनल टाइमिंग तक कई नए नियम लागू किए गए हैं। एसएससी सीपीओ 2026 के जरिए 1800 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा। इसमें दिल्ली पुलिस सब इंस्पेक्टर के तहत पुरुष उम्मीदवारों के लिए 205 और महिलाओं के लिए 112 पद आरक्षित हैं।

इसके अलावा सीएपीएफ में एसआई के 1320 पद हैं। इनमें बीएसएफ (BSF), सीआरपीएफ (CRPF), सीआईएसएफ (CISF), आईटीबीपी (ITBP) और एसएसबी (SSB) जैसे प्रमुख सुरक्षा बल शामिल हैं। अकेले बीएसएफ में सबसे ज्यादा 457 पद आए हैं।

एसएससी सीपीओ भर्ती 2026 में योग्यता नियम और शर्तें

शैक्षणिक योग्यता : ज्यादातर पदों के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। वहीं सब इंस्पेक्टर (फायर) के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ के साथ बीएससी या मैकेनिकल/सिविल/इलेक्ट्रिकल जैसे ट्रेड में 3 साल का इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना चाहिए। दिल्ली पुलिस एसआई (पुरुष) के लिए वैध एलएमवी (LMV) ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है।

आयु सीमा : आवेदक की उम्र 20 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। नियमों के मुताबिक एससी/एसटी को 5 साल और ओबीसी को 3 साल की उम्र में छूट मिलेगी।

एसएससी परीक्षा पैटर्न और सिलेबस में हुए 3 बड़े बदलाव

सेक्शनल टाइमिंग : सीएचएसएल और सीजीएल की तर्ज पर अब सीपीओ में भी सेक्शनल टाइमिंग लागू कर दी गई है।

पेपर पैटर्न में बदलाव : अब पेपर-I में रीजनिंग, जीके, गणित और इंग्लिश से 25-25 सवाल यानी कुल 100 सवाल आएंगे और परीक्षा की अवधि 2 घंटे से घटाकर 1 घंटा कर दी गई है। वहीं पेपर-II में भी 100 सवाल 200 अंकों के होंगे।

निगेटिव मार्किंग : अब पेपर-I में 0.25 और पेपर-II में 0.50 अंकों की निगेटिव मार्किंग होगी।

हाइट और फिजिकल टेस्ट के मानक

पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई कम से कम 170 सेमी होनी चाहिए (पहाड़ी क्षेत्रों और एसटी वर्ग के लिए इसमें छूट है)। महिलाओं की लंबाई 157 सेमी तय की गई है। फिजिकल टेस्ट में पुरुषों को 16 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ और महिलाओं को 18 सेकंड में पूरी करनी होगी। इसके अलावा लॉन्ग और हाई जंप भी पास करना अनिवार्य होगा।

एसएससी सीपीओ सैलरी की डिटेल्स

दिल्ली पुलिस एसआई (पुरुष/महिला): लेवल-06 के तहत 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये (ग्रुप-सी) तक वेतन मिलेगा।

CAPF और CISF फायर एसआई : लेवल-06 के तहत 25,400 से 35,400 रुपये शुरुआती मूल वेतन और अन्य भत्ते मिलेंगे।

UPSC ESE 2026: इंजीनियरिंग सेवा के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल हुआ जारी, जानें तारीख और समय

 

UPSSSC Livestock Extension Officer: यूपी में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1251 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 12वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन

UPSSSC Livestock Extension Officer: यूपी सरकार नौकरी की तलाश कर रहे 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह अच्छा मौका हो सकता है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य में पशुधन प्रसार अधिकारी (Livestock Extension Officer) के 1251 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इनमें 1,248 पद सामान्य भर्ती और 3 पद विशेष चयन के लिए हैं। यह भर्ती पशुपालन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के तहत की जाएगी।

29 सितंबर तक करें आवेदन

यूपीएसएसएससी पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती 2026 विज्ञापन संख्या 17-परीक्षा/2026 के तहत की जा रही है। इसके तहत आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सुधार की सुविधा 6 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी क्या है?

