आमतौर पर छुट्टी पर जाते समय कर्मचारी एक छोटा और सीधा Out-of-Office मेल भेजते हैं, जिसमें बस छुट्टी की तारीख और जरूरी काम के लिए संपर्क करने वाले व्यक्ति की जानकारी होती है। लेकिन एक कर्मचारी ने इस आम से ऑफिस मेल को अपने मजेदार अंदाज से बिल्कुल अलग बना दिया। उसके मेल में छुट्टी के दौरान काम से दूरी, घूमने-फिरने और जिंदगी का आनंद लेने की बातें इस तरह लिखी गईं कि पढ़ने वालों का ध्यान खींच लिया। मामला तब चर्चा में आया, जब इस अनोखे मेल का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।
इसके बाद लोगों के बीच बहस छिड़ गई कि ऑफिस के ऐसे मेल मजेदार और क्रिएटिव होने चाहिए या फिर उनमें सिर्फ जरूरी जानकारी ही दी जानी चाहिए। कुछ लोगों को कर्मचारी का अंदाज काफी मजेदार लगा, जबकि कुछ ने इसे जरूरत से ज्यादा दिखावा बताया।
Nantucket में छुट्टी, लेकिन अंदाज बिल्कुल अलग
यह कर्मचारी अमेरिका के मैसाचुसेट्स के पास मौजूद Nantucket द्वीप पर छुट्टियां मनाने गया था। उसने अपने OOO मेल में लिखा कि वह वहां सीप, लॉब्स्टर रोल और ठंडी रोजे वाइन के सहारे यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर कितने दिन बिना काम के रहा जा सकता है। मेल में उसने मजाकिया अंदाज में बताया कि फिलहाल ऑफिस के काम की जगह लंबे लंच और छुट्टियों का मजा ज्यादा जरूरी है। साथ ही उसने साफ कर दिया कि वह ईमेल चेक नहीं करने वाला है और जरूरी काम के लिए सहकर्मियों से संपर्क किया जा सकता है।
वापसी की तारीख भी मजेदार अंदाज में बताई
कर्मचारी ने बताया कि वह 24 अगस्त को वापस लौटेगा। लेकिन सामान्य तरीके से सिर्फ तारीख बताने के बजाय उसने लिखा कि उम्मीद है तब तक वह आराम कर चुका होगा, थोड़ा टैन हो चुका होगा और खुद को जरूरत से ज्यादा अच्छा नाविक समझने लगेगा।
मेल के आखिर में भी उसने मजाक जारी रखा। उसने कहा कि अगर वह वापस नहीं आया, तो इसकी दो वजह हो सकती हैं या तो उसने किसी पुराने अमीर परिवार में शादी कर ली होगी या फिर उसे Nantucket में आखिरकार पार्किंग की जगह मिल गई होगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ स्क्रीनशॉट
इस अनोखे OOO मेल का स्क्रीनशॉट एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। उसने इसे अब तक का सबसे शानदार Out-of-Office मेल बताया। पोस्ट सामने आते ही लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ यूजर्स को कर्मचारी का यह अंदाज बेहद मजेदार लगा, जबकि कई लोगों ने इसे जरूरत से ज्यादा दिखावटी बताया।
किसी को मजेदार लगा, किसी ने कहा- बस तारीख बता देते
एक यूजर ने कहा कि ऐसे OOO मेल काफी परेशान करने वाले होते हैं और सामने वाले को इससे कोई मतलब नहीं होता कि कर्मचारी छुट्टी में क्या कर रहा है। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि कर्मचारी को सिर्फ अपनी छुट्टी की तारीख और जरूरी काम के लिए संपर्क करने वाले व्यक्ति की जानकारी देनी चाहिए थी। उसके मुताबिक, किसी को यह जानने में दिलचस्पी नहीं होती कि आप छुट्टी में कहां हैं और क्या कर रहे हैं।
this is easily the greatest OOO email i’ve ever recieved and its not even close pic.twitter.com/jUAbqil7iV
— Jerry Ragonese (@FlowGo37) August 20, 2026
AI के इस्तेमाल पर भी छिड़ी बहस
कुछ लोगों ने इस मेल को पढ़कर इसे ChatGPT से लिखा हुआ बताया। कई कमेंट्स में दावा किया गया कि यह मजेदार जरूर है, लेकिन इसकी भाषा पूरी तरह AI जैसी लगती है। हालांकि, कुछ यूजर्स कर्मचारी के बचाव में भी आए। एक व्यक्ति ने कहा कि ऐसे मेल तभी बुरे लगते हैं जब छुट्टी के दौरान बॉस भी OOO का जवाब देते हुए मीटिंग का बुलावा भेज दे। एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि उसने भी अपनी लंबी छुट्टी के लिए कुछ ऐसा ही मेल लिखा था, लेकिन उसके बॉस के बॉस ने उसे अपना अंदाज बदलने की सलाह दे दी थी।
कुल मिलाकर, एक साधारण छुट्टी का मेल सोशल मीडिया पर ऐसी बहस छेड़ गया कि लोगों के बीच सवाल खड़ा हो गया क्या ऑफिस में थोड़ा मजाकिया अंदाज अच्छा लगता है या OOO मेल में सिर्फ जरूरी जानकारी ही होनी चाहिए?



