भारत बनाम जापान के महामुकाबले को मिले TV और OTT के ब्रॉडकास्टर्स

जापान और भारत के बीच होने वाले एक ही मैच (टी20 मैच) के लिए ब्रॉडकास्टर खोजने की कोशिशें खत्म हो चुकी हैं। भारत के दर्शक इस एतिहासिक मैच को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स पर और ओटीटी पर फैन कोड पर देख सकेंगें। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

वहीं जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) टोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में 22 सितंबर को होने वाले मैच के ब्रॉडकास्ट राइट्स हासिल करने के लिए आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स के साथ बातचीत कर रही है।

चूंकि यह मैच आइची-नागोया में एशियाई खेलों के साथ-साथ हो रहा है, इसलिए इसका प्रोडक्शन करना आयोजकों के लिए लॉजिस्टिकल और ऑपरेशनल चुनौती होगी। हालांकि, माना जा रहा है कि जेसीए मैच के ब्रॉडकास्ट राइट्स के लिए आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स के साथ समझौता ज्ञापन साइन करने के करीब है।

गौरतलब है कि दोनों देशों की पुरुष टीमें भारत-जापान डिप्लोमैटिक रिलेशन की 75वीं सालगिरह के जश्न को शुरू करने के लिए एक टी 20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी। सुज़ुकी कप मंगलवार, 22 सितंबर को टोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा।

यह मैच “स्पोर्ट 75” का पहला कदम होगा, यह एक पहल है जो जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक समिट के दौरान हुए समझौते से निकली है और इसका मकसद खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के लेन-देन और सहयोग को बढ़ावा देना है।

इस मैच का एक पहलू यह भी है कि टीम को जापान में एशियन गेम्स से पहले माहौल में ढलने में भी मदद मिलेगी। इस कारण संभवत जो भारत की टीम एशियाई खेलों में खेलेगी वही इस मैच में भी शिरकत करते हुए मिलेगी।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी।

भारत के खिलाफ T20I के लिए जापान की टीम: केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिंजे, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कादोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोता, जेक कुसुदा नेयर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रियो सकूरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पातमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया स्लेटर, डेकलन सुजुकी मैकॉम्ब, सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोतो तनियामा, लचलन यमामोतो लेक।

Abishek Porel: कभी ऋषभ पंत के बने थे रिप्लेसमेंट…कौन हैं अभिषेक पोरेल? अब रेप केस में हुए गिरफ्तार

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के लिए खेलने वाले भारतीय क्रिकेटर अभिषेक पोरेल मुश्किल में फंस गए हैं। आईपीएल में पिछले चार सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे पोरेल को सोमवार रात हुगली जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया। उन पर एक महिला ने शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्रिकेटर को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। आइए जानते हैं कौन है अभिषेक पोरेल

हुगली (रूरल) के पुलिस सुपरिटेंडेंट कुनार भूषण सिंह ने बताया, “अभिषेक पोरेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उनकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से आदेश भी जारी हुआ था। उन्हें सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया और आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।”

क्या है पूरा मामला

कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस थाने में अभिषेक पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा का आरोप है कि, दोनों करीब साढ़े तीन साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस की टीम कई बार चंदननगर स्थित पोरेल के घर भी पहुंची, लेकिन उस समय वह घर पर नहीं मिले। पुलिस ने अभिषेक पोरेल को सोमवार देर रात मोगरा इलाके से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है। मामले में BNS की धारा 69 भी शामिल है।

कौन है अभिषेक पोरेल

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल की टीम का भी हिस्सा रहे हैं। अभिषेक पोरेल बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले विकेटकीपर हैं। उन्होंने 2023 में आईपीएल में डेब्यू किया था और अब तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35 मैच खेल चुके हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने टीम के लिए चार मुकाबले खेले और चार पारियों में कुल 108 रन बनाए। इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल ने की थी।

वहीं बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 32 मैच खेलकर 1408 रन बनाए हैं। 23 लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 833 रन और 61 टी20 मैचों में 1590 रन हैं। पोरेल ने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया है। वह अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग के लिए भी जाने जाते हैं।

डेकेट ने शतक लगाकर और बेथल ने 91 रन बनाकर बनाया भारतीय गेंदबाजी का कीमा

ENGvsIND बेन डकेट की 141 रन की शानदार पारी और जैकब बेथेल के साथ पहले विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी के बूते इंग्लैंड ने रविवार को निर्णायक तीसरे एकदिवसीय मैच में तीन विकेट पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।तीन मैचों की यह श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर है।

