Vaibhav Sooryavanshi: संजू की जगह वैभव सूर्यवंशी को चुने जाने पर भड़के संजय मांजरेकर, फैसले पर उठाए सवाल

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत ने 4 विकेट से मात दी है। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपना डेब्यू किया। वह भारत की ओर से सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के नाम था। वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में संजू सैमसन की जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वैभव का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू देखना खुशी की बात है, लेकिन अगर संजू पूरी तरह फिट थे तो उन्हें बाहर बैठाने का फैसला समझ से परे है।

पहले मैच में वैभव ने बनाए 14 रन

संजू सैमसन के बाहर होने की वजह चोट नहीं थी। मैच के बाद जब कप्तान श्रेयस अय्यर से इस फैसले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने माना कि टीम में जगह के लिए कड़ा मुकाबला है। संजू की जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला, लेकिन अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए। ओल्ड ट्रैफर्ड की उछाल भरी पिच पर उन्हें बल्लेबाजी करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

संजय मांजरेकर ने फैसले पर उठाया सवाल

संजय मांजरेकर ने X पर लिखा, “वैभव सूर्यवंशी को भारत की जर्सी में खेलते देखना बेहद खुशी की बात है। लेकिन संजू सैमसन को बाहर क्यों किया गया? अगर ऐसा हुआ है तो यह हैरान करने वाला फैसला है। मुझे उम्मीद है कि वह चोटिल होंगे, क्योंकि अगर ऐसा नहीं है तो ये काफी अजीब चयन है। अगर टीम वैभव को मौका देना चाहती थी, तो उन्हें तीसरे नंबर पर भी बल्लेबाजी कराई जा सकती थी।”

कैसा था भारत-इंग्लैंड का मुकाबला

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्डट्रैफर्ड में खेला गया। मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से मात दी है। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वहीं सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। दूसरे टी-20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। टारगेट का पीछा करने आई इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया।

ENG W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच आज होगी खिताबी भिड़ंत, जानें कब और कहां देखें फाइनल

ENG vs AUS: लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर रविवार को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले का क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टी20 विश्व कप के खिताबी मुकाबलों में इंग्लैंड अब तक ऑस्ट्रेलिया को नहीं हरा सका है और आंकड़े भी इसी ओर इशारा करते हैं। ऐसे में पुराने रिकॉर्ड से ज्यादा मौजूदा प्रदर्शन अहम माना जा रहा है।

इंग्लैंड की टीम आठ साल बाद महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है, वहीं ऑस्ट्रेलिया छह बार यह खिताब जीतकर अपनी बादशाहत पहले ही साबित कर चुका है। दोनों टीमों की बीच मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी

इंग्लैंड इस फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पिछली हार का सिलसिला तोड़ने के इरादे से उतरेगा। पिछले कुछ सालों में दोनों टीमों के मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा है। खासतौर पर पिछली एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को पूरी तरह मात दी थी। ऐसे में इस बार का फाइनल दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मुकाबला माना जा रहा है।

कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 5 जुलाई को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। भारतीय दर्शक इस मैच का आनंद रात 8:00 बजे (भारतीय समयानुसार) से ले सकेंगे, जब दोनों टीमें ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान पर आमने-सामने होंगी।

कहां पर खेला जाएगा मुकाबला

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदानों में शामिल लॉर्ड्स इस बड़े मुकाबले की मेजबानी करेगा, जहां दोनों टीमें खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।

कहां पर देखें मुकाबला

भारत में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा। वहीं, जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं।

IND vs ENG: रवि बिश्नोई की वजह से भारत हारा मैच? इंग्लैंड से हार के बाद ईशान किशन ने बताई हार की असली वजह

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्डट्रैफर्ड में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत को 4 विकेट से हाल मिली है। जीत के साथ इंग्लैंड की टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत आसानी से मुकाबला जीत जाएगा। इंग्लैंड को आखिरी चार ओवर में 49 रन की जरूरत थी, लेकिन रवि बिश्नोई के एक ओवर ने मैच का रुख बदल दिया। रवि बिश्नोई के एक ओवर में 29 रन बने, जिसमें दो फ्री-हिट पर जैकब बेथेल ने शानदार छक्के लगाए। इसी ओवर ने इंग्लैंड की जीत की राह आसान कर दी। इंग्लैंड ये मैच 19 ओवर में ही जीत गया।

