iPhone 17 Pro खरीदने का सुनहरा मौका! ₹1 लाख से कम में मिल सकता है Apple का फ्लैगशिप फोन

अगर आप लंबे समय से iPhone 17 Pro खरीदने के बारे में सोच रहे हैं, तो Apple के इस फ्लैगशिप फोन को खरीदने का यह सबसे अच्छा समय है। क्योंकि टेक इंडस्ट्री में आने वाले डिवाइस की कीमत बढ़ोतरी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसके अलावा, Apple ने हाल ही में मेमोरी की बढ़ती लागत के कारण अपने कुछ प्रोडक्ट्स, जैसे Macs, iPads और अन्य की कीमतें बढ़ाई हैं। जिस वजह से ऐसा माना जा रहा है कि iPhone 17 सीरीज की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

iPhone 17 Pro पर बड़ा डिस्काउंट

Apple के लेटेस्ट iPhone 17 Pro के 256GB वेरिएंट की कीमत अभी Rs 1,34,900 की जगह Rs 1,27,900 है। जो खरीदार इसे खरीदना चाहते हैं, वे Flipkart Axis का इस्तेमाल करके Rs 9,000 की अतिरिक्त छूट भी पा सकते हैं।

इसके अलावा, ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड यूजर्स को इस डिवाइस पर ₹6,000 की छूट मिल सकती है। वहीं, इस डील को और भी बेहतर बनाने के लिए, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ₹47,350 तक का एक्सचेंज ऑफर भी दे रहा है। हालांकि, इस एक्सचेंज ऑफर का फायदा लेने के लिए यूजर्स को Flipkart पर अपना पिन कोड चेक करना होगा, ताकि यह पता चल सके कि ऑफर उनके इलाके में लागू है या नहीं। साथ ही, पुराने स्मार्टफोन की कंडीशन के हिसाब से एक्सचेंज वैल्यू अलग-अलग हो सकती है। इसलिए, सभी ऑफर मिलाकर आप यह स्मार्टफोन आसानी से ₹1,00,000 से कम कीमत में पा सकते हैं।

iPhone 17 Pro के स्पेसिफिकेशन्स

iPhone 17 Pro में लेटेस्ट iOS 26 दिया गया है। यह फ्लैगशिप फोन 6.3 इंच के बड़े Super Retina XDR OLED डिस्प्ले के साथ आता है, जिसमें 120Hz ProMotion सपोर्ट, Always-On मोड और एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग मिलती है। बेहतर मजबूती के लिए इसमें Ceramic Shield 2 भी दिया गया है।

यह स्मार्टफोन A19 Pro चिपसेट पर काम करता है और इसमें 12GB तक RAM दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह फोन एक बार चार्ज करने पर 39 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है।

कैमरे की बात करें तो, फोन के पिछले हिस्से में ट्रिपल 48MP कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें वाइड, अल्ट्रा-वाइड और टेलीफोटो लेंस शामिल हैं। यह 8x तक ऑप्टिकल जूम और 8K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए, इस फ्लैगशिप में 18MP का फ्रंट कैमरा सेंसर दिया गया है। यह स्मार्टफोन Silver, Cosmic Orange और Deep Blue कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें: 8000mAh बैटरी वाला OnePlus N6 भारत में लॉन्च, मिलेगा DSLR जैसा कैमरा, जानें कीमत और फीचर्स

IND vs ENG : Ireland ने खोली टीम इंडिया की पोल, अब क्या वैभव सूर्यवंशी करेंगे इंग्लैंड को हैरान? जानें कब-कहां देखें पहला T20

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 1 जुलाई से चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में होने जा रहा है। यह सिर्फ एक और द्विपक्षीय सीरीज नहीं, बल्कि दो टी20 दिग्गज टीमों की टक्कर है। एक तरफ विश्व चैंपियन भारत है, जो आयरलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज हार के बाद दबाव में इंग्लैंड पहुंचा है। दूसरी ओर मेजबान इंग्लैंड है, जो अपने घरेलू मैदान पर भारत से टी20 विश्व टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में मिली करीबी हार का हिसाब बराबर करना चाहेगा।

