Badrinath Dham DJ Video Row: जहां शंख बजाना मना, वहां कैसे बजा तेज डीजे और लाउड म्यूजिक! बद्रीनाथ धाम विवाद पर DM गौरव ने अब उठाया ये कदम

Badrinath Dham DJ Video Row: उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में हाल में सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान हुए शोर-शराबे के साथ तेज आवाज में म्यूजिक बजाने और नाच-गाने के कार्यक्रम को लेकर भारी विरोध शुरू हो गया है। इसके बाद चमोली जिला प्रशासन ने भारतीय सेना की स्थानीय बटालियन गढ़वाल स्काउटस को एक कारण बताओ नोटिस भेजा है। बद्रीनाथ धाम में ऐसे आयोजन की अनुमति प्रदान करने को वरिष्ठ बीजेपी नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी द्वारा सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताए जाने के बाद पिछले सप्ताह हुए महोत्सव को लेकर विरोध ने जोर पकड़ लिया है।

19 और 20 सितंबर को हुए कार्यक्रम में तेज आवाज में म्यूजिक और डांस के वीडियो सामने आने के बाद साधु-संतों, पुजारियों और नेताओं ने बी आपत्ति जताई। मामला इतना बढ़ा कि चमोली जिला प्रशासन ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया।

कमांडिंग आफिसर को भेजा गया नोटिस

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गढ़वाल स्काउट के कमांडिंग आफिसर को भेजे नोटिस में कहा है कि बद्रीनाथ धाम में इस प्रकार के सामूहिक आयोजन और उसमें ऊंची आवाज में म्यूजिक का प्रयोग करना उसकी गरिमा के विपरीत है। इससे वहां प्रतिदिन होने वाले पूजा कार्यक्रमों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही धार्मिक विद्वानों को असप्रसन्नता होती है एवं स्थानीय प्रशासन की छवि भी प्रभावित होती है।

उन्होंने इस प्रकार के आयोजन के औचित्य पर सवाल उठाते हुए पूछा, “क्या बदरीनाथ धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने के संबंध में कोई अनुमति सक्षम स्तर से प्राप्त की गई थी। कार्यक्रम में तेज म्यूजिक का प्रयोग किन कारणों से किया गया?” जिलाधिकारी ने यह ताकीद भी की कि भविष्य में बदरीनाथ धाम में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाए।

DM गौरव कुमार ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, “मैं आपको बताना चाहता हूँ कि 19 और 20 सितंबर को भारतीय सेना ने बामनी और माणा गाँवों के इलाकों में ‘वाइब्रेंट विलेज’ स्कीम के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। सेना के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार के लिए स्टॉल लगाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को तय करने या उनसे जुड़े भुगतान को संभालने में जिला प्रशासन या राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।”

जिलाधिकारी ने आगे कहा, “ये सभी गतिविधियाँ भारतीय सेना द्वारा की गईं। भारतीय सेना को एक नोटिस जारी कर पूछा गया है कि बद्रीनाथ धाम इलाके में बिना पूर्व अनुमति के ऐसा कार्यक्रम क्यों आयोजित किया गया। इसके अलावा, वहां भविष्य में ऐसे किसी भी कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। मंदिर की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप किसी भी कार्यक्रम के लिए SDM से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।”

सेना का बयान

इस बारे में भारतीय सेना ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। सेना के एक प्रवक्ता ने इस संबंध में पूछे जाने पर न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, “इस संबंध में आधिकारिक बयान आने पर उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।” पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. जोशी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बदरीनाथ में शोर-शराबे वाले म्यूजिक इवेंट के आयोजन को अनुमति दिए जाने पर सवाल उठाते हुए उसे न केवल सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन,बल्कि धाम की पवित्रता पर भी सीधा आघात बताया।

दिग्गज BJP नेता नाराज

डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने इस धाम की स्थापना हिमालयी पर्यावरण में शांतिपूर्ण तरीके से भगवत भजन के लिए की थी। नाराजगी व्यक्त करते हुए BJP नेता ने कहा, “उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर शंख बजाना भी मना है परंतु हम उसे भूलकर शोर-शराबे वाले संगीत कार्यक्रमों का आयोजन कर भारतीय आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय मूल्यों की घोर उपेक्षा तो कर ही रहे है, साथ में इतनी ऊंचाई पर हजारों लोगो के नाचने से उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की भी उपेक्षा कर रहे है। यह इस बात का प्रतीक है कि अब देवभूमि को बाजारू संस्कृति के रूप में बदला जा रहा है।”

