‘नो बॉल के फाइन से सभी खिलाड़ी डिनर करें…’ टेस्ट में नो बॉल डालने वाले गेंदबाज को लेकर गावस्कर ने दिया अनोखा उपाय

 IND vs SL: भारत-श्रीलंका के बीच हुए टेस्ट सीरीज में गेंदबाजों के बार-बार नो-बॉल करने का मुद्दा चर्चा में रहा है। मैच के दौरान भारत की ओर से कुल 13 नो-बॉल डाली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने रेड-बॉल क्रिकेट में नो-बॉल को लेकर अपनी राय रखी है। पूर्व क्रिकेटर ने गेंदबाजों को नो-बॉल डालने से रोकने के लिए अनोखा फॉर्मूला दिया है। उन्होंने कहा कि रेड-बॉल क्रिकेट में नो-बॉल करने वाले गेंदबाजों पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाना चाहिए। इसी के साथ अगली गलती पर इसे दोगुना कर और गेंदबाजी कोच को भी आधा जुर्माना देने का सुझाव दिया।

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों की नो-बॉल चर्चा का विषय बन गई। मैच में भारत ने कुल 13 नो-बॉल फेंकीं। इनमें स्पिनर सारांश जैन और रवींद्र जडेजा की गेंदों पर कई बार पैर क्रीज से आगे निकल गया। जडेजा पहले भी नो-बॉल कर चुके हैं। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने चार नो-बॉल फेंकी थीं।

गेंदबाजों पर लगे जुर्माना

दूसरे टेस्ट में बार-बार नो बॉल की समस्या सामने आने के बाद साईराज बहुतुले ने सुझाव दिया कि रेड-बॉल क्रिकेट में नो-बॉल पर बल्लेबाज को फ्री हिट मिलनी चाहिए। गावस्कर ने ‘मिड-डे’ के लिए लिखे अपने कॉलम में कहा कि भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच ने मजाक में सुझाव दिया था कि नो-बॉल के बाद फ्री हिट देने से गेंदबाजों की इस गलती को कम किया जा सकता है। गावस्कर ने आगे कहा कि, “एक ओवर में दो बाउंसर की सीमा और बाउंड्री के कारण बल्लेबाजों के लिए रन बनाना पहले ही थोड़ा आसान हो गया है। ऐसे में नो-बॉल पर फ्री हिट देने के बजाय गलती करने वाले गेंदबाज पर दोगुना जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही, जुर्माने की आधी रकम गेंदबाजी कोच से भी ली जा सकती है।”

गेंदबाजी पर रख सकते हैं नियंत्रण

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर का कहा कि, “आज के समय में गेंदबाजों के लिए नो-बॉल जैसी गलती करना सही नहीं माना जा सकता। अब खिलाड़ियों के पास बेहतर तकनीक और आधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जिससे गेंदबाज अपनी गेंदबाजी पर ज्यादा नियंत्रण रख सकते हैं। वहीं, व्हाइट-बॉल क्रिकेट में नो-बॉल करने पर गेंदबाजों को पहले से ही अतिरिक्त सजा मिलती है और अगली गेंद बल्लेबाज को फ्री हिट के रूप में मिलती है।”

इन चीजों पर भी लगे जुर्माना

गावस्कर ने सुझाव दिया कि, ‘फाइन के पैसों का इस्तेमाल खिलाड़ियों के अलग होने से पहले होने वाले टीम डिनर में किया जा सकता है।’ उन्होंने कहा कि, ‘नो-बॉल के अलावा भी खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया जा सकता है, जैसे थ्रो के समय पीछे न हटना या मैदान पर कोई और गलती करना। इन मामलों में पूरी टीम मिलकर तय कर सकती है कि खिलाड़ी पर फाइन लगाया जाए या नहीं।’ गावस्कर ने आगे कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि इससे क्रिकेट के खेल पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में कुछ ही चीजें ऐसी हैं, जो पूरी तरह खिलाड़ियों के नियंत्रण में होती हैं। इनमें बल्लेबाज का अपना गार्ड लेना और गेंदबाज का नो-बॉल न करना शामिल है।

IND vs SL: आशिता फर्नांडो से विवाद के बाद घिरे यशस्वी जायसवाल! दिग्गज खिलाड़ियों ने भारतीय ओपनर को जमकर सुनाया

IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। कोलंबो टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच मैदान पर बहस हो गई। मैदान पर जायसवाल के इस रवैये पर भारत के कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने नाराजगी जताई है। उनके मुताबिक बल्लेबाज ने बातचीत के दौरान अपनी सीमा पार कर दी और मामला केवल बहस तक सीमित नहीं रहा। दोनों खिलाड़ियों के बीच बात धक्का-मुक्की तक आ गई थी। वहीं इस पर अजय जडेजा और वेंकटेश प्रसाद जैसे कई दिग्गजों ने अपना रिएक्शन दिया है।

क्रिकेट एक्सपर्ट के मुताबिक, मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बहस या तीखी बातें होना आम बात है, लेकिन मामला फिजिकल कॉन्टैक्ट तक पहुंचना खेल भावना के लिहाज से सही नहीं माना जाता।

मैदान पर भिड़े जायसवाल-असिथा

ये मामला 17वें ओवर की आखिरी गेंद के बाद हुआ। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने असिथा फर्नांडो की गेंदों पर तीन चौके लगाए थे, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर वह बोल्ड हो गए। आउट होने के बाद जायसवाल वापस लौटे और फर्नांडो के जश्न पर नाराजगी जताई। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर बहस हुई और मामला इतना बढ़ गया कि जायसवाल फर्नांडो के बेहद करीब आ गए और उन्हें सिर से टक्कर मारते हुए नजर आए। दोनों के बीच मामला बढ़ता देख श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच में आकर दोनों को शांत कराया। माना जा रहा है कि जायसवाल ने गेंदबाज की किसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी थी।

अजय जडेजा ने क्या कहा

दूसरे टेस्ट के लिए सोनी स्पोर्ट्स के ब्रॉडकास्टिंग पैनल में शामिल पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने कहा कि, ‘जायसवाल ने अपनी सीमा पार कर दी।’ उन्होंने कहा कि, ‘यह मामला गंभीर है और मैदान पर किसी खिलाड़ी से फिजिकल कॉन्टैक्ट करना बिल्कुल अलग बात है। उन्होंने इसे खतरनाक स्थिति बताया।’ जडेजा ने पिछले मैच की एक घटना का भी जिक्र किया, जब श्रीलंका की आखिरी पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल ने निरोशन डिकवेला के साथ मजाक किया था। उन्होंने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी मैदान पर दूसरों के साथ मजाक करता है, तो उसे सामने से होने वाले मजाक या जवाब को भी स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

जडेजा ने आगे कहा कि, “अगर कोई व्यक्ति खुद पर की गई बात या मजाक को बर्दाश्त नहीं कर सकता, तो उसे दूसरों पर भी ऐसा नहीं करना चाहिए। अगर आप अपनी कही बात वापस नहीं ले सकते, तो मैदान पर दूसरों को भी ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए।”

जायसवाल ने बात को बढ़ाया

वेंकटेश प्रसाद ने भी जायसवाल के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि, ‘मामला बढ़ाने के बजाय जायसवाल को वहां से चले जाना चाहिए था। प्रसाद के मुताबिक, रेफरी इस घटना पर जरूर ध्यान देंगे और उन्हें लगता है कि जायसवाल ने बात को जरूरत से ज्यादा आगे बढ़ा दिया।’ प्रसाद ने कहा कि, “कई बार ऐसा होता है कि खिलाड़ी अच्छी बल्लेबाजी कर रहा होता है, लेकिन अच्छी गेंद पर आउट हो जाता है। जायसवाल को एक बड़ी पारी की जरूरत थी। लेकिन बोल्ड होने के बाद जायसवाल ने शायद कुछ बातें की होंगी, लेकिन जैसा कि जडेजा ने कहा, उन्हें इसे फिजिकल नहीं बनाना चाहिए था, और ऐसा लगता है कि जायसवाल ने उस घटना को बहुत आगे बढ़ा दिया।”