 

दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। ऐसे में सीरीज का पहला मुकाबला रोमांच, रणनीति और बड़े सितारों की भिड़ंत से भरपूर रहने वाला है।

 

आयरलैंड की हार के बाद दबाव में टीम इंडिया
 

विश्व चैंपियन बनने के कुछ ही वक्त बाद भारत को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से टी20 सीरीज गंवानी पड़ी। पहले मुकाबले में 34 रन और दूसरे मैच में सिर्फ 1 रन से मिली हार ने भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरियों को उजागर कर दिया।

 

ओपनर संजू सैमसन दोनों मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जबकि अभिषेक शर्मा ने एक मुकाबले में तेज 49 रन जरूर बनाए, लेकिन Consistency  नहीं दिखा सके। Middle Order भी दबाव के समय उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। ऐसे में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की असली परीक्षा होगी।

 

क्या पहले ही मैच में मिलेगा वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू?

 

पूरी सीरीज से पहले सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को लेकर है। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने साफ कहा है कि अगर भारत को इंग्लैंड को चौंकाना है तो वैभव को पहले ही टी20 में मौका देना चाहिए।

 

गावस्कर का मानना है कि युवा खिलाड़ी को सिर्फ इसलिए बाहर नहीं बैठाया जाना चाहिए क्योंकि वह नया है। उनके मुताबिक वैभव को ओपनिंग या नंबर-3 पर उतारकर इंग्लैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से दबाव बनाया जा सकता है।

 

हालांकि Team Management की ओर से सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने संकेत दिए हैं कि वैभव को अपनी बारी का इंतजार करना होगा। ऐसे में प्लेइंग इलेवन को लेकर सबसे बड़ा सस्पेंस इसी युवा बल्लेबाज पर टिका हुआ है।

 

इंग्लैंड के पास रफ्तार भी, अनुभव भी

 

घरेलू परिस्थितियों में इंग्लैंड बेहद खतरनाक टीम मानी जाती है। तेज गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, साकिब महमूद और सॉनी बेकर जैसी स्पीड मशीनें मौजूद हैं, जबकि स्पिन की जिम्मेदारी अनुभवी आदिल राशिद और अहमद संभालेंगे।

 

रिवरसाइड ग्राउंड का रिकॉर्ड भी गेंदबाजों के पक्ष में रहा है। यहां अब तक खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में औसत पहली पारी का स्कोर करीब 138 रन रहा है। इसका मतलब साफ है कि बल्लेबाजों को शुरुआत से ही संयम और समझदारी दिखानी होगी।

 

बैटिंग में भी कम नहीं इंग्लैंड

 

कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर, फिल सॉल्ट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, टॉम बैंटन और जॉर्डन कॉक्स जैसी बल्लेबाजी लाइन-अप किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने का दम रखती है।

 

अगर भारतीय गेंदबाजों ने आयरलैंड सीरीज की तरह बीच के ओवरों में ढील दिखाई, तो इंग्लैंड इसका पूरा फायदा उठा सकता है।

 

 

IND vs ENG Head-to-Head (Last 5 Matches)

 

हाल के टी20 मुकाबलों में भारत का पलड़ा भारी रहा है। पिछले पांच मुकाबलों में भारतीय टीम ने चार बार जीत दर्ज की है। हालांकि इंग्लैंड अपने घरेलू मैदान पर अलग ही टीम बन जाती है, इसलिए पुराने रिकॉर्ड इस मुकाबले में ज्यादा मायने नहीं रखेंगे।

 

भारत और इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग XI

 

भारत (संभावित XI) (Probable Playing Xl)

 

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रीयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव

 

इंग्लैंड (संभावित XI) (Probable Playing Xl)

 

फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, विल जैक्स, टॉम बैंटन, सैम करन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, जोश टंग