विवरण जानकारी

आयोग उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC)

पद पशुधन प्रसार अधिकारी

विज्ञापन संख्या 17-परीक्षा/2026

कुल पद 1,251

सामान्य भर्ती 1,248 पद

विशेष चयन 3 पद

विभाग पशुपालन निदेशालय, उत्तर प्रदेश

शैक्षणिक योग्यता जीव विज्ञान समूह के साथ 12वीं

जरूरी पात्रता पीईटी-2025 में शामिल होना और वैध स्कोरकार्ड

आयु सीमा 21 से 40 वर्ष

चयन प्रक्रिया पीईटी-2025 के आधार पर छंटनी और मुख्य लिखित परीक्षा

वेतन 29,200 से 92,300 रुपये, वेतन स्तर-5

आवेदन माध्यम ऑनलाइन

आवेदन शुरू 9 सितंबर 2026

अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026

सुधार की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर 2026

आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in

यूपीएसएसएससी पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती 2026: चयन प्रक्रिया

इस भर्ती में अभ्यर्थियों की प्रारंभिक छंटनी पीईटी-2025 के स्कोर के आधार पर की जाएगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। यानी पीईटी-2025 स्कोर इस भर्ती के लिए आवेदन और आगे की चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यूपीएसएसएससी पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती 2026: वेतन

चयनित पशुधन प्रसार अधिकारियों को वेतन स्तर-5 के तहत 29,200 रुपये से 92,300 रुपये का वेतन मिलेगा। वास्तविक वेतन सेवा नियमों और लागू भत्तों के अनुसार होगा।

यूपीएसएसएससी पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?

अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन के लिए यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं।
  • होमपेज पर पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा 2026 से संबंधित विज्ञापन संख्या 17-परीक्षा/2026 का लिंक खोलें।
  • अधिसूचना को ध्यान से पढ़कर अपनी पात्रता जांचें।
  • इसके बाद Apply Online लिंक पर क्लिक करें।
  • अपने मौजूदा यूपीएसएसएससी पंजीकरण विवरण से लॉगिन करें।
  • आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और पीईटी-2025 से जुड़ी जानकारी दर्ज करें।
  • मांगे गए दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें।
  • निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
  • आवेदन फॉर्म में दर्ज सभी जानकारियों को दोबारा जांच लें।
  • फॉर्म को अंतिम रूप से जमा करें और पुष्टि पेज डाउनलोड कर भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।

UPSC ESE 2026: इंजीनियरिंग सेवा के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल हुआ जारी, जानें तारीख और समय

BRICS सम्मेलन के लिए पहुंच गए पुतिन, इस बीच 11-13 सितंबर की ट्रैफिक एडवाइजरी जानिए, दिल्ली में क्या-क्या बंद रहेगा?

BRICS updates: भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन के लिए ग्लोबल लीडर्स का आना शुरू हो चुका है। इस हाई प्रोफाइल आयोजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने शहर भर में कड़े सुरक्षा इंतजाम और व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए हैं।

राष्ट्रपति पुतिन का तीन दिवसीय भारत दौरा और सम्मेलन का शेड्यूल

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूस से बाहर किसी ब्रिक्स सम्मेलन में पुतिन की यह पहली व्यक्तिगत उपस्थिति है।

आइए अब आपको ब्रिक्स सम्मेलन के तहत 11 से 13 सितंबर तक का पूरा शेड्यूल बताते हैं।

11 सितंबर (शुक्रवार): राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसमें रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और फार्मास्यूटिकल्स पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों नेता ‘इनोप्रोम’ (INNOPROM) प्रदर्शनी में भाग लेंगे। इसके अलावा पुतिन ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे।

