350 विकेट और 4 हजार रन टेस्ट ऑलराउंडर के इस विशेष क्लब में शामिल हुए सर जडेजा

Ravindra Jadeja

रविंद्र जड़ेजा ने सोमवार को श्रीलंका के केसरा का विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में अपना 350 वां शिकार पूरा किया। इसके बाद वह 4 हजार रन बनाने वाले और 350 टेस्ट विकेट लेने वाले टेस्ट क्रिकेट में चौथे ऑलराउंडर बन गए।

इस फहरिस्त में न्यूजीलैंड के स्पिन ऑलराउंडर डेनियल वेट्टोरी है जिन्होंने 362 विकेट लिए हैं और 4531 रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड के पेस ऑलराउंडर इयान बॉथम है जो 383 विकेट ले चुके हैं और 5200 रन बना चुके हैं। 5248 रन बनाने वाले कपिल देव हैं जिन्होंने 434 विकेट चटकाए हैं।

सफेद गेंद की क्रिकेट से भले ही रविंद्र जड़ेजा दूर हों लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनकी उपयोगिता को नकारा नहीं जा सकता। साल 2012 से शुरु हुआ रविंद्र जड़ेजा का क्रिकेट करियर अब ढलान पर है। 89 मैचों में उन्होंने 38.3 की औसत से 4095 रन बनाए हैं। जिसमें 6 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने 25 की औसत से 348 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 17 बार 4 विकेट और 15 बार 5 विकेट चटकाए हैं।टेस्ट क्रिकेट में उनको कितना मौका मिलता है यह देखने वाली बात होगी।

Asian Games में मुख्य खिलाड़ियों को आराम देकर युवा टीम भेजेगा अफगानिस्तान

अफगानिस्तान ने दरविश रसूली की अगुवाई में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में युवा खिलाड़ियों के साथ नजीबुल्लाह ज़दरान और करीम जनत जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की राष्ट्रीय चयन समिति ने टीम के अधिकतर खिलाड़ी हाल ही में खत्म हुई 11वीं शपागीजा क्रिकेट लीग से चुना हैं। नियमित कप्तान राशिद खान और रहमानुल्लाह गुरबाज और अज़मतुल्लाह ओमरजई जैसे अहम खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

एशियाई खेल 24 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होने हैं। इससे ठीक एक सप्ताह पहले, अफ़गानिस्तान की टीम तीन मैचों की टी-20 सीरीज़ के लिए भारत का दौरा करेगी। वहीं, टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज मोहम्मद अकरम ने शपागीजा क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में जगह बनाई है। उन्होंने आठ पारियों में 339 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। ऑलराउंडर इस्मत आलम को भी टूर्नामेंट में उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने 294 रन बनाए और नौ विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें एससीएल का ‘बेस्ट प्लेयर’ अवॉर्ड मिला।

विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद इशाक, हसन ईसाखिल, खालिद तानीवाल और इमरान मीर टीम में शामिल अन्य युवा खिलाड़ियों में से हैं, जबकि नजीबुल्लाह और जनत अंतरराष्ट्रीय अनुभव लेकर आए हैं।

अफगानिस्तान एशियाई खेलों की टीम इस प्रकार है:- दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तानिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खरोती, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई और अब्दुल्ला अहमदजई।

WTC Final की जंग के लिए नॉक आउट मुकाबले की तरह होगी INDvsSL सीरीज

INDvsSL 15 अगस्त से शुरु होने वाले पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका ने 3 दिन पहले अपने टेस्ट दल की घोषणा की।श्रीलंका हाल ही में  वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट मैच हारकर आई थी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में श्रीलंका भारत के ठीक नीचे छठवें स्थान पर है और उसका जीत प्रतिशत 41 है, वहीं भारत का जीत प्रतिशत 48 है। अंकतालिका के यह पायदान बताने के लिए काफी है कि दोनों टीमों के लिए यह सीरीज कितनी महत्वपूर्ण है। जो टीम यह सीरीज 2-0 से जीतती है उसके लिए फाइनल की दरवाजे भले ही पूरी तरह ना खुले लेकिन उम्मीद की एक किरण जरूर जगेगी।

