स्क्रीन की रोशनी बनाम दीयों का उजाला

एक ओर मिट्टी के दीयों का पारंपरिक, स्निग्ध और प्राणवान उजाला है, तो दूसरी ओर लिक्विड क्रिस्टल डिस्प्ले और ऑर्गेनिक लाइट एमिटिंग डायोड की नीली स्क्रीनों से उत्सर्जित होने वाला कृत्रिम, संवेगहीन प्रकाश है। प्राचीन भारतीय मनीषा ने प्रकाश को कभी भी केवल दृश्यता का साधन नहीं माना। ऋग्वेद के अक्ष सूक्त से लेकर उपनिषदों की दार्शनिक ऋचाओं तक, प्रकाश ज्ञान और आत्मिक जागृति का संवाहक रहा है।

उपनिषद वचन तमसो मा ज्योतिर्गमय मात्र एक प्रार्थना नहीं, अपितु मानव चेतना की ऊर्ध्वगामी यात्रा का शाश्वत मानचित्र है। सनातन संस्कृति मूलतः प्रकाश की आराधिका है। यहां प्रकाश जड़ भौतिकता का पर्याय नहीं, बल्कि चैतन्य का स्फुरण है। जब हम दीपावली की बात करते हैं, तो यह केवल एक कालगणना आधारित पर्व नहीं, अपितु समष्टि (ब्रह्मांड) और व्यष्टि (पिंड) के अंतःसंबंधों का महाउत्सव है। कार्तिक की अमावस्या, जो नैसर्गिक रूप से सघन अंधकार की पराकाष्ठा है, उस रात्रि को कोटि-कोटि दीपशिखाओं से आलोकित कर देना मनुष्य के अदम्य संकल्प का प्रतीक है। परंतु, इक्कीसवीं शताब्दी के तृतीय दशक में, जब सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने मानवीय जीवन के प्रत्येक आयाम को पुनर्रेखांकित कर दिया है, प्रकाश की परिभाषा और उसकी अनुभूति दोनों में एक युगांतरकारी विवर्तन आया है। आज का मानव दो प्रणालियों के संधिकाल पर खड़ा है- एक ओर मिट्टी के दीयों का पारंपरिक, स्निग्ध और प्राणवान उजाला है, तो दूसरी ओर लिक्विड क्रिस्टल डिस्प्ले और ऑर्गेनिक लाइट एमिटिंग डायोड की नीली स्क्रीनों से उत्सर्जित होने वाला कृत्रिम, संवेगहीन प्रकाश है। प्राचीन भारतीय मनीषा ने प्रकाश को कभी भी केवल दृश्यता का साधन नहीं माना। ऋग्वेद के अक्ष सूक्त से लेकर उपनिषदों की दार्शनिक ऋचाओं तक, प्रकाश ज्ञान और आत्मिक जागृति का संवाहक रहा है। ऋग्वेद के प्रथम सूक्त का प्रथम मंत्र ही अग्नि को समर्पित है-

अग्निमीळे पुरोहितं यज्ञस्य देवमृत्विजम्।

यहां अग्नि केवल भौतिक पावक नहीं है, बल्कि वह चेतना की प्रथम रश्मि है। शतपथ ब्राह्मण के अनुसार “अग्निर्वा एतस्य लोकस्य प्रदीपकः” अर्थात अग्नि इस लोक को प्रदीप्त करने वाली शक्ति है। मिट्टी का दीया इसी आधिभौतिक अग्नि का लौकिक और सुलभ रूप है। तैत्तिरीय उपनिषद में प्रकाश को ब्रह्म का स्वरूप माना गया है- ॐ खं ब्रह्म। जब हम दीपावली पर मिट्टी का दीपक प्रज्वलित करते हैं, तो हम वास्तव में ब्रह्मांडीय ऊर्जा के एक अंश को अपने आंगन में प्रतिष्ठित करते हैं। स्कंद पुराण के काशी खंड में कार्तिक मास में दीपदान की महिमा गाते हुए कहा गया है कि जो भी जीव, चाहे वह कीट हो, पतंग हो, वृक्ष हो या जल-स्थल का कोई प्राणी, इस पावन दीपज्योति का दर्शन करता है, वह जन्म-मरण के चक्र से मुक्त होने की ओर अग्रसर होता है। यह श्लोक यह प्रमाणित करता है कि पारंपरिक दीप का प्रकाश केवल मानव केंद्रित नहीं था, वह संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र को स्पंदित करता था। वर्तमान युग स्क्रीन प्रधान हो चुका है। स्मार्टफोन, टैबलेट, लैपटॉप और टेलीविजन की स्क्रीनों ने हमारी आंखों को एक ऐसे प्रकाश से बांध दिया है, जो अनवरत है परंतु अचेतन है। इस प्रकाश को वैज्ञानिक शब्दावली में शॉर्ट वेवलेंथ विजिबल लाइट या ब्लू लाइट कहा जाता है। वेदांत दर्शन में माया को परिभाषित करते हुए कहा गया है-

या मा सा माया ।

अर्थात- जो वास्तव में नहीं है, पर प्रतीत होती है।

स्क्रीन की रोशनी इसी दार्शनिक माया का भौतिक अवतार है। स्क्रीन पर दिखने वाले रंग, उत्सव के दृश्य, डिजिटल दीये और हैप्पी दिवाली के जगमगाते एनिमेशन हमें एक क्षणिक आह्लाद तो देते हैं, परंतु वे हृदय को स्पर्श नहीं कर पाते। वे केवल चक्षु इंद्रिय (आंखों) को भ्रमित करते हैं। डिजिटल प्रकाश एकाकीपन को जन्म देता है। मिट्टी का दीया पूरे परिवार को, समाज को एक सूत्र में पिरोता था- तेल डालना, बत्ती बनाना, पंक्तियों में सजाना। इसके विपरीत, स्क्रीन की रोशनी व्यक्ति को आत्म केंद्रित बनाती है। व्यक्ति त्योहार के दिन भी समाज से कटकर अपनी स्क्रीन की कृत्रिम आभा में खोया रहता है। यह प्रकाश जोड़ता नहीं, बल्कि आभासी जुड़ाव का भ्रम पैदा करके वास्तविक अलगाव को गहरा करता है।

 

उल्लेखनीय है कि पारंपरिक दीयों के प्रकाश और आधुनिक स्क्रीन की रोशनी के बीच बहुआयामी अंतर है। पारंपरिक दीयों का उजाला (स्निग्ध प्रकाश) भौतिक प्रकृति पंचमहाभूतों (पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु, आकाश) का जीवंत संयोजन है, वहीं आधुनिक स्क्रीन की रोशनी (डिजिटल आभा) दुर्लभ मृदा तत्वों और सिलिकॉन की यांत्रिक अभिव्यक्ति है। पारंपरिक दीयों का उजाला का जैविक प्रभाव जहां मेलाटोनिन हार्मोन को संतुलित करता है, आंखों को शीतलता प्रदान करता है। वहीं आधुनिक स्क्रीन की रोशनी सार्केडियन रिदम को नष्ट करती है, अनिद्रा और तनाव उत्पन्न करती है। स्निग्ध प्रकाश का पारिस्थितिकीय मूल्य पूर्णतः पर्यावरण-अनुकूल, मिट्टी में विलीन होने वाली है, वहीं डिजिटल आभा ई कचरा और कार्बन फुटप्रिंट में अनियंत्रित वृद्धि करने वाली है। पारंपरिक दीयों का उजाला सामाजिक चेतना सामुदायिक सहभागिता, श्रम की प्रतिष्ठा और समरसता का प्रतीक है, वहीं आधुनिक स्क्रीन की रोशनी वैयक्तिक संकीर्णता, सोशल मीडिया आधारित दिखावा और एकाकीपन का प्रतीक है। स्निग्ध प्रकाश का आध्यात्मिक स्पंदन अंतर्मुखी चेतना का जागरण करता है, वहीं डिजिटल आभा बहिर्मुखी वासनाओं और उपभोक्तावाद का विस्तार।

प्राचीन ऋषियों ने अहोरात्र (दिन और रात) के चक्र को प्रकृति का अचूक नियम माना था। ऋग्वेद के मंत्र- ऋतं च सत्यं चाभीद्धात्तपसोऽध्यजायत, के अनुसार प्रकृति की व्यवस्था ऋत पर टिकी है। हमारा शरीर भी इसी ऋत से संचालित होता है, जिसे आधुनिक विज्ञान सार्केडियन रिदम कहता है। मिट्टी के दीपक से निकलने वाला प्रकाश स्पेक्ट्रम के लाल और पीले छोर पर होता है। यह प्रकाश सूर्यास्त के बाद हमारे मस्तिष्क की पीनियल ग्रंथि से स्रावित होने वाले मेलाटोनिन हार्मोन के मार्ग में बाधा नहीं बनता। इसके विपरीत, यह आंखों की सीलिएरी मांसपेशियों को शिथिल करता है और मन को ध्यान की अवस्था में ले जाता है। इसके विपरीत, स्क्रीनों से निकलने वाली नीली रोशनी मस्तिष्क को यह भ्रम देती है कि अभी भी मध्याह्न (दोपहर) का समय है। इसके कारण मेलाटोनिन का स्राव रुक जाता है। दीपावली की रात्रि को जब लोग दीये बुझाकर देर रात तक स्मार्टफोन पर रील्स या सोशल मीडिया पोस्ट देखते हैं, तो वे अपनी जैविक घड़ी को विकृत कर रहे होते हैं। आयुर्वेद के अनुसार यह प्रज्ञापराध है, अर्थात जानते हुए भी बुद्धि का अपराध करना, जो अंततः वात, पित्त और कफ के असंतुलन के रूप में शारीरिक और मानसिक रोगों को जन्म देता है।

दीपावली केवल एक धार्मिक कृत्य नहीं है, वरन यह भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का रीढ़ की हड्डी रही है। ऋग्वेद का पुरुष सूक्त समाज को एक आंगिक इकाई के रूप में देखता है। समाज का हर वर्ग एक-दूसरे पर आश्रित है। जब एक नागरिक कुम्हार से मिट्टी के दीये, तेली से सरसों का तेल, और बुनकर से सूती बत्ती खरीदता है, तो वह धन का न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करता है। ईशोपनिषद् का पहला ही वाक्य है-

तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्यस्विद्धनम्।

अर्थात- त्यागपूर्वक उपभोग करो।

मिट्टी का दीया इसी त्याग और सह-अस्तित्व का प्रतीक है। दूसरी ओर, स्क्रीन की रोशनी और डिजिटल उत्पाद बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के पूंजीवादी साम्राज्य को सुदृढ़ करते हैं। जब हम चीनी लाइटें या महंगे गैजेट्स खरीदते हैं, तो देश की संपदा का संकेंद्रण कुछ गिने-चुने हाथों में हो जाता है। स्क्रीन हमें उपभोक्ता बनाती है, जबकि दीया हमें दाता और सहयोगी बनाता है। डिजिटल युग की दीपावली में बाज़ार ने भाव का स्थान ले लिया है, जिससे त्योहार की आत्मा ही संकुचित हो गई है।  हम न तो अतीत के अंधानुकरण में जिएं और न ही आधुनिकता की अंधी दौड़ में अपनी जड़ों को काट लें। सत्य हमेशा मध्य में प्रतिष्ठित होता है-

अति सर्वत्र वर्जयेत्।

तकनीक और स्क्रीन हमारे जीवन का अपरिहार्य हिस्सा बन चुके हैं। हम चाहकर भी सूचना युग से पीछे नहीं लौट सकते और न ही हमें लौटना चाहिए। परंतु, चुनौती यह है कि हम तकनीक के दास न बनें, बल्कि उसके स्वामी रहें। दीपावली के पावन पर्व पर हमें डिजिटल उपवास का संकल्प लेना होगा। लक्ष्मी पूजा और दीप प्रज्वलन के समय स्क्रीनों को विश्राम देना होगा, ताकि हम उस प्रकाश के वास्तविक स्पंदन को महसूस कर सकें। स्क्रीनों की रोशनी से ज्ञान का संवर्धन अवश्य करें, परंतु मन के अंधकार को मिटाने के लिए मिट्टी के दीये की शरण में ही जाना होगा। जब तक हमारे भीतर करुणा, परोपकार और विवेक का दीपक नहीं जलेगा, तब तक चाहे जितने लुमेन की स्क्रीनें चमका ली जाएं, समाज का अंतस अंधकारमय ही रहेगा। आइए, इस दीपावली पर अपनी जड़ों की ओर लौटें। स्क्रीन की नीली आभा को थोड़ा धीमा करें और मिट्टी के उस छोटे से दीपक की लौ को गौर से देखें, जो हवा के थपेड़ों से लड़ते हुए भी मुस्कुराना सिखाती है। वही लौ शाश्वत सत्य है, वही सनातन प्रकाश है।

अयोध्या ने फिर रचा कीर्तिमान! 30 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाई रामनगरी

अयोध्या ने फिर रचा कीर्तिमान! 30 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाई रामनगरी

Ayodhya Deepotsav

मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या में 10वें भव्य दीपोत्सव 2026 का आयोजन बेहद ऐतिहासिक और दिव्य तरीके से संपन्न हुआ। दीपावली की पूर्व संध्या (7 नवंबर 2026) पर सरयू तट और राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीये एक साथ प्रज्वलित कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया। ​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में वर्ष 2017 से शुरू हुआ यह उत्सव इस बार अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महाकुंभ के रूप में उभरा।

तकनीक का अद्भुत नजारा 

नया घाट और सरयू तट पर 2100 बटुकों (वेदपाठी पुजारियों) ने एक साथ ऐतिहासिक एवं भव्य ‘सरयू महाआरती’ उतारी। आकाश में 2100 से अधिक ड्रोनों के हवाई शो और भव्य लेजर मैपिंग शो के ज़रिए रामायण के प्रसंगों तथा प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र को जीवंत किया गया। पहली बार 300 फीट लंबी और 50 फीट ऊंची स्क्रीन पर लेजर शो और प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से रामकथा दिखाई गई। कलाकारों के लिए 10, 20 और 30 फीट ऊंचे तीन विशेष मंच बनाए गए। 12 विशेष मंचों पर देश-विदेश के 2,500 से अधिक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

​अंतरराष्ट्रीय पहचान और वैश्विक मेहमान

  • ​100 विदेशी मेहमान: आयोजन में 30 से अधिक देशों के राजदूतों, 12 देशों के विशेष मेहमानों तथा प्रवासी भारतीयों सहित लगभग 100 विदेशी प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया।
  • ​वैश्विक रामलीला : रूस, थाईलैंड, इंडोनेशिया, लाओस, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और नेपाल के 90 से अधिक विदेशी कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक शैलियों में रामलीला का मंचन किया।
  • ​शोभायात्रा : साकेत महाविद्यालय से 21 भव्य झांकियों की शोभायात्रा निकाली गई, जिसे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाई।

भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रभु श्रीराम के सांकेतिक राज्याभिषेक समारोह में भाग लिया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। 

​35,000 स्वयंसेवक और कड़ी सुरक्षा

​विश्व रिकॉर्ड को सफल बनाने के लिए 35,000 से अधिक वालंटियर्स (स्वयंसेवक) घाटों पर तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम के तहत राम की पैड़ी पर केवल पास धारकों को ही प्रवेश दिया गया।

​दीपोत्सव का ऐतिहासिक सफर

  • 2017 : 1.71 लाख
  • 2018 : 3.01 लाख
  • 2019 : 4.04 लाख
  • 2020 : 6.06 लाख
  • 2021 : 9.41 लाख
  • 2022 : 15.76 लाख
  • 2023 : 22.23 लाख
  • 2024 : 25.00 लाख
  • 2025 : 26.17 लाख
  • 2026 : 30 लाख+ (विश्व रिकॉर्ड)

दीप जलें हर द्वार, तभी सजेगा समृद्धि का संसार

दीप जलें हर द्वार, तभी सजेगा समृद्धि का संसार

जब कुछ घरों में प्रकाश का उत्सव हो, तो कुछ घरों के अंधेरे की चिंता भी आवश्यक है। दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर झांकने और समाज के प्रति अपने दायित्व को समझने का अवसर भी है। हर वर्ष हम अपने घरों को ज्योतिर्मय करते, मां लक्ष्मी का स्वागत कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। लेकिन क्या कभी हमने विचार किया कि जिस समाज में हम समृद्धि का उत्सव मना रहे हैं,वहां कितने घर ऐसे हैं,जहां त्योहार की खुशियां भी आय और खर्च के गणित में उलझकर रह जाती हैं? जब बाजारों में करोड़ों की खरीदारी होती है,तब क्या हम उन परिवारों की चिंता करते हैं,जिनके लिए बच्चों को नए कपड़े दिलाना भी एक बड़ी उपलब्धि है?

भारत की अर्थव्यवस्था आज विकास के नए आयाम छू रही है। बड़े उद्योगों का विस्तार हो रहा है,महंगी कारों और आलीशान मकानों का बाजार बढ़ रहा है तथा आधुनिक सुविधाओं का दायरा विस्तृत हो रहा है। लेकिन इसी चमक के बीच एक दूसरा भारत भी है,जहां छोटा दुकानदार ग्राहकों की प्रतीक्षा करता है,मजदूर नियमित रोजगार की उम्मीद में भटकता है और मध्यमवर्गीय परिवार बढ़ते खर्चों के बीच अपनी बचत बचाने की कोशिश करता है। अर्थशास्त्र में आर्थिक प्रगति की इस असमान तस्वीर को ‘K-Shaped Recovery’ कहा जाता है। इसमें अर्थव्यवस्था का एक हिस्सा तेजी से आगे बढ़ता है,जबकि दूसरा अपेक्षाकृत धीमी गति से आगे बढ़ता है या आर्थिक दबावों का सामना करता है।

 

एक ही देश में किसी के लिए दीपावली पर नई कार खरीदना सामान्य बात है,तो किसी के लिए घर में मिठाई लाना भी बजट बिगाड़ने वाला खर्च हो सकता है। यह अंतर केवल आय का नहीं,अवसरों और जीवन की परिस्थितियों का भी है। इसलिए आर्थिक विकास की सफलता को केवल GDP की वृद्धि,शेयर बाजार की चमक या बड़े कारोबारियों के मुनाफे से नहीं आंका जा सकता। वास्तविक कसौटी यह है कि विकास का लाभ आम आदमी की थाली, उसके रोजगार,उसकी बचत और उसके बच्चों के भविष्य तक कितना पहुंचा है?दीपावली के बाजारों में सबसे अधिक अनदेखे चेहरे उन लोगों के हैं,जिनकी मेहनत से त्योहार की शोभा दिखाई पड़ती है।

मिट्टी के दीये बनाने वाला कुम्हार,मिठाई तैयार करने वाला कारीगर,सड़क किनारे सामान बेचने वाला छोटा व्यापारी और घरों को सजाने वाला श्रमिक ये सभी हमारी खुशियों के निर्माता हैं। विडंबना यह है कि दूसरों के घरों को प्रकाशमयी करने वाले इन हाथों के अपने घरों में कभी-कभी अभाव का अंधेरा बना रहता है। क्या यह उचित नहीं कि दीपावली पर दीये खरीदते समय हम उस कुम्हार के परिवार की आजीविका के बारे में भी सोचें? क्या हमारी खरीदारी किसी छोटे दुकानदार के घर में भी खुशियों का दीप जला सकती है?

 

यह प्रश्न अमीर और गरीब के बीच संघर्ष खड़ा करने का नहीं,बल्कि समृद्धि के प्रति हमारी समझ को व्यापक बनाने का है। किसी व्यक्ति का धनवान होना गलत नहीं है,उद्योगों का बढ़ना भी आवश्यक है और उद्यमियों की सफलता देश की प्रगति में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लेकिन एक स्वस्थ समाज वह है,जहां सफलता के अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहें,जहां मेहनत करने वाला व्यक्ति सम्मानजनक जीवन जी सके और किसी परिवार की गरीबी उसके बच्चों के सपनों के मार्ग की स्थाई बाधा न बने। जिस समाज में धन का सम्मान हो,लेकिन श्रम का सम्मान न हो,जहां सफलता का उत्सव मनाया जाए,लेकिन अभाव से जूझते व्यक्ति की पीड़ा अनदेखी कर दी जाए,वहां विकास की कहानी अधूरी रह जाती है।

आज आवश्यकता केवल आर्थिक विकास की नहीं,बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता की भी है। हमें अपने बच्चों को महंगे उपहार देने के साथ यह संस्कार भी देना चाहिए कि किसी वस्तु का मूल्य केवल उसकी कीमत से नहीं,बल्कि उसे बनाने वाले श्रमिक की मेहनत से भी तय होता है। हमें यह समझना होगा कि किसी जरूरतमंद की सहायता करना दया का प्रदर्शन नहीं,बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व है। किसी गरीब परिवार के साथ खुशियां बांटते समय उसकी गरिमा और आत्मसम्मान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।

 

इस दीपावली हम एक छोटा,लेकिन सार्थक संकल्प लें। स्थानीय कारीगरों से दीये खरीदें,छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करें,जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करें और उत्सव को दिखावे तथा अनावश्यक खर्च की प्रतिस्पर्धा न बनने दें। हमारी छोटी-सी पहल किसी परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकती है। समाज में परिवर्तन हमेशा बड़े भाषणों या बातों से नहीं आता,कभी-कभी वह हमारी छोटी-छोटी संवेदनशील आदतों से शुरू होता है।

हमें यह भी याद रखना चाहिए कि किसी राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि केवल ऊंची इमारतों,चमकते बाजारों और बढ़ती संपत्ति में नहीं बसती। वह उस मजदूर की सुरक्षित आजीविका में भी बसती है,उस किसान की संतुष्टि में भी,उस कर्मचारी की आर्थिक सुरक्षा में भी और उस बच्चे की आंखों में भी,जो बिना अभाव के भय के अपने भविष्य के सपने देख सके। दीपावली पर मां लक्ष्मी का पूजन करते समय यदि हम अपने आसपास के लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का संकल्प भी लें,तो त्योहार का सामाजिक अर्थ ओर गहरा हो जाएगा। आखिर प्रकाश का उद्देश्य केवल अपने घर का अंधेरा मिटाना नहीं,बल्कि जहां संभव हो,दूसरों के जीवन में भी उजाला पहुंचाना है।

 

इस दीपावली हमें केवल यह नहीं देखना चाहिए कि हमारे घर में कितने दीप जले,बल्कि यह भी सोचना चाहिए कि हमारे कारण से कितने चेहरों पर मुस्कान आई। क्योंकि किसी राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि तब नहीं होती,जब उसके कुछ घर जगमगाते हैं,असली समृद्धि तब होती है,जब कोई घर अभाव के कारण अंधेरे में रहने को विवश न हो।

आइए,इस दीपावली ऐसा समाज बनाने का संकल्प लें,जहां धन के साथ संवेदना,सफलता के साथ विनम्रता और समृद्धि के साथ साझेदारी भी बढ़े। जहां विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और खुशियां किसी की आर्थिक हैसियत की मोहताज न रहें। यही दीपावली का सच्चा संदेश है,अपने घर में दीप जलाइए,लेकिन अपने भीतर इतना प्रकाश भी जगाइए कि किसी दूसरे के घर का अंधेरा आपको दिखाई देने लगे।

दिवाली के दीये बनाने वाले कश्मीरियों की कहानी, मोहम्मद उमर ने बताया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम से उन्हें कैसे मिलते हैं ऑर्डर

दिवाली का त्योहार आते ही देशभर में मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ जाती है। इस बार जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के कुम्हार भी इस मांग को पूरा करने में जुटे हैं। यहां के स्थानीय कारीगरों ने दिवाली से पहले करीब 40 हजार मिट्टी के दीये तैयार किए हैं। खास बात यह है कि कभी घाटी में बाहर से मंगाए जाने वाले दीये अब स्थानीय कुम्हार खुद बना रहे हैं। इस काम से न सिर्फ कश्मीर की पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने की कला को आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है बल्कि स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

इस पहल में स्थानीय कुम्हारों के साथ युवा उद्यमी मोहम्मद उमर भी शामिल हैं। वह एएस पॉटर वर्कशॉप के संचालक हैं। उमर ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि उनकी वर्कशॉप ने 2020-21 में पहली बार मिट्टी के दीये बनाने शुरू किए थे। उस समय तक वे दीये नहीं बनाते थे लेकिन जब इनकी मांग और ऑर्डर आने लगे तो उन्होंने भी इस काम की शुरुआत कर दी। धीरे-धीरे ऑर्डर बढ़ते गए और अब यह काम बड़े स्तर पर पहुंच गया है।

2020-21 में शुरू हुआ दीये बनाने का काम, अब 40 हजार तक पहुंचा उत्पादन

मोहम्मद उमर के मुताबिक उनकी वर्कशॉप ने 2020-21 में दीये बनाने शुरू किए थे। इसकी शुरुआत ग्राहकों से मिले ऑर्डर के बाद हुई थी। पहले ऑर्डर कम संख्या में आते थे लेकिन समय के साथ मांग बढ़ती गई। उमर ने बताया कि पिछले साल उनकी वर्कशॉप ने कम से कम 25 हजार दीये बेचे थे। इस साल बढ़ती मांग को देखते हुए करीब 40 हजार दीये तैयार किए गए हैं। इनमें से 6 नवंबर तक 12 हजार दीये बिक चुके थे। दिवाली आने में अभी समय बाकी होने के कारण उन्हें उम्मीद है कि बाकी दीये भी त्योहार तक बिक जाएंगे। उमर ने ANI से कहा कि, ‘हमने 40 हजार दीये बनाए हैं, इसलिए हमें उम्मीद है कि हम इन्हें पूरा बेच लेंगे।’ फिलहाल वर्कशॉप ने इस साल का उत्पादन करीब 40 हजार दीयों तक रखने का फैसला किया है।

फेसबुक और इंस्टाग्राम से मिल रहे 200 से 400 तक के ऑर्डर

कश्मीर में बने इन दीयों की मांग सिर्फ श्रीनगर या आसपास के इलाकों तक सीमित नहीं है। मोहम्मद उमर के मुताबिक अब घाटी के बाहर से भी ग्राहक ऑर्डर दे रहे हैं। इसमें ऑनलाइन बिक्री और सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है। उमर ने बताया कि उनकी वर्कशॉप ने फेसबुक पर अपने दीयों की जानकारी और तस्वीरें पोस्ट करनी शुरू कीं। इसके बाद उन्हें लगातार ऑर्डर मिलने लगे। फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए उन्हें 200, 300 और 400 तक के ऑर्डर भी मिले हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से अब उनके उत्पादों की पहुंच घाटी से बाहर देश के दूसरे हिस्सों तक हो गई है। उमर के मुताबिक ऑनलाइन बिक्री शुरू होने के बाद अलग-अलग जगहों से ग्राहक उनसे संपर्क कर रहे हैं। इस तरह सोशल मीडिया उनकी पारंपरिक कुम्हारी के काम को नए बाजार से जोड़ने का माध्यम बन गया है।

छोटे दीयों से लेकर स्टैंड और सजावटी डिजाइन तक तैयार कर रहे कारीगर

श्रीनगर की इस वर्कशॉप में ग्राहकों की पसंद और जरूरत के मुताबिक अलग-अलग तरह के दीये बनाए जा रहे हैं। मोहम्मद उमर ने बताया कि उनकी वर्कशॉप में तीन से चार तरह की वैरायटी तैयार की जाती हैं। इनमें छोटे आकार के सामान्य दीये, स्टैंड वाले दीये और बड़े सजावटी दीये शामिल हैं। कुछ सजावटी डिजाइनों में चार से पांच दीये एक साथ लगाए जाते हैं। इस तरह ग्राहकों को अलग-अलग आकार और डिजाइन के विकल्प मिलते हैं। वर्कशॉप के उत्पाद स्थानीय लोग खरीद रहे हैं और इन्हें जम्मू भी भेजा जा रहा है। उमर के मुताबिक दीयों की मांग बढ़ने के साथ ही कश्मीर के दूसरे कारीगरों ने भी इन्हें बनाना शुरू कर दिया है। पहले जहां घाटी के व्यापारी और ग्राहक बाहर से आने वाले दीयों पर निर्भर रहते थे, वहीं अब स्थानीय स्तर पर भी इनका उत्पादन होने लगा है।

मिट्टी की कमी बनी सबसे बड़ी चुनौती, कुम्हारों ने सरकार से लगाई गुहार

दीयों की बढ़ती मांग और उत्पादन के बीच कश्मीर के कुम्हारों के सामने एक बड़ी समस्या भी है। मोहम्मद उमर ने बताया कि घाटी में मिट्टी की उपलब्धता कम होती जा रही है। उनके मुताबिक मिट्टी की कमी की वजह से पारंपरिक कुम्हारी के काम को आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है। उमर ने बताया कि पहले उनकी वर्कशॉप कुल्हड़ बनाने के लिए बारामूला से मिट्टी लाती थी लेकिन अब वहां से पर्याप्त मिट्टी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कुम्हारों को जरूरी कच्चा माल ही उपलब्ध नहीं होगा तो वे आने वाले समय में ऑर्डर पूरे नहीं कर पाएंगे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री से इस समस्या पर ध्यान देने की अपील की है। उमर का कहना है कि अगर सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाना चाहती है तो कुम्हारों के लिए मिट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि मिट्टी नहीं मिली तो अगले साल मिलने वाले ऑर्डर पूरे करना संभव नहीं होगा। इसलिए कुम्हारों को इस बुनियादी कच्चे माल की आपूर्ति की जरूरत है।

कश्मीर के कुम्हारों की आजीविका का जरिया है मिट्टी का काम

मोहम्मद उमर ने बताया कि उनकी वर्कशॉप के लिए मिट्टी के बर्तन बनाना ही कमाई का मुख्य जरिया है। दीवाली के मौके पर मिलने वाले ऑर्डर इस काम से जुड़े लोगों के लिए खास महत्व रखते हैं। उन्होंने कहा कि मिट्टी के साथ काम करना ही उनका पेशा है और इसी से उनकी आजीविका चलती है। दिवाली की तैयारियों के बीच श्रीनगर की कुम्हार वर्कशॉप में पारंपरिक चाक पर मिट्टी को आकार देते कारीगर और बड़ी संख्या में तैयार रखे गए दीये इस काम की बढ़ती गतिविधि को दिखाते हैं। इस पहल के जरिए स्थानीय कारीगर एक पारंपरिक हुनर को जारी रखने के साथ त्योहार के दौरान बढ़ने वाली मांग का लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।