शतकवीर डकेट ने अनुभवहीन भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की जमकर धुनाई की और मैच पर पूरी तरह इंग्लैंड की पकड़ मजबूत कर दी।भारत को मैच से पहले ही बड़ा झटका लगा, जब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने में लगी चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए। उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम को भारी पड़ी और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया।

इस मैच में खेल रहे भारत के चार तेज गेंदबाजों प्रसिद्ध कृष्णा (10 ओवर में 69 रन देकर दो विकेट), अर्शदीप सिंह (10 ओवर में 72 रन), प्रिंस यादव (10 ओवर में 79 रन देकर एक विकेट) और गुरनूर बराड़ (10 ओवर में 97 रन) के संयुक्त खाते में महज 51 एकदिवसीय मैचों का अनुभव था। अनुभव और धार की कमी के कारण वे शानदार लय में बल्लेबाजी कर रही इंग्लैंड की टीम पर दबाव बनाने में नाकाम रहे।

डकेट और बेथेल (93 गेंदों में 91 रन) ने अपनी योजना और शानदार बल्लेबाजी से भारतीय गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया। शुरुआती 10 ओवर के पावरप्ले में इंग्लैंड ने 58 रन बनाए, लेकिन 11वें से 30वें ओवर के बीच दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और तेजी से रन बटोरे।

दोनों की 192 रन की साझेदारी भारत के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए इंग्लैंड की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी बन गयी। डकेट ने इसके साथ ही ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर वनडे की सबसे बड़ी पारी के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स (इंग्लैंड के खिलाफ 1979 में नाबाद 138 रन) के 47 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

भारत को अक्षर पटेल (10 ओवर में 61 रन) के अलावा दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर की कमी खली, ऐसे में कुलदीप यादव को मौका नहीं देने पर सवाल उठ रहे हैं।डकेट ने अपनी शानदार पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया, जबकि शुरुआत में अधिक सहज दिख रहे बेथेल ने 11 चौके और एक छक्का जड़ा। वह हालांकि प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर बाउंड्री के पास रोहित शर्मा को कैच देकर शतक से चूक गए।

इसके बाद शानदार लय में चल रहे जो रूट ने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए। यह इस श्रृंखला में उनका लगातार तीसरा अर्धशतक था, जिसकी मदद से इंग्लैंड का स्कोर 350 के पार पहुंचा। अंत में जोस बटलर ने भी सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 41 रन की विस्फोटक पारी खेली।

गुरनूर बराड़ के लिए यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कठिन अनुभव साबित हुआ और उन्होंने अपने 10 ओवर में लगभग 100 रन लुटा दिए।पारी की शुरुआत में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को लॉर्ड्स के प्रसिद्ध ढलान (स्लोप) पर अपनी लेंथ नियंत्रित करने में दिक्कत हुई। बेथेल ने उनकी गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाया और फिर मिडविकेट और मिड-ऑन के बीच शानदार चौका भी जड़ा।

लंबे समय बाद इस प्रारूप में वापसी कर रहे अर्शदीप सिंह भी अपनी लाइन पर नियंत्रण नहीं रख सके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने कई बार बेथेल को परेशान किया, लेकिन बीच-बीच में ढीली गेंदें भी फेंकीं, जिनका बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया।

बेथेल ने केवल 51 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इंग्लैंड ने 16वें ओवर में ही 100 रन पूरे कर लिए। तब तक भारतीय गेंदबाज 15 चौके खा चुके थे और उनकी लाइन-लेंथ इतनी खराब रही कि दोनों सलामी बल्लेबाज आसानी से लय में आ गए। पूरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने 42 चौके और छह छक्के खाए।

जसप्रीत बुमराह के बिना गेंदबाजी करने उतरा भारत, इंग्लैंड ने चुनी बल्लेबाजी

ENGvsIND इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को यहां भारत के खिलाफ श्रृंखला के तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।तीन मैच की श्रृंखला फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारत को इस मुकाबले में अपने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की सेवाएं नहीं मिलेंगी जो घुटने की चोट के कारण टीम से बाहर हैं।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय जसप्रीत बुमराह के बाएं घुटने में चोट लगी थी। इसके कारण वह तीसरे वनडे के चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। ’’भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को अंतिम एकादश में शामिल किया।

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल,  प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स,  सैम कुरेन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोस टंग, आदिल राशिद।

IND vs ENG 3rd ODI: लॉर्ड्स में होगा वनडे सीरीज का फैसला, क्या बारिश डालेगी मुकाबले में खलल?

