भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराया

एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का गोल करने का सिलसिला बुधवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में पूल बी के मैच में भी जारी रहा। भारतीय टीम ने थाईलैंड को 20-1 से करारी शिकस्त दी।

आज यहां खेले गये मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से फॉरवर्ड , ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ और स्टार खिलाड़ी दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए सबसे अधिक नौ गोल दागे। दीपिका ने (दूसरे, आठवें, नौं, 24वें’, 33वें, 36वें, 39वें, 51वें, 57वें) मिनट में गोल किए और इस प्रतियोगिता मात्र तीन मैचों में अपने कुल गोल की संख्या 20 तक पहुंचा दी।

इसके अलावा नवनीत कौर ने (चौथे, 29वें, 35वें, 51वें) और रुतुजा पिसल ने (10वें, 11वें, 47वें) मिनट में गोल किये। इन दोनों ने आइची-नागोया में लगातार दूसरी हैट्रिक लगाई। नेहा ने (19वें), लालरेम्सियामी हमारज़ोटे (26वें), साक्षी राणा ने (29वें) और कप्तान सलीमा टेटे ने (45वें) इस बड़ी जीत में योगदान दिया, जबकि थाईलैंड के लिए सुपांसा समंसो (57वें) मिनट में एक सांत्वना गोल किया।

Also Read : नेशनल अवॉर्ड लेकर लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे कार्तिक आर्यन

एशियन गेम्स की महिला हॉकी में भारत की यह सबसे बड़ी जीतों में से एक थी। इससे पहले, हांग्झू 2023 में कांस्य पदक जीतने वाले भारत ने अपने पहले मैच में उज़्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था और दूसरे मैच में इंडोनेशिया पर 17-1 से दबदबा बनाया था।

मैच की शुरुआत में ही दीपिका ने गोलों की बारिश शुरू कर दी। उन्होंने शुरुआती 10 मिनट में हैट्रिक पूरी की, जिसमें तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। नवनीत कौर ने भी एक गोल किया और रुतुजा पिसल ने दो और गोल किए, जिससे भारत ने पहला क्वार्टर 6-0 की बढ़त के साथ समाप्त किया।

एफआईएच महिला हॉकी रैंकिंग में आठवें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम ने हाफ-टाइम हूटर से पहले पांच और गोल किए। तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने कई गोल किए और आखिरी पीरियड में 16-0 की बढ़त के साथ प्रवेश किया। दुनिया की 25वें नंबर की टीम थाईलैंड के लिए आखिरी क्वार्टर में थोड़ी राहत मिली; उन्होंने चार गोल खाए लेकिन सुपांसा समंसो के पेनल्टी कॉर्नर से एक गोल करने में भी कामयाब रहे।

भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को एशियाई खेल के अपने अगले पूल बी मैच में मेजबान जापान का सामना करेगी। सिंगापुर इस ग्रुप की पांचवीं टीम है।

Pic Credit : UNI

नेशनल अवॉर्ड लेकर लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे कार्तिक आर्यन

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ‘चंदू चैंपियन’ के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे और अपना सम्मान बप्पा के चरणों में रखकर आशीर्वाद लिया। कार्तिक ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचकर अपनी इस उपलब्धि के लिये कृतज्ञता व्यक्त की। 

Also Read : ‘दुपहिया 2’ में फिर नजर आएंगे मनोज सिंह टाइगर

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के ठीक एक दिन बाद वह बप्पा के दर्शन करने पहुंचे। त्योहारों के दौरान गणपति का आशीर्वाद लेने की अपनी परंपरा के तहत कार्तिक इस बार अपने साथ राष्ट्रीय पुरस्कार भी लेकर पहुंचे।

कार्तिक को ‘चंदू चैंपियन’ में पैरालंपिक चैंपियन मुरलीकांत पेटकर की भूमिका के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है।