मैच के बाद क्या कहा

मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि, एक ओवर में ज्यादा रन बनने के बाद मुकाबले का रुख बदल गया। लेकिन उन्होंने किसी भी खिलाड़ी को हार का जिम्मेदार नहीं ठहराया और कहा कि जीत-हार पूरी टीम की जिम्मेदारी होती है। ईशान किशन ने भी माना कि मैच कुछ अहम गेंदों में भारत के हाथ से निकल गया। लेकिन उन्होंने किसी एक खिलाड़ी को हार का जिम्मेदार नहीं ठहराया। ईशान ने कहा कि टी20 क्रिकेट में कुछ गेंदें ही पूरे मैच का रुख बदल देती हैं और इस मुकाबले में भी ऐसा ही देखने को मिला।

जैकब बेथेल की तारीफ की

मैच के बाद ईशान किशन ने रिपोर्टर्स से कहा, “हमें पूरे मैच के दौरान लग रहा था कि मुकाबला हमारे कंट्रोल में है। लेकिन फ्री-हिट पर मिले रन से बल्लेबाज का दबाव कम हो गया और मैच का रुख बदलने लगा।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि हमारी गेंदबाजी काफी अच्छी रही। हमने अपनी योजनाओं के मुताबिक गेंदबाजी की, लेकिन जैकब बेथेल को भी पूरा श्रेय देना होगा। उसने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की, लंबे समय तक क्रीज पर टिका रहा और सही समय पर सही गेंदबाजों पर आक्रमण किया।”

फ्री-हिट नहीं देना था

उन्होंने आगे कहा, “हम और बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। शायद हमें वे फ्री-हिट वाली गेंदें नहीं देनी चाहिए थीं, जिन पर दो छक्के लगे। बिना किसी अतिरिक्त मेहनत के विपक्षी टीम को 12 रन और दो अतिरिक्त मौके मिल गए। टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में ऐसे छोटे-छोटे पल ही मैच का नतीजा बदल देते हैं। उम्मीद है कि अगले मैच में हम ऐसी गलतियों से बचेंगे।”

हम यह मैच नहीं जीत सके

हाल के टी20 मैचों में भारत को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले हैं। लेकिन ईशान किशन ने कहा कि, टीम अच्छा क्रिकेट खेल रही है और गलतियों से सीखकर अगले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। ईशान किशन ने कहा, “हम यह मैच नहीं जीत सके, लेकिन मुझे लगता है कि हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि हर मुकाबले के बाद हम यह समझें कि किन क्षेत्रों में हमें और सुधार करने की जरूरत है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारी सबसे बड़ी ताकत ये है कि पूरी टीम एकजुट है और हर खिलाड़ी खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है। लगातार जीत न मिलना टीम के आत्मविश्वास पर असर डाल सकता है, लेकिन हमारी टीम में अनुभवी और समझदार खिलाड़ी हैं। हम जानते हैं कि कहां सुधार करना है और एक टीम के रूप में आगे बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।”

IND vs ENG: इन 6 गेंदों ने भारत से छीन लिया मैच, जैकब बेथल ने खेली धाकड़ पारी, टीम इंडिया को मिला हार

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ की सबसे बड़ी रन चेज, 4 विकेट से जीता T20I मैच

ENGvsIND रवि बिश्नोई का एक महंगा ओवर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर भारी पड़ा जहां इंग्लैंड ने शनिवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।इंग्लैंड ने 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक ओवर शेष रहते छह विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।यह इंग्लैंड की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ सबसे बड़ी रन चेज है।

