अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ट्रम्प के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को खारिज किया

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ पेश महाभियोग प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। प्रस्ताव के विरोध में 232 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 147 ने इसका समर्थन किया और 47 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।

Also Read : ईरान ने विदेशी मैसेजिंग ऐप्स के इस्तेमाल पर लगा औपचारिक प्रतिबंध हटाया

अगस्त में अमेरिकी सांसद अल ग्रीन ने महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने की मांग वाला एक मसौदा प्रस्ताव पेश किया। द वॉशिंगटन टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, टेक्सास के डेमोक्रेटिक सांसद ने श्री ट्रंप पर आरोप लगाया कि उन्होंने आव्रजन कानून लागू करने वाली एजेंसियों को अपनी निजी, जवाबदेही से परे अर्धसैनिक पुलिस बल में बदल दिया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प कई बार कह चुके हैं कि अगर डेमोक्रेट नवंबर के मध्यवाधि चुनाव जीतते हैं और कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल करते हैं, तो उन्हें महाभियोग का सामना करना पड़ेगा।

Pic Credit : ANI

उपचुनाव से पहले बंगाल विधानसभा ने ऋतब्रत खेमे के 10 विधायकों को अयोग्यता नोटिस जारी किया

पश्चिम बंगाल विधानसभा सचिवालय ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी तृणमूल कांग्रेस खेमे के 10 विधायकों को नोटिस जारी कर पूछा है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी अनुशासन के उल्लंघन को लेकर उनकी सदस्यता रद्द क्यों न की जाए।

दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों के तहत जारी इन नोटिसों में विधायकों को अपना लिखित जवाब दाखिल करने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। इस सूची में ऋतब्रत बनर्जी, अखरुज्जमां, संदीपन साहा, फिरहाद हकीम और अरूप रॉय सहित अन्य नेता शामिल हैं। यह कदम नंदीग्राम और रेजीनगर में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों से ठीक पहले उठाया गया है, जिसने तृणमूल के दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच राजनीतिक और कानूनी लड़ाई को और तेज कर दिया है।

विधानसभा सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ तृणमूल विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय द्वारा अध्यक्ष रथिंद्र बोस को सौंपी गयी शिकायत के बाद की गयी है।अपनी शिकायत में श्री चट्टोपाध्याय ने 10 विधायकों पर पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। 

Also Read : दो बेटियां होना मेरे लिए डबल बोनस है : अनिल कपूर

श्री चट्टोपाध्याय ने इन 10 विधायकों की अयोग्यता की मांग को लेकर उच्चतम न्यायालय का भी रुख किया है। उन्होंने संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के तहत सोमवार को एक विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की। तृणमूल कांग्रेस के अधिवक्ता और सांसद कल्याण बनर्जी ने भी पुष्टि की है कि उच्चतम न्यायालय के समक्ष याचिका दायर कर दी गयी है।

विधानसभा की कार्यवाही और तृणमूल के चुनाव चिह्न को लेकर चल रहे विवाद के बावजूद ऋतब्रत खेमा अपने रुख पर कायम है। बागी गुट आगामी उपचुनावों के लिए पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुका है। गुट ने नंदीग्राम में मोहम्मद एहतश मुल हक और रेजीनगर में शेख सफीउद्दीन जमां को मैदान में उतारा है। विधानसभा के इन नोटिसों के बाद अब ध्यान उस सात दिन की अवधि पर केंद्रित हो गया है, जिसके भीतर 10 विधायकों को अपना जवाब देना है। उनके जवाबों से ही अध्यक्ष की आगे की कार्रवाई तय होगी।

विधायक इन कार्यवाहियों को अदालत में चुनौती भी दे सकते हैं, जिससे दो प्रतिद्वंद्वी खेमों के बीच जारी कानूनी लड़ाई में एक नया आयाम जुड़ सकता है। तृणमूल के चुनाव चिह्न पर नियंत्रण का विवाद और दोनों गुटों के परस्पर दावे पहले ही चुनाव आयोग तक पहुंच चुके हैं। विधानसभा की इस ताजा कार्रवाई ने छह अक्टूबर के उपचुनावों से पहले राजनीतिक मुकाबले को और अधिक जटिल बना दिया है।