Pic Credit : UNI

‘दुपहिया 2’ में फिर नजर आएंगे मनोज सिंह टाइगर

अभिनेता मनोज सिंह टाइगर वेब सीरीज ‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन में अपने खास देसी अंदाज में नजर आएंगे। सीरीज का ट्रेलर जारी हो चुका है।रंगमंच से अभिनय की शुरुआत करने वाले मनोज टाइगर ने भोजपुरी सिनेमा के साथ हिंदी फिल्मों और ओटीटी पर भी अपनी पहचान बनाई है। ‘दुपहिया’ के पहले सीजन में उनके सहज अभिनय और कॉमिक टाइमिंग ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। दूसरे सीजन के ट्रेलर में भी उनका वही अंदाज देखने को मिल रहा है।

Also Read : अमेरिका सैन्य दबाव कम करे, तो सात दिन में होर्मुज जलडमरूमध्य खोल सकते हैं: ईरान

मनोज टाइगर ने लंबे समय तक रंगमंच पर काम किया है। ‘आखिरी पाती’ और ‘मांस का रुदन’ उनके चर्चित नाटकों में शामिल हैं। भोजपुरी सिनेमा में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्होंने हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अभिनय किया।

वह तेलुगु फिल्म ‘अहिंसा’, ‘लव स्टोरी 2’, ‘दशमी’ और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ में नजर आ चुके हैं। आने वाले समय में वह ‘पति पत्नी और वो 2’ में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और विजय राज के साथ दिखाई देंगे। इसके अलावा दक्षिण भारतीय फिल्म ‘विक्रमादित्य’ समेत कई फिल्मों और वेब सीरीज में भी वह काम कर रहे हैं।

‘दुपहिया 2’ के ट्रेलर के बाद दर्शकों की नजर अब मनोज टाइगर के किरदार और उनके अभिनय पर है।

Pic Credit : UNI

अमेरिका सैन्य दबाव कम करे, तो सात दिन में होर्मुज जलडमरूमध्य खोल सकते हैं: ईरान

ईरान ने कहा है कि यदि अमेरिका उस पर सैन्य दबाव कम करता है और ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटाने पर सहमत होता है तो वह सात दिन के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल सकता है। एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इससे ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक बातचीत फिर शुरू होने की संभावना बनती दिख रही है। अधिकारी ने कहा कि अमेरिका को पहले कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने के लिए औपचारिक प्रतिबद्धता जतानी होगी और बातचीत के लिए समय सीमा पर सहमत होना होगा।

अधिकारी के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के लिए न्यूयॉर्क पहुंचा ईरान का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ बातचीत फिर शुरू करने के लिए पूरी तरह अधिकृत है। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में मध्यस्थ किसी समझौते की शर्तों पर बातचीत शुरू कर सकते हैं, जिसका उद्देश्य लड़ाई खत्म करना होगा। ईरान 16 सितंबर को ही मध्यस्थों के जरिए अपना प्रस्ताव अमेरिका तक पहुंचा चुका है।

अधिकारी ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र महासभा अमेरिका के लिए कूटनीति की ओर लौटने का सुनहरा अवसर है।” उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका ठोस कदम उठाता है तो ईरान फिर से बातचीत का स्वागत करेगा।

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान मंगलवार को महासभा में हिस्सा लेने के लिए तेहरान से न्यूयॉर्क रवाना हुए। अधिकारी ने कहा कि श्री पेजेश्कियान की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात नहीं होगी।

ये बयान रविवार को ईरान के सैन्य केंद्रीय कमान की ओर से जारी बयान के बाद आए हैं। सैन्य कमान ने कहा था कि उसे जानकारी मिली है कि अमेरिका क्षेत्रीय देशों के समर्थन से फिर से सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है। उसने चेतावनी दी थी कि किसी भी नये हमले का ईरान “बिना किसी सीमा और विचार के” जवाब देगा।

Also Read : चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव: निर्वाचन आयोग

जहाजरानी विश्लेषण कंपनी केप्लर के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही युद्ध से पहले के स्तर का बहुत छोटा हिस्सा रह गई है। सोमवार को केवल दो मालवाहक जहाज जलडमरूमध्य पार कर सके, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 10 थी। इनमें पनामा के झंडे वाला एक सुपरमैक्स जहाज और लाइबेरिया के झंडे वाला एक बल्क कैरियर शामिल था।

समुद्री खुफिया कंपनी मेरिस्क के अनुसार, जलडमरूमध्य से गुजरते समय दो अन्य जहाज अलग-अलग घटनाओं में क्षतिग्रस्त हुए। सोमवार को आइल ऑफ मैन के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर एलआर स्टेफनी जलडमरूमध्य में प्रवेश करते समय एक अज्ञात प्रक्षेप्य की चपेट में आ गया, जिससे चालक दल के दो सदस्य मामूली रूप से घायल हुए।

इससे एक दिन पहले लाइबेरिया के झंडे वाले एलपीजी टैंकर अल मरियाह को जलडमरूमध्य से बाहर निकलते समय निशाना बनाया गया था। दोनों जहाज अपनी बाकी यात्रा जारी रखने में सक्षम रहे। मेरिस्क ने कहा कि इन हमलों के लिए जिम्मेदारी की पुष्टि नहीं हुई है और दोनों जहाज सार्वजनिक रूप से जारी ईरानी फारस की खाड़ी-होर्मुज जलडमरूमध्य प्राधिकरण की गैर-अनुपालन वाले जहाजों की सूची में दिखाई नहीं देते थे।

केप्लर ने चेतावनी दी कि उसके आंकड़ों में वे जहाज शामिल नहीं हैं, जिन्होंने अपनी स्थिति छिपाने के लिए स्वचालित पहचान प्रणाली के ट्रांसपोंडर बंद कर दिए हों। फरवरी में युद्ध शुरू होने से पहले हर दिन करीब 125 बड़े वाणिज्यिक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते थे। इनमें तेल टैंकर, गैस वाहक, बल्क कैरियर और कंटेनर जहाज शामिल थे। इस जलमार्ग से दुनिया की दैनिक कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस की आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत गुजरता है।

लाल सागर के दक्षिणी छोर पर स्थित बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही अपेक्षाकृत स्थिर रही। सोमवार को 26 जहाज इस जलमार्ग से गुजरे, जो एक दिन पहले की संख्या के बराबर है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की संभावना का असर ऊर्जा बाजारों पर भी पड़ा है। ईरान के प्रस्ताव के बाद खाड़ी से तेल की आपूर्ति बढ़ने की संभावना को देखते हुए कारोबारियों के आकलन के बीच मंगलवार को ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत दो सप्ताह के निचले स्तर पर आ गई।

Pic Credit : UNI

चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव: निर्वाचन आयोग

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा कि आगामी 23 अक्टूबर को चार राज्यों में विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 28 सीटों के लिए चुनाव होंगे। इन 28 सदस्यों का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर में समाप्त हो रहा है। ये सीटें बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश विधान परिषद की हैं।

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विशेष चुनावी क्षेत्र होते हैं, जहां केवल निर्धारित योग्यता रखने वाले स्नातक और शिक्षक ही विधान परिषद के सदस्यों (एमएलसी) का चुनाव करते हैं।

Also Read : राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव की घोषणा

संविधान का अनुच्छेद 171 विधान परिषदों (विधान परिषद) और उनकी संरचना से संबंधित है तथा ऐसे मतदाताओं के लिए कुछ निर्वाचन क्षेत्रों का प्रावधान करता है।

निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार, बिहार में विधान परिषद की आठ सीटें रिक्त होने वाली हैं, जिनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की चार-चार सीटें हैं। कर्नाटक में चार सीटें रिक्त होंगी, जिनमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की हैं।

इसी तरह, महाराष्ट्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की दो सीटें रिक्त होंगी।

