जगन क्या कांग्रेस के साथ आएंगे

आंध्र प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के सुर बदल रहे हैं। वे भाजपा या एनडीए के साथ कभी नहीं रहे हैं लेकिन जब वे सरकार में थे तब केंद्र की भाजपा सरकार को मुद्दों पर आधारित समर्थन देते रहे। उन्होंने केंद्र की सरकार के साथ सद्भाव बना कर रखा। 2024 के चुनाव में हार कर सत्ता से बाहर होने के बाद भी भाजपा के साथ उनका सदंभाव बना रहा। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि वह सद्भाव खत्म हो रहा है और अगले चुनाव की तैयारियां करते हुए उनको लग रहा है कि भाजपा और एनडीए के साथ सद्भाव दिखाने से नुकसान होगा। ध्यान रहे आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ टीडीपी का भाजपा के साथ तालमेल है।

सो, जगन मोहन रेड्डी ने सुर बदल लिए हैं। उन्होंने सबसे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त के मसले पर विपक्ष के साथ सुर मिलाया है। जगन ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए लाए गए सरकार के विधेयक का समर्थन करना उनकी भूल थी। गौरतलब है कि 2023 में यह कानून बना था और उस समय जगन की पार्टी ने सरकार का साथ दिया था। सो, अब सवाल है कि जगन क्या कांग्रेस के साथ जा सकते हैं?

हालांकि राज्य में कांग्रेस का कोई आधार नहीं है। परंतु दक्षिण के पांच में से चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार है। कर्नाटक, केरल और तेलंगाना में कांग्रेस का मुख्यमंत्री है, जबकि तमिलनाडु में कांग्रेस टीवीके सरकार में शामिल है। आंध्र प्रदेश में भी जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला कांग्रेस की कमान संभाल रही हैं। अगर परिवार में सहमति बनती है और जगन मोहन रेड्डी पुरानी सारी कड़वाहट भूल कर कांग्रेस में लौटते हैं तो कांग्रेस के लिए बहुत अच्छा होगा। लेकिन मुश्किल यह है कि आंध्र प्रदेश के लोग अब भी राज्य के बंटवारे का दोष कांग्रेस पर डालते हैं। तभी पिछले तीन विधानसभा और तीन लोकसभा चुनावों में राज्य में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। क्या जगन मोहन रेड्डी ऐसी स्थिति में कांग्रेस के साथ जाने की जोखिम उठा सकते हैं?

परिसीमन से अब जुड़ गई फेरबदल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में फेरबदल का मामला कई महीने से चर्चा में है। अब कहा जा रह है कि पहले परिसीमन का बिल पास होगा और उसके बाद ही फेरबदल होगी। परिसीमन बिल का अर्थ है कि एक साथ तीन बिल पास कराना है। उसमें सबसे अहम महिला आरक्षण कानून में संशोधन का बिल है, जिसके लिए दो तिहाई बहुमत की जरुरत है। सरकार और भाजपा के प्रबंधक संख्या जुटाने में लगे हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि संख्या जुटाने के अभियान में मंत्रिमंडल फेरबदल का इस्तेमाल होना है। नई पार्टियों और नए नेताओं को मंत्री बनाने का प्रलोभन दिया जा रहा है।

पार्टियों को सरकार में शामिल कराने के प्रयास चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक साथ कई प्रयास हो रहे हैं। एमके स्टालिन की पार्टी को एनडीए में लाने का प्रयास हो रहा है तो ममता बनर्जी की पार्टी से अलग होकर 20 सांसद जिस एनसीपीआई में गए हैं उसके विलय की बात हो रही है। अगल विलय नहीं होता है तो 17 सांसद भाजपा में शामिल हो सकते हैं और बाकी तीन सरकार को बाहर से समर्थन देंगे।

भाजपा को सबसे ज्यादा उम्मीद डीएमके से है। उसको लग रहा है कि कांग्रेस और उसके साथ ही जितनी सेकुलर पार्टियां हैं, जिनमें लेफ्ट पार्टियां भी शामिल हैं उनका टीवीके से स्थायी तालमेल हो गया। दूसरी ओर अन्ना डीएमके नीचे जा रही है। पिछले चुनाव में जीती उसकी दो सीटों पर उपचुनाव हुए थे। उन दोनों सीटों पर अन्ना डीएमके तीसरे स्थान पर चली गई। ई पलानीस्वामी के असर वाले पश्चिमी तमिलनाडु के कोंगू क्षेत्र में अन्नाडीएमके तीसरे स्थान पर रही और डीएमके दूसरे स्थान पर आ गई। इससे लग रहा है कि अब अगले कुछ दिन डीएमके बनाम टीवीके मुकाबला होगा।

ऐसे में डीएमके को एनडीए में आने में समस्या नहीं है। अगर डीएमके एनडीए में आए तो 22 लोकसभा सांसदों के दम पर उसे कम से कम चार मंत्री पद देने होंगे। यह फैसला होने के बाद ही मंत्रिमंडल में फेरबदल का काम होगा। शरद पवार अपनी पार्टी के एनडीए में जाने की संभावना से इनकार कर रहे हैं। लेकिन भाजपा की ओर से प्रयास किया जा रहा है। अगर वे एनडीए में नहीं जाते हैं तो उनकी पार्टी भी टूट सकती है। उनमें से दो को मंत्री पद देने की बात है।

गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे की शिव सेना के छह सांसद एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। इससे उसके सांसदों की संख्या 13 हो गई है। वह जनता दल यू से बड़ी पार्टी बन गई है। ऐसे में उसके नेता कम से कम दो मंत्री पद और मांग रहे हैं। एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे के मंत्री बनने की चर्चा है। इसी तरह एनसीपीआई में गए ममता बनर्जी की पार्टी के कम से कम तीन सांसदों को मंत्री बनाए जाने की खबर है। इस तरह जो मंत्री पद खाली हैं और जो खाली होने वाले हैं उनके दावेदार भाजपा से बाहर ज्यादा हैं। जनता दल यू ने भी एक मंत्री पद की मांग रखी है। पहले जदयू के सांसद हरिवंश नारायण सिंह राज्यसभा के उप सभापति थे। लेकिन अब वे मनोनीत सांसद हैं। इस वजह से जदयू की ओर से संजय झा के लिए एक मंत्री पद की दावेदारी रखी गई है। सो, डीएमके, एनसीपीआई, शिव सेना, जदयू जैसी सहयोगी पार्टियों की ओर से कम से कम 10 मंत्री पद की मांग है। अगर परिसीमन से पहले मंत्रिमंडल फेरबदल होगी तो जितने लोग संतुष्ट होंगे उससे ज्यादा लोग नाराज होंगे। इस समय सरकार एक भी सांसद की नाराजगी अफोर्ड करने की स्थिति में नहीं है।

डीएमके ने सीईसी का इस्तीफा मांगा

नई दिल्ली। महिला आरक्षण और परिसीमन पर डीएमके से समर्थन की उम्मीद कर रही भाजपा को झटका लगा है। डीएमके संसदीय बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का विरोध करने का फैसला हुआ है। साथ ही पार्टी ने एसआईआर में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। गौरतलब है कि कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टियां भी यही मांग कर रही हैं।

हालांकि डीएमके ने एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ साथ कांग्रेस पर भी सवाल उठाए। संसदीय दल की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता ए राजा ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि डीएमके शुरुआत से एसआईआर का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को डीएमके की आलोचना करने का नैतिक अधिकार नहीं है। बहरहाल, संसदीय दल की बैठक में चार प्रस्ताव पास किए गए।

गौरतलब है कि चार मई को आए विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस और डीएमके अलग हो गए हैं। कांग्रेस ने टीवीके से अलायंस कर लिया है। बहरहाल, ए राजा ने कहा कि डीएमके ने एसआईआर लागू होने के समय से ही इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने संसद के अंदर और बाहर कई कदम उठाए हैं और पार्टी का यह रुख अभी भी कायम है। उन्होंने बताया कि डीएमके संसदीय दल का प्रस्ताव तमिलनाडु की जनता और देश भर के राजनीतिक पर्यवेक्षकों के सामने पार्टी के विरोध का क्रम रखने के लिए तैयार किया गया है।

एसआईआर की प्रक्रिया पर निशाना साधते हए राजा ने कहा कि इसके जरिए वैध वोटर्स को वोटिंग के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। डीएमके ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर एसआईआर का विरोध कर रही है, लेकिन केरलम और तमिलनाडु में वह इसी तरह की आलोचना से बच रही है। प्रस्ताव में टीवीके प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री विजय की चुप्पी पर भी सवाल उठाया गया।

तमिलनाडु में टीवीके बनाम डीएमके

तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों मथुरांतकम और धारापुरम उपचुनाव का नतीजा इस बात का संकेत है कि अब अन्ना डीएमके की राजनीति के दिन पूरे हो गए। पहले से नेतृत्व के संकट से जूझ रही जयललिता की पार्टी के लिए पैरों पर खड़ा होना मुश्किल होगा। गौरतलब है कि ये दोनों सीटों पिछले चुनाव में अन्ना डीएमके ने जीती थीं। पश्चिमी तमिलनाडु का कोंगू इलाका अन्ना डीएमके का गढ़ माना जाता है और उसी इलाके से पूर्व मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी आते हैं। खराब प्रदर्शन के बावजूद पिछली बार इस इलाके में अन्ना डीएमके ने अच्छा प्रदर्शन किया था। तभी माना जा रहा था कि कम से कम धारापुरम सीट पार्टी बचा लेगी। अगर पार्टी एक भी सीट बचा पाती तो फिलहाल उसके और टूटने की संभावना कम होती। लेकिन उपचुनाव के नतीजों के बाद अब पलानीस्वामी के लिए पार्टी बचाना बहुत मुश्किल हो गया।