 

दोनों टीमों की पूरी स्क्वॉड

 

भारत

 

श्रीयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव।

 

इंग्लैंड

 

हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, फिल सॉल्ट, टॉम बैंटन, जॉर्डन कॉक्स, जैकब बेथेल, विल जैक्स, सैम करन, जेम्स कोल्स, आदिल राशिद, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, जोश टंग, सॉनी बेकर, ल्यूक वुड, लियम डॉसन।

 

मैच प्रेडिक्शन

 

भारत के लिए यह मुकाबला सिर्फ सीरीज का पहला मैच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास वापस हासिल करने का भी मौका है। दूसरी तरफ इंग्लैंड अपने घरेलू हालात और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के दम पर शुरुआती बढ़त लेने की कोशिश करेगा।

 

अगर भारतीय बल्लेबाज शुरुआती स्विंग और तेज गेंदबाजी का सामना कर गए, साथ ही वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला और उन्होंने प्रभाव छोड़ा, तो मुकाबला भारत की तरफ झुक सकता है। लेकिन अगर आयरलैंड वाली गलतियां दोहराई गईं, तो इंग्लैंड इस मौके को हाथ से नहीं जाने देगा।

 

पहले टी20 में नजर सिर्फ जीत-हार पर नहीं होगी, बल्कि इस बात पर भी होगी कि क्या भारत नई सोच के साथ मैदान में उतरता है या फिर वैभव सूर्यवंशी को इंतजार ही करना पड़ता है।

 

 

India vs England 1st T20I कब और कहां खेला जाएगा?

 

  •  India vs England 1st T20I 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के Riverside Ground में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे शुरू होगा।

  • India vs England T20I Series का टीवी पर लाइव प्रसारण कहां देखें?
  •  India vs England T20I Series का लाइव टीवी प्रसारण भारत में Sony Sports Network पर किया जाएगा।

  • India vs England T20I Series की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
  •  India vs England T20I Series की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

 

‘ट्रंप बोले- PM मोदी को फोन मिलाओ, मैंने कहा सुबह के 6 बजे होंगे तो जवाब मिला वो मेरी तरह…’,सर्जियो गोर ने समझाया दोनों क्यों हैं सच्चे दोस्त

अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने हाल ही में IX USISPF लीडरशिप समिट 2026 में भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती पर एक दिलचस्प कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सच्चा दोस्त मानते हैं और दोनों नेताओं के बीच संबं

Read More

चीन-तुर्की की मदद से विनाशक तैयारियों में जुटा पाकिस्तान! ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदली उसकी चाल, मिले ये सबूत

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपनी सैन्य ताकत और मॉडर्न वारफेयर का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पाकिस्तान का हाल बेहाल कर दिया था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई अहम एयर बेस, एयर डिफेंस सिस्टम और रणनीतिक संसाधनों को निशाना बनाकर पाक सेना ऐसा हाल किया था कि पूरी दुनिया के सामने उसकी पोल खुल गई थी। भारत के मिली करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान ने अपनी सैन्य रणनीति में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। अब वह अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए चीन और तुर्की जैसे देशों की मदद से सेना के मॉर्डनाइजेशन पर काम कर रहा है। स्टील्थ लड़ाकू विमान, लंबी दूरी की मिसाइलें, आधुनिक ड्रोन, लेज़र हथियार और नए एयर डिफेंस सिस्टम को शामिल करने की तैयारी की जा रही है।

सेना को तेजी से मजबूत कर रहा है पाकिस्तान

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान अपनी सेना को तेजी से मजबूत करने में जुट गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान लड़ाकू विमानों, मिसाइलों, ड्रोन और आधुनिक हथियारों पर बड़ा निवेश कर रहा है। इसके लिए उसे चीन और तुर्की का सबसे ज्यादा सहयोग मिल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान तुर्की से 1,000 से अधिक आधुनिक ड्रोन (यूएवी) खरीदने की तैयारी कर रहा है। साथ ही ड्रोन और टारगेट पर हमला करने वाले लोइटरिंग म्यूनिशन (आत्मघाती ड्रोन) की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

