कौन है अनिल पंडित? टाइगर श्रॉफ पर हमले से लेकर दिल्ली-पुणे की फायरिंग तक जुड़ा है नाम

Tiger Shroff Attack: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर कथित हमले के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि टाइगर श्रॉफ को सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। हालांकि, पुलिस अभी इस सोशल मीडिया पोस्ट और एक वॉयस नोट की जांच कर रही है।

कौन है अनिल पंडित?

32 वर्षीय पंडित के अमेरिका से काम करने का संदेह है। जांचकर्ताओं ने उसे हरियाणा, दिल्ली और पुणे में हुई गोलीबारी और जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) के मामलों से जोड़ा है।

मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले के एक गांव का रहने वाला अनिल पंडित, 2023 में भारत छोड़कर कनाडा गया था और बाद में अमेरिका चला गया। वहां गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में आने के बाद, वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग में शामिल हो गया।

आरोप है कि पिछले छह महीनों में पंडित ने भारत में मौजूद शूटर्स के एक नेटवर्क का इस्तेमाल करके कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। हरियाणा, दिल्ली और पुणे की घटनाओं सहित गोलीबारी के कई मामलों की जांच में भी उसका नाम सामने आया है।

पानीपत से अमेरिका तक

सूत्रों के अनुसार, पंडित का सफर हरियाणा के पानीपत जिले से शुरू हुआ। बताया जाता है कि वह 2023 में भारत छोड़कर कनाडा चला गया था। बाद में, लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गैंगस्टर बताए जाने वाले रणदीप मलिक के संपर्क में आने के बाद, वह अमेरिका के कैलिफोर्निया पहुंच गया।

जांचकर्ताओं को शक है कि विदेश में रहते हुए भी पंडित भारत में मौजूद शूटर्स के साथ तालमेल बिठाता रहा। उससे जुड़ी कुछ घटनाओं में हरियाणा में गोलीबारी और जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) के मामले शामिल हैं, जिनमें पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स ने इसमें शामिल होने के शक में शूटर्स को गिरफ्तार किया था।

दिल्ली के जिम में हुई गोलीबारी मामले में नाम सामने आया

पंडित पर दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक जिम में गोलीबारी की साजिश रचने का भी आरोप है। इस जिम में अक्सर गायक गुरु रंधावा आते-जाते थे। बताया जा रहा है कि इस घटना का संबंध गायक के सलमान खान के साथ जुड़ाव से है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल ने इस मामले में पंडित से जुड़े चार शूटरों को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी पंडित से बातचीत करने के लिए ‘सिग्नल’ ऐप का इस्तेमाल करते थे और उनके पास से विदेशी हथियार बरामद हुए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, जिम के बाहर हुई इस गोलीबारी की जिम्मेदारी पहले ही पंडित ले चुका था।

पुणे के ज्वेलरी स्टोर पर गोलीबारी में भी आया नाम

दिल्ली में हुई घटना के करीब 15 दिन बाद पुणे में एक ज्वेलरी स्टोर पर गोलीबारी की खबर सामने आई। इस मामले की जांच के दौरान एक बार फिर अनिल पंडित का नाम सामने आया।

महाराष्ट्र पुलिस ने इस घटना में कथित तौर पर शामिल शूटरों को गिरफ्तार किया। जांच में उनके तार अनिल पंडित और लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जाने वाले शुभम लोनकर से जुड़े होने की बात सामने आई।

रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी के तीनों आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले थे। उन पर शक है कि वे खास तौर पर इस वारदात को अंजाम देने के लिए पुणे पहुंचे थे।

टाइगर श्रॉफ पर हमले का दावा

यह नया घटनाक्रम तब सामने आया जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली। पंडित द्वारा पोस्ट किए गए संदेश में, उसने और हरमन संधू ने अभिनेता के खिलाफ की गई इस कार्रवाई की जिम्मेदारी ली है।

पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि श्रॉफ ने सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था। साथ ही, मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन अन्य लोगों को भी धमकी दी गई है जो इस सुपरस्टार के साथ काम करना जारी रखे हुए हैं। इसमें विरोधी गैंग के सदस्यों को भी धमकी दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने कथित तौर पर कई दिनों तक श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पुलिस जांच के हिस्से के रूप में इस सोशल मीडिया पोस्ट और एक वॉयस नोट की पुष्टि कर रही है।

