Babri Demolition Row: ‘बाबर अब भी कांग्रेस के दिल में है’; बाबरी विध्वंस पर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर BJP का तीखा पलटवार

Babri Demolition Row: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बाबरी विध्वंस पर की गई टिप्पणी को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि इससे जाहिर होता है कि बाबर पहले भी कांग्रेस के दिल में था और आज भी है। सोनिया गांधी ने कहा था कि 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विध्वंस देखते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। पार्टी ने गांधी के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि उन्होंने मस्जिद का विध्वंस टीवी पर देखा था। अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन से पहले ‘द गार्डियन’ को दिए एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने याद किया कि टेलीविजन पर मस्जिद का विध्वंस देखते हुए वह रो पड़ी थीं।

ब्रिटिश अखबार के मुताबिक, सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें उस समय ही एहसास हो गया था कि महात्मा गांधी, नेहरू और उनके सहयोगियों ने जिस धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रयास किया था, उसके लिए उन्हें लंबी लड़ाई लड़नी होगी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि उनकी पार्टी की विफलताओं ने BJP और उसकी कट्टर हिंदुत्व की राजनीति के उभार में कुछ हद तक योगदान दिया। उन्होंने कहा था, “मुझे लगता है कि कई मायनों में हम बहुत निश्चिंत रहे हैं। हमारा रवैया कुछ हद तक लापरवाही भरा था।”

BJP का तीखा पलटवार

सोनिया गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा, “इससे जाहिर होता है कि बाबर उस समय भी कांग्रेस के दिल में था और आज भी उसके दिल में है।” त्रिवेदी ने कहा कि सोनिया गांधी की टिप्पणी का मतलब है कि कांग्रेस अब महात्मा गांधी के ‘राम राज्य’ से दूर होकर ‘बाबर राज’ तक सिमट गई है। BJP प्रवक्ता ने यह आरोप भी लगाया कि सोनिया गांधी की टिप्पणी से स्पष्ट है कि कांग्रेस दोहरे चेहरे वाली पार्टी है और ये केवल मुस्लिम समुदाय के साथ नहीं खड़ी होती, बल्कि मुसलमानों के कट्टरपंथी तत्वों के साथ भी खड़ी होती है।

BJP के राज्यसभा सदस्य ने कहा, “राजीव गांधी ने 1989 में अयोध्या से भगवान राम का नाम लेकर अपना चुनाव प्रचार शुरू किया था। आज सोनिया गांधी बाबरी का जिक्र करके, गाजा के लिए दुख जताकर और बाटला हाउस मुठभेड़ के आरोपियों के लिए आंसू बहाकर कांग्रेस की असली सोच उजागर कर रही हैं।” त्रिवेदी ने कहा, “सोनिया गांधी, आपके परिवार की तीन पीढ़ियों ने बिना आमंत्रण के बाबर की कब्र पर जाकर सजदा किया है। जवाहरलाल नेहरू ने 1959 में, इंदिरा गांधी ने 1968 में और राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के साथ 2005 में उसकी कब्र पर जाकर सजदा किया था।” उन्होंने कहा, “आपके दिल में वास्तव में क्या है, यह अब सामने आ गया है।”

बाबरी विध्वंस को याद कर भावुक हुईं सोनिया गांधी

दरअसल, सोनिया गांधी ने 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना को याद करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने टेलीविजन पर बाबरी मस्जिद के विध्वंस की तस्वीरें देखी थीं, तो वह बेहद भावुक हो गई थीं और अपने आंसू नहीं रोक पाई थीं। सोनिया गांधी ने उस घटना को याद करते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद का गिराया जाना उनके लिए बेहद दुखद अनुभव था। उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है।

ये भी पढ़ें- Elephant Maya Photo: अनंत अंबानी ने दी 18 महीने की हथिनी ‘माया’ को नई उम्मीद! केरलम से एयरलिफ्ट कर Vantara लाया गया; विशेष इलाज शुरू

सोनिया गांधी के इंटरव्यू का लिंक शेयर करते हुए उनके बेटे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने X पर लिखा, “सार्वजनिक जीवन में 60 साल, और आज भी आप वैसी ही हैं। आप पर गर्व है, मां।” ‘हार्पर कॉलिन्स इंडिया’ द्वारा प्रकाशित सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ एक निजी संस्मरण है, जिसमें राजनीति को उन्होंने पृष्ठभूमि या उनके शब्दों में कहें, तो एक तरह के ढांचे के रूप में रखा है।

Elephant Maya Photo: अनंत अंबानी ने दी 18 महीने की हथिनी ‘माया’ को नई उम्मीद! केरलम से एयरलिफ्ट कर Vantara लाया गया; विशेष इलाज शुरू

Elephant Maya: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी की पहल पर गुजरात स्थित वन्यजीव संरक्षण केंद्र ‘वंतारा’ ने केरलम की 18 महीने की बीमार हथिनी ‘माया’ को बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब उसका विशेष इलाज शुरू हो चुका है। यह हाथी का बच्चा अब अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो सकता। उसके आगे के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हैं। गंभीर रूप से बीमार माया को विशेष इलाज के लिए 5 नवंबर को केरलम से एयरलिफ्ट कर जामनगर स्थित Vantara के अत्याधुनिक अस्पताल पहुंचाया गया। ‘माया’ की हालत बेहद नाजुक है।