उपचुनाव के नतीजों से यह भी साफ हुआ है कि मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर एमके स्टालिन की डीएमके का असर बचा हुआ है। अन्ना डीएमके के असर वाले इलाके में दोनों सीटों पर डीएमके का उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहा। इसका अर्थ है कि मतदाताओं ने उस पार्टी की पहचान कर ली है, जिसे टीवीके के मुकाबले में रखना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय जनता पार्टी कब तक अन्ना डीएमके के साथ रहती है। पिछले कुछ समय से भाजपा की ओर से डीएमके को संकेत भेजे जा रहे हैं। लेकिन डीएमके ने अभी तक फैसला नहीं किया है। अब भाजपा को मौका मिल गया है कि वह स्थायी रूप से अन्ना डीएमके को छोड़े और डीएमके से तालमेल करे। ध्यान रहे पहले दोनों पार्टियां साथ रही हैं। चूंकि कांग्रेस डीएमके को छोड़ कर टीवीके के साथ जा चुकी है। यह भी ध्यान रखने की जरुरत है कि राज्य की राजनीति दोध्रुवीय रहती है। अगर कांग्रेस और टीवीके साथ रहते हैं और उनका मुकाबला डीएमके से रहता है तो भाजपा भी अन्ना डीएमके को छोड़ेगी।

मुस्लिम बहुल सीटों पर भी जीती भाजपा!

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मनमाने रवैए के खिलाफ चल रहे विपक्ष के प्रदर्शन के बीच भाजपा को बड़ी जीत मिली है। उसने पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों और असम की लोकसभा सीट पर उपचुनाव जीत लिया है। पुडुचेरी के सीट भी एनडीए के खाते में गई है, जबकि तमिलनाडु की दोनों सीटें सत्तारूढ़ टीवीके ने जीती है।

असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के देबाशीष शर्मा ने एआईयूडीएफ के बदरूद्दीन अजमल को चुनाव हराया। करीब 60 फीसदी मुस्लिम आबादी वाली इस सीट पर भाजपा डेढ़ लाख से ज्यादा वोट से जीती। उसे 50 फीसदी के करीब वोट मिले। कांग्रेस की शिबोमणी बसु तीसरे स्थान पर रहीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में यह सीट कांग्रेस के प्रद्योत बोरदोलोई ने जीती थी, जो विधानसभा चुनाव के समय पाला बदल कर भाजपा में चले गए। उनके इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी।

सबसे ज्यादा चौंकाना वाला नतीजा पश्चिम बंगाल की रेजीनगर सीट से आया, जहां 60 हजार से ज्यादा वोट से जीते हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद बुरी तरह से चुनाव हार गए हैं। करीब 65 फीसदी मुस्लिम आबादी वाली इस सीट पर भाजपा के शंखरव सरकार ने आजाद को 75 हजार से ज्यादा वोट से हराया। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और लेफ्ट उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई नंदीग्राम सीट पर भाजपा की हसीरानी रथ ने सारे रिकॉर्ड़ तोड़ दिए। वे 1,22,753 वोटों से जीतीं। उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले। यह 1967 के सीट के अस्तित्व में आने के बाद जीत का सबसे बड़ा अंतर है।

उधर तमिलनाडु की दो सीटों पर उपचुनाव हुए थे। धारापुरम सीट पर टीवीके की सत्यभामा ने और मदुरंतकम सीट पर के कुमारवेल ने जीत हासिल की। दोनों सीटें पिछली बार इन्हीं दो महिलाओं ने अन्ना डीएमके की टिकट पर जीती थीं। बाद में दोनों विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गई थीं। टीवीके ने उन्हें फिर से टिकट देकर उपचुनाव में उतारा। दोनों सीटों पर डीएमके दूसरे स्थान पर रही।

उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को धन्यवाद दिया। शुक्रवार को असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के उपचुनावों में भाजपा और एनडीए को चार सीटों पर मिली जीत को लेकर मोदी ने लोगों का आभार जताया और कहा कि यह जीत एक बार फिर दिखाती है कि लोगों का गठबंधन के सुशासन के एजेंडे से “गहरा जुड़ाव” है।

तमिलनाडु: मदुरंतकम और धारापुरम उपचुनाव में 80 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम (सुरक्षित) विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में 80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मंगलवार शाम 6 बजे दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 605 पोलिंग बूथों पर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई।

सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही दोनों क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। शुरुआती दौर में सुबह 9 बजे तक धीमी गति (15-17 फीसदी) से शुरू हुआ मतदान दिन ढलने के साथ तेजी पकड़ता गया। दोपहर 3 बजे तक मदुरंतकम में 70.31 प्रतिशत और धारापुरम में 68.08 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे, जो शाम 5 बजे बढ़कर क्रमशः 83.86 और 78.53 प्रतिशत तक पहुंच गया।

Also Read : चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मान के कैंप कार्यालय पर सीबीआई ने मारा छापा

चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 6 बजे कतार में लगे सभी मतदाताओं द्वारा वोट डाले जाने के बाद अंतिम मतदान प्रतिशत 80 से 85 प्रतिशत से भी अधिक रहने का अनुमान है। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को सील कर कड़ी सुरक्षा और अर्धसैनिक बलों के पहरे में स्ट्रांग रूम भेज दिया गया है। मतों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

