दशहरा-दिवाली पर फ्लाइट टिकट ने बिगाड़ा बजट! दिल्ली-बेंगलुरु रूट का किराया देख यात्रियों के उड़े होश

दशहरा और दिवाली का मौसम आते ही देशभर में घर लौटने की हलचल बढ़ जाती है। दूर शहरों में रहने वाले लोग महीनों पहले से टिकट बुक करने लगते हैं, ताकि त्योहार पर परिवार के साथ कुछ सुकून भरे पल बिता सकें। लेकिन इस बार हवाई सफर का बढ़ता किराया कई यात्रियों की चिंता बढ़ा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग घरेलू उड़ानों की कीमतों को लेकर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और बता रहे हैं कि कुछ लोकप्रिय रूट्स पर टिकट पिछले वर्षों की तुलना में काफी महंगे नजर आ रहे हैं।

दिल्ली-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूट का उदाहरण देते हुए एक यूजर ने दावा किया कि दो साल पहले दिवाली के दौरान जहां राउंड ट्रिप करीब 13 हजार रुपये में हो जाती थी, वहीं अब यही सफर 20 हजार रुपये से ऊपर पहुंच गया है। ऐसे में त्योहार पर घर जाने की खुशी के साथ यात्रियों को बढ़ते यात्रा खर्च का भी हिसाब लगाना पड़ रहा है।

दिल्ली-बेंगलुरु का किराया बना चर्चा का कारण

मामला तब चर्चा में आया, जब Arnav नाम के एक यूजर ने दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट के किराये को लेकर पोस्ट शेयर की। उन्होंने दावा किया कि करीब दो साल पहले दिवाली के दौरान इस रूट का राउंड ट्रिप लगभग 13 हजार रुपये में मिल जाता था, जबकि अब यही सफर आसानी से 20 हजार रुपये से ऊपर पहुंच रहा है।

उनकी पोस्ट के बाद कई यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए। कुछ लोगों ने बताया कि त्योहार के समय टिकट बुक करना उनके लिए सामान्य दिनों की तुलना में काफी महंगा साबित हो रहा है।

सोशल मीडिया पर यात्रियों की अलग-अलग राय

महंगे किरायों को लेकर सोशल मीडिया पर सिर्फ शिकायतें ही नहीं, बल्कि इसकी वजह पर भी चर्चा हो रही है। कुछ यूजर्स का कहना है कि घरेलू उड़ानों के किराये लंबे समय से ऊंचे बने हुए हैं। एक यूजर ने तो यहां तक कहा कि कुछ मामलों में अंतरराष्ट्रीय यात्रा घरेलू उड़ान से सस्ती पड़ती दिखाई देती है। हालांकि, किसी भी फ्लाइट का किराया कई चीजों पर निर्भर करता है। यात्रा की तारीख, बुकिंग का समय, सीटों की उपलब्धता और रूट के हिसाब से कीमतों में काफी अंतर हो सकता है।

आखिर क्यों बढ़ रहे हैं टिकट के दाम?

सोशल मीडिया यूजर्स ने बढ़ते किरायों के पीछे कई संभावित कारण गिनाए हैं। इनमें एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमत, एयरलाइनों का ऑपरेशनल खर्च, सीमित प्रतिस्पर्धा, डॉलर-रुपये की विनिमय दर और त्योहारों के दौरान बढ़ती यात्रा मांग शामिल हैं। कुछ यात्रियों ने यह सवाल भी उठाया कि अगर ईंधन की कीमतों में बदलाव होता है, तो उसका असर टिकट की कीमतों पर कितना और किस तरह पड़ता है।

सबसे ज्यादा असर किस पर?

महंगे हवाई टिकटों का असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ सकता है, जो नौकरी या पढ़ाई के लिए अपने परिवार से दूर दूसरे शहरों में रहते हैं। त्योहार पर घर जाना उनके लिए सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि अपनों के साथ समय बिताने का मौका होता है। ऐसे में टिकट का खर्च बढ़ने पर कई परिवारों को फ्लाइट और ट्रेन या बस जैसे दूसरे विकल्पों के बीच फैसला करना पड़ सकता है।

50 साल बाद स्कूल लौटे तो चेहरे पर वही बचपन वाली मुस्कान! ‘1976 बैच’ के दोस्तों का VIDEO वायरल

क्या अच्छी जिंदगी जीने के लिए काफी है 1.5 से 2 लाख रुपये तक की सैलरी? इस शख्स ने हाई सैलरी के पीछे छिपे ट्रैप के बारे में बताया

आज के दौर में ज्यादा कमाने की चाह शायद ही किसी से छिपी हो। नौकरी में प्रमोशन, बढ़ती सैलरी और बेहतर पैकेज को अक्सर सफलता की निशानी माना जाता है। लेकिन क्या जिंदगी भर ज्यादा से ज्यादा पैसे कमाने की दौड़ जरूरी है? इसी सवाल ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। मोहित तलरेजा ने अपनी राय साझा करते हुए कहा कि भारत के शहरों में रहने वाले लोगों के लिए 1.5 लाख से 2 लाख रुपये महीने की कमाई एक ऐसा पड़ाव हो सकती है, जहां से जिंदगी को सिर्फ पैसे के पीछे दौड़ाने के बजाय दूसरी जरूरी चीजों पर भी ध्यान दिया जा सके।

‘एक सीमा तय करिए, फिर जिंदगी भी जीना सीखिए’

तलरेजा का मानना है कि हर व्यक्ति के लिए यह सीमा अलग हो सकती है और यह इस बात पर निर्भर करता है कि वह किस उम्र में इस आय तक पहुंचता है। लेकिन एक बार यह स्तर हासिल हो जाए, तो लगातार ज्यादा कमाने की कोशिश के बजाय जीवन के दूसरे पहलुओं को समय देना ज्यादा अहम हो सकता है। उनके मुताबिक, शहर में एक परिवार को आरामदायक जीवन देने के लिए 1.5 से 2 लाख रुपये की मासिक आय पर्याप्त हो सकती है।

ज्यादा कमाई के साथ बढ़ सकता है दबाव

तलरेजा ने यह भी सवाल उठाया कि क्या हर बार बढ़ती सैलरी के पीछे भागना वाकई खुशहाल जिंदगी की गारंटी देता है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे कोई व्यक्ति ज्यादा कमाई के लिए ऊपर बढ़ता है, वैसे-वैसे उसे अपनी जिंदगी के दूसरे हिस्सों से समझौता करना पड़ सकता है। काम का बढ़ता दबाव, कम होता खाली समय और परिवार से दूरी ये ऐसी कीमतें हैं, जिनका एहसास अक्सर बाद में होता है।

पैसा कमाइए, लेकिन खुद के लिए भी वक्त बचाइए

उनकी सलाह है कि करियर में एक तय आर्थिक मुकाम हासिल करने के बाद काम को सामान्य गति से आगे बढ़ने दिया जाए। इस दौरान व्यक्ति अपने स्वास्थ्य, परिवार, सीखने और निजी विकास पर भी ध्यान दे सकता है। तलरेजा का मानना है कि नौकरी के साथ कोई नया कौशल सीखना या अपनी कमाई का दूसरा जरिया तैयार करना भविष्य में ज्यादा संतोष दे सकता है।

Instagram पर यह पोस्ट देखें

‘बहुत ज्यादा सैलरी भी बन सकती है जाल’

तलरेजा ने लगातार ज्यादा पैसे कमाने की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ दूसरों के लिए ज्यादा से ज्यादा काम करते रहना लंबे समय में संतुष्टि नहीं देता। उनके अनुसार, हर व्यक्ति को खुद तय करना चाहिए कि उसके लिए ‘कितना काफी है’। उनकी यह बात सोशल मीडिया यूजर्स के बीच भी चर्चा का विषय बन गई। कुछ लोगों ने इसे सही नजरिया बताया, तो कुछ ने माना कि ज्यादा सैलरी के साथ जिम्मेदारियां और दबाव भी बढ़ते हैं। वहीं कई यूजर्स ने कहा कि पैसों के साथ परिवार और खुद के लिए समय निकालना भी उतना ही जरूरी है।

नौकरी के लिए AI का इस्तेमाल कर रहे हैं? ऐनी हैथवे ने बताई वो गलती, जो आपका मौका छीन सकती है

त्योहारों में घर नहीं जा पा रहे तो करें ये 5 काम! दिल के साथ दिमाग भी रहेगा फ्रेश

त्योहार आते ही घरों में रौनक बढ़ जाती है, लेकिन हर किसी के लिए ये दिन एक जैसे खुशियों भरे नहीं होते। फैमिली से दूर रहना, दोस्तों का अपने काम में बिजी होना या अकेले त्योहार मनाना कई बार मन को भारी कर देता है। खासकर मेट्रो शहरों में रहने वाले लोगों को इस दौरान अपने घर, परिवार और पुराने दोस्तों की याद ज्यादा आ सकती है। सोशल मीडिया पर दूसरों को परिवार के साथ त्योहार मनाते देखकर भी अकेलापन और बढ़ सकता है। ऐसे में अपनी जिंदगी की तुलना दूसरों से करने के बजाय खुद के लिए कुछ अच्छा करना खुद को को बेहतर महसूस करा सकता है। कुछ छोटे-छोटे बदलाव इस दौरान मूड को हल्का रखने और त्योहारों के समय अकेलेपन से निपटने में मदद कर सकते हैं।

मेट्रो सिटी में अकेलेपन से निपटने के आसान तरीके

खुद को समय दें

त्योहारों पर जब भी आपको लगे कि आप अकेले है तो मेडिटेशन, योग, डायरी लिखने या अपनी पसंद का काम करने में मन लगाएं। अकेलेपन के बारे में बार-बार सोचने के बजाय इस समय को खुद को समझने और अपनी पसंद की छोटी-छोटी चीजें करने में बिताएं। इससे मन को सुकून मिलेगा और दिन भी बेहतर महसूस होगा।

अपने लिए कुछ हटके करें

घर से दूर हैं तो भी त्योहार को अपने तरीके से मना सकते हैं। अपनी पसंद का खाना बनाएं, घर को सजाएं, नए कपड़े पहनें या कोई ऐसी चीज करें जो आपको खुशी देती हो। हर साल इसी तरह कोई छोटा सा काम करने से आपकी अपनी त्योहार की परंपरा बन सकती है और अकेले होने पर भी त्योहार खास लगेगा।

लोगों के साथ जुड़ें

अकेले घर में रहने के बजाय अपने आसपास होने वाले त्योहार के कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं। सोसाइटी, मंदिर या स्थानीय जगहों पर होने वाले इवेंट्स में जाने से नए लोगों से मिलने और उनके साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। इससे त्योहार में अकेलापन कम महसूस हो सकता है।

अपनों से बात करें

घर नहीं जा पा रहे हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि परिवार और दोस्तों से दूर रहना जरूरी है। वीडियो कॉल करें, फोन पर बात करें या उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं भेजें। पुराने किस्से और यादें शेयर करने से आपको अपने लोगों के पास होने जैसा महसूस हो सकता है।

किसी की मदद करें

त्योहारों के दौरान किसी जरूरतमंद की मदद करना भी मन को अच्छा महसूस करा सकता है। किसी संस्था के साथ जुड़कर खाना बांटने, लोगों की मदद करने या किसी दूसरे काम में अपना समय दे सकते हैं। इससे आपको नए लोगों से मिलने का मौका मिलेगा और त्योहार दूसरों के साथ खुशियां बांटते हुए बिताने का एक्सपीरियंस भी मिलेगा।

त्योहारों में घर से दूर रहना और अकेलापन महसूस करना आसान नहीं होता, यदि आप भी शहर से दूर रहकर त्योहार मना रहे हैं, तो खुद को खुश रखने के लिए इन छोटी-छोटी बातों को अपनाएं और इस समय को अपने लिए बेहतर बनाएं। इस दौरान खुद को खुश रखने के छोटे-छोटे तरीके अपनाए जा सकते हैं। दूसरों से जुड़े रहें, खुद को समय दें और त्योहार को अपने तरीके से मनाने की कोशिश करें। इससे ये दिन थोड़े हल्के और बेहतर महसूस हो सकते हैं।