यूपीपीईटी-2026: अब अभ्यर्थी 7 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

यूपीपीईटी-2026: अब अभ्यर्थी 7 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

UP PET 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपी एसएसएससी) ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी-2026) के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने पीईटी-2026 के लिए पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर से बढ़ाकर 7 सितंबर 2026 कर दी है। इस संबंध में आयोग की ओर से सूचना जारी कर दी गई है।

 

आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी-2026) का विज्ञापन 1 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया गया था। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी। पहले पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई थी। अब आयोग ने अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर देते हुए इस अंतिम तिथि को 7 सितंबर 2026 तक विस्तारित कर दिया है।

7 सितंबर तक जमा कर सकेंगे शुल्क और आवेदन

नई व्यवस्था के अनुसार पीईटी-2026 में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी अब 7 सितंबर 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं, निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट कर सकते हैं। इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद अभ्यर्थियों को अपना आवेदन समय रहते पूरा करने का अतिरिक्त अवसर मिल गया है।

आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर

आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क समायोजन एवं आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर 2026 ही रहेगी। यानी अभ्यर्थियों को आवेदन सबमिट करने के बाद यदि निर्धारित प्रावधानों के तहत किसी प्रकार का संशोधन करना है तो उसके लिए 8 सितंबर तक का समय रहेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन की नई समय सीमा का ध्यान रखते हुए प्रक्रिया पूरी करें और अंतिम समय का इंतजार न करें।

 

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि में बदलाव किया गया है। पीईटी-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवेदन शुल्क, चयन का आधार, निर्धारित शर्तें एवं अन्य दिशा-निर्देश वही रहेंगे, जो आयोग द्वारा पूर्व में जारी विज्ञापन में प्रकाशित किए गए हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को पीईटी-2026 के मूल विज्ञापन में दिए गए सभी नियमों और निर्देशों के अनुसार ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

मिशन रोजगार के तहत 3572 युवाओं को नियुक्ति, योगी सरकार के पारदर्शी मॉडल की सराहना

मिशन रोजगार के तहत 3572 युवाओं को नियुक्ति, योगी सरकार के पारदर्शी मॉडल की सराहना

UP Mission Rozgar

UP Mission Rozgar

UP Mission Rozgar: मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को 3572 युवाओं को बड़ी सौगात दी। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से कृषि विभाग में नवचयनित 3446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। चयनित युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से नियुक्ति पूरी कराने के लिए योगी सरकार की जमकर सराहना की।

सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर काम कर रही

अम्बेडकर नगर निवासी साधना देवी का चयन कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है और उन्हें अयोध्या जिले में तैनाती मिली है। उन्होंने नियुक्ति वितरण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए खुशी और गर्व का क्षण है। 

दो महीने के भीतर नियुक्ति पत्र मिलना सरकार की तेजी और कार्यप्रणाली को दर्शाता 

बस्ती निवासी महिपाल सिंह का चयन कृषि प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है और उनकी पोस्टिंग बाराबंकी में हुई है। महिपाल ने वर्तमान सरकार में चयन प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है। उन्होंने कहा कि 23 जून को परिणाम आने के करीब दो महीने के भीतर नियुक्ति पत्र मिलना सरकार की तेजी और कार्यप्रणाली को दर्शाता है। 

भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में बेहतर प्रयास

रायबरेली निवासी राणा प्रताप सिंह का चयन कृषि प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है और उनकी नियुक्ति अमेठी में हुई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। वर्तमान सरकार में पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में बेहतर प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए गौरव का विषय है।

आरक्षण नियमों का हुआ पूरी तरह पालन

बाराबंकी की महिमा मौर्या का चयन मंडी सचिव पद पर हुआ है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताते हुए कहा कि आरक्षण के नियमों का पूरी तरह पालन किया गया। महिमा ने कहा कि सीटों में किसी तरह की हेरफेर नहीं हुई और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर नियमानुसार चयन हुआ। वहीं प्राविधिक सहायक पद पर चयनित ज्ञानवी तिवारी ने योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही और महिलाओं को भी बड़ी संख्या में अवसर मिल रहे हैं। निष्पक्ष भर्ती से युवाओं में सरकार के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।

नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगी

रामपुर की खुशनुमा का चयन मंडी सचिव ग्रेड-2 पद पर हुआ है। खुशनुमा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का काम हुआ है। नियुक्तियों की पारदर्शिता और महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। सीएम के संबोधन में कही गई बातों को अपने कार्यक्षेत्र में धरातल पर उतारने का पूरा प्रयास करेंगी और नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगी।

योगी सरकार की सराहना, युवाओं से मेहनत की अपील

प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) पद पर चयनित पवनेश कुमार ने योगी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी जा रही है। योग्य युवाओं को बिना भेदभाव अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति मिलना उनके लिए गौरव और खुशी का क्षण है। पवनेश ने युवाओं से अपील की कि वे लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करें।

 

योगी सरकार में निष्पक्ष-पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जारी, 1828 पदों पर 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन

योगी सरकार में निष्पक्ष-पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जारी, 1828 पदों पर 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विज्ञापन संख्या-03-परीक्षा/2024 के तहत आयोजित सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 1828 विज्ञापित पदों के सापेक्ष 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची तथा विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ लिस्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी हैं।

 

668 सामान्य चयन पदों पर 570 अभ्यर्थी चयनित

आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 387, अन्य पिछड़ा वर्ग के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के सापेक्ष संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण इन पदों को नियमानुसार अग्रनीत किया गया है।

 

950 विशेष चयन पदों में 866 अभ्यर्थियों को मिली सफलता

सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। इनमें अनुसूचित जाति के 341, अनुसूचित जनजाति के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत विज्ञापित 190 पदों के सापेक्ष सभी 190 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

 

लेखा परीक्षक के 209 पदों पर 206 चयनित

आयोग ने लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 96, अनुसूचित जाति के 28, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 58 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं।

महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत 41 पदों के सापेक्ष सभी 41 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

 

विधिक सेवा प्राधिकरण के पद पर भी चयन

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक पद पर भी एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। यह पद अनारक्षित श्रेणी का था।

 

68 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक

आयोग ने 68 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से अंतिम चयन परिणाम में शामिल किया है। इनका अंतिम चयन प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाण पत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आयोग और संबंधित अधियाचनकर्ता विभाग के निर्णय पर निर्भर होगा।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम संबंधित उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिकाओं/विशेष अपीलों तथा भविष्य में दायर होने वाले संबंधित मामलों में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा।

 

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का जोर

योगी सरकार लगातार प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने पर जोर दे रही है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ चयन आयोगों के माध्यम से परिणाम जारी किए जा रहे हैं। सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के इन पदों पर चयन से बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा। 

 

वेबसाइट पर चयन सूची और कटऑफ उपलब्ध

यूपीएसएसएससी ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक की सूची और श्रेणीवार कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। अभ्यर्थी अपने परिणाम एवं चयन से संबंधित विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

योगी सरकार में भर्ती प्रक्रिया को मिली रफ्तार, यूपीएसएसएससी ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर

  • सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी बड़ी सुविधा
  • दिसंबर 2026 तक होंगी विभिन्न मुख्य परीक्षाएं
  • विशेष परिस्थितियों में परीक्षा/साक्षात्कार की तारीखों में हो सकता है परिवर्तन- आयोग

 

लखनऊ 3 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं एवं साक्षात्कारों का कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से बताया गया कि विशेष परिस्थितियों में आयोग द्वारा परीक्षा/साक्षात्कार की तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है। 

 

प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/07 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 9 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक प्रस्तावित है। सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/08 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 23 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक प्रस्तावित है। अनुदेशक फिटर, अनुदेशक ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) तथा अनुदेशक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम मेंटिनेंस पदों हेतु साक्षात्कार माह अगस्त, 2026 में प्रस्तावित हैं।

 

आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2022)/08 एवं आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2023)/13 की हिन्दी आशुलेखन व टंकण परीक्षा 1 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है। आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/09 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 20 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा भेषजिक (आयुर्वेदिक) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2023)/01 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 20 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है।