यह उपचुनाव तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली लगभग पांच महीने पुरानी ‘टीवीके’ सरकार के लिए एक बड़े राजनीतिक परीक्षण और जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा है। अन्नाद्रमुक के बागी विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुई इन दो सीटों पर 4.35 लाख कुल मतदाताओं ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। मदुरंतकम से 27 और धारापुरम से 22 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। मुख्य मुकाबला टीवीके, द्रमुक, अन्नाद्रमुक, वामपंथी दलों और नाम तमिलर काची के बीच देखने को मिल रहा है।

Pic Credit : UNI

उपचुनाव नए मुख्यमंत्रियों की परीक्षा

मंगलवार, छह अक्टूबर को एक लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव हैं। हालांकि इनके नतीजों से किसी भी सरकार की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन कम से कम दो राज्यों के उपचुनावों के नतीजे मुख्यमंत्रियों के लिए बहुत अहम होंगे। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और तमिलनाडु के सी जोसेफ विजय की परीक्षा उपचुनावों में होने वाली है। दोनों राज्यों में दो दो सीटों के उपचुनाव हो रहे हैं। बंगाल में एक सीट तो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अपनी है। वे नंदीग्राम और भबानीपुर दोनों सीटों से जीते थे और नंदीग्राम खाली कर दी थी। दूसरी सीट रेजिनगर की है। एजेपी नाम से पार्टी बना कर चुनाव लड़े हुमायूं कबीर रेजिनगर और नौदा से जीते थे। उन्होंने रेजीनगर सीट पर अपने बेटे को लड़ाया है। वहां एजेपी, कांग्रेस, तृणमूल के दोनों गुट और लेफ्ट से पांच मुस्लिम उम्मीदवार लड़ रहे हैं।

हालांकि फिर भी भाजपा के हिंदू उम्मीदवार के जीतने के चांस कम हैं। तभी शुभेंदु अधिकारी का पूरा फोकस नंदीग्राम पर है। वे बड़े अंतर से इस सीट को जीतना चाहते हैं। उधर तमिलनाडु की दो सीटों मदुरंतकम और धारापुरम में उपचुनाव हो रहा है। दोनों सीटें पिछले चुनाव में अन्ना डीएमके ने जीती थी। उसके विधायक पाला बदल कर विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए विजय ने दोनों को टिकट देकर मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि विजय की पार्टी के पास अकेले बहुमत नहीं है। वे दूसरी पार्टियों के विधायकों के इस्तीफे करा कर उन्हें अपनी पार्टी से लड़ा रहे हैं और बहुमत हासिल करना चाहते हैं। अगर ये दोनों सीटें उनकी पार्टी जीतती है तो विजय की स्थिति मजबूत होगी। दिलचस्प यह है कि विजय की सरकार को समर्थन देने वाली लेफ्ट पार्टियों के उम्मीदवार इन दोनों सीटों पर लड़ रहे हैं।

क्या नया विपक्ष उभर सकता है

यह बड़ा सवाल है कि क्या देश में नया विपक्ष उभर सकता है? कांग्रेस के नेता इस सवाल को भाजपा की साजिश थ्योरी का हिस्सा मान रहे हैं लेकिन उस राजनीतिक पहलू को छोड़ दें तब भी यह स्पष्ट दिख रहा है कि देश में एक नए किस्म का विमर्श चल रहा है, जिसमें न तो भाजपा फिट हो रही है और न कांग्रेस। यह सिर्फ ‘जेन जी’ का विमर्श नहीं है, बल्कि आम आदमी का विमर्श है, जिसमें वह रोजमर्रा की समस्याओं के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को समान रूप से जिम्मेदार मान रहा है।

यह एक व्यापक नैरेटिव का भी हिस्सा है, जिसके दम पर भाजपा ने बरसों तक कांग्रेस को किनारे किए रखा। आम लोग कांग्रेस के विपक्ष में होने के बावजूद यह मानते रहे कि उनकी और देश की समस्याओं के लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार है। तभी भाजपा द्वारा स्थापित किया हुआ यह नैरेटिव चला कि मोदी या भाजपा को नहीं वोट दें तो क्या राहुल और अखिलेश या तेजस्वी को दे दें?

अब इस प्रश्न में नए आयाम जुड़ गए हैं। अगर लोग केंद्र और राज्यों की भाजपा सरकारों से उबे हैं या उनको लग रहा है कि भाजपा का कांग्रेसीकरण हो रहा है या उनको धीरे धीरे यह यकीन होता जा रहा है कि भाजपा के पास भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं है लेकिन वे राहुल, अखिलेश या तेजस्वी को भी वोट नहीं देना चाहते, तो उनके सामने क्या विकल्प है? यह सवाल इसलिए प्रासंगिक हो गया है क्योंकि अलग अलग राज्यों में लोगों ने नए विकल्प आजमाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी का जीतना इसका एक उदाहरण है।