विश्व टेस्ट चैंपियनशित चक्र 2025-27 को देखते हुए अब भारत की टीम ज्यादा जोखिम नहीं ले सकती। टीम इंडिया के लिए बचे हुए 9 मैचों में से 7 जीतने आवश्यक है। ऐसा ही कुछ हाल श्रीलंका का है।श्रीलंका के लिए घरेलू धरती पर यह दो मुकाबले जीतना बेहद जरूरी है। हालांकि अभी टीम ने इस चक्र में सिर्फ 4 ही मुकाबले खेले हैं जिसमें एक जीत एक हार और एक मुकाबला  ड्रॉ रहा है।

गॉल पर मिलेगी स्पिन के मुफीद पिच

कभी भारत की ताकत मानी जाने वाली स्पिन गेंदबाजी टेस्ट क्रिकेट में भारत की कमजोरी बनकर उभरी है। भारत ने अपने घर में पहले न्यूजीलैंड और फिर दक्षिण अफ्रीका से बिना कोई टेस्ट जीते सीरीज गंवानी पड़ी थी। इस सीरीज में 85 प्रतिशत विकेट स्पिन गेंदबाजों के थे।

श्रीलंका में भी भारत को स्पिन के मुफीद पिचें पेश की जाएंगी। हालांकि यह हो सकता है कि पहले ही दिन से पिच टर्न ना ले जैसा भारत में देखते हैं लेकिन भारत इस सीरीज को 2-0 से जीतने के लिए कितना गंभीर है इसका अंदाजा इस ही बात से लगाया जा सकता है कि भारत के सभी नेट गेंदबाज स्पिनर हैं और अलग विविधता के हैं।

टीम में 4 स्पिनरों को जगह दी है और शीर्ष तेज गेंदबाजी क्रम अनुभवी है।टीम में कुलदीप यादव, रविंद्र जड़ेजा, अफगानिस्तान के खिलाफ ड्रीम डेब्यू करने वाले मानव सुथार और इस सीरीज में डेब्यू करने वाले स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को मौका मिला है।

श्रीलंका के पास प्रभात जयसूर्या

श्रीलंका के पास 3 से 4 स्पिन विकल्प है। गॉल पर ज्यादातर मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रभात जयसूर्या टीम में शामिल है। टीम के कप्तान धननजय डिसिल्वा ऑफ स्पिन गेंदबाज है। वहीं रमेश मेंडिस टीम के दूसरे स्पिनर है। इसके अलावा बल्लेबाज कमिंडू मेंडिस बाएं और दाएं दोनों हाथ से स्पिन गेंदबाज करने का कौशल रखते हैं।

मौसम का हाल

गॉल में टेस्ट के पहले कुछ दिन बारिश हुई है और पिच कवर्स से ढकी हुई है लेकिन टेस्ट के पांचो दिन बारिश का कोई अनुमान नहीं है। पहले दो दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकेगी।

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर),रविंद्र जडेजा , कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।

श्रीलंका:धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदाना, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), दिनेश चांदीमल, पसिंदू सूरियाबंदारा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवांथा, मिलान रत्नायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका।

मैच शुरु– सुबह 10 बजे भारतीय समयानुसार

कहां देखें– सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क या सोनी लिव पर


गुजरात लौटना चाहते थे हार्दिक, लेकिन रख दी ऐसी शर्त कि GT ने कर दिया साफ इनकार!

IPL 2027 से पहले हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान हार्दिक पंड्या ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) में वापसी की संभावनाएं तलाशीं, लेकिन उनकी एक शर्त ने इस संभावित ट्रेड का रास्ता रोक दिया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक गुजरात लौटने के लिए तैयार थे, लेकिन वह कप्तानी की भूमिका भी वापस चाहते थे। गुजरात टाइटंस ने इस शर्त को स्वीकार नहीं किया और बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी। हालांकि, हार्दिक के प्रवक्ता ने साफ किया है कि उन्होंने किसी फ्रेंचाइजी से सीधे Trade या ट्रांसफर को लेकर बातचीत नहीं की है। 

 

गुजरात को हार्दिक की वापसी से ऐतराज नहीं था, लेकिन कप्तानी पर अटक गई बात

 

रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात टाइटंस हार्दिक को दोबारा टीम में शामिल करने के विचार के खिलाफ नहीं थी। यहां तक कि मौजूदा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) से भी इस संभावित वापसी को लेकर चर्चा की गई थी और वह भी ट्रेड के रास्ते हार्दिक की वापसी के लिए तैयार बताए गए। लेकिन जैसे ही कप्तानी को हार्दिक की वापसी की शर्त के तौर पर रखा गया, फ्रेंचाइजी ने पीछे हटने का फैसला किया। यानी खिलाड़ी की वापसी पर समस्या नहीं थी, असली पेंच नेतृत्व की जिम्मेदारी को लेकर फंसा। 

 

हार्दिक और गुजरात टाइटंस का रिश्ता वैसे भी IPL की सबसे खास कहानियों में से एक रहा है। 2022 में हार्दिक ने पहली बार गुजरात की कप्तानी संभाली और फ्रेंचाइजी ने अपने डेब्यू सीजन में ही IPL ट्रॉफी जीत ली। इसके बाद 2023 में भी गुजरात फाइनल तक पहुंची। हार्दिक के नेतृत्व में टीम ने लगातार दो सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में गुजरात में उनकी वापसी सिर्फ एक ट्रेड नहीं, बल्कि एक पुराने सफल कप्तान की घर वापसी होती लेकिन कप्तानी का सवाल इस संभावित रीयूनियन के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा बन गया।

 

2024 में MI लौटे थे हार्दिक, अब फिर बदल सकता है ठिकाना

 

हार्दिक ने 2023 सीजन के बाद गुजरात का साथ छोड़ा और 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी की। उनकी वापसी के साथ ही उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंप दी गई और लंबे समय से टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा की जगह हार्दिक को कप्तान बनाया गया। इस फैसले पर MI फैंस की तरफ से काफी नाराजगी देखने को मिली और 2024 सीजन में हार्दिक को मैदान पर हूटिंग का भी सामना करना पड़ा। 2025 में टीम के प्रदर्शन में कुछ सुधार से माहौल थोड़ा बेहतर हुआ, लेकिन 2026 सीजन ने फिर उनकी स्थिति को सवालों के घेरे में ला दिया।

 

मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 में 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीते और 9वें स्थान पर रही, जिसके बाद टीम में हार्दिक की भूमिका और कप्तानी को लेकर अटकलें तेज हो गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, MI मैनेजमेंट उनकी कप्तानी जारी रखने को लेकर आश्वस्त नहीं था और टीम में उनकी भूमिका का भी मूल्यांकन किया जा रहा था। 

 

IPL 2026 में कैसा रहा Hardik का प्रदर्शन?

 

हार्दिक के लिए 2026 सीजन व्यक्तिगत तौर पर भी बहुत खास नहीं रहा। उपलब्ध MI आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने 10 मैचों में 9 पारियों में 64 रन बनाए और गेंदबाजी में 4 विकेट लिए। उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट करीब 11.42 रहा, जबकि गेंदबाजी में उनका इकॉनमी रेट 9.18 के आसपास रहा। 

 

पूरे IPL करियर की बात करें तो हार्दिक ने अब तक 162 मैचों में 2,955 रन बनाए हैं, जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं। गेंद से भी वह टीमों के लिए उपयोगी रहे हैं और उनके नाम IPL में 64 विकेट दर्ज हैं। 

 

यानी हार्दिक का overall IPL रिकॉर्ड उन्हें अभी भी एक बड़े ऑलराउंडर के तौर पर स्थापित करता है, लेकिन 2026 में उनके आंकड़े और MI का प्रदर्शन उस स्तर के नहीं रहे, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती है।

 

 हार्दिक ने सीधे किसी फ्रेंचाइजी से बात की? प्रवक्ता ने दिया बड़ा बयान

 