उन्होंने शंकराचार्यों तथा महात्माओं से संस्कृति के इस क्षरण को रोकने के लिए प्रभावी रूप से आवाज उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों से भी उनका आग्रह है कि वे ऐसे आयोजनों पर प्रतिबंध लगाकर देवभूमि की मर्यादा को बनाये रखें। उन्होंने कहा, “हिमालय देवात्मा है, भगवान शंकर का निवास और मां गंगा का उद्गम है, इसे नाच ग्रह बनाना करोड़ो भारतीयों की आस्था पर गहरा आघात है।”

क्या है पूरा मामला?

बद्रीनाथ धाम में 19 और 20 सितंबर को ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ का आयोजन किया गया था। इसका उद्देश्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा और सीमांत क्षेत्र के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्यमिता और पर्यटन को बढ़ावा देना बताया गया था। महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए थे ।

हालांकि, उत्तराखंड चार धाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत ने आरोप लगाया कि आयोजकों ने बताए गए उद्देश्यों की बजाय धाम की धार्मिक परपंराओं और मान्यताओं के विपरीत नाच गाने और शोर-शराबे वाले कार्यक्रम किए। धाम में स्थित अराइवल प्लाजा में हुए कार्यक्रमों की निंदा करते हुए महापंचायत के महासचिव डॉ. बृजेश सती ने कहा, “हमारा विरोध सांस्कृतिक महोत्सव के आयोजन को लेकर नहीं बल्कि उसके स्वरूप और प्रस्तुति को लेकर है। यहां बद्रीनाथ की धार्मिक और पौराणिक मर्यादाओं के अनुरूप कार्यक्रम होने चाहिए।”

उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम में शंख की ध्वनि की भी मनाही है। वहां तेज ध्वनि और संगीत का शोर उत्पन्न करना धाम की धार्मिक गरिमा के अनुरूप नहीं है। आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा स्थापित ज्योतिर्मठ बदरिकाश्रम के शंकराचार्य मठ ने भी इस आयोजन को परंपरा-विरुद्ध, सांस्कृतिक फूहड़ता एवं धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए इस पर घोर आपत्ति जताई।

संतों ने किया कड़ा विरोध

शंकराचार्य स्वामी अवधेशानंद के शिष्य और मठ के प्रभारी स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि ने कहा कि बदरिकाश्रम वह पावन क्षेत्र है जहां ऋषियों-मुनियों ने अत्यंत शांति और संयम के नियम तय किये है। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र में शंख बजाना तक वर्जित है, ताकि तपस्यारत भगवान नर-नारायण एवं साधकों की एकाग्रता में कोई विघ्न न पड़े । लेकिन इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से यहां का धार्मिक वातावरण बिगाड़ा जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि जहां ब्रह्मकमल जैसे अति संवेदनशील पुष्प को भी विशेष नियमों, पवित्रता और श्रद्धा के साथ प्रभु चरणों में अर्पित किया जाता है, वहां संगीत की तेज ध्वनि में नाच-गाने और फूहड़ता का सांस्कृतिक प्रदूषण कहां तक उचित है? स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह करते हुए परंपराओं के उल्लंघन, मर्यादाहीन कृत्यों और फूहड़ आयोजनों के जिम्मेदार आयोजकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- Monkey Viral Video: शराब की दुकान में घुसी रांची की बंदरिया, बोतल से गटक गई Vodka! नशा चढ़ा तो बक्से पर ही सो गई, देखने उमड़ी भीड़

विवाद के बीच, उत्तराखंड DIPR की तरफ से X पर एक पोस्ट में बड़ा ऐलान किया गया है। DIPR ने कहा, “श्री बद्रीनाथ धाम सहित जनपद चमोली के सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार द्वारा धार्मिक स्थलों के आस-पास उच्च आवृत्ति (हाई फ्रीक्वेंसी) वाले साउंड सिस्टम का प्रयोग कर धार्मिक स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है।”

Monkey Viral Video: शराब की दुकान में घुसी रांची की बंदरिया, बोतल से गटक गई Vodka! नशा चढ़ा तो बक्से पर ही सो गई, देखने उमड़ी भीड़