ऐसा नहीं है कि दोनों राज्यों में कांग्रेस का विकल्प नहीं था। दिल्ली में भाजपा और पंजाब में अकाली दल के रूप में मजबूत विकल्प था लेकिन लोगों ने आम आदमी पार्टी को चुना। ऐसे ही तमिलनाडु में डीएमके और अन्ना डीएमके एक दूसरे के विकल्प के रूप में करीब सात दशक से थे। लेकिन उन्हें ठुकरा कर लोगों ने सी जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके को चुना। इससे पहले 2019 में आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को हराने के लिए लोगों ने टीडीपी का विकल्प नहीं चुना, बल्कि जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस को चुना। नए बने राज्य तेलंगाना में भी के चंद्रशेखर राव की पार्टी लगातार दो बार जीती।

तर्क के नाते कहा जा सकता है कि पहले भी अलग अलग राज्यों में प्रादेशिक पार्टियों का उदय हुआ और उन्होंने चुनाव भी जीते। बिहार में राजद, उत्तर प्रदेश में सपा व बसपा, पश्चिम बंगाल में टीएमसी, आंध्र प्रदेश में टीडीपी आदि। इनके अलावा भी कई राज्यों में प्रादेशिक पार्टियां मजबूत रहीं और चुनाव जीत कर सरकार बनाई। इसलिए अभी अगर राज्यों में नई पार्टियों का उदय हो रहा है तो यह कहना जल्दबाजी होगी कि राष्ट्रीय स्तर पर कोई नया विपक्ष उभर रहा है। लेकिन यहां दोनों परिघटनाओं के बीच के अंतर को समझना होगा।

इससे पहले जितनी भी प्रादेशिक पार्टियां बनीं उनमें से किसी के नेता की राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा नहीं रही। प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा भले रही हो लेकिन किसी ने पार्टी का विस्तार दूसरे राज्यों में करने के बारे में गंभीरता से नहीं सोचा। कुछ पार्टियों ने एक से ज्यादा राज्यों में विस्तार किया लेकिन उनका विस्तार बहुत सीमित रहा। बहुजन समाज पार्टी इसका अपवाद है। लेकिन अब वह पार्टी भी अंतिम सांसें गिन रही है। एक दूसरा अंतर यह था कि पहले बनी ज्यादातर प्रादेशिक पार्टियां किसी स्थानीय मुद्दे या क्षेत्रीय पहचान के आधार पर बनी थीं।

पहली बार ऐसा हो रहा है कि अखिल भारतीय मुद्दों पर नई ताकतें आंदोलन कर रही हैं। आम आदमी पार्टी का उभरना किसी स्थानीय मुद्दे या प्रादेशिक पहचान का मामला नहीं है। उसने राजकाज को राजनीतिक विचारधारा बना कर राजनीति की और अपनी स्थापना के एक दशक बाद ही राष्ट्रीय पार्टी बन गई। इसी तरह कॉकरोच जनता पार्टी अभी एक राजनीतक दल नहीं बनी है फिर भी उसके मुद्दे अखिल भारतीय महत्व के हैं और किसी दूसरी पार्टी के मुकाबले देश के नौजवान उसकी बातों पर ज्यादा यकीन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी और कॉकरोच जनता पार्टी ने कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए मुश्किल खड़ी की है।

दोनों इस धारणा को जनता के बीच पहुंचा रहे हैं कि अगर भाजपा से नाराजगी है और लोग उसे बदलना चाहते हैं तो उसका स्वाभाविक विकल्प कांग्रेस नहीं है। यह बहुत बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम है और इसे इसी रूप में देखने की जरुरत है। कांग्रेस इस बात को समझ रही है कि भाजपा ने पहले उसे सत्ता से बेदखल किया और अब उसे स्वाभाविक विपक्ष की जगह से भी खिसकाने का अभियान चल रहा है। कांग्रेस इसके पीछे भाजपा की साजिश भी देख रही है। हो सकता है कि भाजपा धारणा के स्तर पर इस विचार को बढ़ावा दे रही हो और यह भी संभव है कि संसाधन से भी मदद मुहैया करा रही हो लेकिन अंततः यह उसके लिए भी घातक हो सकता है।

कांग्रेस पार्टी ने पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को इस रूप में नहीं देखा था। उसके नेता मानते रहे कि चीफ जस्टिस की टिप्पणी से त्वरित रूप में बने एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से युवा जुड़े हैं और उसने युवाओं का मुद्दा उठाया है। लेकिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के प्रदर्शन ने कांग्रेस को अलर्ट कर दिया है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को लेफ्ट और सिविल सोसायटी का साथ मिल रहा है तो कॉकरोच जनता पार्टी को आप का सपोर्ट मिल रहा है। कुछ और प्रादेशिक पार्टियां उनको समर्थन दे रही हैं। तभी कांग्रेस के साथ सीजेपी का विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता सीजेपी को आम आदमी पार्टी का फ्रंट और आप को भाजपा का फ्रंट बता रहे हैं।