Pic Credit : ANI

दो बेटियां होना मेरे लिए डबल बोनस है : अनिल कपूर

Anil Kapoor

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर का कहना है कि उनकी बेटियां सोनम और रिया उनके लिए डबल बोनस है। अनिल कपूर जल्द ही ‘इंडिया के टॉप 1% : द अनिल कपूर शो’ में नजर आएंगे।

शो के दौरान एक प्रतिभागी ने परिवार को समय देने के लिए काम से ब्रेक लेने के अपने फैसले के बारे में बताया। इस पर अनिल ने अपने जीवन का एक भावुक अनुभव साझा किया।

अनिल ने बताया कि जब रिया का जन्म हुआ था, तब वह लगातार शूटिंग कर रहे थे और अस्पताल देर से पहुंच पाए थे। उन्होंने कहा कि रिया के जन्म के समय वहां नहीं पहुंच पाने का उन्हें आज भी अफसोस है।

अनिल कपूर ने कहा बेटी का होना अपने आप में एक बोनस है और मेरी तो दो बेटियां हैं, सोनम और रिया। इसलिए मेरे लिए यह डबल बोनस है।

Also Read : आठ साल बाद टीवी पर वापसी करेंगी रश्मि देसाई

उन्होंने कहा कि वह अब समझ रहे हैं कि परिवार को समय देना कितना महत्वपूर्ण है। अनिल के अनुसार, उनके दोनों दामाद भी अपने काम और परिवार के बीच अच्छा संतुलन बनाते हैं।

‘इंडिया के टॉप 1%’ में अनिल कपूर के साथ दर्शकों को उनके पारिवारिक और भावुक पक्ष की झलक भी देखने को मिलेगी। शो में 100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जबकि दर्शक जियोहॉटस्टार पर ‘प्ले अलॉन्ग’ के जरिए खेल में शामिल हो सकेंगे और पुरस्कार जीतने का मौका भी पा सकेंगे।

‘इंडिया के टॉप 1% : द अनिल कपूर शो’ का प्रीमियर 19 सितंबर को रात आठ बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।

Pic Credit : ANI

आठ साल बाद टीवी पर वापसी करेंगी रश्मि देसाई

अभिनेत्री रश्मि देसाई करीब आठ साल बाद टीवी फिक्शन में वापसी करने जा रही हैं। रश्मि देसाई स्टार प्लस के आगामी धारावाहिक ‘सयोनी’ में माया की भूमिका में नजर आएंगी।

रश्मि ने बताया कि इस दौरान उन्हें कई टीवी शो के प्रस्ताव मिले, लेकिन उन्होंने ऐसे किरदार और कहानियों की तलाश में उन्हें स्वीकार नहीं किया, जिनसे वह खुद को जोड़ सकें। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ टीवी पर वापसी करने के लिए वापसी नहीं करना चाहती थीं, बल्कि ऐसा किरदार निभाना चाहती थीं जिसे दर्शक लंबे समय तक याद रखें।

Also Read : सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ का ट्रेलर रिलीज

रश्मि देसाई ने कहा, “माया सिर्फ एक किरदार या कल्पना नहीं है। ‘सयोनी’ में मैं एक बहुत ही प्रैक्टिकल किरदार निभाने जा रही हूं। मुझे कई ऑफर्स मिले, लेकिन मैं उनसे खुद को जोड़ नहीं पा रही थी। ‘सयोनी’ में वह स्पार्क है, जिसकी मैं तलाश कर रही थी। मुझे लगता है कि इस शो की कहानी इसके कलाकारों से भी कहीं बड़ी है।”

‘सयोनी’ में रश्मि देसाई के साथ जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग भी नजर आएंगे। यह धारावाहिक 23 सितंबर से शाम 7.30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।

Pic Credit : ANI

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ का ट्रेलर रिलीज

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत फिल्म ‘द वन’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। एकता कपूर निर्मित और दीपक मिश्रा निर्देशित यह फिल्म भारतीय लोककथाओं और अलौकिक शक्तियों पर आधारित रहस्यमयी दुनिया की कहानी पेश करती है।

फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है। ट्रेलर में सिद्धार्थ और तमन्ना के किरदारों के साथ रहस्य, रोमांच और अलौकिक घटनाओं की झलक देखने को मिलती है।

Also Read : शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 333 अंक चढ़ा

फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है। बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर के सहयोग से बनी इस फिल्म को 11:11 प्रोडक्शंस से भी जोड़ा गया है।