 

वन रक्षक व वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/13 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 27 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त वर्ग) मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2025)/16 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 27 सितंबर को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है। अनुदेशक मैकेनिक (डीजल इंजन) एवं अनुदेशक टर्नर पदों हेतु साक्षात्कार माह सितम्बर, 2026 में प्रस्तावित हैं।

 

प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 माह अक्टूबर, 2026 में प्रस्तावित है। अनुदेशक मशीनिस्ट पद हेतु साक्षात्कार माह अक्टूबर, 2026 में प्रस्तावित है। प्लाटून कमाण्डर/ब्लाक आर्गनाइजर मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2025)/11 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 22 नवंबर 2026 पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2025)/12 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 22 नवंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है। गन्ना पर्यवेक्षक मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2025)/14 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 29 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा मोहर्रिर मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2021)/07 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 29 नवंबर को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है।

 

लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2025)/15 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा विधान भवन रक्षक एवं विधान भवन अग्निरक्षक मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2025)/10 की लिखित (मुख्य) परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है। कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा प्रा.अ. प.-2023)/12 की टंकण परीक्षा माह दिसंबर, 2026 में प्रस्तावित है।

UPSSSC ASO Answer Key 2026: एएसओ/एआरओ मुख्य परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की जारी, 02 अगस्त तक आपत्ति जताने का दिया मौका

UPSSSC ASO Answer Key 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने असिस्टेंट स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (ASO)/असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर (ARO) मुख्य परीक्षा 2026 देने वाले उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट है। एएसओ और एआरओ मुख्य परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई 2026 को किया गया था। आयोग ने इस परीक्षा शामिल उम्मीदवारों के लिए अस्थायी आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब फाइनल रिजल्ट घोषित होने से पहले अपने स्कोर का अंदाजा लगाने के लिए आंसर की देख सकते हैं।

जिन परीक्षार्थियों ने 26 जुलाई, 2026 को एग्जाम दिया था, वे ऑफिशियल वेबसाइट https://upsssc.gov.in/default.aspx से आंसर की डाउनलोड कर सकते हैं। अगर उन्हें जवाब में कोई गलती मिलती है, तो वे 2 अगस्त, 2026 तक ऑब्जेक्शन उठा सकते हैं। यह भर्ती उत्तर प्रदेश सरकार के अलग-अलग विभागों में असिस्टेंट स्टैटिस्टिकल ऑफिसर और असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर के पदों के लिए 1,565 खाली जगहों को भरने के लिए हो रही है।

यूपीएसएसएससी एएसओ/एआरओ मुख्य परीक्षा 26 जुलाई 2026 को एक ही शिफ्ट में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित किया गया था। पेपर में स्टैटिस्टिक्स, कंप्यूटर और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, और उत्तर प्रदेश से जुड़े जनरल नॉलेज के 100 मल्टीपल-चॉइस सवाल पूछे गए थे। अस्थायी आंसर की जारी होने के बाद, परीक्षा रिजल्ट घोषित होने से पहले अपने संभावित अंकों की गिनती करने के लिए ऑफिशियल की से अपने जवाबों का मिलान कर सकते हैं।

आपत्ति दर्ज करने की सुविधा

यूपीएसएसएससी ने उन उम्मीदवारों के लिए आपत्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी है जिन्हें लगता है कि प्रोविजनल की में कोई जवाब गलत है। इसके लिए आयोग ने ऑब्जेक्शन विंडो 27 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक खोलने का फैसला किया है। कैंडिडेट को दिए गए समय के अंदर ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन अपनी आपत्तियां जमा करनी होंगी। आखिरी तारीख के बाद भेजे गए ऑब्जेक्शन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

यूपीएसएसएससी एएसओ/एआरओ आंसर की 2026 कैसे डाउनलोड करें

  • ऑफिशियल UPSSSC वेबसाइट पर जाएं।
  • होमपेज पर लेटेस्ट न्यूज़ सेक्शन में जाएं।
  • यूपी असिस्टेंट स्टैटिस्टिकल ऑफिसर/असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर आंसर की 2026 लिंक पर क्लिक करें।
  • आंसर की की पीडीएफ खोलें।
  • इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए सेव कर लें।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे भर्ती प्रक्रिया और आगे की घोषणाओं के बारे में लेटेस्ट अपडेट के लिए यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