कांग्रेस की इस बात को लेकर सीजेपी ने उसके ऊपर तीखा हमला किया है। सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने ‘सेल्फ स्टाइल लिबरल इकोसिस्टम’ पर निशाना साधा है और कहा है, ‘यह सिस्टम अभिजीत दीपके को खारिज कर रहा है, जबकि हकीकत यह है कि बहुत अरसे बाद ऐसा हुआ है कि किसी ने आम लोगों के इमेजिवनेशन को कैप्चर किया है’। विवाद की शुरुआत कांग्रेस के एक प्रवक्ता के बयान से हुई थी, जिन्होंने कहा था कि आशुतोष रांका असम गए तो वहां कांग्रेस नेताओं से नहीं मिले, जबकि कांग्रेस ने सीजेपी के लोगों को पुलिस के बचाया था।

इसके बाद रांका ने एक पोस्ट लिखा और उस पोस्ट को सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने भी पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि, एक खास तबका, सिर्फ भाजपा नहीं, बल्कि दूसरी पार्टी भी सोचती है कि ‘सेविंग इंडिया, सेविंग कांस्टीट्यूशन’ उन्हीं का काम है। उन्होंने आगे कहा कि ये लोग, ‘सेल्फ डिक्लेयर्ड लिबरल्स’ औऱ ‘सेल्फ डिक्लेयर्ड ठेकेदार ऑफ कांस्टीट्यूशन’ हैं। सौरव दास का कहना है कि ‘य़ह भाजपा से खराब काम करने वाला इकोसिस्टम है’।

रांका और दास का सीधा हमला कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम पर है।

यह एक शुरुआत है, नया विपक्ष बनाने की। इसमें कितनी कामयाबी मिलेगी और कब मिलेगी यह नहीं कहा जा सकता है। लेकिन भाजपा और कांग्रेस से अलग नए विपक्ष के बारे में विचार शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के साथ साथ कॉकरोच जनता पार्टी पर नजर रखने की जरुरत है। इनके अलावा बिहार में प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी, उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर की भीम आर्मी, तमिलनाडु में सी जोसेफ विजय की टीवीके, पंजाब में अमृतपाल की अकाली दल वारिस पंजाब दे, असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम, हुमायूं कबीर की एजेपी, बदरूद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ जैसी पार्टियों पर भी नजर ऱखने की जरुरत है।

मतदाताओं का नहीं पार्टियों का प्रदर्शन है

असल में कुछ प्रक्रियागत मामलों में चुनाव आयुक्तों की असहमति थी, जिसे उन्होंने जाहिर किया और आयोग ने उसे ठीक किया। जब इसकी रिपोर्ट मीडिया में आई तो विपक्ष ने इसको अपने लिए अवसर मान कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह विशुद्ध रूप से एक राजनीतिक आंदोलन है, जो राजनीतिक दलों द्वारा प्रायोजित है और विपक्षी राजनीतिक दलों के फायदे के लिए है। आम मतदाता भी इस बात को समझ रहा है।

महात्मा गांधी की जयंती यानी दो अक्टूबर पर देश के कई हिस्सों में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन हुए। हाल के महीनों में दूसरी बार राजनीतिक दलों और गैर राजनीतिक संगठनों ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। दिल्ली से मुंबई तक खूब शोरगुल हुआ। लेकिन जून और जुलाई में दिल्ली के जंतर मंतर पर चले 36 दिन के आंदोलन और गांधी जयंती पर हुए इस आंदोलन में एक बुनियादी अंतर है, जो अलग अलग जगहों पर प्रदर्शनों में दिख भी रहा है। 20 जून से शुरू होकर 25 जुलाई तक जंतर मंतर पर चला आंदोलन पेपर लीक से प्रभावित हुए छात्रों और उनके समर्थन में उतरे एक नए संगठन कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी का था। बाद में लेफ्ट पार्टियों और समाजवादी पार्टी के अलावा शरद पवार की एनसीपी और उद्धव ठाकरे की शिव सेना के नेता भी इसमें शामिल हुए थे। लेकिन बुनियादी रूप से वह आंदोलन प्रभावित छात्रों का था, जिनकी संख्या बहुत बड़ी थी।

गौरतलब है कि 2026 की नीट परीक्षा करीब 24 लाख छात्रों ने दी थी, जो पेपर लीक होने और दोबारा परीक्षा होने से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए थे। उसी समय कई और परीक्षाओं में गड़बड़ी की खबरें आई थीं, जिनसे प्रभावितों की संख्या बहुत बड़ी हो गई थी। तभी उस आंदोलन का आयाम बहुत बड़ा हो गया था। हजारों लोग हर दिन प्रदर्शन में शामिल हो रहे थे और लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों लोग हर दिन डिजिटल माध्यम से उस आंदोलन से जुड़ रहे थे। लोगों का एक भावनात्मक लगाव आंदोलन से दिख रहा था। आंदोलन की जगह पर मीडिया और सोशल मीडिया के लोग जब किसी से बात करते थे तो वह प्रभावित परिवार का हिस्सा निकलता था। प्रभावित छात्र या उसके परिजन आंदोलन में शामिल थे इसलिए उसकी तीव्रता बहुत ज्यादा थी। उसमें आक्रोश भी बहुत ज्यादा था।