फिल्म की कहानी की दुनिया को विस्तार देने के लिए ‘द लीजेंड ऑफ द वन’ नामक कॉमिक भी पेश की गई है। कॉमिक के जरिए फिल्म के रहस्यमयी संसार और उसके किरदारों से जुड़ी कहानी को आगे बढ़ाया गया है। ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : ANI

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 333 अंक चढ़ा

कच्चे तेल में नरमी से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौट आई और बीएसई का सेंसेक्स 333 अंक की बढ़त में बंद हुआ।

सेंसेक्स 245 अंक चढ़कर 74,249 अंक पर खुला और लगभग पूरे दिन हरे निशान में रहा। अंत में यह 332.63 अंक (0.45 प्रतिशत) चढ़कर 74,336.45 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 99 अंक यानी 0.43 प्रतिशत ऊपर 23,217.60 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल में गिरावट रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा एक प्रतिशत फिसलकर 108 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। इससे लगभग सभी प्रमुख एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखी गई। यूरोपीय बाजार भी शुरुआती कारोबार में हरे निशान में रहे।

घरेलू बाजारों में एफएमसीजी, बैंकिंग, वित्त, ऑटो, धातु, मीडिया, रियल्टी और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक ऊपर रहे। आईटी, स्वास्थ्य और फार्मा सेक्टरों में गिरावट रही।

Also Read : हैरी ब्रूक का नाबाद शतक, इंग्लैंड ने टी-20 में श्रीलंका को 119 रनों से रौंदा

वृहत बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.02 प्रतिशत ऊपर रहा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.18 प्रतिशत टूट गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में आईटीसी का शेयर करीब ढाई फीसदी मजबूत हुआ। भारतीय स्टेट बैंक में सवा दो प्रतिशत की तेजी रही। एक्सिस बैंक, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और सन फार्मा के शेयर एक से दो प्रतिशत तक की बढ़त में रहे।

अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटरनल और भारती एयरटेल के शेयर भी हरे निशान में रहे।

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की टीसीएस का शेयर ढाई फीसदी से अधिक लुढ़क गया। अन्य आईटी कंपनियों में इंफोसिस और टेक महिंद्रा के शेयर सवा फीसदी से डेढ़ फीसदी के बीच गिरे। बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, एलएंडटी, इंडिगो, मारुति सुजुकी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा स्टील के शेयर भी नुकसान में बंद हुए।

Pic Credit : ANI

Fendi ने ₹8.3 लाख में बेचा ऐसा बैग, जिसे देखकर लोगों को याद आया नवरात्रि का बाजार; हर्ष गोयनका ने भी उठाए सवाल

इटली के मशहूर लग्जरी फैशन ब्रांड फेंडी का एक हैंडबैग इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। इसकी खासियत इसकी ऊंची कीमत ही नहीं, बल्कि इसका ऐसा डिजाइन है, जिसने कई भारतीय उपयोगकर्ताओं को नवरात्रि के दौरान बाजारों में दिखने वाले रंगीन बैग और पारंपरिक सजावटी सामान की याद दिला दी। मोतियों, शीशों और कढ़ाई से सजे इस बैग की तस्वीरें सामने आते ही लोग इसकी तुलना भारतीय बाजारों में मिलने वाले मिलते-जुलते सामान से करने लगे। मामला तब और सुर्खियों में आ गया, जब उद्योगपति हर्ष गोयनका ने बैग के डिजाइन और कीमत को लेकर सवाल उठाए।

बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ भी इस चर्चा में शामिल हुईं और भारतीय कारीगरों को उचित पहचान दिए जाने की बात कही। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस सिर्फ एक बैग तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारतीय पारंपरिक कला, कारीगरों की मेहनत और वैश्विक फैशन में उनके योगदान को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।

39,500 मोती और 475 शीशों से तैयार हुआ बैग

फेंडी की वेबसाइट पर यह बैग “बैगेट 26424: बहुरंगी री-एडिशन” नाम से दर्ज है। ब्रांड के अनुसार, इसे पूरी तरह हाथ से तैयार किया गया है। इसमें करीब 39,500 मोती और 475 शीशे लगाए गए हैं। कंपनी का कहना है कि इस बैग को तैयार करने में 138 घंटे से अधिक समय लगता है। यह बैग इटली में बनाया गया है और इसकी कीमत करीब 8.3 लाख रुपये बताई गई है।

