हवा में था विमान…अचानक निकलने लगा धुआं, दिल्ली से चेन्नई जा रही IndiGo फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। विमान के अंदर एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से अचानक धुआं निकलने लगा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ये डिवाइस पावर बैंक था। धुआं निकलता देख यात्रियों ने क्रू को इसकी खबर दी। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए फ्लाइट को हैदराबाद के लिए डायवर्ट कर दिया गया। घटना के बाद इंडिगो की फ्लाइट को हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। ये घटना 11 अक्टूबर को इंडिगो की 6E 6115 फ्लाइट में हुआ।

विमान के हैदराबाद उतरते ही सुरक्षा टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, इंडिगो यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अगली फ्लाइट में सीट की व्यवस्था की है। बता दें, इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 को 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरनी थी, लेकिन फ्लाइट 1:30 बजे रवाना हुई। डायवर्ट होने से पहले इसके शाम 4 बजे चेन्नई पहुंचने का समय तय था।

हैदराबाद किया गया डायवर्ट

इंडिगो ने बताया कि, दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6E 6115 को हैदराबाद के लिए डायवर्ट किया गया। एयरलाइन के अनुसार, विमान में एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने के बाद यह फैसला लिया गया। इसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से हैदराबाद उतारा गया। घटना के तुरंत बाद केबिन क्रू ने जरूरी कदम उठाए और स्थिति को काबू में कर लिया। इसके बाद विमान ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

पावर बैंक में लगी आग

एयरलाइन ने कहा, “11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 को एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने के बाद हैदराबाद डायवर्ट किया गया।” बताया जा रहा कि विमान के अंदर धुआं निकलने की घटना एक पावर बैंक से जुड़ी थी। केबिन में धुआं फैलने के बाद यात्रियों के बीच चिंता का माहौल बन गया और एयरपोर्ट पर आपातकालीन मदद की जरूरत पड़ी। हालांकि, विमान के हैदराबाद में उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फ्लाइट का कराया गया इंतजाम

फ्लाइट डायवर्ट होने के बाद इंडिगो ने यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम शुरू कर दिए। एयरपोर्ट अधिकारी के मुताबिक, यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए अगली उपलब्ध फ्लाइट में सीट दिलाई जाएगी। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए उन्हें रिफ्रेशमेंट दिया जा रहा है और आगे की यात्रा से जुड़ी व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, यात्रियों को स्थिति के बारे में समय-समय पर जानकारी भी दी जा रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान ने हैदराबाद में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के बाहर निकाल लिया गया।

Guwahati Bengaluru IndiGo flight: बाल-बाल बची गुवाहाटी-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट के यात्रियों की जान, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराया विमान का पिछला हिस्सा

Guwahati Bengaluru IndiGo flight: गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 में सवार यात्रियों को लैंडिंग के दौरान असामान्य स्थिति का सामना करना पड़ा। रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान तेज हवाओं की चपेट में आ गया। इससे लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में यात्री और क्रू सदस्यों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

एयरलाइन ने बताया कि गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट दूसरे प्रयास में सुरक्षित लैंड करने में सफल रही। यह घटना रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करते समय हुई। गुवाहाटी-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट को लैंडिंग के लिए पहले अप्रोच के दौरान “असामान्य रनवे कॉन्टैक्ट” का सामना करना पड़ा। एयरक्राफ्ट ने लैंड करने की दूसरी कोशिश करने से पहले अपने पहले अप्रोच के दौरान एक गो-अराउंड किया था। इसके बाद लैंडिंग के दौरान, एयरक्राफ़्ट का पिछला हिस्सा रनवे के कॉन्टैक्ट में आ गया। इंडिगो ने एक बयान में कहा, “सभी कस्टमर और क्रू सुरक्षित हैं और सुरक्षित रूप से उतर गए हैं।”

एयरलाइन ने कहा कि यह घटना तेज हवा के मौसम के दौरान हुई और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था। एयरलाइन ने कहा कि एयरक्राफ्ट का अभी मेंटेनेंस चेक चल रहा है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ऑपरेशन फिर से शुरू हो जाएगा। ऑपरेशन में रुकावट से बचने के लिए बाद की बेंगलुरु-कोयंबटूर सेवा के लिए एक दूसरे विमान का भी इंतजाम किया गया था। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, “हमेशा की तरह, हमारे कस्टमर और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”