तभी सरकार ने छात्रों व युवाओं की भावनाओं को समझा और उस हिसाब से कार्रवाई की। सरकार ने दो बड़े मंत्रियों को भेज कर बात कराई, सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त कराया और छात्रों की सारी मांगें मान कर आंदोलन खत्म कराया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए अभी जो आंदोलन हो रहा है वह बुनियादी रूप से छात्रों व युवाओं को आंदोलन से भिन्न है। यह प्रभावित पक्ष का आंदोलन नहीं है। इसमें ऐसे लोग नहीं दिख रहे हैं, जिनके वोट कट गए हैं। याद करें कैसे जंतर मंतर पर आंदोलन के दौरान उन छात्रों की तस्वीरें रखी गई थीं, जिन्होंने पेपर लीक के बाद सुसाइड किया था। उनके परिजनों को आंदोलन में आमंत्रित किया गया था। इस बार का आंदोलन चाहे दिल्ली का जंतर मंतर हो या मुंबई का शिवाजी पार्क कहीं भी प्रभावित लोग नहीं दिखे।

प्रदर्शनकारियों ने ऐसे लोगों को मंच पर नहीं प्रस्तुत किया, जिनका नाम कट गया है। अगर यह आंदोलन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में नाम काटे जाने के खिलाफ है तो इसमें अनिवार्य रूप से उन लोगों को शामिल होना चाहिए, जिनके नाम कटे हैं। हालांकि यह जरूरी नहीं है कि हर बार प्रभावित पक्ष ही आंदोलन करे। कई बार प्रभावित पक्ष ऐसा करने में सक्षम नहीं होता है तो उसकी लड़ाई सिविल सोसायटी या राजनीतिक दल लड़ते हैं। लेकिन जब प्रभावितों की संख्या करोड़ों में हो और मुद्दा राजनीतिक अधिकार का हो तब निश्चित रूप से प्रभावित लोग इसमें शामिल होते हैं।

मिसाल के तौर पर राजधानी दिल्ली में 47 लाख लोगों के नाम कटे हैं। दिल्ली में एसआईआर से पहले 1.45 करोड़ मतदाता थे, जिनमें से अब 97 लाख ही मतदाता बचे हैं। अगर दिल्ली के साथ एनसीआर मिला लें यानी नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम को जोड़ दें तो नाम कटने वालों की संख्या एक करोड़ के करीब पहुंच जाएगी। अगर इनमें से एक फीसदी आदमी भी आंदोलन करने उतरे तो वह संख्या एक लाख होगी। लेकिन दो अक्टूबर को दिल्ली के आंदोलन में 10 हजार लोग नहीं जुटे, जबकि आम आदमी पार्टी और लेफ्ट की तीनों पार्टियों ने भीड़ जुटाने के लिए पूरा जोर लगाया था। लेफ्ट की तीन पार्टियों के छात्र संगठन लगे हुए थे और परदे के पीछे से कांग्रेस के छात्र संगठन के लोग भी जुटे थे। फिर भी भीड़ नहीं जुटी, जबकि जून और जुलाई में हुए आंदोलन में बिना किसी प्रयास के लोग जुट रहे थे।

जाहिर है वोट कटने वाले आंदोलन से आम आदमी का जुड़ाव नहीं बन रहा है। जबकि यह एक राजनीतिक मुद्दा है। यह महंगाई या बेरोजगारी की तरह कोई सार्वभौमिक मुद्दा नहीं है, बल्कि व्यक्ति के राजनीतिक अधिकार से जुड़ा मुद्दा है और व्यापक रूप से वैयक्तिक है। तभी इस मुद्दे को लेकर हो रहे आंदोलन में प्रभावितों को शामिल होना चाहिए था, जो नहीं हो रहे हैं। इसका अर्थ है कि यह कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है, बल्कि राजनीतिक दलों द्वारा गढ़ा गया एक मुद्दा है, जिसका मकसद धारणा को प्रभावित करना है।

पहले दिन से यह स्पष्ट दिख रहा है कि एसआईआर के खिलाफ आंदोलन स्वंयस्फूर्त नहीं है, बल्कि राजनीतिक दलों द्वारा प्रायोजित है, जिसका उद्देश्य देश में एक झूठा नैरेटिव स्थापित करना है। राहुल गांधी ने पिछले साल जून में बिहार में एसआईआर शुरू होने के बाद इसके खिलाफ 16 दिन तक यात्रा की थी। उसी समय उनको लग गया था कि इससे जनता का कनेक्ट नहीं है। बाद में नतीजों से यह प्रमाणित भी हुआ। तभी उन्होंने यह मुद्दा छोड़ दिया था। कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली के सफल आंदोलन के बाद राहुल गांधी को यह चिंता सताने लगी है कि राजनीति में नई शक्तियों का उदय हो रहा है।

जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में कांग्रेस को रिप्लेस किया और टीवीके ने तमिलनाडु में डीएमके व अन्ना डीएमके दोनों को रिप्लेस किया उस तरह किसी नई शक्ति के उभरने और किसी अन्य राज्य में कांग्रेस को रिप्लेस करने का खतरा भी कांग्रेस को दिख रहा है। इसलिए भी वह ऐसे गढ़े हुए मुद्दों पर आंदोलन कर रही है या उसमें शामिल हो रही है ताकि प्रासंगिकता बनी रहे।