12 सितंबर (शनिवार): दोपहर 2:35 बजे से ‘समावेशी वैश्विक शासन और मल्टीलैटरिज्म को मजबूत करने’ पर क्लोज डोर सेशन के साथ मुख्य सम्मेलन की शुरुआत होगी। इसके बाद भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी, फैमिली फोटो, वृक्षारोपण और रात 7:30 बजे पीएम मोदी द्वारा आयोजित गाला डिनर होगा।

13 सितंबर (रविवार): सुबह 10:50 बजे से उद्घाटन सत्र शुरू होगा। इसका विषय Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability रखा गया है। सम्मेलन का समापन ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ (New Delhi Declaration) के साथ होगा।

इस सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, यूएई (अबू धाबी) के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नहयान, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग समेत कई देशों के राष्ट्रप्रमुख और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस भाग ले रहे हैं।

ट्रैफिक एडवाइजरी: किन रास्तों पर रहेगा असर और कौन सी सड़कें रहेंगी बंद?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सम्मेलन के दौरान पूरी दिल्ली बंद नहीं रहेगी, लेकिन वीवीआईपी काफिले की आवाजाही के समय अस्थायी रूप से यातायात रोका जा सकता है। शहर में 35 से अधिक प्रमुख सड़कों और 22 डायवर्जन पॉइंट्स पर पाबंदियां लागू की गई हैं। मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर ट्रैफिक रेगुलेशन की पाबंदियां देखने को मिलेंगी। नोएडा से मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली, तथा द्वारका व पश्चिमी दिल्ली से धौला कुआं, हवाई अड्डे व दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अधिक समय लग सकता है।

दिल्ली में क्या खुला रहेगा और क्या रहेगा बंद?

न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने स्पष्ट किया है कि कनॉट प्लेस मार्केट 11 से 13 सितंबर के दौरान पूरी तरह खुला रहेगा। लोग नियमित समय पर खरीदारी और खान-पान के लिए जा सकते हैं, हालांकि उन्हें ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करना होगा। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा। 14 सितंबर को सोमवार की साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण यह अब 15 सितंबर को खुलेगा। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से कुछ स्टेशनों या प्रवेश-निकास द्वारों पर अस्थायी पाबंदियां लगाई जा सकती हैं।

डीटीसी और सिटी बसें चलती रहेंगी, लेकिन प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले रूटों में बदलाव किया जा सकता है। ऑटो, टैक्सी और ऐप-आधारित कैब सेवाएं चालू रहेंगी, लेकिन प्रतिबंधित या नियंत्रित क्षेत्रों में पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट बनाने की अनुमति नहीं होगी। दूध, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति को छूट दी जाएगी। हालांकि, भारी वाहनों और ट्रकों के प्रवेश के समय और रास्तों पर विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे।

छात्रों, मरीजों और आम यात्रियों के लिए सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने यूपीएससी (UPSC), एनडीए (NDA), सीडीएस (CDS) और अन्य परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों के रास्ते पहले से जांचने, एडमिट कार्ड और पहचान पत्र साथ रखने तथा पर्याप्त समय पहले घर से निकलने की सलाह दी है। अस्पताल जाने वाले मरीजों को भी अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। किसी भी गंभीर मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत नजदीकी ट्रैफिक पुलिसकर्मी से संपर्क करने को कहा गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर ‘दिल्ली बंद’ से जुड़ी फर्जी अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की अपील की है।

UPSC ESE 2026: इंजीनियरिंग सेवा के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल हुआ जारी, जानें तारीख और समय

UPSC ESE 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की इंजीनियरिंग सर्विसेज परीक्षा (ESE) 2026 की इंटरव्यू की तारीख घोषित होने का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। आयोग ने ईएसई 2026 इंटरव्यू का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। यूपीएससी ईएसई 2026 मुख्य परीक्षा में शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू राउंड 21 सितंबर 2026 से शुरू होगा। बता दें, यूपीएससी ईएसई 2026 इंटरव्यू राउंड में 1336 कैंडिडेट शामिल होंगे।

आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, पर्सनैलिटी टेस्ट दो सत्र में होंगे, जिसमें सुबह का सत्र सुबह 9 बजे और दोपहर का सेशन दोपहर 1 बजे शुरू होगा। इस राउंड में शामिल होने के योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद विस्तृत शेड्यूल में अपना रोल नंबर, इंटरव्यू की तारीख और सेशन देख सकते हैं। शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स के लिए जल्द ही ई-समन लेटर भी जारी किए जाएंगे। यूपीएससी ईएसई (मेन) 2026, 21 जून, 2026 को दो शिफ्ट में हुआ था। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक हुई।

यूपीएससी ईएसई इंटरव्यू शेड्यूल 2026

शेड्यूल के अनुसार, पर्सनैलिटी टेस्ट इन तारीखों पर होंगे:

सितंबर : 21, 22, 23, 24 और 25

अक्टूबर : 5, 6, 7, 8, 9, 12, 13, 14, 15, 16, 22, 23, 26, 27, 28 और 30

सुबह का सेशन : रिपोर्टिंग टाइम सुबह 9 बजे

दोपहर का सेशन : रिपोर्टिंग टाइम दोपहर 1 बजे

डिटेल शेड्यूल में हर कैंडिडेट को दिया गया रोल नंबर, तारीख और सेशन बताया गया है। कैंडिडेट अपनी पर्सनल डिटेल्स ध्यान से चेक कर लें।

यूपीएससी ईएसई 2026 इंटरव्यू शेड्यूल कैसे चेक करें?

  • यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
  • यूपीएससी ईएसई 2026 पर्सनैलिटी टेस्ट/इंटरव्यू शेड्यूल के लिए लिंक खोलें।
  • दिए गए रोल नंबर, तारीख और सेशन के लिए शेड्यूल देखें।
  • शेड्यूल डाउनलोड करें और भविष्य के लिए एक कॉपी रख लें।

UP PET 2026: 23 से 25 अक्टूबर के बीच दो शिफ्ट में होगी पीईटी परीक्षा, जानें किन विषयों से आएंगे परीक्षा में प्रश्न

UPSC NDA 2 Admit Card 2026: आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करें एनडीए 2 का एडमिट कार्ड, 13 सितंबर को आयोजित होगी परीक्षा

UPSC NDA 2 Admit Card 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) 2 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 2026 जारी कर दिया है। यूपीएससी एनडीए 2 2026 के पंजीकृत उम्मीदवार अपने लॉगइन क्रेडेंशियल की मदद से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपने एडमिट कार्ड चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।

यूपीएससी एनडीए 2 परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवार ध्यान दें कि एडमिट कार्ड एक जरूरी डॉक्यूमेंट है जिसे उन्हें परीक्षा के दिन साथ रखना होगा। एडमिट कार्ड के बिना, किसी भी कैंडिडेट को परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी। उम्मीदवारों यूपीएससी एनडीए 2 परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसका प्रिंटआउट लेना होगा। एग्जाम अथॉरिटी एडमिट कार्ड की डिजिटल कॉपी स्वीकार नहीं करेगी। एनडीए 2 एडमिट कार्ड प्राप्त करने के लिए, उम्मीदवारों को लॉगिन पोर्टल पर दिए गए फील्ड में अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि डालनी होगी। यूपीएससी एनडीए परीक्षा साल में दो बार आयोजित कराता है। एनडीए 2 परीक्षा 2026, 13 सितंबर को होगी।

यूपीएससी एनडीए 2 एडमिट कार्ड 2026: जरूरी जानकारी

यूपीएससी एनडीए 2 एडमिट कार्ड में उम्मीदवारों के बारे में जरूरी जानकारी होती है, जिसमें उनका नाम, रोल नंबर, जन्म की तारीख, कैटेगरी, एग्जाम सेंटर का पता, एग्जाम की तारीख और समय, फोटो, सिग्नेचर और जेंडर शामिल हैं। कैंडिडेट्स को एडमिट कार्ड पर दी गई सभी जानकारी को ध्यान से चेक करना चाहिए। किसी भी तरह की गड़बड़ी या गलती होने पर, उन्हें तुरंत संबंधित अथॉरिटी से संपर्क करना चाहिए और एग्जाम के दिन से पहले उसे ठीक करवाना चाहिए।