चीन से मिलेगा स्टील्थ फाइटर प्लेन 

पाकिस्तानी सेना अपनी 5 आर्टिलरी रेजिमेंट (तोपखाना) को मिसाइल रेजिमेंट में बदलने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा देश का एयर डिफेंस नेटवर्क भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान को 2026 के आखिर तक चीन से 40 जे-35 स्टील्थ फाइटर प्लेन मिलने की उम्मीद है। वहीं, चीनी तकनीक की मदद से हाई-एनर्जी लेज़र हथियार भी विकसित किए जा रहे हैं।

अटैक हेलीकॉप्टर को कर रहा अपग्रेड

इसके अलावा पाकिस्तानी सेना के 29 कोबरा अटैक हेलीकॉप्टरों को अपग्रेड किया जाएगा और 30 से ज्यादा जेड-10 अटैक हेलीकॉप्टर शामिल करने की भी योजना है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन पाकिस्तान को 200 से अधिक एसएच-15 तोपें भी उपलब्ध करा चुका है। कुल मिलाकर पाकिस्तान अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर आधुनिकीकरण की दिशा में काम कर रहा है।

आकाश शर्मा की रिपोर्ट

बच्चों को टोकना पड़ा भारी! भारतीय परिवार ने विदेश में रेस्टोरेंट में मचा दिया बवाल?

वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी के एक भारतीय रेस्टोरेंट ने भारतीय परिवार पर स्टाफ से बदसलूकी, तोड़फोड़ और धमकाने का आरोप लगाया है। दावा है कि बच्चों को शरारत से रोकने पर विवाद हुआ।

8000mAh बैटरी वाला OnePlus N6 भारत में लॉन्च, मिलेगा DSLR जैसा कैमरा, जानें कीमत और फीचर्स

OnePlus N6: चीन की स्मार्टफोन कंपनी OnePlus ने भारत में इस साल का सबसे सस्ता स्मार्टफोन OnePlus N6 लॉन्च किया है। कंपनी के पोर्टफोलियो में OnePlus Nord CE 6 Lite से नीचे रखे गए इस हैंडसेट में बड़ी 8000mAh बैटरी, MediaTek Dimensity 6360 Apex चिपसेट और 120Hz डिस्प्ले और Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 दिया गया है। अब चलिए OnePlus N6 की कीमत, स्पेसिफिकेशन्स, लॉन्च ऑफर्स और उपलब्धता के बारे में जानते हैं।

OnePlus N6 के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स

OnePlus N6 में 6.75-इंच का HD+ LCD डिस्प्ले है, जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है और पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक है। स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी का कहना है कि यह हैंडसेट धूल और पानी से बचाव के लिए IP65 रेटिंग और MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन के साथ आता है।

इस स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 6360 Apex चिपसेट है, जो Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 के साथ आता है। इसके अलावा, इस फोन में OnePlus ने दो बड़े Android OS अपग्रेड और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।

कैमरी की बात करें तो, इस फोन में f/1.8 अपर्चर और 10x तक डिजिटल जूम सपोर्ट वाला 50MP का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। इसके फ्रंट में 8MP का सेल्फी कैमरा है, जो 60fps पर 1080p तक की वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है। फोन में ‘डुअल-व्यू वीडियो’ मोड भी है, जिससे यूजर्स फ्रंट और रियर दोनों कैमरों का इस्तेमाल करके एक साथ वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।

