Amitabh Bachchan: दिवाली पर फैंस से मिलने जलसा के बाहर आए अमिताभ बच्चन, बुलेटप्रूफ ग्लास को नहीं किया यूज

Amitabh Bachchan: इस साल दिवाली अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों के लिए कुछ खास रही। जब वे अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने की उम्मीद में मुंबई स्थित उनके घर ‘जलसा’ के बाहर इकट्ठा हुए तो अमिताभ बच्चन खुद बाहर आए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। अभिनेता ने वहां आए सभी लोगों से कुछ प्यार भरी बातें भी कहीं।

हर रविवार की तरह सैकड़ों प्रशंसक अमिताभ की एक झलक पाने के लिए ‘जलसा’ के बाहर इंतजार कर रहे थे। उन्होंने मुस्कुराकर हाथ हिलाया और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पीछे खड़े थे। अभिषेक अक्सर रविवार को प्रशंसकों के साथ होने वाली इन मुलाकातों में अपने पिता के साथ शामिल होते हैं।

लेकिन इस बार बिग बी के सामने आने के अंदाज में कुछ अलग बात थी। अभिनेता इस बार बुलेटप्रूफ ग्लास के घेरे के बिना बाहर आए जो पहले प्रशंसकों से उनकी मुलाकातों के दौरान देखा जाता था। बताया जाता है कि बम की धमकियों के बाद सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय के तौर पर यह ग्लास का ढांचा लगाया गया था। इस बार अमिताभ ने माइक्रोफोन का इस्तेमाल करके सीधे भीड़ से बात की। घर के बाहर सुरक्षा गार्ड अभी भी मौजूद थे।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani)

दीवाली पर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं देते हुए अभिनेता ने कहा- “आप सब लोगों को प्रणाम करता हूं। दीवाली की शुभकामनाएं भेजता हूं। आप सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। आप सब लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद।”

यह घटनाक्रम एक ऐसे ईमेल के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें बम की धमकी देते हुए अमिताभ के बंगले, बॉम्बे हाई कोर्ट और मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स का जिक्र किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच की और बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि वह धमकी झूठी थी।

इससे पहले दिवाली पर अमिताभ ने टंबलर (Tumblr) पर भी अपने प्रशंसकों के लिए एक मैसेज साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके हाथ में दर्द और तकलीफ होने की वजह से उन्हें उपहार भेजने वाले लोगों को पत्र लिखना मुश्किल हो गया था। अभिनेता ने सभी को उनके प्यार के लिए धन्यवाद दिया और जल्दी जवाब न दे पाने के लिए माफी मांगी। कुछ हफ्ते पहले बिग बी ने यह भी बताया था कि उन्हें आराम करने और अपनी रिकवरी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।