यूपीएससी एनडीए 2 एडमिट कार्ड 2026: जरूरी निर्देश

कैंडिडेट्स को नीचे दी गई जरूरी गाइडलाइंस देखनी चाहिए:

आखिरी समय में देरी या भ्रम से बचने के लिए उम्मीदवारों को हर सत्र शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुच जाना चाहिए।

गेट बंद होने के बाद किसी भी हालत में एग्जाम की जगह पर देर से एंट्री की इजाजत नहीं होगी।

एग्जाम हॉल में मोबाइल फ़ोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और इसी तरह के गैजेट जैसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम ले जाने की इजाजत नहीं है।

बैन चीजें रखने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है या आगे की परीक्षाओं से बैन किया जा सकता है। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा की जगह पर कीमती या महंगी चीजें न ले जाएं।

एडमिट कार्ड के साथ, कैंडिडेट्स को जरूरी चीजें जैसे एक वैलिड फोटो ID प्रूफ, एक पासपोर्ट-साइज फोटो और एक काला बॉलपॉइंट पेन ले जाना होगा।

Bank of India Recruitment 2026: बैंक ऑफ इंडिया ने 205 ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए जारी किया नोटिफिकेशन, जानें कब से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

IIT-IIM के बाद लंदन में थी शानदार नौकरी, UPSC के लिए छोड़ा करियर; अब IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा

दिव्या मित्तल की कहानी उस सोच से बिल्कुल अलग है, जिसमें अच्छी पढ़ाई, विदेश की नौकरी और शानदार करियर को सफलता की आखिरी मंजिल माना जाता है। IIT Delhi और IIM Bangalore जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने लंदन में ट्रेडर के तौर पर काम किया। बाहर से उनकी जिंदगी पूरी तरह सफल नजर आती थी, लेकिन उनके मन में अपने देश के लिए कुछ करने की इच्छा बनी रही। इसी सोच ने उन्हें विदेश की नौकरी छोड़कर भारत लौटने और IAS बनने के लिए प्रेरित किया। करीब 13 साल तक सिविल सेवा में रहने के बाद अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

30 अगस्त को सोशल मीडिया पर साझा किए गए भावुक पोस्ट में उन्होंने अपने सफर और उससे जुड़ी यादों को साझा किया। उनका ये फैसला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उन्होंने सफलता की कई मंजिलें हासिल करने के बाद भी अपनी राह बदलने का साहस दिखाया।

साधारण परिवार से IIT और IIM तक का सफर

दिव्या मित्तल ने बताया कि वह एक साधारण माहौल में पली-बढ़ीं और एक अच्छा और सफल जीवन बनाने का सपना देखा था। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और IIT Delhi में दाखिला लिया। इसके बाद उन्होंने IIM Bangalore से MBA किया और पढ़ाई पूरी करने के बाद लंदन में ट्रेडर के तौर पर काम शुरू किया। प्रतिष्ठित संस्थानों की डिग्री और विदेश में शानदार नौकरी के बावजूद उन्हें महसूस हुआ कि उनकी जिंदगी में कुछ कमी है।

लंदन की नौकरी छोड़ भारत लौटने का फैसला

विदेश में रहते हुए उन्हें अपने देश से दूर होने का एहसास लगातार परेशान करता रहा। Mittal के मुताबिक, उन्हें लगता था कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और मिले अवसरों पर देश का भी हक है। इसी सोच ने उन्हें वापस भारत आने और देश के लिए कुछ करने का फैसला लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने IAS को अपना रास्ता चुना और 2013 में सिविल सेवा में शामिल हो गईं।

