Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना में शामिल हमलावरों की पहली तस्वीर सामने आई है। रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई इस घटना के बाद, जांचकर्ता हमलावरों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटे हैं। घटनास्थल के पास ली गई इस तस्वीर में दो व्यक्ति सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने ‘प्यूमा’ (Puma) लोगो वाली काली टोपी पहनी हुई है। पुलिस इन दोनों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक इनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
इस बीच, पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया है, जिसे आरोपी भागने से पहले अंधेरी रेलवे स्टेशन पर छोड़ गए थे।
CCTV खंगालने में जुटी मुंबई पुलिस
शुरुआती जांच से पता चला है कि यह वाहन मुंबई में रजिस्टर्ड है। जांचकर्ता इसके इतिहास का पता लगाने के लिए इसके रजिस्ट्रेशन विवरण, नंबर प्लेट, और चेसिस व इंजन नंबरों की जांच कर रहे हैं। वहीं, गोलीबारी के बाद आरोपी कहां गए और किस रास्ते से फरार हुए, इसका पता लगाने के लिए भी पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों हमलावरों के साथ एक तीसरा साथी भी था, जो मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा था।
वीडियो में दिखे तीन हमलावर, एक ने चलाईं कई गोलियां
घटनास्थल के वीडियो में एक हमलावर कई राउंड गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरा भी गोली चलाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। हालांकि, वीडियो से यह साफ नहीं है कि उसकी बंदूक से गोली चली थी या नहीं। इस दौरान तीसरा साथी मोटरसाइकिल पर इंतजार करता दिख रहा है, ताकि वारदात के बाद तीनों वहां से जल्दी फरार हो सकें।
इसके बाद फुटेज में तीनों आदमी मोटरसाइकिल पर भागते हुए और हमले के बाद मौके से गायब होते हुए दिखाई देते हैं।
बता दें कि यह घटना तब हुई जब 36 वर्षीय अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। फिलहाल, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने वालों को नई धमकियां दी हैं।
हमले में ड्राइवर और ऑटो चालक घायल
गौरतलब है कि इस हमले में टाइगर तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस और चौहान नाम के एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए।
बता दें कि जब गाड़ी पर हमला हुआ था उस दौरान उनका ड्राइवर घायल हो गया, जिसके बाद टाइगर ने उसे पीछे बैठाकर गाड़ी चलाकर खुद अस्पताल ले गए।
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए 15 टीमें बनाई हैं, जिनमें मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस के जवान शामिल हैं। जांचकर्ता इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं, जबकि एक फोरेंसिक टीम ने बैलिस्टिक सबूत जुटाए हैं और गाड़ी की जांच की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कुल कितनी गोलियां चलाई गईं।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस को जांच में तेजी लाने के दिए निर्देश
घटना के बाद, गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती और श्रॉफ से बात की। उन्होंने पुलिस को जांच में तेजी लाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया, साथ ही अभिनेता को भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
वहीं हमले के कुछ ही समय बाद, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अभिनेता से उनके घर पर मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि श्रॉफ के दाहिने हाथ पर गनपाउडर से जलने के निशान हैं।
मीडिया से बात करे हुए, शिंदे ने इस घटना को गंभीर बताया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकल्प लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को गैंगवार फिर से शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: जुहू में फायरिंग के दौरान बारूद से झुलसा टाइगर श्रॉफ का हाथ, एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

