VIDEO: न पटाखे, न दीये… जमीन से हजारों फीट ऊपर मोबाइल की टॉर्च जला यात्रियों ने मनाई दिवाली, वीडियो वायरल

देशभर में लोगों ने दिवाली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान घरों को दीयों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं और परिवार के साथ खुशियां शेयर कीं। वहीं दिवाली को खास तरह से मनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। कई लोगों ने जमीन से हजारों फीट की ऊंचाई पर एक पायलट के साथ आसमान में दिवाली मनाई। सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वहीं लोग इस वीडियो पर कई तरह के कमेंट कर रहे हैं।

प्रोटीन में बदल जाए मिठाई…

इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पायलट प्रदीप कृष्णन ने अपनी फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों को दिवाली का खास सरप्राइज दिया। उन्होंने सभी यात्रियों को इस खुशी के मौके पर छोटे से जश्न में शामिल होने के लिए बुलाया। उनके इस खास अंदाज ने हवाई सफर को यात्रियों के लिए यादगार बना दिया। कैप्टन ने अपनी फ्लाइट में दिवाली के इस खास जश्न का वीडियो शेयर करते हुए मजेदार कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “आज आप जो भी मिठाई खाएं, वह जादू से प्रोटीन में बदल जाए! आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। खूब मस्ती करें, अच्छा खाना खाएं और हमेशा खुश रहें।”

हजारों फीट ऊंचाई पर मनाई दिवाली

दिवाली का महत्व बताते हुए पायलट ने यात्रियों से कहा कि यह रोशनी का त्योहार है। उन्होंने सभी से अपने मोबाइल फोन निकालकर उनकी टॉर्च जलाने की अपील की, ताकि सभी मिलकर इस खास मौके को रोशन कर सकें। पायलट ने कहा, “दिवाली रोशनी का त्योहार है। क्यों न हम सभी अपने फोन की टॉर्च जलाकर एक साथ इस त्योहार को मनाएं और चारों ओर रोशनी फैलाएं?”पायलट की इस अपील पर सभी यात्रियों ने खुशी-खुशी उनका साथ दिया और अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर पूरे विमान में रोशनी कर दी। इस तरह हजारों फीट की ऊंचाई पर अनजान लोग भी एक साथ दिवाली मनाते नजर आए।

 

लोग कर रहे तारीफ

घर और परिवार से दूर होने के बावजूद यात्रियों ने इस छोटे से जश्न के जरिए त्योहार की खुशियां साझा कीं और सफर को यादगार बना दिया। पायलट द्वारा विमान के अंदर दिवाली मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अब तक 3.7 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग पायलट के इस अनोखे अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं और यात्रियों के लिए दिवाली को खास बनाने की उनकी कोशिश को पसंद कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने किए कमेंट

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “मेरे पसंदीदा कैप्टन को दिवाली की ढेर सारी शुभकामनाएं! आपके लिए ढेर सारा प्यार, खुशियां, मुस्कान और खूबसूरत तोहफे भेज रहा हूं।” एक और यूजर ने लिखा, “मुझे ऐसी फ्लाइट का इंतजार है, जिसमें आप हमारे कैप्टन हों।” एक अन्य व्यक्ति ने ऐसे अनुभव की इच्छा जताते हुए कहा, “मैं अब तक 100 से ज्यादा बार फ्लाइट में सफर कर चुका हूं, लेकिन आज तक किसी कैप्टन को यात्रियों से इस तरह बात करते नहीं देखा। काश मुझे भी कभी ऐसा अनुभव करने का मौका मिले।”

लंदन में कार्तिक आर्यन ने मनाई दिवाली

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने इस वर्ष दिवाली का त्योहार अपने परिवार से दूर लंदन में मनाया। कार्तिक आर्यन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। त्योहार के मौके पर घर से दूर रहने के कारण उन्हें अपने परिवार और करीबियों की याद सताई।