उत्तर प्रदेश में अफसर रहते हुए बदली सफलता की परिभाषा

IAS बनने के बाद मित्तल ने उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह Deoria, Mirzapur और Sant Kabir Nagar की District Magistrate भी रहीं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के दौरान उनके सामने ऐसे कई मौके आए, जिन्होंने उनके लिए सफलता का मतलब बदल दिया। किसी परिवार को पहली बार जमीन का अधिकार मिलना, दिव्यांग लोगों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मौका मिलना या किसानों के खेतों तक पानी पहुंचना इन अनुभवों ने उन्हें महसूस कराया कि सरकारी काम सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं है।

उन्होंने लिखा कि हर सरकारी फाइल के पीछे एक इंसान की जिंदगी जुड़ी होती है।

एक बुजुर्ग महिला का आशीर्वाद कभी नहीं भूल पाईं

Mirzapur के Lahuriya Dih गांव की एक घटना मित्तल के दिल में हमेशा के लिए बस गई। उन्होंने याद किया कि जब पहली बार गांव में पानी पहुंचा तो एक बुजुर्ग महिला ने यह देखकर कुछ नहीं कहा। इसके बजाय उसने कांपते हाथों से Mittal के सिर पर हाथ रखा और उन्हें आशीर्वाद दिया। Mittal के लिए वह पल किसी पद या उपलब्धि से कहीं बड़ा था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि पद आज भले पीछे छूट जाए, लेकिन उस बुजुर्ग महिला का स्पर्श उनकी जिंदगीभर की याद बनकर रहेगा।

13 साल बाद समझ आया- देने से ज्यादा पाया

IAS के 13 सालों को याद करते हुए Mittal ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगता था कि वह लोगों को कुछ देने के लिए सेवा में आई हैं। लेकिन समय के साथ उनकी सोच बदल गई। उन्हें एहसास हुआ कि लोगों से मिले प्यार, भरोसे और सम्मान ने उन्हें कहीं ज्यादा समृद्ध किया। जब भी वह थकतीं या खुद मुश्किल दौर से गुजरतीं, लोगों का विश्वास उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता था।

पद छोड़ा, लेकिन सपना अब भी वही है

साधारण परिवेश से निकलकर IIT और IIM तक पहुंचना, लंदन में ट्रेडर बनना और फिर देश की सेवा के लिए IAS में आना Mittal का सफर कई मोड़ों से गुजरा है।

अब उन्होंने 13 साल की सेवा के बाद IAS से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, पद छोड़ने के बावजूद उनका कहना है कि जिस भारत का सपना देखकर वह विदेश से वापस लौटी थीं, वह सपना आज भी उनके साथ है।

Video: शहर बदला तो परिवार हुआ करीब! Bengaluru से Gurgaon शिफ्ट होने के बाद महिला ने गिनाए फायदे

Divya Mittal: कौन हैं दिव्या मित्तल जिन्होंने 13 साल करके छोड़ दी IAS की नौकरी और दिया इस्तीफा?

उत्तर प्रदेश की 2013 बैच की आईएएस दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (आईएएस) के पद पर उन्होंने 13 सालों तक काम किया। वहीं सोशल मीडिया पर एक लंबे-चौड़े पोस्ट के जरिए उन्होंने इस बात की जानकारी दी है। अपने पोस्ट में दिव्या मित्तल ने लिखा, “आज मैंने 13 साल की इस यादगार यात्रा को अपनी इच्छा से खत्म करते हुए IAS से इस्तीफा दे दिया है।” वहीं इस पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि कौन है दिव्या मित्तल। दिव्या ने आईएएस ऑफिसर बनने के लिए लंदन से वापस भारत आई थी। आइए जानते हैं कौन हैं कौन है दिव्या मित्तल

कौन है दिव्या मित्तल

दिव्या मित्तल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली से की है। वहीं 12वीं के बाद IIT दिल्ली में 2001 से 2005 के बीच बीटेक की डिग्री पूरी की। इसके बाद उन्होंने CAT परीक्षा पास की और IIM बेंगलुरु में MBA में प्रवेश लिया। 2005-07 के दौरान पढ़ाई पूरी होने के बाद दिव्या ने लंदन में नौकरी मिल गई। लेकिन लंदन में कुछ समय काम करने के बाद भारत लौटने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले प्रयास में UPSC पास कर IPS सेवा हासिल की और इसके अगले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 68 हासिल करते हुए IAS के लिए चयनित हुईं।

देश के लिए कुछ करना था

सोशल मीडिया पर किए इमोशनल पोस्ट में दिव्या ने कहा, “आज मैंने 13 साल की इस यादगार यात्रा को अपनी इच्छा से खत्म करते हुए IAS से इस्तीफा दे दिया है। एक साधारण परिवार में पली-बढ़ी और एक अच्छे व सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात मेहनत करके IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की और इसके बाद लंदन में नौकरी भी मिल गई। लेकिन सब कुछ हासिल करने के बाद भी मन में कुछ कमी महसूस होती थी। अपने देश से दूर रहना हमेशा खलता था।”

‘मेरी पढ़ाई, मेरा आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी अपने दम पर आगे बढ़ने की ताकत, सब इसी देश की देन थी। मुझे लगा कि इस मिट्टी का कर्ज चुकाना चाहिए। मैं चाहती थी कि जिस भारत का सपना मैंने देखा है, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों। इसी सोच के साथ मैं वापस भारत आई और IAS अधिकारी बनने का मौका मिला।”

हर जगह से काफी कुछ सीखने को मिला

पोस्ट में आगे कहा, “इस दौरान मुझे बहुत कुछ करने और सीखने का मौका मिला। देवरिया ने मुझे सिखाया कि सही बात के साथ खड़ा होना कोई विकल्प नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। मीरजापुर ने सिखाया कि ‘असंभव’ कोई सच नहीं होता, यह सिर्फ हमारी सोच हो सकती है। मां विंध्यवासिनी के चरणों में बैठकर यह समझ आया कि असली ताकत किसी पद से नहीं, बल्कि उनकी कृपा और लोगों के भरोसे से मिलती है। मेरी सबसे बड़ी सीख यह रही कि अपने लिए देखे गए सपने तो पूरे हो चुके थे, अब बारी अपने लोगों के सपनों को पूरा करने की थी। इस जीवन में सबसे ज्यादा खुशी तब मिली, जब किसी परिवार को पहली बार जमीन का अधिकार मिला, किसी दिव्यांग व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का मौका मिला या किसी किसान के खेत तक पानी पहुंचा। लोगों के संघर्ष में उनके साथ चलते हुए मैंने जाना कि हर सरकारी फाइल के पीछे एक इंसान होता है और उसकी गरिमा का सम्मान करना ही असली न्याय है।”

मूर्ख थी जो सोचती थी

पोस्ट में आगे कहा, “मूर्ख थी जो सोचा था कि कुछ देने आयी हूं। सच यह है कि सबसे ज्यादा मैंने ही पाया, और वो कर्ज और भी बढ़ता गया। लोगों ने मेरी खुशी में मुझसे भी ज्यादा खुश हुए। जब मैं खुद थकी या परेशान होती थी, तब भी उन्होंने मुझ पर पूरा भरोसा बनाए रखा। इसी भरोसे ने मुझे आगे बढ़ते रहने की ताकत दी। मुझे इतना प्यार, सम्मान और अपनापन मिला कि मेरी जिंदगी पूरी तरह भर गई। इस सफर में मेरे साथ काम करने वाले साथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया और मिलकर काम किया।”

 