हेलमेट से कॉन्टैक्ट हुआ

इसी पैनल में संजय मांजरेकर ने भी इस घटना के लिए पूरी तरह जायसवाल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जायसवाल ने ही फर्नांडो के साथ यह हरकत की थी। मांजरेकर ने कहा कि, “वह आदमी पवेलियन जा रहा था, तभी वह कुछ कदम पीछे हटा और एक फील्डर के पास आ गया। और आखिर में, मुझे लगता है कि हेलमेट से कॉन्टैक्ट हुआ। क्या मैं सही कह रहा हूं? मुझे लगता है कि कॉन्टैक्ट हुआ था।” उन्होंने आगे कहा, “अगर मैं मैच रेफरी होता, तो मैं इस पर सीरियसली ध्यान देता।” “क्योंकि, वह कॉन्टैक्ट देखो। जायसवाल ही वह है जो बॉलर की तरफ बढ़ा।”

ICC के कोड ऑफ कंडक्ट के मुताबिक मैदान पर किसी भी तरह की मारपीट या शारीरिक विवाद की इजाजत नहीं है। हालांकि, मैच रेफरी ने अभी तक इस घटना की समीक्षा नहीं की है।

IND vs SL: मैदान पर श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़े यशस्वी जायसवाल, दोनों खिलाड़ियों में हुआ बॉडी कॉन्टैक्ट

IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। मुकाबले में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करने आई भारत की टीम ट्री ब्रेक होने तक 52 ओवर में 3 विकेट खोकर 187 रन बना ली है। वहीं इस मुकाबले के दौरान यशस्वी जायसवाल आउट होने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़ गए। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के साथ जायसवाल की मैदान पर तीखी बहस हुई। जायसवाल 45 रन बनाकर आउट हुए थे और आउट होने के बाद फर्नांडो के सेलिब्रेशन से वह नाराज नजर आए। इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस बढ़ गई और वीडियो में दोनों खिलाड़ियों के  ऐसा लगा कि जायसवाल ने फर्नांडो को सिर से टक्कर मारने की कोशिश की।

मैदान पर भिड़े जायसवाल-असिथा

ये मामला 17वें ओवर की आखिरी गेंद के बाद हुआ। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने असिथा फर्नांडो की गेंदों पर तीन चौके लगाए थे, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर वह बोल्ड हो गए। आउट होने के बाद जायसवाल वापस लौटे और फर्नांडो के जश्न पर नाराजगी जताई। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर बहस हुई और मामला इतना बढ़ गया कि जायसवाल फर्नांडो के बेहद करीब आ गए और उन्हें सिर से टक्कर मारते हुए नजर आए। श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच में आकर यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।

 

क्या है आईसीसी के नियम

ICC के नियमों के मुताबिक, मैदान पर मारपीट या किसी को शारीरिक नुकसान पहुंचाना लेवल-4 का गंभीर अपराध माना जाता है। आर्टिकल 2.18 के तहत किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी, दर्शक या किसी अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट करना नियमों का उल्लंघन है। जानबूझकर या लापरवाही से किसी को चोट पहुंचाने पर खिलाड़ी या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

क्या जायसवाल पर होगा एक्शन

ICC के आर्टिकल 2.19 में मैदान पर हिंसा करने को लेकर सख्त नियम बनाए गए हैं। इसके तहत किसी खिलाड़ी, अधिकारी, अंपायर, रेफरी, दर्शक या किसी अन्य व्यक्ति को लात मारना, मुक्का मारना या उसके साथ हाथापाई करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। ऐसे मामलों में दोषी खिलाड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। मैदान पर मारपीट और हिंसा से जुड़े ये अपराध ICC की सबसे गंभीर लेवल-4 श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में सजा भी काफी सख्त हो सकती है। अपराध की गंभीरता के आधार पर खिलाड़ी या अधिकारी पर कम से कम 5 टेस्ट या 10 वनडे मैचों का बैन लगाया जा सकता है। गंभीर मामले में लाइफटाइम बैन भी लगाया जा सकता है।

IND vs SL: लाइव शो में भिड़े संजय मांजरेकर-मुरली कार्तिक, एक-दूसरे की चेहरे पर जमकर किया कमेंट

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों टीमें श्रीलंका के गॉल स्टेडियम में एक-दूसरे के आमने सामने हैं। इस मैच के दौरान कमेंट्री बॉक्स का मौहाल काफी गर्म था। पहले टेस्ट के तीसरे दिन मैच के दौरान कमेंट्री बॉक्स में पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। दोनों के बीच किसी मुद्दे को लेकर मतभेद थो, जो बाद में बहस बदल गया। सोशल मीडिया पर ये क्लिप काफी वायरल हो रहा है। लोगों ने इस बहस को क्रिकेट मैच के लिहाज से काफी गैर-जरूरी बताया।