भारत में OnePlus N6 की कीमत, ऑफर और उपलब्धता

OnePlus N6 के 4GB RAM + 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की शुरुआती कीमत ₹22,999 है। वहीं, 6GB RAM + 128GB स्टोरेज वाले मॉडल के लिए ग्राहकों को ₹24,999 देने होंगे। लॉन्च ऑफर के तहत, OnePlus ₹1,000 का ‘प्राइम डे-एक्सक्लूसिव’ डिस्काउंट दे रहा है। इसके अलावा, खरीदार Axis Bank और SBI के चुनिंदा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके ₹2,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट भी पा सकते हैं। साथ ही, कंपनी चुनिंदा खरीदारी पर छह महीने तक की नो-कॉस्ट EMI की सुविधा भी दे रही है। OnePlus N6 दो कलर ऑप्शन ‘Fresh Mint’ और ‘Midnight Green’ में उपलब्ध होगा।

यह भी पढ़ें: 9 सितंबर को Apple का धमाका? iPhone 18 Pro, 18 Pro Max और iPhone Ultra हो सकते हैं लॉन्च

महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर पाकिस्तान गए श्रद्धालु लौटे:गुरुद्वारों के दर्शन कर जताई खुशी; सरकारों से मांगी वीजा में ढील

महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के अवसर पर पाकिस्तान गया सिख श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौट आया। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने ननकाना साहिब, पंजा साहिब, करतारपुर साहिब सहित कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन किए। भारत लौटने पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह यात्रा उनके लिए काफी इमोशनल रही। इसे वह भुला नहीं सकते। अमृतसर के श्रद्धालु बलवीर सिंह ने कहा कि सबसे पहले उन्होंने ननकाना साहिब में गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान के दर्शन किए। इसके बाद पंजा साहिब, लाहौर स्थित अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारे और करतारपुर साहिब के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इन पवित्र स्थलों पर पहुंचकर मन को गहरी शांति और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हुआ। पाकिस्तान में व्यवस्थाओं और सुरक्षा की सराहना श्रद्धालुओं ने पाकिस्तान में की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे और हर समय सुरक्षा कर्मी उनके साथ मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्हें वहां लोगों से बहुत प्रेम, सम्मान और सहयोग मिला, जिससे उनका अनुभव और भी बेहतर हो गया। एक अन्य श्रद्धालु हरजीत कौर ने बताया कि यह जत्था 21 जून को पाकिस्तान गया था और आज 30 जून को वापस लौटा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान उनकी वर्षों पुरानी मनोकामना पूरी हुई। पवित्र गुरुद्वारों के दर्शन कर उन्होंने अत्यंत आनंद और संतोष महसूस किया। वीजा प्रक्रिया आसान करने की श्रद्धालुओं की अपील श्रद्धालुओं ने भारत और पाकिस्तान दोनों सरकारों से अपील की कि धार्मिक यात्राओं को और सरल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वीजा प्रक्रिया को आसान किया जाना चाहिए और श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक अवसर दिए जाने चाहिए ताकि वे अपने पवित्र स्थलों के दर्शन कर सकें। इससे दोनों देशों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे। साझा विरासत को संरक्षित करने बेहतर प्रयास उन्होंने यह भी कहा कि साझा विरासत को संरक्षित करने और लोगों के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए सीमा पार धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देना बहुत आवश्यक है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक लाभ मिलता है, बल्कि दोनों देशों के बीच शांति और सद्भाव का संदेश भी जाता है।

Sanket Kumar ISRO success: 2 नंबर से छूटा जेईई एडवांस्ड, फिर भी इसरो में साइंटिस्ट बने मेरठ के संकेत कुमार

Sanket Kumar ISRO success: मेरठ में संकेत कुमार को तब बहुत निराशा हुई जब वह महज 2 अंकों से आईआईटी और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में दाखिले के लिए होने वाली जेईई एडवांस्ड परीक्षा के लिए क्वालिफाई करने से चूक गए थे। 2021 में हुए जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) परीक्षा में उन्हें शायद पहली बार एक-एक नंबर की अहमियत का अंदाजा हुआ। कभी सोचा नहीं था कि वह जेईई एडवांस्ड परीक्षा का हिस्सा बनने से महज 2 अंकों से चूक जाएंगे। यानी अपने सपनों के करीब पहुंचने में ये दो नंबर रोड़ा बन जाएंगे।