नम आंखों से दे रही इस्तीफा

दिव्या ने पोस्ट के आखिर में कहा, “आज दिल में आभार है और आंखें नम हैं। बस एक तस्वीर बार-बार आंखों के सामने आ रही है। लहुरिया दह की पहाड़ी की वह बुजुर्ग मां, जिसने अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचते देखा था। उन्होंने कुछ नहीं कहा, बस कांपते हाथों से मेरे सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। आज मेरा पद जरूर छूट गया है, लेकिन उनका वह प्यार भरा स्पर्श मैं जिंदगी भर नहीं भूल पाऊंगी। और इस देश की मिट्टी ने जो सपना मुझे दिया है, वह भी हमेशा मेरे साथ रहेगा।”

UPSC CAPF AC result 2026: सफल उम्मीदवार पीएसटी और पीईटी के लिए करेंगे तैयारी, 15 दिनों में यूपीएससी पोर्टल पर दर्ज करें अपनी डीटेल

UPSC CAPF AC result 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (असिस्टेंट कमांडेंट्स) परीक्षा, 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। यह परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी पीडीएफ फाइल में अपना रोल नंबर चेक कर सकते हें। जो कैंडिडेट्स लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं, उन्हें अब फिजिकल स्टैंडर्ड्स टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) देना होगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के रोल नंबर यूपीएससी द्वारा जारी ऑफिशियल रिजल्ट डॉक्यूमेंट में दिए गए हैं।

शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स को क्या करना होगा

शॉर्टलिस्ट कैंडिडेट्स की उम्मीदवार अस्थायी है। आगे के चरणों के लिए विचार किए जाने से पहले उन्हें सभी पात्रता जरूरतें पूरी करनी होंगी। जो उम्मीदवार पीएसटी या पीईटी के लिए चयनित हुए हैं, उन्हें लिखित परीक्षा के 15 दिनों के अंदर आयोग के पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। उन्हें अपनी डीटेल्स और शैक्षिक योग्यता स्टेटस अपडेट करना होगा और प्रमाण के तौर पर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। जो उम्मीदवार यह प्रक्रिया पूरा नहीं करेंगे, उन्हें परीक्षा के आगे के चरण में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।

कैंडिडेट्स को अपना पता, उच्च शिक्षा प्रमाण, एम्प्लॉयमेंट या सर्विस एक्सपीरियंस, फोर्स की प्रेफरेंस, मैरिटल स्टेटस, पेरेंटल डिटेल्स और दूसरी जानकारी, जहां भी लागू हो, अपडेट करनी पड़ सकती है। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म जमा करना होगा। पहले ही सभी जरूरी जानकारी और डॉक्यूमेंट्स अपलोड कर चुके उम्मीदवारों को भी लॉग इन करना होगा, अपनी डिटेल्स चेक करनी होंगी और आखिर में ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा करना होगा। उन्हें जमा किए गए फॉर्म का प्रिंटआउट भी ले लेना चाहिए, क्योंकि PST/PET स्टेज पर और पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू के लिए ई-समन लेटर या ई-एडमिट कार्ड बनाने के लिए इसकी जरूरत होगी।

पीएसटी और पीईटी कार्यक्रम

गृह मंत्रालय के अधीन सशस्त्र सीमा बल (SSB) को नोडल अथॉरिटी के तौर पर नामित किया गया है, शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स को PST/PET की तारीख, समय और जगह के बारे में बताएगा।

जरूरी जानकारी एसएसबी भर्ती वेबसाइट पर अपलोड की जाएंगी। ई-एडमिट कार्ड भी ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जबकि कैंडिडेट्स को उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी के जरिए जानकारी मिलेगी। कैंडिडेट्स को सलाह दी गई है कि वे नियमित एसएसबी वेबसाइट और अपने ईमेल के स्पैम फोल्डर के साथ इनबॉक्स को चेक करते रहें।

पीएसटी के लिए आने वाले उम्मीदवारों को अपना ई-एडमिट कार्ड, आखिर में जमा किए गए डीएएफ की हार्ड कॉपी और एक वैलिड फोटो आइडेंटिटी प्रूफ जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या वोटर आइडेंटिटी कार्ड साथ लाना होगा।