इस पूरी कहानी में एक अहम ट्विस्ट हार्दिक पंड्या के प्रवक्ता का बयान है। उन्होंने इन रिपोर्ट्स को अलग तरीके से पेश करते हुए कहा कि हार्दिक ने किसी भी फ्रेंचाइजी से सीधे ट्रांसफर, ट्रेड या किसी अन्य तरीके से बातचीत नहीं की। उनके मुताबिक, अगर हार्दिक को लेकर किसी फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई संपर्क हुआ भी है, तो वह मुंबई इंडियंस के माध्यम से हुआ है। गुजरात टाइटंस के प्रतिनिधि ने भी इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। 

 

अब आगे क्या? KKR और CSK की भी नजर!

 

हार्दिक के भविष्य को लेकर गुजरात के अलावा दूसरी फ्रेंचाइजियों के नाम भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों की दिलचस्पी का जिक्र आया है, हालांकि फिलहाल किसी ट्रेड को लेकर कोई आधिकारिक डील सामने नहीं आई है। हार्दिक के लिए अगला सवाल सिर्फ यह नहीं है कि वह मुंबई में रहेंगे या नहीं, बल्कि यह भी है कि अगर टीम बदलते हैं तो क्या उन्हें फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी मिलेगी। 

 

फिलहाल तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन इतना जरूर है कि हार्दिक पंड्या का IPL 2027 से पहले कप्तानी वाला चैप्टर सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला है। गुजरात में जिस कप्तान ने टीम को डेब्यू सीजन में चैंपियन बनाया था, उसी कप्तान की वापसी का रास्ता अब नेतृत्व की शर्त पर अटक गया है।

‘तुम चीटिंग करते हो…’ जब फिल्ड में संगकारा से भिड़ गए थे इरफान पठान, हुई थी तीखी बहस

क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बहस या विवाद होना आम बात है। कई बार खिलाड़ियों के बीच हुए विवाद कैमरे में कैद हो जाते हैं। वहीं कुछ घटनाएं बाद में सामने आती हैं। हाल ही में भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर कुमार संगकारा से जुड़ी एक घटना का शेयर किया है। ये घटना साल 2005 में दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान हुई थी। इस टेस्ट मैच में इरफान पठान और कुमार संगकारा के बीच कहासुनी हो गई थी। आइए जानते हैं क्या थी पूरी घटना

क्या थी पूरी घटना

ये पूरा मामला साल 2005 में दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान हुआ। जब इरफान पठान और गौतम गंभीर भारतीय पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरे थे। पठान ने उस पारी में 93 रन बनाए थे और बल्लेबाजी के दौरान उनका कुमार संगकारा से विवाद हो गया था। पठान के मुताबिक, श्रीलंका की पारी के दौरान अंपायरों ने गेंद बदल दी थी, जिससे संगकारा और उनकी टीम के खिलाड़ी नाराज हो गए थे। बाद में जब भारत बल्लेबाजी करने उतरा तो संगकारा ने इसी बात को लेकर पठान से बहस शुरू कर दी और उन्हें लगातार स्लेज करने लगे। इस दौरान संगकारा ने भारतीय खिलाड़ियों की परवरिश को लेकर भी टिप्पणी की, जिससे मैदान पर माहौल और गर्म हो गया।

मुकाबले में मुथैया मुरलीधरन की गेंदों पर पठान के कुछ छक्के लगाने के बाद स्लेजिंग और बढ़ गई। पठान ने भी उनकी बातों को नजरअंदाज नहीं किया और उसी अंदाज में जवाब दिया।

पठान ने किया खुलासा

JioHotstar के शो ‘Cheeky Singles’ में बात करते हुए इरफान पठान ने कहा, “दिल्ली में एक टेस्ट मैच था। मैंने उस मैच में ओपनिंग की और 93 रन बनाए। पहली पारी के बाद जब हम गेंदबाजी करने उतरे, तो गेंदों का बॉक्स बदल गया था या ऐसा ही कुछ हुआ था। इस वजह से श्रीलंकाई खिलाड़ी खुश नहीं थे और संगकारा इस बारे में सबसे ज्यादा बोल रहे थे। इसके बाद जब मैं बल्लेबाजी करने गया तो मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि क्या हुआ है। मुझे ओपनिंग करने के लिए कहा गया और मैंने मुरलीधरन की गेंदों पर दो छक्के लगा दिए।”

तुम्हारे माता-पिता तुम्हें यह सब सिखाते हैं?

