EPF Pension: ₹12500 महीना तक हो सकती है पेंशन, समझिए सरकार के नए फैसले का पूरा असर

EPF Pension: केंद्रीय कैबिनेट ने EPF और EPS की अनिवार्य कवरेज के लिए वेतन सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब यह सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हो जाएगी। सरकार के मुताबिक, इस फैसले से करीब 51 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा।

अभी तक ₹15,000 तक के वेतन पर EPF और EPS की अनिवार्य कवरेज लागू होती थी। यह सीमा 1 सितंबर 2014 से नहीं बदली थी। नई सीमा लागू होने पर ज्यादा कर्मचारी इस दायरे में आ सकते हैं।

पेंशन में 66.7% तक बढ़ोतरी

इस फैसले का सीधा असर EPS यानी कर्मचारी पेंशन योजना पर भी पड़ने की उम्मीद है। वजह है कि पेंशन की कैलकुलेशन के लिए इस्तेमाल होने वाली वेतन सीमा भी ₹25,000 हो सकती है।

EPS में पेंशन का फॉर्मूला इस तरह है:

पेंशन = पेंशन योग्य वेतन × पेंशन योग्य सेवा ÷ 70

अभी अधिकतम पेंशन योग्य वेतन ₹15,000 माना जाता है। ऐसे में 35 साल की पेंशन योग्य सेवा वाले कर्मचारी की फॉर्मूला आधारित पेंशन करीब ₹7,500 बनती है।

अगर यही सीमा ₹25,000 हो जाती है, तो 35 साल की सेवा पर पेंशन ₹12,500 हो सकती है। यानी फॉर्मूला के हिसाब से पेंशन में 66.7% की बढ़ोतरी हो सकती है।

पेंशन योग्य सेवा₹15,000 वेतन सीमा पर पेंशन₹25,000 वेतन सीमा पर पेंशनसंभावित बढ़ोतरी
10 साल₹2,143₹3,57166.70%
20 साल₹4,286₹7,14366.70%
25 साल₹5,357₹8,92966.70%
30 साल₹6,429₹10,71466.70%
35 साल₹7,500₹12,50066.70%

Zaggle की CHRO लता अय्यर ने कहा, ‘अगर बढ़ी लिमिट को EPS की कैलकुलेशन में लागू किया जाता है, तो पेंशन में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी पेंशन योग्य सेवा और सरकार की ओर से जारी होने वाले अंतिम नियमों पर निर्भर करेगी।’

EPF में ज्यादा पैसा कट सकता है

अब बात EPF की। यहां तस्वीर थोड़ी अलग है। वेतन सीमा बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि हर कर्मचारी की सैलरी से EPF की कटौती तुरंत बढ़ जाएगी। फिलहाल कुछ कंपनियां ₹15,000 की सीमा पर EPF योगदान तय करती हैं। वहीं, कुछ कंपनियां कर्मचारी के वास्तविक बेसिक पे पर योगदान करती हैं। इसलिए नई व्यवस्था का असर कर्मचारी की मौजूदा पॉलिसी पर भी निर्भर करेगा।

मान लीजिए अभी किसी कर्मचारी का EPF योगदान ₹15,000 की सीमा पर हो रहा है। 12% के हिसाब से हर महीने कर्मचारी के हिस्से से ₹1,800 कटते हैं। अगर नई ₹25,000 की सीमा पर 12% योगदान लागू होता है, तो यह रकम बढ़कर ₹3,000 हो जाएगी। यानी हर महीने ₹1,200 ज्यादा EPF में जाएगा।

इसका सीधा असर टेक-होम सैलरी पर पड़ेगा। हाथ में आने वाली सैलरी ₹1,200 तक कम हो सकती है। हालांकि, यह पैसा कर्मचारी की रिटायरमेंट सेविंग में ही जाएगा।

हर कर्मचारी की सैलरी पर असर नहीं पड़ेगा

जिन कर्मचारियों का EPF योगदान पहले से ही उनके वास्तविक बेसिक पे पर होता है, उन पर नई सीमा का तुरंत कोई खास असर नहीं पड़ सकता।

मसलन, अगर किसी कर्मचारी की कंपनी पहले से ही ₹25,000 या उससे ज्यादा के बेसिक पे पर 12% EPF काट रही है, तो केवल वेतन सीमा बढ़ने से उसकी कटौती में जरूरी नहीं कि कोई बदलाव हो।

Choice International की CHRO नेहा जैन ने कहा, ‘अगर बढ़ी हुई सीमा पर EPF योगदान अनिवार्य होता है, तो फिलहाल ₹15,000 की सीमा पर 12% योगदान करने वाला कर्मचारी हर महीने ₹1,800 की जगह ₹3,000 योगदान करेगा। इससे टेक-होम सैलरी में हर महीने ₹1,200 तक की कमी हो सकती है।’

उन्होंने कहा, ‘अगर योगदान अभी की तरह मौजूदा सीमा पर ही कैप रहता है, तो टेक-होम सैलरी पर तुरंत कोई असर नहीं पड़ेगा। इसलिए अंतिम नोटिफिकेशन और योगदान का नया ढांचा काफी अहम होगा।’

EPF Wage Ceiling Hike: केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला! ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई सैलरी लिमिट, 51 लाख कर्मचारियों को सीधा फायदा

8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में लेवल 4 से 7 तक कितनी बढ़ सकती है पेंशन? समझिए पूरा कैलकुलेशन

8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग से बड़ी उम्मीदें हैं। आयोग वेतन, भत्तों और पेंशन में बदलाव पर काम कर रहा है। अब तक 10 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। आयोग अलग-अलग शहरों में कर्मचारियों और पेंशनर्स के संगठनों से सुझाव ले रहा है।

पेंशन बढ़ाने की मांग

पेंशनर्स संगठनों ने पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी की मांग रखी है। कुछ संगठन मौजूदा 50% पेंशन को बढ़ाकर आखिरी वेतन का 67% करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ संगठनों ने फैमिली पेंशन को आखिरी वेतन के 50% तक करने की मांग की है।

सिविलियन पेंशनर्स के लिए वन रैंक वन पेंशन जैसी व्यवस्था की मांग भी उठी है। हालांकि, इनमें से किसी मांग पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

अभी कितनी है न्यूनतम पेंशन?

7वें वेतन आयोग के तहत पेंशन की गणना आम तौर पर आखिरी बेसिक पे या सेवा के आखिरी 10 महीने के औसत बेसिक पे के आधार पर होती है। इस हिसाब से लेवल 4 से 7 तक की न्यूनतम पेंशन इस तरह है।

पे लेवलन्यूनतम बेसिक पे
न्यूनतम बेसिक पेंशन

Level 4₹25,500₹12,750
Level 5₹29,200₹14,600
Level 6₹35,400₹17,700
Level 7₹44,900₹22,450

फिटमेंट फैक्टर से बदलेगा पूरा हिसाब

8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर सबसे अहम रहेगा। अभी इसका आधिकारिक आंकड़ा तय नहीं हुआ है। कर्मचारी संगठन 3.8 से 4 गुना तक फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं।

समझने के लिए अगर 7वें वेतन आयोग का 2.57 फिटमेंट फैक्टर उदाहरण के तौर पर लें, तो पेंशन में बड़ा बदलाव दिख सकता है।

पे लेवलमौजूदा बेसिक पेमौजूदा न्यूनतम पेंशन
2.57 फैक्टर पर पेंशन

Level 4₹25,500₹12,750₹32,768
Level 5₹29,200₹14,600₹37,522
Level 6₹35,400₹17,700₹45,489
Level 7₹44,900₹22,450₹57,697

लेवल 7 की पेंशन करीब ₹58,000 हो सकती है?

2.57 के फिटमेंट फैक्टर के उदाहरण में Level 7 की न्यूनतम बेसिक पेंशन ₹22,450 से बढ़कर करीब ₹57,700 हो सकती है। यानी यह लगभग ₹58,000 तक पहुंच सकती है।

लेकिन यह सिर्फ एक अनुमानित कैलकुलेशन है। 8वें वेतन आयोग ने अभी फिटमेंट फैक्टर तय नहीं किया है। इसलिए ₹58,000 को तय पेंशन मानना सही नहीं होगा।

पुराने पेंशनर्स भी दायरे में आएंगे?

1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी पेंशन रिविजन का लाभ देने की मांग उठी है। इस संबंध में कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों ने सरकार को ज्ञापन दिए हैं। DoPT ने कुछ मांगों को आगे कार्रवाई के लिए भेजा है। इसका मतलब यह नहीं है कि मांग मंजूर हो गई है।

कब आएगी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?

8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था। आयोग को रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय मिला है। ऐसे में रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने की उम्मीद है।

फिलहाल फिटमेंट फैक्टर, पेंशन बढ़ोतरी और पुराने पेंशनर्स को शामिल करने जैसे मुद्दों पर चर्चा जारी है। अंतिम तस्वीर आयोग की सिफारिश और सरकार के फैसले के बाद ही साफ होगी।

Retirement Planning: रिटायरमेंट के बाद इन 5 स्कीमों में लगाएं पैसा, सुरक्षित निवेश के साथ नियमित आमदनी मिलेगी

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।