उसे सीने में संक्रमण और लंबे समय तक एक ही स्थिति में पड़े रहने के कारण शरीर पर घाव भी हो गए हैं। माया को बचाने के लिए Vantara की विशेष पशु चिकित्सा टीम जुट गई है। यहां उसे 24 घंटे निगरानी, दर्द कम करने का इलाज और आधुनिक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पूरे अभियान की पहल Vantara के संस्थापक अनंत अंबानी ने की है।

जिंदगी की शुरुआत से ही संघर्ष कर रही है माया

माया की कहानी बेहद भावुक कर देने वाली है। 19 अप्रैल 2025 को केरल के मालयाट्टूर डिवीजन के काप्रिक्काड इलाके में वह नवजात अवस्था में नदी किनारे अकेली मिली थी। बताया गया कि उसका झुंड नदी पार कर गया था, लेकिन वह पीछे छूट गई थी। जब वन विभाग की टीम ने उसे देखा, तब उसकी हालत बेहद कमजोर थी। 18 महीने की ‘माया’ को पहले दयामृत्यु देने की सिफारिश की गई थी।

हालांकि, वनतारा की ओर से विशेष इलाज और मेडिकल जांच की पेशकश किए जाने के बाद ‘माया’ को विशेष विमान से गुजरात के जामनगर ले जाया गया। करीब 125-130 किलोग्राम वजन वाली ‘माया’ में ऑस्टियोपीनिया (हड्डियों के कमजोर होने से जुड़ी बीमारी) का पता चला था।

खड़ी होने या चलने में असमर्थ

इस बीमारी के कारण वह खड़ी होने या चलने में असमर्थ थी। कमजोरी के कारण वह खुद से दूध पीने में भी सक्षम नहीं थी। इसके बाद सहायक वन पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिनॉय सी. बाबू और देखभाल करने वालों की टीम ने उसकी जिम्मेदारी संभाली। एक साल से अधिक समय तक उसे चौबीसों घंटे दूध पिलाया गया और उसकी देखभाल की गई। इसी दौरान उसका नाम ‘माया’ रखा गया।

खेलते समय लगी चोट, धीरे-धीरे बिगड़ती गई हालत

जुलाई 2026 में खेलते समय माया फिसल गई। इससे उसके कंधे में गंभीर चोट लग गई। शुरुआत में उसका इलाज फिजियोथेरेपी, स्प्लिंट और पोषण संबंधी सप्लीमेंट्स के जरिए किया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी हड्डियां लगातार कमजोर होती चली गईं। अक्टूबर के आखिरी दिनों तक स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि ‘माया’ अपने पैरों पर खड़ी भी नहीं हो पा रही थी।

उसके दोनों अगले पैरों में फ्रैक्चर हो गया। इसके साथ ही उसे सीने में संक्रमण और लंबे समय तक एक ही जगह पड़े रहने के कारण प्रेशर सोर्स यानी दबाव से होने वाले घाव भी विकसित हो गए। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों के सामने इलाज की चुनौती बढ़ गई थी। उसके बचने की उम्मीद बेहद कम बताई जा रही थी।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने तलाशा इलाज का नया रास्ता

‘माया’ की गंभीर स्थिति को देखते हुए केरल के मुख्य वन्यजीव वार्डन डॉ. पी. पुगाझेंडी, IFS ने उसके इलाज के लिए विशेषज्ञों की राय लेने का फैसला किया। इसके बाद पद्मश्री डॉ. कुशल कोंवर सरमा से संपर्क किया गया, जो हाथियों के इलाज के जाने-माने विशेषज्ञ और Vantara के पशु चिकित्सा सलाहकार हैं। डॉ. सरमा ने माया की स्थिति का आकलन करते हुए पैराथायरॉइड से जुड़ी संभावित बीमारी की आशंका जताई।

उनके मुताबिक, इस समस्या का इलाज संभव हो सकता है। Vantara के एलीफेंट केयर सेंटर के प्रमुख पशु चिकित्सक डॉ. यदुराज खड़पेकर ने भी इस संभावना से सहमति जताई। इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि ‘माया’ को बचाने के लिए इलाज का हर संभव विकल्प आजमाया जाना चाहिए।

इलाज के बाद केरल लौटेगी माया

Vantara की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ‘माया’ की देखभाल की जिम्मेदारी केरलम सरकार के पास ही रहेगी। जामनगर में उसका इलाज पूरा होने के बाद उसे वापस केरलम के अभयारण्य (Abhayaranyam) लाने की व्यवस्था की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य ‘माया’ को बेहतर से बेहतर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराकर उसकी जिंदगी बचाने की हर संभव कोशिश करना है।

Vantara के CEO श्री विवान करानी ने ‘माया’ की हालत और उसके इलाज को लेकर भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा, “माया ने अपनी जिंदगी के हर एक दिन के लिए संघर्ष किया है। अब हमारी बारी है कि हम उसके लिए लड़ें। हमारी टीम एक पल के लिए भी उसका साथ नहीं छोड़ेगी। आज हम सभी से अपील करते हैं कि इस नन्ही जान के लिए प्रार्थना करें। हर जीवन मायने रखता है और माया का जीवन हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है।”