लेकिन जैसा कि इस देश के पूर्ण राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा था, ‘सपने वो होते हैं, जो आपको सोने ही नहीं देते हैं।’ संकेत के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हार मानने के बजाय, उन्होंने एक साल ड्रॉप करने का फैसला किया और बिना किसी कोचिंग के खुद से तैयारी शुरू की। मेरठ के दीवान पब्लिक स्कूल के छात्र रह चुके संकेत को कई लोगों ने साल ड्रॉप न करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखने का फैसला किया। उन्होंने सेल्फ-स्टडी, यूट्यूब लेक्चर और पिछले सालों के क्वेश्चन पेपर पर भरोसा किया।

अगले साल उनकी मेहनत रंग लाई जब उन्होंने जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड दोनों पास कर लिया। इसके बाद उन्होंने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए तिरुवनंतपुरम के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIST) में प्रवेश लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संकेत ने वाइब्रेशन और अकूस्टिक्स में स्पेशलाइजेशन करने का फैसला किया।

अपने बैच में यह विषय चुनने वाले वह अकेले छात्र थे। अपने कोर्स के दौरान, उन्हें जापान की शिनरा इंक. ने तीन महीने के एडवांस्ड इंजीनियरिंग रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए चुना। 8.2 सीजीपीए के साथ ग्रेजुएशन करने के बाद, उन्हें भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (ISRO) में इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया और आखिरकार चुन लिया गया।

अपने सफर के बारे में संकेत कहते हैं, जेईई एडवांस्ड मिस करने के बाद उन्होंने पूरा एक साल सेल्फ-स्टडी करने का फैसला किया। उन्होंने शुरू से तैयारी की और बाद में आईआईएसटी में पढ़ाई के दौरान स्पेस टेक्नोलॉजी में दिलचस्पी जगी, जिसने उन्हें एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में करियर बनाने के लिए मोटिवेट किया। संकेत अब महेंद्रगिरी में इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में नियुक्त हैं, जहां श्रीहरिकोटा से उड़ान भरने वाले हर रॉकेट सिस्टम की फाइनल टेस्टिंग होती है।

UP TGT 2026: यूपी शिक्षा आयोग आज जारी कर सकता है टीजीटी का रिजल्ट, जानें रिजल्ट देखने के लिए किन चीजों की होगी जरूरत

Ram Mandir Donation Row: ‘भगवान श्री राम के दर्शन करना चाहते थे, लेकिन…’; अयोध्या में कांग्रेस नेता अजय राय हाउस अरेस्ट, पुलिस को दी चेतावनी

Ram Mandir Donation Row: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान के कथित गबन को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार (30 जून) को अयोध्या में राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेगा। लेकिन, इस बीच, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया गया है।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय करेंगे। इसमें पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा (अमेठी), राकेश राठौर (सीतापुर), उज्ज्वल रमण सिंह (प्रयागराज) और तनुज पुनिया (बाराबंकी) शामिल होंगे।

प्रतिनिधिमंडल के साथ बाराबंकी के पूर्व सांसद एस.पी. गौतम, विधान परिषद के पूर्व सदस्य दीपक सिंह, महाराजगंज के पूर्व विधायक वीरेंद्र चौधरी और बाराबंकी की पूर्व विधायक मीता गौतम भी मौजूद रहेंगी। पार्टी ने प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी है। इस बीच, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया गया। पार्टी ने देर रात एक बयान में इसकी पुष्टि की है।

‘अयोध्या नहीं छोड़ेंगे’

अजय राय ने मंगलवार को दावा किया कि जब तक उन्हें राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती तब तक अयोध्‍या नहीं छोड़ेंगे। अयोध्‍या से अजय राय ने मंगलवार को फोन पर पीटीआई से बातचीत में कहा, “मंगलवार के कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें तुरंत ‘हाउस अरेस्ट’ (नजरबंद) कर लिया।” हालांकि, उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती, वे अयोध्या नहीं छोड़ेंगे।