UPSC Vacancy 2026: दिल्ली के शिक्षा विभाग में 800 से ज्यादा पदों पर प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल की होगी भर्ती, जानें आवेदन कैसे करें और क्या है लास्ट डेट

UPSSSC Recruitment 2026: यूपी में ऑडिटर और असिस्टेंट अकाउंटेंट के 1829 पदों पर शुरू हुई भर्ती, पीईटी स्कोर वाले कर सकते हैं आवेदन

UPSSSC Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश के अच्छे पद पर सरकारी नौकरी की राह देख रहे उम्मीदवारों की इच्छा राज्य के अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (UPSSSC) ने पूरी कर दी है। बोर्ड ने असिस्टेंट अकाउंटेंट और ऑडिटर के 1829 पदों भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। लेकिन इस भर्ती का सबसे ज्यादा लाभ पीईटी स्कोर धारक उम्मीदवारों को मिलेगा। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 में हिस्सा लिया था और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता तथा अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 03 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। एप्लिकेशन फॉर्म में किसी प्रकार की गलती होने पर उम्मीदवारों को 10 अगस्त 2026 तक संशोधन का मौका मिलेगा।

किस विभाग में कितने पद?

विभाग पद का नाम रिक्तियां

उत्तर प्रदेश आंतरिक लेखापरीक्षा एवं लेखा निदेशालय सहायक लेखाकार 609

नगर निगम निदेशालय, उत्तर प्रदेश सहायक लेखाकार 600

यूपी आवास एवं विकास परिषद सहायक लेखाकार 156

स्थानीय निधि लेखापरीक्षा परीक्षा निदेशालय (सामान्य) लेखा परीक्षक 148

स्थानीय निधि लेखापरीक्षा परीक्षा निदेशालय (विशेष) लेखा परीक्षक 14

यूपी वन निगम सहायक लेखाकार 67

नगर निगम निदेशालय, उत्तर प्रदेश लेखा परीक्षक 60

यूपी राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड सहायक लेखाकार 82

उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड (विशेष) सहायक लेखाकार 4

गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद सहायक लेखाकार 4

विभिन्न विश्वविद्यालय और कॉलेज सहायक लेखाकार/लेखा परीक्षक विभिन्न

उद्योग विकास विभाग (सामान्य) सहायक लेखाकार 68

उद्योग विकास विभाग (विशेष) सहायक लेखाकार 1

ये कर सकते हैं आवेदन 

शैक्षिक योग्यता : सहायक लेखाकार पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से वाणिज्य विषय में स्नातक यानी बीकॉम की डिग्री होनी चाहिए। लेखांकन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी इस पद के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर डिप्लोमा होना भी जरूरी है। वहीं, लेखा परीक्षक यानी ऑडिटर पद के लिए उम्मीदवार का बीकॉम या उसके समकक्ष डिग्रीधारी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर डिप्लोमा और लेखाकार स्तर के लेखांकन का ज्ञान होना भी जरूरी है।

आयु सीमा : आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उम्मीदवार की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए।

पीईटी-2025 उम्मीदवारों के लिए बड़ा मौका

यह भर्ती पीईटी-2025 के स्कोर के आधार पर होनी है, इसलिए पिछले साल परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सरकारी नौकरी हासिल करने का बड़ा अवसर है।

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

  • आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करें।
  • पीईटी-2025 से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
  • इसके बाद उम्मीदवार को अपनी पसंद के पद का चयन करना होगा।
  • आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।
  • आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें।
  • इसके बाद फॉर्म को अंतिम रूप से जमा करें।
  • आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट आउट अपने पास सुरक्षित रख लें।

RRB NTPC CBT-2 2026: एनटीपीसी सीबीटी 2 की आंसर की पर 22 जुलाई तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका, 5,810 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंची