Rahul Gandhi : राहुल गांधी की प्रदर्शन के दौरान खरीदारी की अपील, INDIA Bloc Rally में क्यों शामिल नहीं हो रही CJP, दीपके ने बताया कारण

Rahul Gandhi : राहुल गांधी की प्रदर्शन के दौरान खरीदारी की अपील, INDIA Bloc Rally  में क्यों शामिल नहीं हो रही CJP, दीपके ने बताया कारण

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को आयोजित INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रैली में शामिल होने आ रहे लोगों से प्रदर्शन के साथ-साथ दिल्ली के स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की है। 

ALSO READ: Iran US War : ईरान की अमेरिका को दोटूक चेतावनी, हमले का खतरा बरकरार; परमाणु समझौते के लिए कड़ी शर्तें

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी गठबंधन के अभियान को समर्थन दिया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि उनकी पार्टी रैली में शामिल नहीं होगी और अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखेगी। INDIA ब्लॉक की यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर आयोजित की जा रही है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

राहुल गांधी बोले- प्रदर्शन के साथ थोड़ी खरीदारी भी करें

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर रैली में शामिल होने दिल्ली आ रहे लोगों से स्थानीय व्यापारियों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों लोग रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। यह त्योहारों का समय है और दिवाली, छठ तथा भाई दूज के मौके पर दिल्ली के बाजारों में खरीदारी भी जरूरी है।

 

राहुल गांधी ने कहा, “प्रदर्शन करें, मार्च निकालें, रैलियां करें और इसके साथ थोड़ी खरीदारी भी करें। इससे व्यापारियों को फायदा होगा।”

 

उन्होंने आरोप लगाया कि BJP रैली को लेकर अफवाहें फैला रही है। राहुल ने कहा कि प्रदर्शन से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा, बल्कि रैली में आने वाले लोग स्थानीय दुकानों से सामान खरीदकर कारोबारियों की मदद कर सकते हैं।
 

दिल्ली के व्यापारियों ने जताई थी बिक्री प्रभावित होने की आशंका

रैली के समय और आयोजन स्थल को लेकर दिल्ली के व्यापारिक संगठनों ने चिंता जताई थी। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कहा था कि बड़ी राजनीतिक सभा के कारण ट्रैफिक जाम और बाजारों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इससे दिवाली के आसपास कारोबार और बिक्री पर असर पड़ने की आशंका है।

 

CTI ने सदर बाजार, करोल बाग, चांदनी चौक और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख व्यावसायिक इलाकों का हवाला देते हुए प्रदर्शन की तारीख और स्थान पर आपत्ति जताई थी। व्यापारियों ने राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के नेताओं से दिवाली के बाद प्रदर्शन करने की अपील की थी।

abhijit dipke cjp protest

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया रैली का समर्थन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर INDIA ब्लॉक की रैली का समर्थन किया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी रविवार को रामलीला मैदान में होने वाले विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेगी।

 

दीपके ने कहा कि CJP इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ एकजुटता रखती है, लेकिन संगठन अपनी स्वतंत्र पहचान और तटस्थता बनाए रखेगा। उनके मुताबिक, ‘वोट चोरी’ का मुद्दा किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है। जो भी संगठन इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगा, CJP उसका समर्थन करेगी।

 

रैली में पार्टी की भागीदारी को लेकर पूछे जाने पर दीपके ने कहा, “हम रविवार को प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके प्रति एकजुटता जताते हैं, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन है। यह एक तटस्थ मंच है और हम इसे ऐसा ही बनाए रखना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ संघर्ष करने वाले सभी संगठनों को उनका समर्थन रहेगा।

SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष का अभियान

INDIA ब्लॉक की यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) में कथित अनियमितताओं के आरोपों के विरोध में आयोजित की जा रही है। विपक्षी गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है।

 

रैली से पहले राहुल गांधी की व्यापारियों के समर्थन में खरीदारी की अपील और CJP की ओर से प्रदर्शन को मिले समर्थन ने इस आयोजन को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। हालांकि, CJP ने स्पष्ट कर दिया है कि वह रैली में शामिल हुए बिना इस मुद्दे पर अपना स्वतंत्र अभियान जारी रखेगी।

INDIA bloc Ramlila Maidan Rally: दिल्ली में आज INDIA गठबंधन का हल्लाबोल: रामलीला मैदान किले में तब्दील! 4,000 पुलिसकर्मी और CAPF जवान तैनात

INDIA Bloc Rally Today Delhi: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को होने वाले ‘इंडिया’ गठबंधन की प्रस्तावित महारैली के मद्देनजर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (RCRPF) की कंपनियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे स्थल को 14 जोन में बांटकर निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस रैली के मद्देनजर सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। इस रैली में करीब 50,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है। मिंटो ब्रिज से लेकर कार्यक्रम स्थल तक के रैली मार्ग और रामलीला मैदान दोनों जगह बल तैनात करने की योजना बनाई गई है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ के प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ का प्रस्ताव पारित होने के अगले दिन रामलीला मैदान में गठबंधन की रैली होने जा रही है। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और मध्य एवं नई दिल्ली जिलों के पुलिस उपायुक्तों सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को मिंटो रोड और रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

दिल्ली में पिछले दिनों विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर बुलाईं गईं सीएपीएफ की 270 कंपनियों की तैनाती की अवधि को तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस को पूरे शहर में इनकी तैनाती के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

200 से अधिक कैमरे लगाए गए

रैली के संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “निगरानी के लिए 200 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। हम भीड़ के इकट्ठा होने, एंट्री-एग्जिट पॉइंट की निगरानी करेंगे और कार्यक्रम स्थल पर एंट्री करने वाले किसी भी आपराधिक तत्व की जांच करेंगे।” इन व्यवस्थाओं में ड्रोन से निगरानी और बॉडी-वॉर्न (शरीर पर लगे) कैमरे भी शामिल हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए मैदान के भीतर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा-रोधी वाहन और अन्य निगरानी उपकरण तैनात रहेंगे।

50,000 लोग आ सकते हैं रामलीला मैदान

कार्यक्रम स्थल के 14 जोन में से प्रत्येक की देखरेख सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारी करेंगे। जबकि दो जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, रामलीला मैदान के खाली रहने पर उसमें करीब 45,000 से 50,000 लोग आ सकते हैं। हालांकि, कुर्सियां, घेराबंदी और निर्धारित रास्ते बनाए जाने के कारण पुलिस का अनुमान है कि 30,000 से 40,000 लोगों का जमावड़ा हो सकता है।

वहीं, ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने रैली में 10 लाख तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है। रैली को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित करने की अनुमति दी गई है। पुलिस ने आयोजकों से कहा है कि वे भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने और पेयजल व्यवस्था के लिए वालंटियर्स को तैनात करें। भीड़ अधिक होने की स्थिति से निपटने के लिए मैदान के बाहर भी जगह रखी जाएगी।

कांग्रेस ने की बड़ी तैयारी

चुनावी सिस्टम में कथित अनियमितताओं के विरोध और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित ‘दिल्ली चलो’ मार्च तथा रैली में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से विपक्षी दलों के नेता और समर्थक शनिवार को ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने लगे। रामलीला मैदान में मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगा शामियाना लगाया गया है। ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बीच विपक्ष मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने की तैयारी में है, जिसके बाद रैली होगी।

ये भी पढ़ें- Petrol-Diesel Prices Today: 1 नवंबर को पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी! दिल्ली से मुंबई तक जानिए आपके शहर में आज क्या हैं दाम

रैली में विपक्षी दलों के अलावा छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के भी बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है। ‘इंडिया’ गठबंधन ने छात्रों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और नागरिक समाज के सदस्यों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कुछ छात्र संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है। विपक्षी गठबंधन का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होगा और रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन के नेता रैली को संबोधित करेंगे। विपक्षी नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से बसों में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थल तक पहुंचने की संभावना है।

1 नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली, 250 CCTV कैमरों से होगी निगरानी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ी रैली करने वाली है। रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पूरे मैदान में 200 से 250 हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाए गए। वहीं इस पर निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां से पुलिस अधिकारी रैली में होने वाली हर हलचल पर नजर रखेंगे। इसके अलावा, भीड़ को संभालने और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था भी की गई है। आइए जानते हैं रैली को लेकर कैसी है दिल्ली पुलिस की तैयारी

SIR में गड़बड़ी को लेकर विरोध प्रदर्शन

ये रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आयोजित की जा रही है। SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग कर रहा है। रैली को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने 12 एकड़ में फैले रामलीला मैदान में तैयारियां शुरू कर दी हैं। मैदान में बैग की जांच करने वाली मशीनें, मेटल डिटेक्टर और बैरिकेड लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, आने-जाने वाले सभी रास्तों पर निगरानी रखी जाएगी। भीड़ को संभालने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।

चप्पे-चप्पे पर होगी निगरानी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के लिए करीब 200 से 250 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इनकी मदद से मैदान के अंदर और बाहर हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। सभी कैमरों की लाइव तस्वीरें कंट्रोल रूम में देखी जाएंगी, ताकि पुलिस भीड़ पर नजर रख सके और किसी भी परेशानी पर तुरंत कार्रवाई कर सके। इसके अलावा, पुलिसकर्मी अपने शरीर पर कैमरे लगाएंगे और AI तकनीक वाले कैमरों से लोगों के चेहरों की पहचान की जाएगी। इसके लिए एक अस्थायी कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा, जहां से पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। इन सभी इंतजामों का मकसद किसी भी गड़बड़ी या आपात स्थिति का जल्द पता लगाना और समय पर कार्रवाई करना है।

करीब 3,000 से 3,500 पुलिसकर्मी होंगे तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रामलीला मैदान को 14 हिस्सों में बांटा गया है। हर हिस्से की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी को सौंपी जाएगी। इन सभी हिस्सों को आगे आठ क्षेत्रों में बांटा जाएगा, जिनकी निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे। रैली के दौरान मैदान और आसपास के इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों समेत करीब 3,000 से 3,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस ने इस दौरान करीब 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।

आठ में से तीन गेट खोले जाएंगे

रामलीला मैदान के कुल आठ गेट में से केवल तीन गेट आम लोगों के आने-जाने के लिए खोले जाएंगे। वीआईपी लोगों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए अलग-अलग गेट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, मैदान में प्रवेश करने से पहले सभी लोगों की दो बार जांच की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो और रैली के दौरान व्यवस्था बनी रहे। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक अलग गेट बनाया गया है। इसके अलावा, पुलिस पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों की आवाजाही पर नजर रखेगी। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बिना अनुमति के कोई भीड़ जुलूस के रूप में शहर के दूसरे इलाकों की ओर न बढ़े और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

कब से कब होगी रैली

रैली के दौरान सही व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों को पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर रखने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही पीने के पानी, महिलाओं के लिए अलग शौचालय और पार्किंग की सुविधा का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग की व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस से भी संपर्क करना होगा। इसके अलावा, रैली में आने वाले लोगों को लाने और ले जाने वाली बसों की जानकारी भी मांगी गई है। रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम तय समय पर खत्म करना होगा और किसी को भी रामलीला मैदान में रातभर रुकने की अनुमति नहीं होगी।