Ranchi Monkey Viral Video: झारखंड की राजधानी में स्थित एक शराब की दुकान से अनोखा मामला सामने आया है। रांची में एक शराब की दुकान में उस वक्त अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब एक बंदरिया अचानक शॉप के अंदर घुस गई। इसके बाद उसने ऐसा कारनामा किया कि दुकान पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। बंदरिया ने कथित तौर पर शराब की बोतल से शराब पी और फिर दुकान के अंदर ही आराम से सो गई।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दुकान के अंदर एक कथित गर्भवती बंदरिया दिख रही है। उसने कथित तौर पर दुकान के अंदर शराब पी और फिर नशे होने के बाद सो गई। उसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

पहले दुकान में घुसी, भगाने पर कर्मचारी को काटा

मामला रांची के ओरमांझी ब्लॉक चौक के पास स्थित शराब की दुकान का बताया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, बंदरिया शुक्रवार 25 सितंबर को शराब की दुकान में घुस गई थी। उसे बाहर निकालने की कोशिश की गई। लेकिन वह आक्रामक हो गई। उसने कथित तौर पर एक कर्मचारी को काट लिया। इसके बाद लोगों ने उससे दूरी बना ली।

दुकान के अंदर अकेली रह गई बंदरिया कुछ देर तक इधर-उधर घूमती रही। तभी उसकी नजर वहां रखी शराब की बोतल पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि उसने बोतल (Vodka का क्वार्टर) से शराब पी। एक वीडियो में दुकान के अंदर सोई बंदरिया और पास में रखी शराब की बोतल दिखाई दे रही है।

शराब पी और फिर दुकान में ही ‘पावर नैप’

शराब पीने के बाद बंदरिया दुकान के अंदर रखे सामान/बक्सों के ऊपर जाकर लेट गई। कुछ ही देर में वह गहरी नींद में नजर आने लगी। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उसे कैमरे में कैद करता है। लेकिन उसकी आवाज या हलचल से बंदरिया कुछ पल के लिए आंखें खोलती है। फिर दोबारा आंखें बंद कर लेती है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि बंदरिया ने करीब एक क्वार्टर Vodka पी थी। हालांकि, शराब की सही मात्रा की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।

खुद को गर्भवती बता रहे थे लोग

वीडियो में मौजूद व्यक्ति बंदरिया को मादा और गर्भवती बता रहा है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में उसे ‘प्रेग्नेंट मंकी’ कहा जा रहा है। हालांकि, उपलब्ध रिपोर्टों में इस गर्भावस्था की कोई स्वतंत्र पशु डॉक्टरों की तरफ से पुष्टि सामने नहीं आई है। घटना के वीडियो में दिख रहा है कि ग्राहक शराब खरीदने के लिए दुकान पर आ रहे हैं। स्टाफ सामान्य रूप से काम कर रहा है। जबकि बंदर पीछे सो रहा है।

देखने के लिए दुकान के बाहर जुट गई भीड़

कुछ ही देर बाद बंदरिया के शराब पीकर दुकान में सो जाने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई। इसके बाद लोगों की भीड़ दुकान के बाहर जमा हो गई। कई लोगों ने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बनाया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद एक रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने बंदरिया को सुरक्षित तरीके से दुकान से बाहर निकालने की कोशिश की। कई रिपोर्टों के मुताबिक, उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।

ये भी पढ़ें- Iran-US War Update: ‘ईरान में लोग मर रहे हैं, पैसे के लिए खोलना चाहता है होर्मुज’; ट्रंप का बड़ा दावा, तेहरान ने किया पलटवार

यूजर्स के मजेदार रिएक्शन

सोशल मीडिया पर इस अजीब घटना को लेकर लोग तरह-तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं। हालांकि, कुछ यूजर्स ने बंदरिया की हालत और शराब पीने के असर को लेकर चिंता भी जताई है।

वीडियो ने लोगों को इसलिए भी चौंका दिया क्योंकि इसमें एक तरफ शराब की दुकान, दूसरी तरफ बोतल से शराब पीती बंदरिया और उसके बाद दुकान के अंदर ही उसकी लंबी ‘नींद’ का मामला किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लग रहा है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से बंदर को फेंकी गई बोतलों से बची हुई शराब चाटते हुए देखा गया था।