वास्तविकता यह है कि एसआईआर का मुद्दा आम आदमी का मुद्दा है ही नहीं। यह राजनीतिक दलों का मुद्दा है, जो अपनी लगातार हो हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ना चाहती हैं। विपक्षी पार्टियों की हार राजनीतिक कारणों से है। उनकी संगठनात्मक क्षमता कमजोर होने और नेतृत्व की कमी से उनकी हार हो रही है। लेकिन अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने और खुद को दिलासा देने के लिए वे चुनाव आयोग को निशाना बना रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि एसआईआर की प्रक्रिया में कानूनी और तकनीकी वजहों से कुछ ऐसे लोगों के नाम कटे होंगे, जो वास्तव में मतदाता हैं। लेकिन उनकी संख्या बहुत कम है और उनके पास नाम जुड़वाने के विकल्प हैं। जितनी संख्या में विपक्ष दावा कर रहा है अगर उतनी संख्या में वास्तविक मतदाताओं के नाम कटे होते तो अब तक देश में क्रांति हो गई होती।

चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर एक अंग्रेजी अखबार की जिस रिपोर्ट के बाद से नए सिरे से आंदोलन शुरू हुए हैं वह रिपोर्ट भी तकनीकी और कानूनी असंगति को ज्यादा दिखाती है। उसमें भी यह कहीं नहीं कहा गया है कि दोनों चुनाव आयुक्त एसआईआऱ के फैसले से सहमत नहीं हैं। एसआईआर का फैसला पूर्ण चुनाव आयोग का संपूर्ण सहमति से किया गया फैसला है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट की भी मुहर है। चुनाव आय़ोग संविधान से मिले अधिकार के तहत ही यह काम कर रहा है। असल में कुछ प्रक्रियागत मामलों में चुनाव आयुक्तों की असहमति थी, जिसे उन्होंने जाहिर किया और आयोग ने उसे ठीक किया। जब इसकी रिपोर्ट मीडिया में आई तो विपक्ष ने इसको अपने लिए अवसर मान कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह विशुद्ध रूप से एक राजनीतिक आंदोलन है, जो राजनीतिक दलों द्वारा प्रायोजित है और विपक्षी राजनीतिक दलों के फायदे के लिए है। आम मतदाता भी इस बात को समझ रहा है। इसलिए वह इन प्रदर्शनों में शामिल नहीं हो रहा है।  (लेखक दिल्ली में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामंग (गोले) के कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त विशेष कार्यवाहक अधिकारी हैं।)

तमिलनाडु एवं पुड्डुचेरी उपचुनाव : जांच में 58 नामांकन पत्र वैध, 41 निरस्त

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए दाखिल 99 नामांकनों में से जांच के दौरान 58 पर्चे वैध पाये गये, जबकि 41 निरस्त कर दिये गये। ये दोनों सीटें अन्नाद्रमुक के बागी विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई थीं।

मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मदुरंतकम में कुल 48 पर्चों में से 28 वैध और 20 निरस्त हुए। वहीं धारापुरम में 51 उम्मीदवारों में से 30 के पर्चे सही पाये गये और 21 निरस्त कर दिये गये। नामांकन पत्राें की जांच के बाद 19 सितंबर तक नाम वापसी की अंतिम तिथि तय है।

सत्तारूढ़ तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके), मुख्य विपक्षी दल द्रमुक, अन्नाद्रमुक, नाम तमिलर काची (एनटीके) और वामपंथी दलों समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाये गये।

Also Read : निठारी कांड में बरी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में की आत्महत्या

नामांकन के अंतिम दिन 16 सितंबर को टीवीके प्रत्याशी के. मरगथम कुमारवेल (मदुरंतकम) और पी. सत्यभामा (धारापुरम) ने अपने पर्चे दाखिल किये। इन दोनों ने अन्नाद्रमुक छोड़कर टीवीके का दामन थामा था, जिसके बाद यह उपचुनाव हो रहा है।

मदुरंतकम सीट से अन्नाद्रमुक की कनिथा संपत, माकपा की पी सुगंती, द्रमुक के पूर्व विधायक आई परंतमन और एनटीके के के जानकीरामन मैदान में हैं।

वहीं धारापुरम से अन्नाद्रमुक की के भानुमति, भाकपा के पी लक्ष्मणन, द्रमुक की सुकन्या और एनटीके की एम कार्तिका ने पर्चे भरे हैं।

उधर, पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी की थट्टांचावडी सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सभी 15 उम्मीदवारों के नामांकन जांच में सही पाये गये। यहां सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के अशोक आनंद, कांग्रेस के ई विनायगम, द्रमुक के के सेतु उर्फ सेतुसेल्वम और भाकपा के ए मोहम्मद सलीम के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला है। यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद से रिक्त थी।

Pic Credit : ANI