Also Read : ई-20 बना 420, जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी कर रही सरकार: राहुल

कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए प्रशंसकों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा, “हैप्पी दिवाली। घर पर सभी की बहुत याद आ रही है।

कार्तिक के इस संदेश से जाहिर है कि काम की व्यस्तता के बीच दिवाली पर वह अपने परिवार को काफी याद कर रहे थे।

Pic Credit : UNI

Amitabh Bachchan: दिवाली पर फैंस से मिलने जलसा के बाहर आए अमिताभ बच्चन, बुलेटप्रूफ ग्लास को नहीं किया यूज

Amitabh Bachchan: इस साल दिवाली अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों के लिए कुछ खास रही। जब वे अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने की उम्मीद में मुंबई स्थित उनके घर ‘जलसा’ के बाहर इकट्ठा हुए तो अमिताभ बच्चन खुद बाहर आए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। अभिनेता ने वहां आए सभी लोगों से कुछ प्यार भरी बातें भी कहीं।

हर रविवार की तरह सैकड़ों प्रशंसक अमिताभ की एक झलक पाने के लिए ‘जलसा’ के बाहर इंतजार कर रहे थे। उन्होंने मुस्कुराकर हाथ हिलाया और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पीछे खड़े थे। अभिषेक अक्सर रविवार को प्रशंसकों के साथ होने वाली इन मुलाकातों में अपने पिता के साथ शामिल होते हैं।

लेकिन इस बार बिग बी के सामने आने के अंदाज में कुछ अलग बात थी। अभिनेता इस बार बुलेटप्रूफ ग्लास के घेरे के बिना बाहर आए जो पहले प्रशंसकों से उनकी मुलाकातों के दौरान देखा जाता था। बताया जाता है कि बम की धमकियों के बाद सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय के तौर पर यह ग्लास का ढांचा लगाया गया था। इस बार अमिताभ ने माइक्रोफोन का इस्तेमाल करके सीधे भीड़ से बात की। घर के बाहर सुरक्षा गार्ड अभी भी मौजूद थे।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani)

दीवाली पर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं देते हुए अभिनेता ने कहा- “आप सब लोगों को प्रणाम करता हूं। दीवाली की शुभकामनाएं भेजता हूं। आप सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। आप सब लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद।”

यह घटनाक्रम एक ऐसे ईमेल के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें बम की धमकी देते हुए अमिताभ के बंगले, बॉम्बे हाई कोर्ट और मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स का जिक्र किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच की और बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि वह धमकी झूठी थी।

इससे पहले दिवाली पर अमिताभ ने टंबलर (Tumblr) पर भी अपने प्रशंसकों के लिए एक मैसेज साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके हाथ में दर्द और तकलीफ होने की वजह से उन्हें उपहार भेजने वाले लोगों को पत्र लिखना मुश्किल हो गया था। अभिनेता ने सभी को उनके प्यार के लिए धन्यवाद दिया और जल्दी जवाब न दे पाने के लिए माफी मांगी। कुछ हफ्ते पहले बिग बी ने यह भी बताया था कि उन्हें आराम करने और अपनी रिकवरी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

Katrina Kaif Son Pic: कैटरीना-विक्की ने पहली बार दिखाई बेटे Vihaan की झलक, नन्हे राजकुमार की क्यूटनेस पर फिदा हुए फैंस, खूबसूरत फैमिली फोटो वायरल

Katrina Kaif Son Pic: बॉलीवुड के खूबसूरत कपल कैटरीना कैफ और विक्की कौशल के लिए इस बार की दिवाली बेहद खास और यादगार बन गई है। रोशनी के इस त्योहार पर दोनों ने अपने फैंस को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसे देखकर हर कोई खुश हो गया। दरअसल, कैटरीना और विक्की ने दीवाली पर पहली बार अपने बेटे विहान कौशल का चेहरा दुनिया के सामने रिवील किया है। कपल की इस प्यारी सी फैमिली फोटो ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है। फोटो में नन्हे विहान की मासूम मुस्कान और क्यूट अंदाज हर किसी का ध्यान खींच रहा है।