राय ने एक अतिथि गृह से पीटीआई फोन पर बातचीत में पूछा, “यह कैसी सरकार है जो हमारे राम मंदिर जाने से डरती है।” राय ने कहा कि उन्हें मंगलवार के कार्यक्रम के लिए मंदिर शहर पहुंचने के तुरंत बाद सोमवार आधी रात को एक अतिथि गृह में ले जाया गया था। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “आधी रात को मुझे मेरे होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में ले जाया गया और अभी मुझे वहीं रखा गया है।”

उनकी पत्नी ने उनके ठिकाने को लेकर चिंता जताई थी। राय यह पक्का नहीं बता पाए कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या नजरबंद किया गया है। उन्होंने अंदेशा जताते हुए कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने मुझे गिरफ़्तार कर लिया है, वरना वे मुझे आधी रात को इस अतिथि गृह में क्यों लाते और यहां क्यों रोककर रखते?” राय ने कहा, ‘‘मेरे दल के कई सदस्य जो आज के कार्यक्रम के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आ रहे थे, उन्हें रोका गया, गिरफ्तार किया गया या उनके घरों में ही रोक दिया गया।’’

कौन-कौन नेता शामिल?

इस दल में शामिल अन्य कांग्रेस नेताओं में सांसद किशोरी लाल शर्मा (अमेठी), राकेश राठौर (सीतापुर), उज्ज्वल रमन सिंह (प्रयागराज) और तनुज पुनिया (बाराबंकी) के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे। अजय राय ने इस बीच मंगलवार को भारतीय युवक कांग्रेस के X पर एक पोस्ट को साझा किया जिसमें कहा गया कि आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय रा जी समेत प्रतिनिधिमंडल को हाउस अरेस्ट कर लिया।

पोस्‍ट में सवाल उठाया गया है कि आखिर प्रभु श्री राम के भक्तों से इतना डर क्यों? जय श्री राम। अयोध्या में राम मंदिर दान में कथित गबन का मामला आने के बाद इसके पहले भी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने 18 जून को अयोध्या की यात्रा करके दर्शन पूजन किया था। अयोध्या में दान में गबन का मामला सात जून को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उठाया और न्यायिक हस्तक्षेप पर जोर दिया था।

हालांकि, इस मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने एक तीन सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

‘भगवान श्री राम के दर्शन करना चाहते थे, लेकिन…’

अजय राय ने कहा, “आज हम सभी भगवान श्री राम के दर्शन करना चाहते थे, लेकिन बीजेपी सरकार ने हमें गिरफ़्तार कर लिया है और आचार्य नरेंद्र देव कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में बंद कर दिया है। उन्होंने हमारे सभी साथियों को भी नजरबंद कर दिया है। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान राम बीजेपी और आरएसएस के लोगों को सद्बुद्धि दें, जो उनके नाम का इस्तेमाल करके सत्ता में आए हैं, ताकि वे इस पवित्र शहर में हो रहे घोटालों को रोकें। हमारी सामूहिक मांग है कि पुलिस रिमांड लेकर उन निचले स्तर के कर्मचारियों से पूछताछ करे जिन्हें जेल भेजा गया है।”

ये भी पढ़ें- Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय से 3 घंटे से ज्यादा पूछताछ, गबन के आरोपों में अपनी भूमिका से किया इनकार

यूपी कांग्रेस प्रमुख ने आगे कहा, “इसके अलावा, इसमें शामिल हाई-प्रोफ़ाइल लोगों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज होनी चाहिए, जिनमें निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र (जो पांच साल तक प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव रहे), अनिल मिश्र (जो इस भ्रष्टाचार और चोरी में सीधे तौर पर शामिल हैं), गोपाल राय, चंपत राय, बंसल और गोविंद देव गिरी शामिल हैं। उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए और उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए।”