IND vs END 3rd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार, 19 जुलाई को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर दोपहर 3:30 से खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड दोनों ही अब तक एक-एक मैच जीत चुकी हैं, इसलिए जो भी टीम ये मुकाबला जीतेगी वह सीरीज पर कब्जा कर लेगी। ऐसे में दोनों टीमों के खिलाड़ी जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगे। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। वहीं मुकाबला शुरू होने से पहले जानें कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट

क्या बारिश डालेगी मुकाबले में खलल?

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन आसमान साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान करीब 13 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और बारिश की आशंका बेहद कम है। वहीं हवा में नमी सामान्य रहने की उम्मीद है। शुरुआती ओवरों में हल्की हवा तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद दे सकती है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम क्रिकेट खेलने और मैच देखने के लिए अनुकूल रहने का अनुमान है। दोनों टीमों को पूरे 50-50 ओवर का मुकाबला खेलने का मौका मिल सकता है।

कैसी होगी लॉर्ड्स की पिच

लॉर्ड्स की पिच को संतुलित माना जाता है, जहां बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को मदद मिलने की संभावना रहती है। मैच की शुरुआत में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को सीम और उछाल मिल सकता है, जिससे शुरुआती ओवर काफी अहम होंगे। इसके बाद पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाती है और रन बनाना आसान हो जाता है। वहीं, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों को भी पिच से टर्न और पकड़ मिलने की उम्मीद रहती है।

टॉस जीतने वाली टीम को क्या करना चाहिए?

लॉर्ड्स की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम आमतौर पर 270 से 290 रन के बीच का स्कोर बनाने की कोशिश करती है। ऐसे में मुकाबले में टॉस की भूमिका अहम रहती है, लेकिन यही मैच का फैसला नहीं करता। इस मैदान पर पिच दोनों टीमों को बराबर मौका देती है, इसलिए बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम के जीतने की संभावना अधिक रहती है।

कहां पर देखें लाइव मुकाबला

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और निर्णायक वनडे मैच 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। क्रिकेट प्रशंसक इस मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे, जबकि ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

भारत और इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग 11

भारत की संभावित प्लेइंग 11: शुभमन गिल (कैप्टन), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (वाइस-कैप्टन), केएल राहुल (WK), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार

इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग 11: विल जैक्स, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कैप्टन), जोस बटलर (WK), सैम करन, जैकब बेथेल, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद, गस एटकिंसन

भारत और इंग्लैंड की पूरी टीम

इंडिया की ODI स्क्वॉड: शुभमन गिल (कैप्टन), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (वाइस-कैप्टन), केएल राहुल (WK), ईशान किशन (WK), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार।

इंग्लैंड की ODI टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट, जोश टंग।

तीसरे एकदिवसीय मैच से बाहर हुए ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर

वॉशिंगटन सुंदर रविवार को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे से बाहर हो गए हैं। भारत के इस ऑलराउंडर के पैर में गुरुवार को कार्डिफ़ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान चोट लग गई थी। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड की पारी में मैदान पर उतरकर फ़ील्डिंग भी नहीं की। उनकी गैरमौजूदगी में भारत कुलदीप यादव को प्लेइंग XI में शामिल कर सकता है।

सोफ़िया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में वॉशिंगटन ने पांच गेंदों पर दो रन बनाए। पारी के दौरान ब्रेक में फिज़ियो उनकी जांघ पर स्ट्रैपिंग करते दिखाई दिए थे। आउट होने के बाद भी वह स्पष्ट रूप से असहज दिखे थे।
मैच के बाद भारत के बल्लेबाज़ी कोच सितांशु कोटक ने कहा, “वॉशिंगटन को मिड ऑफ़ की तरफ़ पहला रन लेते समय चोट लगी थी। मुझे लगता है कि उनकी हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट है और अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए।”

एक समय रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी में टीम के किनारे पर रहने वाले वॉशिंगटन अब तीनों फ़ॉर्मेट में भारत के अहम खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले वनडे में विजयी छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई थी और उसी के साथ अपना अर्धशतक भी पूरा किया था। तीन मैचों की सीरीज़ फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।