दिवाली पर दिखा कैटरीना-विक्की के लाडले का चेहरा

कैटरीना कैफ और विक्की कौशल हमेशा से अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते रहे हैं। बेटे के जन्म के बाद भी दोनों ने उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करने में काफी सावधानी बरती। हालांकि, इस बार दिवाली के खास मौके पर कपल ने अपने चाहने वालों को बेटे विहान की पहली झलक दिखाकर खुश कर दिया। शेयर की गई तस्वीर में कैटरीना और विक्की अपने नन्हे बेटे को प्यार से गोद में लिए नजर आ रहे हैं।

माता-पिता होने की खुशी!

दोनों के चेहरे पर माता-पिता बनने की खुशी साफ झलक रही है। विहान सफेद कुर्ता-पायजामा और छोटे से पीले रंग के जैकेट में बेहद प्यारे लग रहे हैं। वहीं, कैटरीना पीले रंग के खूबसूरत ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आईं, जबकि विक्की ने आइवरी रंग का कुर्ता-पायजामा पहना हुआ है। तीनों की यह खूबसूरत तस्वीर देखते ही देखते फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई। खास बात यह है कि तस्वीर में विहान की प्यारी सी मुस्कान हर किसी का दिल जीत रही है।

कपल ने लिखी दिल छू लेने वाली बात

इस खूबसूरत फैमिली फोटो को शेयर करते हुए कैटरीना और विक्की ने बेहद प्यारा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “हमारी अब तक की सबसे रोशन दिवाली… आप सभी को प्यार, रोशनी और खुशियों की शुभकामनाएं।” कपल के इस इंस्टा पोस्ट ने फैंस का दिल छू लिया। जाहिर है कि बेटे के साथ पहली दिवाली उनके लिए बेहद खास रही। विहान की मौजूदगी ने इस त्योहार की खुशियों को और भी बढ़ा दिया।

अर्जुन कपूर से अनन्या पांडे तक, सितारों ने लुटाया प्यार

कैटरीना और विक्की की इस पोस्ट के सामने आते ही बॉलीवुड सितारों ने भी जमकर प्यार बरसाया। अर्जुन कपूर ने कमेंट करते हुए ‘लड्डू’ लिखा। वहीं, अनन्या पांडे ने दिल और प्यार भरे इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की। मृणाल ठाकुर ने विहान की तारीफ करते हुए लिखा कि वह बेहद प्यारा है। उसकी तस्वीर देखकर उनका दिल पिघल गया। कियारा आडवाणी ने रेड हार्ट इमोजी के जरिए अपना प्यार जताया। सोनम कपूर ने भी परिवार को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा मलाइका अरोड़ा, रकुल प्रीत सिंह, भूमि पेडनेकर और हुमा कुरैशी समेत कई बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस प्यारी सी तस्वीर पर प्यार बरसाया।

7 नवंबर को एक साल के हुए विहान

विहान कौशल के लिए भी यह दिवाली बेहद खास रही, क्योंकि 7 नवंबर को उन्होंने अपना पहला जन्मदिन मनाया। यानी दिवाली से ठीक एक दिन पहले नन्हे विहान एक साल के हो गए। ऐसे में बेटे के पहले जन्मदिन और दिवाली का यह खास संयोग कैटरीना और विक्की की खुशियों को दोगुना कर गया। कैटरीना और विक्की ने 7 नवंबर 2025 को बेटे के जन्म की खुशखबरी फैंस के साथ शेयर की थी। इसके बाद जनवरी 2026 में उन्होंने एक प्यारी सी तस्वीर के जरिए बेटे का नाम विहान कौशल बताया था। उस तस्वीर में दोनों के हाथों के बीच विहान का नन्हा हाथ नजर आया था।

2021 में शादी के बंधन में बंधे थे कैटरीना और विक्की

कैटरीना कैफ और विक्की कौशल ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान में एक निजी समारोह में शादी की थी। उनकी शादी बॉलीवुड की चर्चित शादियों में से एक रही। शादी के बाद से ही दोनों अपनी निजी जिंदगी को काफी संभालकर सार्वजनिक करते रहे हैं। अब बेटे विहान के साथ उनकी यह पहली दिवाली की खास तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रही है। फैंस भी इस खूबसूरत परिवार को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं दे रहे हैं। हालांकि, अब तक कपल ने अपने बेटे को सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा था। लेकिन इस दिवाली उन्होंने पहली बार उसका चेहरा दिखाकर फैंस को खास तोहफा दिया है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Katrina Kaif (@katrinakaif)

Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन ने फैंस को दी दिवाली की शुभकामनाएं, स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच माफी मांगते हुए इमोशनल नोट शेयर किया

Amitabh Bachchan: अपने चल रहे स्वास्थ्य संघर्षों के बीच बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि अब वह हर किसी से सॉरी कहने के बेहद आदी हो गए हैं। अपने टम्बलर ब्लॉग पर सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए बिग बी ने खुलासा किया कि हालांकि वह सभी की शुभकामनाओं का जवाब देना चाहते थे, लेकिन उनका स्वास्थ्य उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दे रहा है।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि अब वह हर किसी से सॉरी कहने के बेहद आदी हो गए हैं। अपने टम्बलर ब्लॉग पर सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए बिग बी ने खुलासा किया कि हालांकि वह सभी की शुभकामनाओं का जवाब देना चाहते थे, लेकिन उनका स्वास्थ्य उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दे रहा है।

एक्टर ने लिखा- क्षमा समझ जाएगी तो मन प्रसन्नचित हो जाएगा हमारा…ना माना तो उसका मन उचाट रहेगा…तो प्रसन्नचित या आक्रोश…प्रश्न ये है…एक में शांति और संतुष्टि…दूसरे में एक चुभान…अब आप निर्णय लीजिए, क्या आपको संतुष्टि स्वीकार है या चुभन!!! बहुतों को “चुभन” से प्रसन्नता मिलती है, कुछ को संतुष्टि… जीवन में विविधता, जीवन का रहस्य है… रहस्य भी मूर्धन्य, अनन्य, परिष्ठजन्य होता है…॥।

इस बीच सूत्रों ने हाल ही में आईएएनएस को सूचित किया कि बिग बी के स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग पिछले सप्ताह के लिए रोक दी गई है। सूत्र ने आगे बताया कि शो के लिए शूट किए गए आखिरी प्रमुख सेलिब्रिटी एपिसोड में ‘रामायण’ के कलाकार रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे शामिल थे।

अगर बिग बी ठीक महसूस करते हैं तो शो की शूटिंग अब अगले हफ्ते से फिर से शुरू होने की संभावना है। सूत्रों ने कहा “उम्मीद है कि शूटिंग अगले सप्ताह से फिर से शुरू होगी, लेकिन केवल तभी जब उनका स्वास्थ्य अनुमति देगा।”

बस्तर में जवानों संग मनेगी पीएम मोदी की दीवाली! जानिए नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ में क्यों खास है यह दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 8 नवंबर को छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। बस्तर का यह दौरा इसलिए खास है क्योंकि यह वही इलाका है जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव रहा था। अब केंद्र सरकार के मुताबिक देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो चुका है और बस्तर में विकास की गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपने बस्तर दौरे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह अपने बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहे हैं। पीएम मोदी ने इस इलाके में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि कभी यहां नक्सलवाद का प्रभाव था लेकिन अब विकास फल-फूल रहा है।

उन्होंने कहा कि वह देश के लिए सुरक्षा कर्मियों के बलिदान, निस्वार्थ सेवा और अटूट समर्पण को सलाम करने जा रहे हैं। बस्तर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान भी तैनात हैं। इन सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई है।

