Nana Patekar News: नाना पाटेकर के निधन दुखी सलमान खान ने पोस्टपोन किया इवेंट, शाहरुख खान शेयर की यादें

Nana Patekar News: बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान अपने दोस्त और को-स्टार नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताया हैं। गुरुवार को इंस्टाग्राम पर लिखे एक नोट में उन्होंने याद किया कि कैसे नाना ने एक बार उनसे कहा था कि हीरो के तौर पर करियर बनाते समय वे अपने अंदर के एक्टर को न खोएं। नाना का 8 अक्टूबर को गोवा में 75 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। शाहरुख ने शाम को उनके लिए श्रद्धांजलि दी।

शाहरुख खान को याद आए नाना पाटेकर

शाहरुख ने अपनी 1992 की फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ से नाना के साथ एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने उनके साथ शूटिंग के दिनों को याद करते हुए लिखा, “जब मैं उनसे पहली बार मिला तो घबराहट और झिझक की वजह से मैं अपने बाल ठीक करने लगा। उन्होंने मेरा हाथ झटक दिया और कहा, ‘हीरो की तरह बाल मत बना… तू एक्टर है’!”

एक्टर ने नाना के स्वभाव के बारे में भी लिखा- “वह चापलूसी नहीं करते थे। वह वही नहीं कहते थे जो आप सुनना चाहते थे, बल्कि वही कहते थे जो आपको सुनना चाहिए था। नाना ऐसे ही थे – साफ-सुथरे, थोड़े सख्त, ईमानदार और उनकी मुस्कान बहुत प्यारी थी।” शाहरुख ने आगे कहा- “प्यार जताने का उनका अंदाज हमेशा अनोखा होता था। वह पहले आप पर चिल्लाते थे और फिर तीसरी या चौथी बार डांटने के बीच ही आपको एहसास होता था कि वह आपको गले लगा रहे हैं। वह मुझे बहुत प्यार करते थे और मैं भी उन्हें बहुत मानता था।”

शाहरुख ने नाना के साथ अपने रिश्ते के बारे में आगे लिखा, “वह एक मेंटर, टीचर, आलोचक और दोस्त थे, जो कैरम के खेल में मुझे और अपने आस-पास के सभी लोगों को बार-बार हराते थे और अपनी जीत का मजा लेते थे।” उन्होंने आगे कहा, “नाना, आपका जोश, हंसी, पागलपन और प्यार हमेशा हमारे साथ रहेगा। काश हमारे पास और बातें करने, एक और बहस करने, एक और कप चाय पीने और कैरम खेलने का समय होता।”

शाहरुख ने बताया कि उन्हें अपने दोस्त की कितनी याद आएगी, “आपने न सिर्फ सिनेमा की दुनिया में, बल्कि सभी भारतीयों और दुनिया भर के लोगों के दिलों में एक खालीपन छोड़ दिया है। मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि मुझे आपकी बहुत याद आएगी और मैं आपकी कही बातों को हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगा… ‘हीरो बनने के चक्कर में एक्टर मत खोना’। आपकी आत्मा को शांति मिले नाना और अल्लाह आप पर कृपा बनाए रखे। स्वर्ग भी धन्य हो जाएगा जब आप वहां पहुंचेंगे… एक बेहतरीन एक्टर और एक बेजोड़ कैरम चैंपियन। आपसे बहुत प्यार है और आपकी बहुत याद आती है!! बहुत जल्दी चले गए मेरे हीरो! RIP।”

सलमान खान ने पोस्टपोन किया इवेंट

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान का गुरुवार को मुंबई में होने वाला इवेंट टाल दिया गया है। यह फैसला दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन के बाद किया गया, जिनका गोवा में अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट के कारण 75 साल की उम्र में निधन हो गया। इन दोनों एक्टर्स ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘खामोशी द म्यूजिकल’ (1996) में साथ काम किया था।

गुरुवार को बांद्रा के ताज लैंड्स एंड में GB रियल्टी के एक इवेंट में सलमान के शामिल होने की उम्मीद थी। नाना और सलमान ने ‘खामोशी’ फिल्म में साथ काम किया था, जिसमें नाना ने मनीषा कोइराला के किरदार ‘एनी’ के पिता ‘जोसेफ’ का रोल निभाया था, जबकि सलमान ने ‘राज’ का रोल किया था। इस फिल्म में सीमा बिस्वास भी थीं; यह फिल्म संजय के शुरुआती और यादगार कामों में से एक है।

Nana Patekar News: नाना पाटेकर के पुणे वाले घर के बाहर उमड़ी भीड़, मौत की खबर सुन फूट-फूटकर रो पड़ा फैन

Nana Patekar News: 8 अक्टूबर को नाना पाटेकर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके अनगिनत चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है। गोवा में अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) के कारण इस दिग्गज अभिनेता का निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। एक वीडियो में पुणे के डोनाजे इलाके में स्थित नाना पाटेकर के घर ‘नानाची वाडी’ के बाहर एक प्रशंसक को फूट-फूटकर रोते हुए देखा जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक घर से अस्पताल लाए जाने के बाद डॉक्टरों ने लगभग 45 मिनट तक उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। सुबह 5:20 बजे अभिनेता को मृत घोषित कर दिया गया। नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम पुणे के पास डोनाजे स्थित उनके फार्महाउस पर किया जाएगा। थिएटर और सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए इस दिग्गज अभिनेता को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

1 जनवरी 1951 को महाराष्ट्र में जन्मे नाना पाटेकर ने अपनी दमदार अदाकारी, डायलॉग बोलने के खास अंदाज और लीक से हटकर किरदारों को निभाने के लिए अपनी अलग पहचान बनाई। तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेता, वे ‘नटसम्राट’, ‘वजूद’, ‘परिंदा’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘यशवंत’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं।

नाना पाटेकर ने 1978 की फिल्म ‘गमन’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। 2000 के दशक की शुरुआत में पाटेकर को ‘शक्ति द पावर’ (2002), ‘अब तक छप्पन’ (2004), ‘अपहरण’ (2005) और ‘टैक्सी नंबर 9211’ (2006) में अपने अभिनय के लिए काफी सराहना मिली। उन्हें ‘वेलकम’ (2007) में गैंगस्टर उदय शेट्टी के कॉमिक किरदार के लिए भी खूब तारीफ मिली। उन्होंने इसके सीक्वल ‘वेलकम बैक’ (2015) में भी यही भूमिका निभाई थी। अभिनेता कॉमेडी थ्रिलर ‘हाउसफुल 5’ में भी नजर आए थे।

वे पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म ‘राजनीति’ (2010) का भी हिस्सा थे, जिसके लिए उन्हें ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर’ के तौर पर पांचवीं बार फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था। 2016 में उन्हें मराठी फिल्म ‘नटसम्राट’ में अपनी एक्टिंग के लिए ‘बेस्ट एक्टर’ का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।

पाटेकर को पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान 2013 में सिनेमा और कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया था। वे ‘यशवंत’ (1997), ‘वजूद’ (1998) और ‘आंच’ (2003) जैसी फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग के लिए भी जाने जाते थे। नाना पाटेकर को आखिरी बार उनकी मौत से चार दिन पहले गोवा के डोना पाउला में देखा गया था, जहां वे ‘सम्राट क्लब इंटरनेशनल’ के इंस्टॉलेशन समारोह में शामिल हुए थे और उन्होंने वहां भाषण भी दिया था।

नाना पाटेकर ने निधन से ठीक पहले रात 2:30 बजे दोस्त को क्या मैसेज किया था? कुछ घंटों बाद हमेशा के लिए हो गए खामोश

Nana Patekar Death News Updates: हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर ने फिल्म जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिंदगी भर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले नाना पाटेकर ने निधन से कुछ घंटे पहले ही अपने एक करीबी दोस्त को मैसेज भेजकर बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार (8 अक्टूबर) तड़के करीब 2:30 बजे नाना पाटेकर ने अपने दोस्त को मैसेज किया कि वह असहज महसूस कर रहे हैं। उनकी तबीयत ठीक नहीं है। देर रात होने के कारण दोस्त उस मैसेज को समय पर देख नहीं सके।

करीब 4 बजे जब दोस्त उनके घर पहुंचे, तो नाना पाटेकर की हालत बेहद गंभीर थी। वह पसीने से तर थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके बाद उन्हें बचाने की कोशिशें शुरू हुईं। एंबुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सीपीआर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय भी उन्हें सीपीआर दिया जाता रहा। लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। अस्पताल के मुताबिक, नाना पाटेकर को तड़के अस्पताल लाया गया और करीब 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है।

सिनेमा जगत में शोक की लहर

नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने भी उनके निधन की पुष्टि की। पाटेकर के बेटे मल्हार ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से कहा, “हां, यह जानकारी सही है। मैं अभी पुणे में हूं और गोवा पहुंच रहा हूं। मैं जल्द ही इस बारे में विस्तार से जानकारी दूंगा।” उन्होंने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार पुणे में किया जाएगा। उनके निधन की खबर सामने आते ही सिनेमा जगत, राजनीति और उनके लाखों प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