अलग-अलग राज्यों के मामलों में पंडित की कथित भूमिका ने भारत में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क और विदेशों में मौजूद गैंग के सदस्यों के बीच संभावित संबंधों की ओर ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे और पंडित को अलग-अलग घटनाओं से जोड़ने वाले आरोप अभी भी पुलिस जांच के दायरे में हैं।

यह भी पढ़ें: Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले दो संदिग्धों की तस्वीर आई सामने, पुलिस ने जब्त की हमले में इस्तेमाल हुई बाइक

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले दो संदिग्धों की तस्वीर आई सामने, पुलिस ने जब्त की हमले में इस्तेमाल हुई बाइक

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना में शामिल हमलावरों की पहली तस्वीर सामने आई है। रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई इस घटना के बाद, जांचकर्ता हमलावरों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटे हैं। घटनास्थल के पास ली गई इस तस्वीर में दो व्यक्ति सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने ‘प्यूमा’ (Puma) लोगो वाली काली टोपी पहनी हुई है। पुलिस इन दोनों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक इनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।

इस बीच, पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया है, जिसे आरोपी भागने से पहले अंधेरी रेलवे स्टेशन पर छोड़ गए थे।

CCTV खंगालने में जुटी मुंबई पुलिस

शुरुआती जांच से पता चला है कि यह वाहन मुंबई में रजिस्टर्ड है। जांचकर्ता इसके इतिहास का पता लगाने के लिए इसके रजिस्ट्रेशन विवरण, नंबर प्लेट, और चेसिस व इंजन नंबरों की जांच कर रहे हैं। वहीं, गोलीबारी के बाद आरोपी कहां गए और किस रास्ते से फरार हुए, इसका पता लगाने के लिए भी पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों हमलावरों के साथ एक तीसरा साथी भी था, जो मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा था।

वीडियो में दिखे तीन हमलावर, एक ने चलाईं कई गोलियां

घटनास्थल के वीडियो में एक हमलावर कई राउंड गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरा भी गोली चलाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। हालांकि, वीडियो से यह साफ नहीं है कि उसकी बंदूक से गोली चली थी या नहीं। इस दौरान तीसरा साथी मोटरसाइकिल पर इंतजार करता दिख रहा है, ताकि वारदात के बाद तीनों वहां से जल्दी फरार हो सकें।

इसके बाद फुटेज में तीनों आदमी मोटरसाइकिल पर भागते हुए और हमले के बाद मौके से गायब होते हुए दिखाई देते हैं।

बता दें कि यह घटना तब हुई जब 36 वर्षीय अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। फिलहाल, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने वालों को नई धमकियां दी हैं।

हमले में ड्राइवर और ऑटो चालक घायल

गौरतलब है कि इस हमले में टाइगर तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस और चौहान नाम के एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए।

बता दें कि जब गाड़ी पर हमला हुआ था उस दौरान उनका ड्राइवर घायल हो गया, जिसके बाद टाइगर ने उसे पीछे बैठाकर गाड़ी चलाकर खुद अस्पताल ले गए।

फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए 15 टीमें बनाई हैं, जिनमें मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस के जवान शामिल हैं। जांचकर्ता इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं, जबकि एक फोरेंसिक टीम ने बैलिस्टिक सबूत जुटाए हैं और गाड़ी की जांच की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कुल कितनी गोलियां चलाई गईं।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस को जांच में तेजी लाने के दिए निर्देश

घटना के बाद, गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती और श्रॉफ से बात की। उन्होंने पुलिस को जांच में तेजी लाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया, साथ ही अभिनेता को भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

वहीं हमले के कुछ ही समय बाद, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अभिनेता से उनके घर पर मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि श्रॉफ के दाहिने हाथ पर गनपाउडर से जलने के निशान हैं।

मीडिया से बात करे हुए, शिंदे ने इस घटना को गंभीर बताया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकल्प लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को गैंगवार फिर से शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: जुहू में फायरिंग के दौरान बारूद से झुलसा टाइगर श्रॉफ का हाथ, एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

जुहू में फायरिंग के दौरान बारूद से झुलसा टाइगर श्रॉफ का हाथ, एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

Tiger Shroff Attack: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मुंबई के जुहू इलाके में गोलीबारी की घटना के दौरान टाइगर श्रॉफ के दाहिने हाथ पर बारूद से जलने के निशान आए हैं। हालांकि, उन्होंने इस घटना को गंभीर बताया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। शिंदे ने चेतावनी दी कि मुंबई में किसी भी गैंग या व्यक्ति को फिर से गैंगवार शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

डिप्टी सीएम ने बताया कि रविवार शाम को एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद जब टाइगर श्रॉफ अपनी BMW कार से निकल रहे थे, तो उन पर पांच राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना में उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए।

वहीं टाइगर से मिलने के बाद, शिंदे ने बताया कि अभिनेता के दाहिने हाथ में चोट आई है, जो फायरिंग के दौरान बारूद से जल गया था। उन्होंने आगे कहा कि अभिनेता का परिवार और उनकी मां अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई लड़ाई या दुश्मनी नहीं है।

डिप्टी सीएम ने टाइगर श्रॉफ के परिवार को दिलाया भरोसा

शिंदे ने कहा, “मैं अभी उनसे मिला और बात की। उनके दाहिने हाथ में चोट आई है। बारूद की वजह से उनका हाथ जल गया है।” उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार उनके साथ खड़ी है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस इस मामले को प्राथमिकता देगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि धमकियों का सामना कर रहे मशहूर हस्तियों की सुरक्षा उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी कि आम जनता की।

उन्होंने कहा, “मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को डराने-धमकाने या गुंडागर्दी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है।

एकनाथ शिंदे की मशहूर हस्तियों से अपील

शिंदे ने मशहूर हस्तियों से यह भी अपील की कि अगर उन्हें धमकी भरे कॉल आते हैं, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा, “मैं बस इतना ही कहूंगा कि जिस तरह 1990 के दशक में गैंगवार को खत्म कर दिया गया था, उसी तरह हम उन्हें मुंबई में वापस नहीं आने देंगे।”

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती और अभिनेता से बात की। फडणवीस ने पुलिस कमिश्नर से घटना की पूरी जानकारी ली और हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जांच में तेजी लाने और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।

हमले के पीछे बाइक सवार हमलावर

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर आए थे। इनमें से दो ने कथित तौर पर फायरिंग की, जबकि तीसरा व्यक्ति बाइक पर ही इंतजार कर रहा था ताकि वे आसानी से भाग सकें। घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में हमलावरों में से एक कई राउंड फायरिंग करता दिख रहा है, जबकि दूसरा भी गोली चलाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इसके बाद संदिग्धों को मोटरसाइकिल पर भागते हुए देखा गया।

एक चश्मदीद ने बताया कि फायरिंग से करीब आधा घंटा पहले इन संदिग्धों को एक वड़ा पाव स्टॉल के पास देखा गया था। चश्मदीद के अनुसार, दो लोगों ने फायरिंग की, जबकि तीसरा व्यक्ति उन्हें वहां से भगाने में मदद कर रहा था। बताया जा रहा है कि संदिग्ध एक पुरानी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे।

चश्मदीद के मुताबिक, गोलियां चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने BMW कार की उस तरफ निशाना लगाकर गोलियां चलाईं, जहां टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर बैठे थे। चश्मदीद ने यह भी दावा किया कि ड्राइवर के घायल होने के बाद उसे पिछली सीट पर बैठाया गया और फिर टाइगर खुद कार चलाकर उसे अस्पताल ले गए।

एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि गोलीबारी के समय टाइगर श्रॉफ ड्राइवर के बगल वाली आगे की सीट पर बैठे थे। हालांकि, चश्मदीदों के इन दावों की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस बीच, विदेश में रहने वाले बताए जा रहे गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है। इस पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।

फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। इस सिलसिले में पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।

यह भी पढ़ें: Tiger Shroff : एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला, 3 लोगों ने की फायरिंग, लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग ने ली जिम्‍मेदारी