उत्तर प्रदेश में 11 सीटें रिक्त होंगी। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की पांच और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की छह सीटें शामिल हैं।

Pic Credit : UNI

राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव की घोषणा

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की राज्यसभा की 12 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की, जिसमें सबसे दिलचस्प मुकाबला उत्तर प्रदेश में होने के आसार हैं जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी 10 में से आठ सीटें बरकरार रख सकती है तथा समाजवादी पार्टी को एक सीट का फायदा मिल सकता है।

इन 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होगा। भाजपा की राज्यसभा में कुल संख्या में एक सीट का इजाफा होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल की एकमात्र सीट भाजपा के खाते में जाने की संभावना है। यह सीट अभिनेत्री रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। कोयल के नाम से मशहूर रुक्मिणी को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने राज्यसभा भेजा था, लेकिन इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी के सत्ता से बाहर होने के बाद उन्होंने सदन से इस्तीफा दे दिया था।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा में मौजूदा दलगत स्थिति के आधार पर भाजपा नीत गठबंधन के आठ सीटें बरकरार रखने की संभावना है, जबकि सपा की संख्या बढ़कर दो होने की संभावना है।

इस चुनाव के बाद मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का संसद में कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा। पार्टी का लोकसभा में कोई सदस्य नहीं है और अगस्त में अपने एकमात्र उत्तर प्रदेश विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उसने विधानसभा में भी अपना एकमात्र सदस्य खो दिया। बसपा के एकमात्र राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है।

गौतम के अलावा उत्तर प्रदेश से जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बी.एल. वर्मा और सीमा द्विवेदी तथा सपा महासचिव राम गोपाल यादव शामिल हैं।

Also Read : अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के सम्मान

पुरी का केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने रहना इस बात पर निर्भर करेगा कि भाजपा उन्हें एक और कार्यकाल के लिए फिर से नामित करती है या नहीं।

उत्तर प्रदेश की दसवीं रिक्त होने वाली सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के पास थी। इस सीट के लिए रिक्ति इसी महीने की शुरुआत में हुई, जब अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

बसपा ने 2020 में गौतम को राज्यसभा भेजने में सफलता हासिल की थी, जब भाजपा ने 10 सीटों के लिए केवल आठ उम्मीदवार उतारे थे। इससे बसपा और सपा दोनों को एक-एक सदस्य निर्विरोध निर्वाचित कराने का मौका मिला था।

गौतम निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इससे पहले सपा समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो गया था, जिसके बाद सपा ने भाजपा और बसपा के बीच मिलीभगत होने का आरोप लगाया था।

उत्तर प्रदेश में भाजपा नीत गठबंधन के पास करीब 290 विधायक हैं, जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन के पास लगभग 103 विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 37 मतों की जरूरत होगी।

भाजपा सात सीटों पर आसानी से जीत हासिल कर सकती है, जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन दो सीटें जीत सकता है। अंतिम सीट के लिए भाजपा के पास प्रथम वरीयता वाले करीब 31 मत और सपा-कांग्रेस के पास करीब 29 मत होने का अनुमान है।

उत्तराखंड में भाजपा के राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के पास विधानसभा में स्पष्ट बहुमत है और उसके इस सीट को बरकरार रखने की संभावना है।

चुनाव के लिए अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर होगी। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान और मतगणना 16 अक्टूबर को होगी।

Pic Credit : UNI

अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को भारतीय सिनेमा की शीर्ष हस्तियों को वर्ष 2024 के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया और इस दौरान दिग्गज कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया गया, जबकि यामी गौतम, ममूटी और कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। आदित्य सुहास जांभले द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी और मंगलवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की भव्य पृष्ठभूमि में आयोजित इस समारोह ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।

अभिनेता से निर्देशक बने रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला, जबकि राजकुमार पेरियासामी को तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला।

यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में अपने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। वहीं, ममूटी और कार्तिक आर्यन ने क्रमशः ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में अपने अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार साझा किया।

सुमिरा रॉय द्वारा निर्देशित एवं निर्मित ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जिसे रॉय ने प्राप्त किया। संजीव श्रीवास्तव ने राष्ट्रपति से हिंदी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का पुरस्कार प्राप्त किया।

सच्चाना नामीदास को तमिल फिल्म ‘महाराजा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, जबकि रोपाश्री वर्काडी को कन्नड़ फिल्म ‘मिथ्या’ के लिए दूसरी सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

Also Read : मुंबई उच्च न्यायालय ने सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर लगाया प्रतिबंध

अभिषेक जैन द्वारा निर्देशित ‘मारण’ को सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया। तेलुगु फिल्म ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’ को सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन का पुरस्कार मिला, जबकि बंडरेड्डी सुकुमार को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार दिया गया।

आर कलाईवन्नन को तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार मिला। मनोज मुंतशिर को फिल्म ‘मैदान’ के गीत ‘जाने दो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला। बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्रा को ‘भक्षक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला।

अभय जोधपूरकर को मराठी फीचर फिल्म ‘घरत गणपति’ के ‘नवसाची गौरी माझी’ गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का पुरस्कार मिला, जबकि वैकोम विजयलक्ष्मी को मलयालम फिल्म ‘एआरएम’ के ‘अंगू वाना कोनिलु’ गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पुरस्कार दिया गया।

शाश्वत सचदेव को ‘आर्टिकल 370’ के गानों के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार मिला, जबकि जी वी प्रकाश कुमार को ‘अमरन’ के ‘बैकग्राउंड म्यूजिक’ के लिए सम्मानित किया गया।

‘आर्टिकल 370’ को कुल तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले, जिनमें सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन शामिल हैं। विजय गांगुली को ‘स्त्री 2’ के ‘आज की रात’ गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार मिला। इन पुरस्कारों के जरिए भारतीय सिनेमा में फीचर फिल्मों, गैर-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों को सम्मानित किया जाता है।

Pic Credit : UNI

मुंबई उच्च न्यायालय ने सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर लगाया प्रतिबंध

मुंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाते हुए कहा कि ध्वनि और वायु प्रदूषण के बिना भी त्योहार मनाए जा सकते हैं।

न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने गणेशोत्सव के दौरान यह आदेश पारित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि धार्मिक जुलूसों में लाउडस्पीकर, ‘डीजे’ और ‘लेजर बीम’ का उपयोग पूरी तरह से अनुचित है।

अदालत ने कहा, “क्या हम लाउडस्पीकर और पटाखों का उपयोग करके भगवान से अतिरिक्त आशीर्वाद प्राप्त करने जा रहे हैं? एक जिम्मेदार समाज के रूप में हमें इन सब पर रोक लगानी चाहिए। उदाहरण के लिए वारी यात्रा (पंढरपुर की पैदल तीर्थयात्रा) को ही ले लीजिए। इसे बिना किसी लाउडस्पीकर या शोर-शराबे के बेहद शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाता है।

Also Read : जमुई मामले पर बदनामी झेल रहा बिहार, सम्राट चौधरी इस्तीफा दें: तेजस्वी यादव

अदालत ने धार्मिक यात्राओं के दौरान होने वाले गंभीर ध्वनि और वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सोमवार को स्वतः संज्ञान लिया था। महाराष्ट्र सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता मिलिंद साठे ने कहा कि मुंबई पुलिस ने नौ सितंबर से 26 सितंबर के बीच बिना अनुमति के पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश पारित किया है। उन्होंने बताया कि पटाखों और लाउडस्पीकर पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है।