500 रुपये के बाजार वाले बैग से होने लगी तुलना

बैग की तस्वीर सामने आने के बाद कई भारतीय सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसके चमकीले रंगों और शीशों वाले डिजाइन की तुलना गुजरात समेत भारत के अलग-अलग बाजारों में मिलने वाले पारंपरिक बैग से की। आरपीजी समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने भी इस समानता पर सवाल उठाया। उन्होंने फेंडी के बैग की कीमत की तुलना भारत में मिलने वाले कम कीमत के समान दिखने वाले बैग से करते हुए भारतीय कारीगरों को उचित श्रेय दिए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस मामले की तुलना पिछले साल सामने आए प्रादा के कोल्हापुरी चप्पल विवाद से भी की।

किरण मजूमदार-शॉ ने भी जताई आपत्ति

हर्ष गोयनका की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ ने भी फेंडी के डिजाइन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय पारंपरिक कारीगरी का इस्तेमाल करने के साथ उन कारीगरों को पहचान मिलनी चाहिए, जिन्होंने इन कलाओं को पीढ़ियों तक जीवित रखा है। उनके अनुसार, भारतीय कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान मिलनी चाहिए।

प्रादा के कोल्हापुरी चप्पल विवाद की याद हुई ताजा

फेंडी के बैग को लेकर शुरू हुई बहस ने प्रादा के कोल्हापुरी चप्पल विवाद को भी चर्चा में ला दिया। उस मामले में भी प्रादा के जूतों की डिजाइन की तुलना महाराष्ट्र की पारंपरिक कोल्हापुरी चप्पलों से की गई थी। विवाद के बाद प्रादा ने अपनी वेबसाइट पर कोल्हापुरी जूतियों से जुड़े सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संदर्भ की जानकारी शामिल की थी। इसी पुराने मामले का हवाला देते हुए सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने फेंडी के बैग को लेकर भी भारतीय कारीगरों की पहचान और पारंपरिक कला के व्यावसायिक इस्तेमाल पर सवाल उठाए।

सोशल मीडिया पर अलग-अलग राय

फेंडी के बैग को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की राय एक जैसी नहीं है। कुछ उपयोगकर्ताओं ने इसे भारतीय कारीगरी से मिलता-जुलता बताते हुए ब्रांड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने तो फेंडी के उत्पादों के बहिष्कार की बात भी कही। वहीं, कुछ उपयोगकर्ताओं ने इस बहस का रुख भारत की अपनी फैशन और लग्जरी इंडस्ट्री की ओर मोड़ दिया। उनका सवाल था कि अगर भारतीय डिजाइन और पारंपरिक कारीगरी इतनी समृद्ध है, तो भारत ने इन्हीं कलाओं और डिजाइनों पर आधारित ऐसे वैश्विक ब्रांड क्यों नहीं बनाए, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना सकें।

AI का ऐसा डर कि Google DeepMind के रिसर्चर ने छोड़ दी नौकरी, जानें क्या है वजह

हैरी ब्रूक का नाबाद शतक, इंग्लैंड ने टी-20 में श्रीलंका को 119 रनों से रौंदा

हैरी ब्रूक (नाबाद 114) और जॉश बटलर (80) की शानदार पारियों के बाद सॉनी बेकर (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने पहले टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को 119 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के बल्लेबाजी इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सके और उनकी पूरी टीम 19 ओवरों में 135 रन के स्कोर पर सिमट गई। दुनिथ वेललागे ने श्रीलंका के सर्वाधिक 33 रनों की पारी खेली। इसके अलावा दासुन शनाका (24), पथुम निशंका (12), कामिल मिशारा (10) और कप्तान चरित असलांका (10) रन बनाकर आउट हुये। ईशान मलिंगा पांच गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से सॉनी बेकर ने (तीन विकेट) लिये। लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन को दो-दो विकेट मिले। जॉश टंग, विल जैक्स और आदिल रशीद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Also Read : आईपीएल 2027 की नीलामी भारत में होगी

इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को तीसरे ही ओवर की पहली गेंद पर एन्यूरिन डोनाल्ड (12) रन के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान हैरी ब्रूक ने जॉश बटलर के साथ आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दूसरे विकेट के लिए 128 रन जोड़ कर बड़े स्कोर की नीव रखी। 13वें ओवर की पहली गेंद पर वानिंदु हसरंगा ने शतक की ओर बढ रहे जॉश बटलर को आउट कर पवेलियन भेज दिया। बटलर ने 44 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (80) रन बनाये। इसके बाद टॉम बैंटन (10) और विल जैक्स (21) रन बनाकर आउट हुये। हालांकि इस दौरान हैरी ब्रूक एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। उन्होंने 49 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 114) रन बनाये। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका की ओर से दुष्मंथा चमीरा, ईशान मलिंगा, वानिंदु हसरंगा और दुनिथ वेललागे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Pic Credit : ANI

रेखा गुप्ता 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से करेंगी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को रवाना

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई की ओर से ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ अभियान के तहत निकाली जा रही चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे चरण में 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से यात्रा शुरू होगी जिसे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

भाजपा पंजाब के महासचिव एवं ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के प्रदेश संयोजक राजेश बाघा ने मंगलवार को बताया कि श्रीमती गुप्ता सबसे पहले गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में माथा टेकेंगी और छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह तथा बाबा फतेह सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद वह स्थानीय अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी और फिर यात्रा को रवाना करेंगी।

श्री बाघा ने कहा कि यात्रा के दौरान पंजाब के सामने मौजूद तीन प्रमुख चुनौतियों-नशे की बढ़ती समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और तहसीलों तथा थानों से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक कथित भ्रष्टाचार-को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान नहीं है, बल्कि नशे के कारण पंजाबी पहचान, सांस्कृतिक मूल्यों, चढ़दी कला की भावना और गुरुओं की धरती की गौरवशाली पहचान पर पड़ रहे कथित खतरे के खिलाफ जनमत तैयार करने का प्रयास है।

Also Read : भीलवाड़ा पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, आचार्य पुलक सागर से की धर्मचर्चा

भाजपा नेता ने कहा कि नशे की समस्या से परिवार टूट रहे हैं और विशेष रूप से माताओं एवं बहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना, खेल और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला पंजाब का युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है, जिससे अपराध, हिंसा और गिरोह से जुड़ी गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उपचार का खर्च उठाने के लिए कई परिवारों को कर्ज लेने या जमीन-जायदाद बेचने तक की नौबत आ रही है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

फतेहगढ़ साहिब से शुरू होने वाली दूसरी यात्रा समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, बस्सी पठाना, डेराबस्सी, एसएएस नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी तथा जालंधर में इसका समापन होगा।

Pic Credit : ANI

भीलवाड़ा पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, आचार्य पुलक सागर से की धर्मचर्चा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को भीलवाड़ा पहुंचे।

श्री भागवत ने यहां शास्त्री नगर स्थित सूर्य महल में चल रहे आचार्य पुलक सागर महाराज के चातुर्मास कार्यक्रम में शिरकत करके उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों महानुभावों के बीच करीब 40 मिनट तक महत्वपूर्ण विषयों पर धर्म चर्चा हुई। बातचीत का मुख्य केंद्र बिंदु सामाजिक समरसता, जातिवाद से ऊपर उठकर समाज में एकजुटता कायम करना और राष्ट्र निर्माण में सहयोग जैसे गंभीर मुद्दे रहे। इस दौरान आचार्य पुलक सागर के जीवन पर आधारित और उनकी भक्त सरोज शाह द्वारा लिखित पुस्तक ‘एक और मुक्तिदूत’ का विमोचन भी संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया।

Also Read : योगी ने बुलंदशहर में दिवंगत विधायक के परिजनों से की मुलाकात

चर्चा के दौरान यूजीसीसी के मुद्दे पर भी बातचीत हुई, जिस पर श्री भागवत ने स्पष्ट किया कि यह फिलहाल केवल एक प्रस्ताव के स्तर पर है और समाज को इंसान से इंसान के स्तर पर कभी नहीं बांटा जायेगा । आचार्य पुलक सागर ने बताया कि राजनीति से कोसों दूर यह बैठक पूरी तरह से सामाजिक शांति, आपसी भाईचारे और देश के सर्वांगीण विकास को समर्पित रही।

Pic Credit : ANI