लाइव शो में भिडे़ संजय-मुरली

संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान ब्रॉडकास्ट टीम का हिस्सा हैं और स्टूडियो व कमेंट्री बॉक्स से मैच को लेकर अपनी राय दे रहे हैं। मैच के दौरान एक मौके पर दोनों के बीच क्रिकेट से जुड़ी चर्चा हो रही थी, लेकिन बात अचानक मांजरेकर के चेहरे के हाव-भाव पर पहुंच गई। इस दौरान बातचीत का विषय खेल से हटकर निजी अंदाज में बदल गया, जिससे यह मामला चर्चा में आ गया। दोनों ने बात को ज्यादा गंभीर नहीं होने दिया और कुछ ही देर में माहौल नॉर्मल हो गया।

 

दोनों के बीच हुई बहस

मैच में ब्रेक के दौरान मुरली कार्तिक स्टूडियो में थे और मांजरेकर गॉल में बनाए गए स्टूडियो में थे। मुरली कार्तिक ने संजय से कहा, “एक छोटी सी रिक्वेस्ट है, और शायद ये रिक्वेस्ट आप सभी की तरफ से भी है। आपका मुंह इस सदी का सबसे अच्छा है, लेकिन आपके चेहरे के हाव-भाव की वजह से हमें समझ नहीं आ रहा कि आप क्या कह रहे हैं। इसलिए प्लीज अपने इन एक्सप्रेशन को थोड़ा कम करें।”

इस पर संजय मांजरेकर ने कहा, “यह तो बुरा है। क्या हम स्प्लिट स्क्रीन कर सकते हैं और कैमरा दूसरे आदमी की तरफ कर सकते हैं? क्योंकि वह बात करने में ज्यादा अच्छा है और उसका चेहरा भी ज्यादा अच्छा है।” संजय मांजरेकर ने आगे कहा, “मैं बस सोच रहा था, “शानदार, शानदार, शानदार”, मुरली कार्तिक की आवाज, खुद को आईने में देखते हुए।”

मुरली कार्तिक ने कहा, “मैं खुद को कभी नहीं देखता। वह आप हैं, सिर्फ आप। अगर कोई आपको जानता है, तो वह सिर्फ आप ही हैं—वे लोग जो आपके साथ खेले हैं और वे लोग जिन्होंने आपके साथ काम किया है।” संजय मांजरेकर, “क्योंकि आईने में देखने का एक वजह होती है। वैसे भी, मैं समझ सकता हूं कि आपके लिए यह ज्यादा मोटिवेटिंग नहीं है। हम दोनों यहां लाइन क्रॉस करने वाले हैं और सोशल मीडिया पर खूब मौज-मस्ती होगी।” सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है।

IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे दिन बैटिंग करेंगे केएल राहुल? भारत के बैटिंग कोच दिया बड़ा अपडेट

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टेस्ट के पहले दिन 2 विकेट पर 288 रन बनाए। वहीं मुकाबले के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी कर रहे केएल राहुल को 162 गेंदों में 77 रनों पर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। वहीं अब दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने राहुल की इंजरी पर बड़ा अपडेट दिया है। कोटक ने बताया कि दिन का खेल खत्म होने तक राहुल पूरी तरह ठीक थे और उम्मीद है कि वह अगले दिन फिर से बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरेंगे।

रिटायर्ड हर्ट हुए राहुल

भारत ने पहले दिन का खेल 288/2 के स्कोर पर खत्म किया। टीम के मजबूत स्कोर में केएल राहुल की 162 गेंदों पर खेली गई संयम भरी पारी और देवदत्त पडिक्कल के नाबाद 131 रन (178 गेंद) का अहम योगदान रहा। गॉल टेस्ट में छोटे ब्रेक के बाद केएल राहुल दोबारा मैदान पर लौटे, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हें हाथ में परेशानी महसूस हुई। वह दर्द में नजर आए और अपनी उंगलियां भी ठीक से नहीं हिला पा रहे थे। इसके बाद फिजियो की मदद से राहुल मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए।

राहुल को बताया शानदार खिलाड़ी

PTI के मुताबिक, कोटक ने कहा, “केएल राहुल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। मुझे लगता है कि उन्हें सिर्फ क्रैम्प्स की समस्या हुई थी। दिन का खेल खत्म होने तक वह ठीक थे। जब क्रैम्प्स होते हैं तो यह हैमस्ट्रिंग, ग्रोइन या हाथ में भी हो सकते हैं। लेकिन अभी वह बिल्कुल ठीक लग रहे हैं और उम्मीद है कि कल खेलने के लिए तैयार रहेंगे।” कोटक ने राहुल को टीम का बेहद शानदार खिलाड़ी बताया। उन्होंने आगे कहा, “देखिए, वह ऐसा खिलाड़ी है जो वनडे में नंबर 5 या 6 पर बल्लेबाजी करता है।”

किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने को तैयार

उन्होंने आगे कहा, “जब आप एक सीनियर बल्लेबाज होते हैं और टीम की जरूरत के हिसाब से किसी भी नंबर पर खेलने के लिए तैयार रहते हैं, तो ये आपको एक बेहतरीन खिलाड़ी बनाता है। टीम के लिए राहुल बहुत उपयोगी हैं। टेस्ट में वह ओपनिंग करते हैं, जबकि वनडे में जरूरत के हिसाब से किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर लेते हैं। अभी जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसमें काफी जिम्मेदारी दिख रही है। वह बड़ी साझेदारियां बनाने की कोशिश करते हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

IND vs SL: गॉल टेस्ट में गरजा देवदत्त पडिक्कल का बल्ला, ठोका करियर का पहला शतक, विराट कोहली के इस एलीट क्लब में हुए शामिल

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। वहीं पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम पहले दिन 2 विकेट पर 288 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक देवदत्‍त पडिक्‍कल 131 और ऋषभ पंत 27 रन पर क्रीज पर हैं। देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ दिया।

कर्नाटक के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दो मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में धैर्य के साथ खेलते हुए बड़ी पारी खेली और टीम के लिए अहम योगदान दिया। यह शतक पडिक्कल के टेस्ट करियर की एक खास उपलब्धि बन गया। इस शतक के साथ पडिक्कल विराट कोहली के साथ एक खास क्लब में शामिल हो गए।

पडिक्कल ने बनाया रिकॉर्ड

देवदत्त पडिक्कल ने अपने शतक के साथ एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि विराट कोहली ने हासिल की थी। कोहली ने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच में नाबाद 114 रन की पारी खेलकर यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने पोर्ट ऑफ स्पेन में टीम को मुश्किल टारगेट का पीछा करने में अहम मदद की थी।

कैसा था मुकाबला

ये मुकाबला मैच 14 अगस्त को शुरू हुआ था, लेकिन भारतीय समय के मुताबिक कोहली ने अपना शतक 15 अगस्त की रात लगाया। बारिश के कारण मैच 35 ओवर का कर दिया गया और भारत को 255 रन का लक्ष्य मिला। 92 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद कोहली ने पारी संभाली और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। भारत 32.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में विराट कोहली ने अपना 43वां वनडे शतक लगाया।

गणतंत्र दिवस- स्वतंत्रता दिवस पर लगा चुके हैं शतक

इसके साथ ही विराट कोहली स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस दोनों मौकों पर शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय पुरुष क्रिकेटर हैं। गणतंत्र दिवस पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड ओवल में 116 रन की पारी खेली थी, जो उनके टेस्ट करियर का पहला शतक भी था।

पडिक्कल ने 134 गेंदों में ठोका शतक

देवदत्त पडिक्कल ने 134 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। पडिक्कल को चोटिल बी साई सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पडिक्कल ने पारी के दौरान धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और स्पिन गेंदबाजों का भी अच्छी तरह सामना किया।

Cristiano Ronaldo: कभी सेल्सगर्ल का करती थीं काम…आज हजारों करोड़ की मालकिन, कौन है क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पत्नी जॉर्जीना रोड्रिगेज?

फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लंबे समय से पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिग के साथ शादी कर ली है। दोनों ने 11 अगस्त 2026 को पुर्तगाल के कास्केस में एक प्राइवेट सिविल समारोह में शादी की। इस खास मौके पर सिर्फ उनके करीबी परिवार के लोग मौजूद रहे और शादी को पूरी तरह प्राइवेट रखा गया। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर अपनी शादी की जानकारी दी है। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीर में दोनों के हाथ में शादी की अंगूठी नजर आ रही है। इस फोटो के कैप्शन में लिखा “C G” है।

शादी की खबर सामने आने के बाद फैंस उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं। इसके साथ ही लोगों में रोनाल्डो की पत्नी जॉर्जिना रोड्रिग को लेकर भी काफी दिलचस्पी बढ़ गई है और फैंस उनके बारे में जानना चाहते हैं। आइए जानते हैं कौन है क्रिस्टियानो रोनाल्डो की वाइफ जॉर्जिना रोड्रिग

कौन है जॉर्जिना रोड्रिग

खबरों के मुताबिक, जॉर्जिना रोड्रिग का जन्म अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में हुआ था। उनके पिता जॉर्ज रोड्रिग अर्जेंटीना से थे, जबकि उनकी मां स्पेन की रहने वाली थीं। जॉर्जिना ने अपने बचपन के कुछ साल अर्जेंटीना में बिताए और बाद में अपनी मां के साथ स्पेन चली गईं। मनीकंट्रोल इंग्लिश की रिपोर्ट के अनुसार, जॉर्जिना रोड्रिग को बचपन से ही डांस का शौक था और उन्होंने सिर्फ चार साल की उम्र में बैले सीखना शुरू कर दिया था। लेकिन, परिवार की आर्थिक परेशानियों के कारण उन्हें कुछ समय बाद डांस की ट्रेनिंग छोड़नी पड़ी।

 

गुच्ची स्टोर में हुई थी मुलाकात

18 साल की उम्र में जॉर्जिना मैड्रिड चली गईं, जहां उन्होंने हफ्ते के दिनों में रिटेल स्टोर में काम किया और वीकेंड पर एक बार में नौकरी की। कुछ समय बाद जॉर्जिना रोड्रिग को मैड्रिड के एक गुच्ची स्टोर में सेल्स असिस्टेंट की नौकरी मिल गई। यहीं करीब 2016 में उनकी मुलाकात क्रिस्टियानो रोनाल्डो से हुई। गुच्ची स्टोर में हुई ये मुलाकात आगे चलकर जॉर्जिना की निजी जिंदगी के साथ-साथ उनके करियर के लिए भी एक अहम मोड़ साबित हुई। मुलाकात के बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ने लगीं और कुछ समय बाद वे साथ में सार्वजनिक जगहों पर भी नजर आने लगे। उस समय रोनाल्डो फुटबॉल की दुनिया के बड़े सितारों में शामिल हो गए थे।

जनवरी 2017 में ज्यूरिख में हुए बेस्ट FIFA फुटबॉल अवॉर्ड्स के दौरान दोनों ने साथ में एक अहम सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर जॉर्जिना के साथ तस्वीर शेयर कर अपने रिश्ते को खुलकर सामने रखा।

बिजनेसवुमन के तौर पर बना चुकी है पहचान

आज जॉर्जिना रोड्रिग एक मशहूर मॉडल, सोशल मीडिया पर्सनैलिटी और बिजनेसवुमन के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह नेटफ्लिक्स की रियलिटी सीरीज ‘आई एम जॉर्जिना’ में भी नजर आईं, जिसमें उनकी निजी जिंदगी, परिवार और रोजमर्रा की लाइफस्टाइल को दिखाया गया। इस सीरीज में उन्हें प्रोड्यूसर के तौर पर भी क्रेडिट मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉर्जिना रोड्रिग की कुल संपत्ति करीब 10 मिलियन डॉलर आंकी जाती है, जो भारतीय मुद्रा में 90 करोड़ रुपये से अधिकहै।

IND vs SL: आखिरी बार टेस्ट सीरीज खेलने श्रीलंका कब गई थी टीम इंडिया? विराट कोहली की कप्तानी में रचा था इतिहास

‘तुम चीटिंग करते हो…’ जब फिल्ड में संगकारा से भिड़ गए थे इरफान पठान, हुई थी तीखी बहस