इसके बाद अदालत ने सवाल किया कि क्या इस आदेश का पालन किया जा रहा है। अदालत ने कहा, “यह केवल कागजों पर अच्छा है। इसका उल्लंघन साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। न्यायाधीशों ने कहा कि वे सड़कों पर पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश पारित करेंगे और अधिकारियों को जुलूसों के दौरान शोर के स्तर को नियंत्रित करने तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी कदम उठाने का निर्देश देंगे।

Pic Credit : UNI

जमुई मामले पर बदनामी झेल रहा बिहार, सम्राट चौधरी इस्तीफा दें: तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमुई जिले में एक नाबालिग लड़के और लड़की से कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बिहार की बदनामी हो रही है’’ और राज्य में ‘‘गुंडाराज’’ का माहौल है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। यह शर्मनाक है कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कुछ नेता इस घटना को यह कहकर सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं।’’

तेजस्वी ने कहा कि इस तरह के बयान देने वाले राजग नेताओं को बिहार की जनता से तत्काल माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यह कल्पना से परे है कि इस तरह की बातें कही जा रही हैं। इससे यह पता चलता है कि सत्ता में बैठे लोग एक ऐसे कृत्य को किस तरह पेश कर रहे हैं, जो न केवल जघन्य है बल्कि समाज के लिए भी शर्मनाक है।’’

राजद नेता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक पुराने बयान का भी उल्लेख किया। चौधरी ने एक बयान में कहा था कि बिहार में आधी रात को भी कोई महिला को छू नहीं सकता और अगर ऐसा हुआ तो वह इस्तीफा दे देंगे।

Also Read : जमुई छेड़छाड़ मामला: मुठभेड़ के बाद दो आरोपी समेत पांच लोग गिरफ्तार

तेजस्वी ने कहा कि जमुई की घटना के बाद मुख्यमंत्री को अपने ही शब्दों का सम्मान करते हुए पद छोड़ देना चाहिए। रविवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जमुई में कुछ लोगों का एक समूह एक लड़के और लड़की से कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ करते हुए देखा गया था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया।

इस बीच, ललन सिंह ने मंगलवार को जारी एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुई घटना बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली है। लेकिन विपक्ष इस मामला का राजनीतिकरण कर रहा है। उसे याद रखना चाहिए कि वर्ष 2006 से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज कायम है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष को 2005 से पहले का बिहार भी याद रखना चाहिए, जब बेटियां और महिलएं सूर्यास्त के बाद घर से निकलने से डरती थीं। हम पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और सरकार भी उनके साथ है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में हर अपराधी को कानून के अनुसार सजा मिलेगी।

Pic Credit : UNI

जमुई छेड़छाड़ मामला: मुठभेड़ के बाद दो आरोपी समेत पांच लोग गिरफ्तार

बिहार के जमुई जिले में एक लड़के और लड़की से कथित तौर पर बदसलूकी करने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही 19 सितंबर को हुई इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों में से एक नंदन यादव के पैर में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि नंदन का सहयोगी हरेराम यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में घुटने में चोट लगने से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस सोमवार से आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी।

Also Read : शुरुआती तेजी के बाद 330 अंक लुढ़का सेंसेक्स

डीआईजी ने जमुई से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘नंदन और हरेराम दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले हमने तीन नाबालिगों को पकड़ा था।’’

उन्होंने बताया, ‘‘हरेराम और नंदन के स्वस्थ होने के बाद पूछताछ के आधार पर कुछ और लोगों को पकड़ा जा सकता है। वीडियो क्लिप से यह स्पष्ट नहीं था कि घटना में कितने लोग शामिल थे। हालांकि, यह कहा जा सकता है कि मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। दरअसल, समूह का नेतृत्व करने वाला हरेराम ही था, जो वीडियो में चेहरे पर गमछा बांधे दिखाई दे रहा था।’’

एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले लड़की और लड़के को एक समूह ने सड़क पर पकड़ लिया तथा उनसे कथित तौर पर बदसलूकी की। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई लेकिन सोमवार को घटना से जुड़े वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह मामला सामने आया।

Pic Credit : UNI