Guwahati Bengaluru IndiGo flight: बाल-बाल बची गुवाहाटी-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट के यात्रियों की जान, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराया विमान का पिछला हिस्सा

Guwahati Bengaluru IndiGo flight: गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 में सवार यात्रियों को लैंडिंग के दौरान असामान्य स्थिति का सामना करना पड़ा। रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान तेज हवाओं की चपेट में आ गया। इससे लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में यात्री और क्रू सदस्यों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

एयरलाइन ने बताया कि गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट दूसरे प्रयास में सुरक्षित लैंड करने में सफल रही। यह घटना रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करते समय हुई। गुवाहाटी-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट को लैंडिंग के लिए पहले अप्रोच के दौरान “असामान्य रनवे कॉन्टैक्ट” का सामना करना पड़ा। एयरक्राफ्ट ने लैंड करने की दूसरी कोशिश करने से पहले अपने पहले अप्रोच के दौरान एक गो-अराउंड किया था। इसके बाद लैंडिंग के दौरान, एयरक्राफ़्ट का पिछला हिस्सा रनवे के कॉन्टैक्ट में आ गया। इंडिगो ने एक बयान में कहा, “सभी कस्टमर और क्रू सुरक्षित हैं और सुरक्षित रूप से उतर गए हैं।”

एयरलाइन ने कहा कि यह घटना तेज हवा के मौसम के दौरान हुई और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था। एयरलाइन ने कहा कि एयरक्राफ्ट का अभी मेंटेनेंस चेक चल रहा है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ऑपरेशन फिर से शुरू हो जाएगा। ऑपरेशन में रुकावट से बचने के लिए बाद की बेंगलुरु-कोयंबटूर सेवा के लिए एक दूसरे विमान का भी इंतजाम किया गया था। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, “हमेशा की तरह, हमारे कस्टमर और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”

अदाणी और GMR के लिए खुल सकता है एयरलाइन कारोबार का रास्ता, सरकार नियम बदलने पर कर रही विचार

भारत सरकार दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट के ऑपरेटरों के लिए एयरलाइन कंपनियों में हिस्सेदारी से जुड़े नियमों में बदलाव पर विचार कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी ये ऑपरेटर किसी एयरलाइन में 10% से ज्यादा हिस्सेदारी नहीं रख सकते। एविएशन मिनिस्टर के. राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार इस पाबंदी को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर रही है।

इस कदम का मकसद देश के एविएशन मार्केट में IndiGo और Air India के दबदबे को कम करना है। दोनों एयरलाइंस मिलकर देश के करीब 90% घरेलू यात्रियों को संभालती हैं। भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट है।

दिल्ली और मुंबई में अलग है नियम

बेंगलुरु जैसे एयरपोर्ट के लिए अपनी एयरलाइन शुरू करने पर ऐसी रोक नहीं है। लेकिन दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट के ऑपरेशन और मैनेजमेंट एग्रीमेंट में ऐसी शर्त है, जो इनके ऑपरेटरों को किसी एयरलाइन पर नियंत्रण रखने से रोकती है।

नायडू ने कहा कि इस नियम में बदलाव पर विचार चल रहा है। हालांकि, अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। Bloomberg News ने सबसे पहले जुलाई में इस प्रस्ताव की जानकारी दी थी।

Adani और GMR के लिए खुल सकता है रास्ता

अगर यह पाबंदी हटती है तो Adani Group और GMR Airports के लिए एयरलाइन कारोबार में उतरने का रास्ता खुल सकता है। Adani Group मुंबई समेत आठ एयरपोर्ट ऑपरेट करता है। वहीं, GMR Airports दिल्ली समेत पांच एयरपोर्ट का संचालन करता है।

यानी नियम बदलने के बाद ये कंपनियां किसी एयरलाइन में बड़ी हिस्सेदारी खरीद सकती हैं या एयरलाइन कारोबार में उतरने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

सरकार चाहती है कम से कम पांच बड़ी एयरलाइंस

एविएशन मिनिस्टर ने कहा कि भारत को कम से कम पांच एयरलाइंस की जरूरत है। इनमें से हर एयरलाइन के पास कम से कम 100 विमान होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार नई एयरलाइन शुरू करने के लिए आवेदन करने वाले किसी भी खिलाड़ी के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार है।

कैसे बढ़ा IndiGo और Air India का दबदबा?

पिछले कुछ वर्षों में भारतीय एविएशन मार्केट में कई बड़े बदलाव हुए हैं। Jet Airways और Go Airlines बंद हो गईं। दूसरी तरफ Vistara और AirAsia India का Tata Group की एयरलाइंस में विलय हो गया।

इसके बाद बाजार में IndiGo और Air India की पकड़ काफी मजबूत हो गई। Akasa Air अभी नई एयरलाइन है। SpiceJet भी चुनौतियों से जूझ रही है। इसके अलावा कुछ छोटी क्षेत्रीय एयरलाइंस हैं, लेकिन उनकी बाजार हिस्सेदारी काफी कम है।

ऐसे में सरकार ज्यादा बड़ी एयरलाइंस खड़ी करना चाहती है। अगर दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट से जुड़ा नियम बदलता है तो Adani Group और GMR जैसे बड़े एयरपोर्ट ऑपरेटर भी इस बाजार में बड़े खिलाड़ी के तौर पर उतर सकते हैं।

SEBI ने अदाणी ग्रुप की पांच कंपनियों का केस ₹1.51 करोड़ में निपटाया, हिंडनबर्ग रिपोर्ट से जुड़ा था मामला

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Air India Express: टेस्ट में पास मगर नौकरी से बर्खास्त, जानें एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने 8 क्रू मेंबर्स पर क्यों की कार्रवाई

Air India Express: भारतीय विमानन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने क्रू के कुछ सदस्यों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए उन्हें बर्खास्त कर दिया है। इनमें चार पायलट और चार केबिन क्रू मेंबर शामिल हैं। एयरलाइन कंपनी ने सभी सदस्या को 3 महीने के लिए सस्पेंड करने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि यह सभी क्रू सदस्य एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के थे, जिन्होंने फ्लाइट लैंड होने के दो घंटे भीतर अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट नहीं दिया।

2 घंटे 35 मिनट के बाद ब्रेथ ऐनेलाइजर टेस्ट देने पहुंचा क्रू

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के नियमों के मुताबिक, इंटरनेशनल फ्लाइट के क्रू को विमान के लैंड होने के दो घंटे के भीतर अल्कोहल टेस्ट देना होता है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में क्रू पहले अपने होटल चला गया क्योंकि एक सदस्य की तबीयत ठीक नहीं थी। हालांकि, इसके बाद सभी सदस्य वापस एयरपोर्ट लौटे और टेस्ट दिया। इस सब में 2 घंटे 35 मिनट का समय बीत चुका था। सभी आठों क्रू मेंबर का टेस्ट बाद में निगेटिव आया, यानी किसी में अल्कोहल नहीं पाया गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने खुद दी डीजीसीए को जानकारी

बाद में पता चलने पर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने खुद इस चूक की जानकारी डीजीसीए को दी और नियमों के तहत तुरंत क्रू को ड्यूटी से हटाकर तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया। यह मामला दो अगस्त का है। दुबई से आई फ्लाइट एएक्स-192 सुबह नौ बजकर पचास मिनट पर अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी। एक सूत्र के मुताबिक, क्रू इंटरनेशनल फ्लाइट के बाद होने वाली कई प्रक्रियाओं, जैसे लॉगबुक एंट्री, कस्टम्स और इमिग्रेशन क्लीयरेंस में उलझा रहा, जिसकी वजह से टेस्ट का ध्यान नहीं रहा। क्रू में दो पायलट इन कमांड, दो को पायलट और चार केबिन क्रू मेंबर थे।

क्यों जरूरी है यह टेस्ट

डीजीसीए के नियमों के तहत फ्लाइट क्रू के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट के बाद ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट देना अनिवार्य है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ड्यूटी के दौरान पायलट और केबिन क्रू ने शराब का सेवन नहीं किया है। इंटरनेशनल फ्लाइट के लैंड होने के बाद तय समय के भीतर यह टेस्ट कराना होता है। इस मामले में सभी आठ क्रू मेंबर्स की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद तय प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नियमों के तहत कार्रवाई की।

Viral Video: लंदन से बांग्लादेश जा रही फ्लाइट में बवाल, हवा में भिड़े दो यात्री…वीडियो हुआ वायरल

Viral Video: लंदन से बांग्लादेश जा रही बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों लोग एक-दूसरे को घूंसे मारते हुए भी नजर आए। इस दौरान एक यात्री की टी-शर्ट भी फट गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ, इसकी अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा कि, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान में सफर कर रहे दो यात्रियों के बीच पहले बहस होती है। कुछ ही देर बाद दोनों आपस में मारपीट करने लगते हैं। इस घटना से फ्लाइट में मौजूद दूसरे यात्री डर गए। बच्चे और बुजुर्ग भी घबरा गए। इसके बाद केबिन क्रू और आसपास बैठे यात्रियों ने बीच में आकर दोनों को अलग किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

टी-शर्ट भी फट गई

वीडियो में काली टी-शर्ट पहना एक यात्री पीछे बैठे सफेद शर्ट वाले दूसरे यात्री को मारता हुआ दिखाई दे रहा है। लड़ाई के दौरान उसकी टी-शर्ट भी फट गई। कुछ देर तक दोनों के बीच मारपीट होती रही। इसके बाद केबिन क्रू और दूसरे यात्रियों ने बीच में आकर दोनों को अलग किया। इस घटना को देखकर फ्लाइट में मौजूद कई यात्री घबरा गए और केबिन के अंदर डर का माहौल बन गया। बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जनरल मैनेजर (पब्लिक रिलेशन)महबूबुद्दीन अहमद ने ढाका ट्रिब्यून को बताया कि, जब उनसे इस मामले के बारे में पूछा गया, तब उन्हें फ्लाइट में हुई इस घटना की जानकारी नहीं थी।

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

Air India new CEO: टाटा ग्रुप की एयर इंडिया को नया CEO मिला, अब टेवोल्डे गेबरमरियम संभालेंगे कमान

Air India new CEO: टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया ने टेवोल्डे गेबरमरियम (Tewolde Gebremariam) को नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त किया है। वह कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे। कंपनी ने 5 अगस्त को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

एयर इंडिया ने बयान में कहा कि यह बदलाव कंपनी के ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम का अहम हिस्सा है। इसका मकसद एयर इंडिया को वर्ल्ड क्लास दिग्गज एयरलाइन बनाना है।

बोर्ड ने किया व्यापक चयन

एयर इंडिया के बोर्ड ने बताया कि नए CEO के चयन के लिए व्यापक प्रक्रिया अपनाई गई। दुनिया भर के आंतरिक और बाहरी उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया। सभी विकल्पों पर विचार करने के बाद बोर्ड ने सर्वसम्मति से टेवोल्डे गेबरमरियम के नाम पर मुहर लगाई।

कंपनी के अनुसार, उनके पास मजबूत नेतृत्व क्षमता है। साथ ही ऑपरेशनल मैनेजमेंट और स्ट्रैटजी को लागू करने का लंबा तजुर्बा भी है। यही वजह है कि उन्हें एयर इंडिया के अगले ग्रोथ स्टेज के लिए सबसे काबिल उम्मीदवार माना गया।

कौन हैं एयर इंडिया के नए CEO टेवोल्डे गेबरमरियम?

इथियोपिया के टेवोल्डे गेबरमरियम (Tewolde Gebremariam) एविएशन इंडस्ट्री के सबसे काबिल वरिष्ठ अधिकारियों में गिने जाते हैं। टेवोल्डे ने अदीस अबाबा यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में स्नातक और ब्रिटेन की ओपन यूनिवर्सिटी से MBA किया है। वह इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स समेत कई वैश्विक एविएशन संस्थाओं से भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने 1985 में इथियोपियन एयरलाइंस से अपने विमानन करियर की शुरुआत की थी।

टेवोल्डे ने इथियोपियन एयरलाइंस में ट्रैफिक ऑफिसर के रूप में काम शुरू किया। इसके बाद कार्गो, मार्केटिंग, सेल्स और ऑपरेशंस समेत कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। 2006 में उन्हें चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) बनाया गया। 2011 में वह इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO बने।

उनके कार्यकाल में चार गुना बढ़ी रेवेन्यू

CEO के रूप में टेवोल्डे गेबरमरियम के नेतृत्व में इथियोपियन एयरलाइंस ने रिकॉर्ड विस्तार किया। कंपनी की रेवेन्यू 1 अरब डॉलर से बढ़कर 4.5 अरब डॉलर से अधिक पहुंच गई। एयरलाइन का फ्लीट 33 विमानों से बढ़कर करीब 130 विमान हो गया। वहीं, यात्रियों की संख्या 30 लाख से बढ़कर 1.2 करोड़ तक पहुंच गई। इसी दौरान इथियोपियन एयरलाइंस अफ्रीका की सबसे बड़ी और सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली एयरलाइन बन गई।

एयर इंडिया मैनेजमेंट ने क्या कहा

टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा, “कैंपबेल विल्सन के नेतृत्व में एयर इंडिया ने बदलाव के शुरुआती दौर का बड़ा काम पूरा कर लिया है। अब कंपनी तेजी से विस्तार और योजनाओं को जमीन पर उतारने के अगले चरण में प्रवेश कर रही है।”

उन्होंने कहा कि टेवोल्डे गेबरमरियम ने दुनिया की सबसे सफल और सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली एयरलाइन कंपनियों में से एक को आगे बढ़ाया है। उनके अनुभव और नेतृत्व पर हमें पूरा भरोसा है कि वह एयर इंडिया को विकास की अगली ऊंचाई तक ले जाएंगे।

शेयर मार्केट में आनी वाली है बहुत बड़ी गिरावट, दिग्गज फंड मैनेजर माइकल बरी ने किया आगाह

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।