भारत वॉशिंगटन को उनकी बल्लेबाज़ी से मिलने वाली अतिरिक्त गहराई के कारण बेहद अहम मानता है। मौजूदा दौरे पर टीम के पास उनका सीधा विकल्प मौजूद नहीं है। दूसरे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और हार्दिक पंड्या पहले से ही चोटिल हैं।केएल राहुल बीमारी के कारण दूसरा वनडे नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह इशान किशन को मौका मिला था। अगर भारत को लगता है कि वॉशिंगटन की गेंदबाज़ी के बिना भी काम चल सकता है, तो लॉर्ड्स में राहुल और किशन दोनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। अन्यथा टीम को कुलदीप यादव को मौका देना पड़ सकता है।

बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप का आईपीएल 2026 सीज़न अच्छा नहीं रहा था। इसके बाद से वह सभी फ़ॉर्मेट मिलाकर भारत के पिछले 13 मैचों में सिर्फ़ एक मुकाबला ही खेल सके हैं।

अश्विन ने हाल ही में कुलदीप को पर्याप्त मौके नहीं मिलने पर बात करते हुए कहा था, “दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप तक आपको कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर तीनों की ज़रूरत होगी। पहले वनडे में अक्षर और वॉशिंगटन दोनों ने अर्धशतक लगाकर हमें जीत दिलाई। लेकिन मुझे लगता है कि भविष्य में इन दोनों में से सिर्फ़ एक के लिए ही जगह होगी। मैं चाहता हूं कि कुलदीप के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए, क्योंकि वह मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं।”

कुलदीप भारत के लिए वनडे में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष 10 गेंदबाज़ों में शामिल हैं। उन्होंने 121 मैचों में 194 विकेट लिए हैं। अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में वह दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों, दोनों को अपनी गेंदों से चकमा देने की क्षमता रखते हैं। हालांकि बल्लेबाज़ी में उनकी सीमित क्षमता कई बार उनकी टीम में जगह पर भारी पड़ी है।

विश्वकप 2027 की योजना में नहीं रविंद्र जड़ेजा, जल्द ले सकते हैं संन्यास

रोहित शर्मा के बाद भारत के एक दिग्गज ऑलराउंडर की बल्ला टांगने की खबर आ रही है। यह नाम भी रोहित शर्मा के समकालीन ही रहा है। रविंद्र जड़ेजा जो महेंद्र सिंह धोनी और फिर रोहित शर्मा की कप्तानी में चैंपियन्स ट्रॉफी जीते वह अब भारतीय एकदिवसीय टीम में जगह नहीं बना पाएंगे क्योंकि वह टीम प्रबंधन की विश्वकप 2027 की योजनाओं में नहीं है।

गौरतलब है कि ऑलराउंडर रविंद्र जड़ेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली एकदिवसीय सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से फ्लॉप रहे। 3 मैचों में उन्होंने 14 की औसत से 43 रन बनाए। पूरी सीरीज में वह सिर्फ एक बार ही गेंद को सीमा पार भेज पाए।

वहीं गेंद से तो वह एक विकेट के लिए तरसते रह गए। पहले मैच में उन्होंने 9 ओवर में 56 रन दिए। दूसरे मैच में उन्होंने 8 ओवर में 44 रन दिए और अंतिम मैच में उन्होंने 6 ओवर में 41 रन दिए। कुल मिलाकर वह 21 ओवर में 141 रन देकर भी एक विकेट नहीं ले सके।रविंद्र जड़ेजा 37 साल के हो चुके हैं और अक्षर पटेल की जगह ले रहे हैं जो टीम को कई अहम मौकों पर गेंद और बल्ले से मैच जितवा चुके हैं।

फरवरी में फैंस की इस मांग को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गंभीरता से लिया और माना कि वह उनके ही कलेवर के बल्लेबाज और गेंदबाज अक्षर पटेल को दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले एकदिवसीय विश्वकप में ले जाना चाहते हैं।इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में उनका चयन नहीं हुआ था लेकिन अब यह खबर सामने आ रही है। रविंद्र जड़ेजा चाहे तो संन्यास ले सकते हैं या फिर अगली एकदिवसीय सीरीज से खुद को ड्रॉप होते हुए देख सकते हैं।

ऐसा रहा है करियर

रविंद्र जड़ेजा के सफेद गेंद के करियर पर नजर डालें तो वह 210 मैच खेल चुके हैं। 32 की औसत के साथ उन्होंने 2905 रन बनाए हैं। इसमें 12 अर्धशतक शामिल है। इस प्रारुप में गेंद से उन्होंने 232 विकेट निकाले हैं। इसमें 7 बार 4 विकेट और 2 बार 5 विकेट लेना शामिल है।

वहीं टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 74 मैच खेले और 21 की औसत से 515 रन बना पाए। इसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है। वहीं इस प्रारुप में वह सिर्फ 54 विकेट ही निकाल पाए।

हालांकि टेस्ट क्रिकेट में उनकी उपयोगिता को नकारा नहीं जा सकता। साल 2012 से शुरु हुआ रविंद्र जड़ेजा का क्रिकेट करियर अब ढलान पर है। 89 मैचों में उन्होंने 38.3 की औसत से 4095 रन बनाए हैं। जिसमें 6 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने 25 की औसत से 348 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 17 बार 4 विकेट और 15 बार 5 विकेट चटकाए हैं।टेस्ट क्रिकेट में उनको कितना मौका मिलता है यह देखने वाली बात होगी।

विराट और श्रेयस के अर्धशतक के बावजूद भारत इंग्लैंड के खिलाफ 233 रनों पर सिमटा

 

ENGvsIND श्रेयस अय्यर (66) और विराट कोहली (65) के अर्धशतकों से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ गुरूवार को दूसरे वनडे में 44 ओवर में 233 रन का स्कोर बनाया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम के मध्यक्रम ने पूरी तरह से निराश किया है।

अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुन्दर और शिवम दुबे के विकेट गुच्छों में गिरे। उससे पहले ऐसा प्रतीत हो रहा था कि भारतीय टीम आसानी से 300 के स्कोर को पार कर सकती है। हालांकि जोफ़्रा आर्चर, साकिब महमूद और गस एटकिंसन ने कमाल का काउंटर अटैक किया। कोहली के विकेट पतन के बाद सबसे बड़ी साझेदारी 20 रनों की हुई, जो श्रेयस और बुमराह के बीच हुई। परिणाम यह रहा कि भारतीय टीम एक सम्मानजनक स्कोर से भी थोड़ी सी दूर रह गई।

श्रेयस ने 71 गेंदों पर 66 रन की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि विराट कोहली ने 66 गेंदों पर 65 रन में आठ चौके लगाए। कप्तान शुभमन गिल ने 33 और ओपनर रोहित शर्मा ने 26 रन का योगदान दिया। जसप्रीत बुमराह ने 13 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर भारत को 233 तक पहुंचाया। यह मेन इन ब्लू की तरफ से सबसे भरोसेमंद बैटिंग नहीं थी।

शुभमन गिल ने तेज़ शुरुआत दी, लेकिन रोहित शर्मा लय में नहीं दिखे और कुछ शुरुआती राहत मिलने के बावजूद इसका फ़ायदा नहीं उठा पाए। विराट कोहली ने एक अच्छी हाफ सेंचुरी के साथ पारी को संभाला, जबकि श्रेयस अय्यर ने एक कीमती पारी खेलकर भारत को एक सम्मानजनक टोटल तक पहुंचाया।

जसप्रीत बुमराह ने कुछ ज़रूरी रन जोड़े, जिससे भारत को आखिर में एक और धक्का मिला। इंग्लैंड की बॉलिंग पूरी टीम की परफॉर्मेंस थी। जोफ्रा आर्चर ने तीन अहम विकेट लेकर लीड किया, जबकि गस एटकिंसन ने भी तीन विकेट लेकर उनकी बराबरी की। साकिब महमूद ने भी दो विकेट लिए, जिससे यह पक्का हो गया कि भारत कभी भी कोई मोमेंटम न बना पाए। पहली पारी में पेसरों ने नौ विकेट लिए।

कार्डिफ में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, भारत ने किया एक बदलाव

ENGvsIND कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वहीं टीम में दो बदलाव है। जोश टंग और लियाम डॉसन की जगह साकिब महमूद और गस एटिंकसन आए हैं। वहीं भारत की ओर से एक बदलाव है। विकेटकीपर केएल राहुल अस्वस्थ है और उनकी जगह ईशान किशन ने ली है।

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतने के बाद कहा, ”हमें उम्मीद है कि इस सतह से हमें सीम मूवमेंट मिलेगा। बल्लेबाज़ी में सुधार करने की आवश्यकता है। इंग्लैंड में दो बदलाव है।गस एटकिंसन और साक़िब महमूद एकादश में शामिल हैं, जॉश टंग और लियाम डॉसन बाहर हैं।”

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ”हम भी पहले गेंदबाज़ी ही करते। मैं फ़िट हूं, पिछला गेम हमारे लिए परफ़ेक्ट गेम था इसलिए हम इस मैच में भी वही प्रदर्शन दोहराने का प्रयास करेंगे। जिस तरह से बाद में हमारे तेज़ गेंदबाज़ों ने वापसी की वो बेहतरीन था। हमारे एकादश में एक बदलाव है, केएल राहुल बीमार हैं इसलिए उनकी जगह पर इशान किशन आए हैं।”

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान),इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा,  गुरनूर बराड़

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, सैम कुरेन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, आदिल राशिद

अक्षर ने गेंद और बल्ले से भारत को दिलाई इंग्लैंड पर पहले वनडे में 6 विकेट से जीत

ENGvsIND कप्तान शुभमन गिल (80 रिटायर्ड हर्ट) की शानदार पारी, अक्षर पटेल (चार विकेट और नाबाद 57) के बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) के अर्धशतक की बदौलत भारत ने अपनी लगातार हार का सिलसिला तोड़ते हुए इंग्लैंड को पहले वनडे में मंगलवार को 28 गेंद शेष रहते छह विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

इंग्लैंड ने जो रूट (नाबाद 76) और लियाम डासन (68) ने बेहतरीन अर्धशतकों से नाजुक स्थिति से उबरते हुए 47.5 ओवर में 258 रन का स्कोर बनाया। लेकिन भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट पर 262 रन बनाकर जीत अपने नाम की। भारत इससे पहले आयरलैंड में दो टी20 और इंग्लैंड में लगातार चार टी20 हार गया था। भारत ने इस वनडे में शानदार जीत से लगातार हार का सिलसिला तोड़ दिया।

भारत की इस जीत के नायक रहे गिल और बापू के नाम से मशहूर अक्षर पटेल। गिल ने 75 गेंदों पर 80 रन की आतिशी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने अक्षर ने 52 गेंदों पर नाबाद 57 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया। वाशिंगटन सुंदर ने 63 गेंदों पर नाबाद 52 रन में चार चौके और एक छक्का लगाया। अक्षर ने इससे पहले इंग्लैंड की पारी में आखिरी चारों विकेट झटकते हुए मेजबान की पारी 47.5 ओवर में 258 रन पर समेट दी थी।

अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा (11) और विराट कोहली (5) के सस्ते में आउट हो जाने के बाद गिल ने श्रेयस अय्यर (35) के साथ 101 रन की बेहतरीन साझेदारी कर भारत को जीत की पटरी पर डाल दिया था। गिल ने इससे पहले रोहित के साथ ओपनिंग साझेदारी में 43 रन जोड़े थे।अक्षर पटेल ने सुंदर के साथ 102 रन की मैच विजयी अविजित साझेदारी की।

भारतीय टीम ने आख़िरकार इस बार के इंग्लैंड दौरे पर पहली जीत हासिल कर ली। मैच में पहले गेंदबाज़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड 258 के स्कोर पर रोक दिया था। उसके बाद कप्तान गिल, अक्षर और वॉशिंगटन के अर्धशतकों ने भारत को जीत तक पहुंचा दिया। 2022 के बाद से इंग्लैंड के ख़िलाफ़ यह भारत की छठी वनडे जीत है।

भारतीय तेज गेंदबाजों गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और जसप्रीत बुमराह ने कहर बरपाते हुए इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 107 रन कर दिया। लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल ने आखिर में चार विकेट लेकर इंग्लैंड को 258 रन पर ढेर कर दिया, इंग्लैंड ने 30 रन जोड़कर अपने अंतिम चार विकेट गंवाए।

इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी मुख्यत: तीन चरणों में रही। पहले सलामी बल्लेबाज़ों ने पहले छह-सात ओवर में काफ़ी अच्छा संयम दिखाते हुए अटैक किया। लेकिन उसके बाद उन्होंने गुच्छों में विकेट गंवाया। 107 के स्कोर पर छह विकेट गिर चुके थे। हालांकि उसके बाद जो रूट और डॉसन के बीच शतकीय साझेदारी हुई और परिणाम यह रहा कि उनकी टीम 260 के करीब पहुंचने में सफल रही। भारतीय टीम के तेज़ गेंदबाज़ों ने पहले कमाल की गेंदबाज़ी की। उसके बाद अक्षर पटेल ने चार विकेट झटक कर इंग्लैंड को 280 तक नहीं पहुंचने दिया।

अक्षर ने 62 रन पर चार विकेट, प्रसिद्ध कृष्णा ने 50 रन पर दो विकेट, गुरनूर बराड़ ने 61 रन पर दो विकेट, बुमराह ने 31 रन पर एक विकेट और शिवम दुबे ने 27 रन पर एक विकेट लिया।