क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बहस या विवाद होना आम बात है। कई बार खिलाड़ियों के बीच हुए विवाद कैमरे में कैद हो जाते हैं। वहीं कुछ घटनाएं बाद में सामने आती हैं। हाल ही में भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर कुमार संगकारा से जुड़ी एक घटना का शेयर किया है। ये घटना साल 2005 में दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान हुई थी। इस टेस्ट मैच में इरफान पठान और कुमार संगकारा के बीच कहासुनी हो गई थी। आइए जानते हैं क्या थी पूरी घटना

क्या थी पूरी घटना

ये पूरा मामला साल 2005 में दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान हुआ। जब इरफान पठान और गौतम गंभीर भारतीय पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरे थे। पठान ने उस पारी में 93 रन बनाए थे और बल्लेबाजी के दौरान उनका कुमार संगकारा से विवाद हो गया था। पठान के मुताबिक, श्रीलंका की पारी के दौरान अंपायरों ने गेंद बदल दी थी, जिससे संगकारा और उनकी टीम के खिलाड़ी नाराज हो गए थे। बाद में जब भारत बल्लेबाजी करने उतरा तो संगकारा ने इसी बात को लेकर पठान से बहस शुरू कर दी और उन्हें लगातार स्लेज करने लगे। इस दौरान संगकारा ने भारतीय खिलाड़ियों की परवरिश को लेकर भी टिप्पणी की, जिससे मैदान पर माहौल और गर्म हो गया।

मुकाबले में मुथैया मुरलीधरन की गेंदों पर पठान के कुछ छक्के लगाने के बाद स्लेजिंग और बढ़ गई। पठान ने भी उनकी बातों को नजरअंदाज नहीं किया और उसी अंदाज में जवाब दिया।

पठान ने किया खुलासा

JioHotstar के शो ‘Cheeky Singles’ में बात करते हुए इरफान पठान ने कहा, “दिल्ली में एक टेस्ट मैच था। मैंने उस मैच में ओपनिंग की और 93 रन बनाए। पहली पारी के बाद जब हम गेंदबाजी करने उतरे, तो गेंदों का बॉक्स बदल गया था या ऐसा ही कुछ हुआ था। इस वजह से श्रीलंकाई खिलाड़ी खुश नहीं थे और संगकारा इस बारे में सबसे ज्यादा बोल रहे थे। इसके बाद जब मैं बल्लेबाजी करने गया तो मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि क्या हुआ है। मुझे ओपनिंग करने के लिए कहा गया और मैंने मुरलीधरन की गेंदों पर दो छक्के लगा दिए।”

तुम्हारे माता-पिता तुम्हें यह सब सिखाते हैं?

पठान ने आगे कहा, “अगर आप नई गेंद पर छक्के लगा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपने विरोधी टीम की रणनीति को थोड़ा बिगाड़ दिया है। तभी संगकारा ने कहना शुरू किया, ‘तुम लोग चीटिंग करते हो, तुम्हारे माता-पिता तुम्हें यह सब सिखाते हैं’ और ऐसी ही कई बातें कहीं। वह बातों को पर्सनल ले गए और मैंने भी उन्हें जवाब दिया। उन्होंने ही इस बहस की शुरुआत की थी।” इस मैदान पर हुए विवाद के बाद दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते में बड़ा बदलाव आया।

फिर साथ में खेला आईपीएल

कुछ साल बाद इरफान पठान और कुमार संगकारा एक ही आईपीएल टीम किंग्स XI पंजाब का हिस्सा बने, जिसके बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। उन्होंने कहा, “ऑक्शन के बाद मुझे पता चला कि मैं पंजाब में संगकारा के साथ खेलूंगा। कुछ समय बाद मैं उनके परिवार के साथ खाना खा रहा था और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि उनसे कैसे बात करूं। आखिरकार मैं उनके पास गया और सॉरी कहा। उन्होंने भी मुझसे माफी मांगी और इसके बाद हम अच्छे दोस्त बन गए। उस समय भावनाएं काफी ज्यादा थीं और ऐसी स्थिति में इंसान से गलतियां हो जाती हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि आप उस स्थिति को कितनी समझदारी से संभालते हैं।”

‘अगर मुझे कॉल आता है तो मैं मना…’ टीम इंडिया में वापसी की खबरों पर भुवनेश्वर कुमार ने तोड़ी चुप्पी