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद बस्तर में पीएम मोदी की पहली दिवाली

बस्तर में प्रधानमंत्री का जवानों के साथ दिवाली मनाने का फैसला ऐसे समय आया है जब केंद्र सरकार ने इस साल 31 मार्च को देश को नक्सलवाद की समस्या से मुक्त घोषित किया था। सरकार के मुताबिक नक्सलवाद के कई बड़े नेताओं और कैडरों के मारे जाने और सैकड़ों लोगों के आत्मसमर्पण के बाद यह सफलता मिली है। बस्तर लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित इलाकों में शामिल रहा है। इस क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की बड़ी भूमिका रही है। सुरक्षा बलों की तैनाती और अभियानों के जरिए नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की गई।

ऐसे में प्रधानमंत्री का बस्तर पहुंचकर जवानों के साथ त्योहार मनाना खास महत्व रखता है। यह दौरा उन सुरक्षा कर्मियों के प्रति सम्मान जताने का अवसर है जिन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी सेवाएं दी हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव से विकास की ओर बढ़ने का भी उल्लेख किया है।

पीएम मोदी ने जवानों के बलिदान और सेवा को किया सलाम

बस्तर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि वह अपने बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षा कर्मियों के बलिदान, उनकी निस्वार्थ सेवा और देश के प्रति अटूट समर्पण को सलाम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए यह भी कहा था कि पिछले साल की तरह इस बार भी वह देश के बहादुर जवानों के साथ यह त्योहार मनाएंगे। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह भी बाकी लोगों की तरह पूरे उत्साह के साथ दीपावली मनाते हैं। उन्होंने देशवासियों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आने वाले दिनों में सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि आने वाले दिनों में आप सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां आएं। मैं भी आप सभी की तरह पूरे उत्साह के साथ दीपावली मनाता हूं। उन्होंने आगे कहा कि सभी जानते हैं कि वह हर साल देश के बहादुर जवानों के साथ दिवाली मनाते हैं। इस बार भी वह इस परंपरा को जारी रखेंगे।

नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों की रही अहम भूमिका

बस्तर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस की तैनाती रही है। इन जवानों ने नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों में हिस्सा लिया। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 को ऐलान किया था कि देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो गया है। सरकार के मुताबिक नक्सल संगठनों के कई नेताओं और कैडरों के मारे जाने तथा सैकड़ों लोगों के आत्मसमर्पण के बाद यह स्थिति बनी। इस पृष्ठभूमि में बस्तर में प्रधानमंत्री का दौरा और जवानों के साथ दिवाली मनाना विशेष महत्व रखता है।

जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल भी सेना के जवानों के साथ ही दिवाली मनाएंगे। दिवाली की पूर्व संध्या पर शनिवार को देशवासियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने खुद इस बात की जानकारी दी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे कहां पर जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा में आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के बीच दिवाली मनाई थी। वहां उन्होंने करीब 40 मिनट तक भाषण भी दिया था।

बहरहाल, शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर रील शेयर करके दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी वे सेना के जवानों के बीच दिवाली मनाएंगे। उन्होंने कहा, ‘नमस्ते, दीपावली का पावन पर्व, पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है। आप सबको दीपावली की बहुत बहुत शुभकामनाएं, आपका ये पर्व आपका आगे का समय सब कुछ सुख शांति और समृद्धि से भरा रहे।मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावली मनाता हूं। और हर साल आप जानते हैं देश के वीर जवानों के बीच जाना मेरा नित्यक्रम है। इस बार भी जारी रहेगा। आप सबको दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं’।

इससे पहले शनिवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित उप राष्ट्रपति भवन में उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। उन्होंने भगवान की आरती की, राधाकृष्णन ने उन्हें तिलक लगााया और उपहार दिए। गौरतलब है कि रविवार, आठ नवंबर को देश और पूरी दुनिया में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा।