तमिलनाडु एवं पुड्डुचेरी उपचुनाव : जांच में 58 नामांकन पत्र वैध, 41 निरस्त

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए दाखिल 99 नामांकनों में से जांच के दौरान 58 पर्चे वैध पाये गये, जबकि 41 निरस्त कर दिये गये। ये दोनों सीटें अन्नाद्रमुक के बागी विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई थीं।

मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मदुरंतकम में कुल 48 पर्चों में से 28 वैध और 20 निरस्त हुए। वहीं धारापुरम में 51 उम्मीदवारों में से 30 के पर्चे सही पाये गये और 21 निरस्त कर दिये गये। नामांकन पत्राें की जांच के बाद 19 सितंबर तक नाम वापसी की अंतिम तिथि तय है।

सत्तारूढ़ तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके), मुख्य विपक्षी दल द्रमुक, अन्नाद्रमुक, नाम तमिलर काची (एनटीके) और वामपंथी दलों समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाये गये।

Also Read : निठारी कांड में बरी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में की आत्महत्या

नामांकन के अंतिम दिन 16 सितंबर को टीवीके प्रत्याशी के. मरगथम कुमारवेल (मदुरंतकम) और पी. सत्यभामा (धारापुरम) ने अपने पर्चे दाखिल किये। इन दोनों ने अन्नाद्रमुक छोड़कर टीवीके का दामन थामा था, जिसके बाद यह उपचुनाव हो रहा है।

मदुरंतकम सीट से अन्नाद्रमुक की कनिथा संपत, माकपा की पी सुगंती, द्रमुक के पूर्व विधायक आई परंतमन और एनटीके के के जानकीरामन मैदान में हैं।

वहीं धारापुरम से अन्नाद्रमुक की के भानुमति, भाकपा के पी लक्ष्मणन, द्रमुक की सुकन्या और एनटीके की एम कार्तिका ने पर्चे भरे हैं।

उधर, पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी की थट्टांचावडी सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सभी 15 उम्मीदवारों के नामांकन जांच में सही पाये गये। यहां सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के अशोक आनंद, कांग्रेस के ई विनायगम, द्रमुक के के सेतु उर्फ सेतुसेल्वम और भाकपा के ए मोहम्मद सलीम के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला है। यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद से रिक्त थी।

Pic Credit : ANI