पठान ने आगे कहा, “अगर आप नई गेंद पर छक्के लगा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपने विरोधी टीम की रणनीति को थोड़ा बिगाड़ दिया है। तभी संगकारा ने कहना शुरू किया, ‘तुम लोग चीटिंग करते हो, तुम्हारे माता-पिता तुम्हें यह सब सिखाते हैं’ और ऐसी ही कई बातें कहीं। वह बातों को पर्सनल ले गए और मैंने भी उन्हें जवाब दिया। उन्होंने ही इस बहस की शुरुआत की थी।” इस मैदान पर हुए विवाद के बाद दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते में बड़ा बदलाव आया।

फिर साथ में खेला आईपीएल

कुछ साल बाद इरफान पठान और कुमार संगकारा एक ही आईपीएल टीम किंग्स XI पंजाब का हिस्सा बने, जिसके बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। उन्होंने कहा, “ऑक्शन के बाद मुझे पता चला कि मैं पंजाब में संगकारा के साथ खेलूंगा। कुछ समय बाद मैं उनके परिवार के साथ खाना खा रहा था और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि उनसे कैसे बात करूं। आखिरकार मैं उनके पास गया और सॉरी कहा। उन्होंने भी मुझसे माफी मांगी और इसके बाद हम अच्छे दोस्त बन गए। उस समय भावनाएं काफी ज्यादा थीं और ऐसी स्थिति में इंसान से गलतियां हो जाती हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि आप उस स्थिति को कितनी समझदारी से संभालते हैं।”

‘अगर मुझे कॉल आता है तो मैं मना…’ टीम इंडिया में वापसी की खबरों पर भुवनेश्वर कुमार ने तोड़ी चुप्पी

IND vs SL: जडेजा ने उतारी कुलदीप के बॉलिंग एक्शन की नकल, हंसी नहीं रोक पाए गंभीर, वीडियो वायरल

भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होगा। वहीं इस सीरीज से पहले भारतीय टीम कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेल रही है। वहीं इस टेस्ट मैच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिन का खेल खत्म होने के बाद जडेजा ने कुलदीप यादव के गेंदबाजी एक्शन की मजेदार नकल करते हुए नजर आए। जडेजा की इस हरकत पर हेड कोच गौतम गंभीर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

जडेजा की टीम में हुई वापसी

प्रैक्टिस मैच के दूसरे दिन रवींद्र जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी की और कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में नंबर-4 पर उतरकर नाबाद अर्धशतक लगाया। वहीं जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में रवींद्र जडेजा को टीम में जगह नहीं मिली थी। वहीं अब श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए उन्हें शामिल किया गया है। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में जडेजा टीम के लिए गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

कुलदीप ने किया शानदार प्रदर्शन

कुलदीप यादव ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं। प्रैक्टिस मैच में उन्होंने नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में एक रन बनाया और नाबाद रहे। कुलदीप यादव ने अभ्यास मैच के पहले दिन गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया और 18 ओवर में 76 रन देकर दो विकेट हासिल किए। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी जगह अभी तय नहीं मानी जा रही है। प्लेइंग-11 में शामिल होने के लिए कुलदीप को राजस्थान के स्पिनर मानव सुथार से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों में भी कुलदीप को खेलने का मौका नहीं मिला था।

मानव सुथार का शानदार प्रदर्शन

मानव सुथार ने भी प्रैक्टिस मैच में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले सुथार ने उस मैच की पहली पारी में छह विकेट लिए थे। श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन उन्होंने दो विकेट हासिल किए, जबकि दूसरे दिन गेंदबाजी में 13 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से भी योगदान दिया और 90 गेंदों पर 41 रन बनाए।