इन राज्यों में 5-8 नवंबर तक होगी भारी बारिश, 10 नवंबर से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम! IMD ने जारी की ये चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 से 11 नवंबर 2026 के बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी अगले सप्ताह बारिश का दौर रह सकता है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। दूसरी ओर पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं जताई गई है।

दक्षिण भारत में 5 से 11 नवंबर तक बारिश का दौर

IMD के मुताबिक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले कई दिनों तक अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 और 6 नवंबर के बाद 9 से 11 नवंबर के बीच भी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में 7 और 8 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, रायलसीमा तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 से 11 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 5 से 7 नवंबर तक बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 5 नवंबर को बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के साथ तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 5 से 11 नवंबर तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। केरल और माहे में 5 से 8 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 5 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इससे पहले भी दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई है। IMD के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश यानी 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं तमिलनाडु में भारी बारिश हुई, जहां वर्षा 7 से 11 सेंटीमीटर के बीच रही।

गरज-चमक के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

दक्षिण भारत में बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं की भी आशंका है। IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 9 नवंबर तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है जबकि झोंकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेलंगाना में 5 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। केरल और माहे में 5 से 9 नवंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में 5 और 6 नवंबर को, जबकि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 से 7 नवंबर के दौरान ऐसा मौसम रह सकता है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 5 से 9 नवंबर के बीच तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

10 नवंबर से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर

उत्तर भारत के मौसम को लेकर भी IMD ने अपने बुलेटिन में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 5 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 10 नवंबर को भी यहां बारिश की संभावना है। इसी दिन इस क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने का पूर्वानुमान है, लेकिन IMD के इस बुलेटिन में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, जैसे दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। इसलिए फिलहाल इस पूर्वानुमान को पूरे उत्तर भारत में बारिश या ठंड बढ़ने की घोषणा के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

पूर्वोत्तर भारत में 9 से 11 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। IMD के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में 5 नवंबर को और फिर 9 से 11 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 8 से 11 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 11 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 9 और 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 11 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।

अंडमान-निकोबार में 8 से 11 नवंबर तक बढ़ेगी बारिश

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रह सकता है। यहां 5 से 7 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। इसके बाद 8 से 11 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। IMD ने अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 9 से 11 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया है। ओडिशा में 5 और 6 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओडिशा में 5 से 7 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और झारखंड में 9 से 11 नवंबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है।

कल का मौसम पूर्वानुमान 5 नवंबर: IMD ने जारी किया 50kmph स्पीड वाली आंधी का अलर्ट, जानिए किन राज्यों में होगी भारी बारिश

Weather forecast for November 5th: देश में मौसमी प्रणालियों के असर से दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार 5 नवंबर को दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आंध्र प्रदेश से गुजरे चक्रवात का अवशेष एक डिप्रेशन के रूप में एक्टिव है। इसके असर से देश के कुछ हिस्सों में 12 सेंटीमीटर से अधिक की भारी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि इस प्रणाली के असर के बाद आगे बड़ी बारिश की संभावना नहीं है।

उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मौसम रहेगा शुष्क

IMD ने बुधवार को स्पष्ट किया कि आगामी 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में किसी भी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है। यहां मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम की स्थितियों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

दक्षिण भारत के इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबित 5 नवंबर को दक्षिण भारत के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। 5 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही इन इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और बादलों की गर्जना की चेतावनी दी गई है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज होने का अनुमान है। यहां बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया गया है। तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के पृथक इलाकों में आकाशीय बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

आंध्र प्रदेश में 50kmph की रफ्तार से चलेगी आंधी

आंध्र प्रदेश के तटीय और मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज तल्ख रहेगा। IMD ने आंध्र प्रदेश में आकाशीय बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की सख्त चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में दिन के समय तेज सतही हवाएं भी चलेंगी।

ओडिशा में 40kmph की गति से चलेंगी हवाएं

पूर्वी भारत के राज्य ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में 5 नवंबर को गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक तटीय और समुद्री क्षेत्रों में मौसमी हलचल नियंत्रण में रहने के वजह से 5 नवंबर के लिए मछुआरों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए स्थिति सामान्य रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- Cyclone Murasu Tracker: चक्रवात ‘मुरासु’ कमजोर होकर डिप्रेशन बना, फिर भी इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, IMD जारी किया ये अलर्ट