नाना पाटेकर सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि अभिनय की अपनी अलग पहचान रखने वाले कलाकार थे। ‘क्रांतिवीर’, ‘परिंदा’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘नटसम्राट’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग किरदारों को यादगार बना दिया। करीब पांच दशक लंबे करियर में उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार से लेकर पद्मश्री तक कई सम्मान हासिल किए। फिल्मों से दूर भी उन्होंने जरूरतमंदों और सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए काम किया।

ये भी पढ़ें- Nana Patekar Video: करोड़ों की शोहरत के बावजूद घर में AC नहीं रखते थे नाना पाटेकर, अमिताभ बच्चन को बताई ऐसी वजह जो दिल छू जाएगी

लेकिन अब उनके जाने के बाद सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाली बात यही है कि जिस अभिनेता ने पर्दे पर अनगिनत किरदारों में जान फूंकी, उसने जिंदगी के आखिरी घंटों में सिर्फ एक संदेश के जरिए अपनी तबीयत खराब होने की खबर दी… और कुछ ही घंटे बाद उनकी आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने घोषणा की है कि पाटेकर का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Nana Patekar Wife: 750 रुपए में की शादी…, 35 साल पत्नी से रहे अलग पर नाना पाटेकर ने नहीं दिया था तलाक

Nana Patekar Wife: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। खबरों के मुताबिक गोवा में अपने घर पर उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। एक्टर का असली नाम विश्वनाथ पाटेकर है। बचपन में उनकी एक छोटी बहन उन्हें प्यार से ‘नाना’ बुलाती थी। बाद में यही नाम उनकी पहचान का जरिया बना। उनके पासपोर्ट और आधार कार्ड पर भी ‘नाना पाटेकर’ ही लिखा गया है।

नाना अपनी दमदार एक्टिंग और स्क्रीन पर अपनी खास मौजूदगी के लिए तो मशहूर थे ही, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ भी हमेशा चर्चा का विषय रही। उनके रिश्तों में एक रिश्ता जो अक्सर चर्चा में रहा… वह था नीलकंती पाटेकर के साथ उनकी शादी। कहा जाता है कि वे बिना तलाक लिए ही करीब 35 साल तक उनसे अलग रहे।

नाना पाटेकर की पत्नी नीलकंती पाटेकर कौन हैं?

नाना पाटेकर की पत्नी नीलकंती पाटेकर हैं। दोनों की पहली मुलाकात थिएटर के दिनों में हुई थी। साथ काम करते-करते उनकी दोस्ती धीरे-धीरे एक रिश्ते में बदल गई। नाना और नीलकंती की शादी 1978 में हुई थी। शादी का कुल खर्च 750 रुपए आया था। कपल के दो बेटे हुए – दुर्वासा पाटेकर और मल्हार पाटेकर।

शुरुआत में नीलकंती बैक में अधिकारी हुआ करती थीं। लेकिन फिर पूरी तरह से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ गईं। उन्होंने छह साल की उम्र में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर एक्टिंग शुरू की थी और बाद में मराठी सिनेमा में काम किया। उन्होंने एक राइटर के तौर पर भी काम किया है और अपने काम के लिए नेशनल अवॉर्ड भी जीता है। लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद उन्होंने विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ से पर्दे पर वापसी की थी।

नाना पाटेकर और नीलकंती के बड़े बेटे का हुआ जब निधन

नाना और नीलकंती की निजी जिंदगी में भी एक बहुत मुश्किल दौर आया था, जब उनके बड़े बेटे दुर्वासा की मौत ढाई साल की उम्र में हो गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक दुर्वासा को जन्म से ही सेहत से जुड़ी परेशानियां थीं। बाद में उनके छोटे बेटे मल्हार पाटेकर ने फिल्म इंडस्ट्री में कैमरे के पीछे काम करना शुरू किया। उन्होंने राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘द अटैक्स ऑफ 26/11’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया और नाना साहब प्रोडक्शन हाउस से भी जुड़े रहे हैं। अपने पिता के उलट मल्हार ज्यादातर लाइमलाइट से दूर रहे हैं और अपनी निजी जिदगी को निजी ही रखते हैं।

नाना पाटेकर और उनकी पत्नी 35 साल तक रहे अलग

कानूनी तौर पर कभी तलाक न लेने के बावजूद नाना और नीलकंती लगभग 35 साल तक अलग-अलग रहे। नाना ने ‘द लल्लनटॉप’ के साथ एक इंटरव्यू में अपनी शादी के बारे में बात की थी। उनके अनुसार उनके व्यक्तित्व और सोचने के तरीकों में अंतर के कारण उनके लिए एक साथ रहना मुश्किल हो गया था। आखिरकार दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग जीवन जीने का फैसला किया।

अलग होने के बावजूद नाना नीलकंती का सम्मान करते रहे और दोनों ने कभी भी तलाक के जरिए अपनी शादी को औपचारिक रूप से खत्म नहीं किया। पारंपरिक मानकों के हिसाब से उनका रिश्ता असामान्य था, लेकिन नाना की बातों से पता चलता है कि अलग रहने का फैसला इस समझ के साथ लिया गया था कि उनके व्यक्तित्व इतने अलग थे कि वे एक ही घर में नहीं रह सकते थे।

भले ही नाना हिंदी और मराठी सिनेमा के सबसे जाने-माने अभिनेताओं में से एक थे, लेकिन उन्होंने अपनी पारिवारिक जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा लोगों की नजरों से दूर रखा। उनकी शादी, उनके बड़े बेटे का निधन और नीलकंती से उनकी लंबी दूरी कभी-कभी चर्चा का विषय बनीं, लेकिन नाना और उनके परिवार ने आम तौर पर अपने निजी रिश्तों को लेकर गोपनीयता बनाए रखी।

75 साल की उम्र में उनके निधन के बाद लोगों का ध्यान एक बार फिर सिनेमा से दूर उनके जीवन के कम सामने आए पहलुओं की ओर गया है, जिसमें नीलकंती के साथ उनकी दशकों लंबी शादी और अलग-अलग रहने के बावजूद शादीशुदा बने रहने का उनका फैसला शामिल है।

Nana Patekar News: ‘लगातार 45 मिनट तक CPR देने के बावजूद हम उन्हें नहीं बचा सके’, नाना पाटेकर की मौत पर आया डॉक्टर का बयान

Nana Patekar News: मशहूर एक्टर नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह गोवा में कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) से निधन हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। एक्टर 75 साल के थे।

जानकारी के मुताबिक नाना पाटेकर डोना पाउला स्थित अपने घर पर थे, तभी उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उनके घर एक मेडिकल टीम भेजी गई, जहां वे बेहोश पाए गए। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल ले जाया गया।

मणिपाल अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर के अनुसार डॉक्टरों ने 45 मिनट तक उनकी धड़कन वापस लाने की कोशिश की, लेकिन रिससिटेशन (resuscitation) के दौरान एक्टर की धड़कन नहीं लौटी। 45 मिनट तक लगातार CPR देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। एक मेडिको-लीगल केस (MLC) दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम किया जाएगा।”

सुबह करीब 5:20 बजे एक्टर को मृत घोषित कर दिया गया। MLC की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अधिकारियों द्वारा गुरुवार को पोस्टमार्टम किए जाने की उम्मीद है। पाटेकर हिंदी और मराठी सिनेमा के जाने-माने चेहरों में से एक थे। उनके फिल्मी करियर की शुरुआत 1978 में ‘गमन’ फिल्म से हुई थी। ‘परिंदा’, ‘प्रहार’, ‘अंगार’, ‘क्रांतिवीर’, ‘तिरंगा’, ‘खामोशी’ और ‘अब तक छप्पन’ जैसी फिल्मों में उनकी बेहतरीन एक्टिंग ने उन्हें भारतीय सिनेमा में एक खास पहचान दिलाई।

अपनी उम्र के आखिरी दौर में भी पाटेकर एक्टिंग करते रहे। उनकी हालिया फिल्मों में ‘हाउसफुल 5’ शामिल है, जिसमें अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख भी हैं। वे विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ रोमियो’ में पुलिस ऑफिसर के रोल में भी दिखे थे, जिसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके अलावा, उन्होंने अनिल कपूर और राधिका मदान की फिल्म ‘सूबेदार’ में भी एक छोटा सा रोल (कैमियो) किया था।

पाटेकर को भारतीय सिनेमा के सबसे खास और असरदार अभिनेताओं में से एक माना जाता था। उन्होंने हिंदी और मराठी फिल्मों में काम किया। उनके निधन की खबर के बाद नील नितिन मुकेश, खुशबू सुंदर और रितेश देशमुख समेत कई फिल्मी हस्तियों ने उनके गुज़र जाने पर दुख जताया।