Oil India Q2 Results: महारत्न PSU स्टॉक ने किया ₹7 डिविडेंड का ऐलान, स्टैंडअलोन मुनाफा सालाना 116% उछला

सरकारी तेल कंपनी Oil India के सितंबर तिमाही के नतीजों में दो तस्वीरें एक साथ दिखीं। पिछले साल से तुलना करें तो कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा दोगुने से भी ज्यादा हो गया, पर जून तिमाही के मुकाबले इसमें 21.3% की गिरावट आई और मार्जिन भी सिकुड़ा। नतीजों के साथ बोर्ड ने 7 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

तिमाही आधार पर मुनाफा और मार्जिन दबाव में

सितंबर तिमाही में स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 2,259.42 करोड़ रुपये रहा, जो जून तिमाही में 2,870.21 करोड़ रुपये था। एक्साइज ड्यूटी घटाकर ऑपरेशंस से रेवेन्यू 1.4% बढ़कर 8,071.2 करोड़ रुपये पहुंचा, जो पिछली तिमाही में 7,958.1 करोड़ रुपये था।

असली दबाव ऑपरेटिंग कमाई पर दिखा। EBITDA 26.5% घटकर 3,001 करोड़ रुपये पर आ गया, जो जून तिमाही में 4,084 करोड़ रुपये था। इन आंकड़ों के हिसाब से EBITDA मार्जिन करीब 51.3% से घटकर करीब 37.2% पर आ गया।

सालाना आधार पर 116% की छलांग

पिछले साल की इसी तिमाही से तुलना करें तो स्टैंडअलोन मुनाफा 1,044 करोड़ रुपये से 116% बढ़ा है। कंपनी ने इसकी दो वजहें बताई हैं, क्रूड उत्पादन में 20% की बढ़ोतरी और क्रूड की कीमत में 35% का इजाफा। कंपनी को इस तिमाही में प्रति बैरल 92.24 डॉलर मिले, जबकि एक साल पहले ये 68.19 डॉलर था।

कंसॉलिडेटेड आधार पर मुनाफा 53% बढ़कर 2,520.57 करोड़ रुपये पहुंचा, जो पिछले साल 1,643.81 करोड़ रुपये था। कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 9,175.47 करोड़ रुपये से बढ़कर 11,914.8 करोड़ रुपये हो गया। पहली छमाही में कंसॉलिडेटेड मुनाफा 77% बढ़कर 6,547.7 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 3,690.32 करोड़ रुपये था।

उत्पादन में दशक का रिकॉर्ड

तिमाही में कंपनी ने 1.021 मिलियन मीट्रिक टन क्रूड निकाला, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 0.848 मिलियन मीट्रिक टन था। 29 सितंबर 2026 को कंपनी का रोजाना क्रूड उत्पादन 11,300 मीट्रिक टन पहुंचा, जो पिछले एक दशक का सबसे ऊंचा स्तर है। पहली छमाही में कंपनी ने 42 कुएं खोदे, जो किसी भी छमाही में उसका अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

सब्सिडियरी Numaligarh Refinery Limited यानी NRL ने तिमाही में 803 हजार मीट्रिक टन क्रूड प्रोसेस किया, जो पिछले साल 753 हजार मीट्रिक टन था। पहली छमाही में NRL का ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन 7.73 डॉलर से बढ़कर 28.24 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

7 रुपये डिविडेंड, 20 नवंबर रिकॉर्ड डेट

बोर्ड ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 7 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसकी रिकॉर्ड डेट 20 नवंबर 2026 तय की गई है और भुगतान 12 दिसंबर 2026 या उससे पहले होगा।

नतीजों से पहले गुरुवार को Oil India का शेयर 1.3% गिरकर 440 रुपये पर बंद हुआ। इस भाव पर 7 रुपये का डिविडेंड करीब 1.59% बैठता है। 2026 में अब तक शेयर करीब 3% नीचे है।

शेयर का क्या रहा हाल?

Oil India का शेयर फिलहाल 440.50 रुपये पर कारोबार कर रहा है. आज शेयर में लगभग 1% गिरावट दिखी। शेयर का 52-वीक हाई 531 रुपये और 52-वीक लो 395.7 रुपये है। रिटर्न की बात करें तो शेयर 6 महीने में लगभग 10% तक गिर चुका है। जबकि, एक साल की चाल लगभग सपाट है।

PNB Housing से Tata Power तक, इन 4 शेयरों पर रहेगी नज़र, 32% तक का मिला है अपसाइड!

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।