मैच का निर्णायक मोड़ 17वां ओवर साबित हुआ, जिसमें रवि बिश्नोई ने 29 रन लुटा दिए। ओवर की शुरुआत उन्होंने लगातार दो नो-बॉल से की और इसके बाद जैकब बेथल ने तीन शानदार छक्के जड़कर मैच पूरी तरह इंग्लैंड की झोली में डाल दिया। बेथल ने 46 गेंदों पर नाबाद 76 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।दिन की शुरुआत 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के पदार्पण को लेकर उत्साह के साथ हुई थी, लेकिन अंत 22 वर्षीय जैकब बेथल की विस्फोटक बल्लेबाजी के नाम रहा।

इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह (40 रन पर तीन विकेट) ने फिल सॉल्ट और जोस बटलर को खाता खोले बिना आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।कप्तान हैरी ब्रूक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में 39 रन बनाए। उन्होंने अर्शदीप के एक ओवर में तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से 27 रन बटोरे और दबाव को काफी हद तक कम कर दिया।

अक्षर पटेल (20 रन पर एक विकेट) ने हैरी ब्रूक को विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच कराकर भारत को राहत दिलाई, लेकिन तब तक इंग्लैंड मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था।इसके बाद बेथल और टॉम बैंटन ने चौथे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर भारतीय स्पिन आक्रमण को प्रभावी नहीं होने दिया। बैंटन ने 32 गेंदों में 39 रन बनाए।

भारतीय स्पिनरों में केवल अक्षर ही प्रभाव छोड़ सके। इसके विपरीत बिश्नोई ने चार ओवर में 60 रन खर्च किए, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने दोनों स्पिनरों की अपेक्षाकृत तेज गेंदबाजी का भरपूर फायदा उठाया।

कप्तान श्रेयस अय्यर का 13वें ओवर में अर्शदीप सिंह को दोबारा गेंदबाजी पर लाने का फैसला सफल रहा। अर्शदीप ने बैंटन को आउट कर भारत की उम्मीदें जगाईं, लेकिन बिश्नोई का महंगा ओवर टीम की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर गया।

इससे पहले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 190 रन बनाए। पारी के अंतिम ओवर में तिलक वर्मा ने 11 गेंदों में नाबाद 24 रन की तेज पारी खेलते हुए जोफ्रा आर्चर के ओवर से 17 रन बटोरे और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।सभी की निगाहें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर थीं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर लगभग 37 वर्ष पुराना सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में भारत के लिए खेलने का रिकॉर्ड तोड़ा।

उनकी पहली पारी हालांकि ज्यादा लंबी नहीं चली। उन्होंने 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए, लेकिन विल जैक्स की ऑफ स्पिन पर आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में जोस बटलर ने उन्हें स्टंप कर दिया।अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 43 रन, अय्यर ने 22 गेंदों में 37 रन और किशन ने 43 गेंदों में 49 रन बनाए, लेकिन तीनों बल्लेबाज पूरी तरह सहज नहीं दिखे। किशन विशेष रूप से स्पिनरों की धीमी गेंदों और गति में बदलाव को पढ़ने में संघर्ष करते नजर आए।

इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर की तेज रफ्तार और अतिरिक्त उछाल ने भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआत में परेशान किया, जबकि सैम कुरन ने गति में बदलाव और धीमी गेंदों के दम पर मध्य ओवरों में दबाव बनाए रखा।

कुरन ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए। विल जैक्स ने तीन ओवर में 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन ने तीन ओवर में 27 रन देकर एक सफलता प्राप्त की। आदिल राशिद भी किफायती रहे और दो ओवर में सिर्फ 21 रन दिए।

अभिषेक शर्मा शुरुआत में आर्चर की रफ्तार के सामने संघर्ष करते रहे और अपनी पहली 12 गेंदों में लगभग 10 बार गेंद को खेलने से चूक गए। बाद में उन्होंने लय हासिल की, लेकिन कुरन की फुलटॉस पर खेला गया उनका जोरदार फ्लिक सीधे मिडविकेट पर खड़े बैंटन के हाथों में चला गया।अय्यर और किशन ने तीसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान की बड़ी बाउंड्री और इंग्लैंड के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के कारण भारतीय बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके।

IND vs ENG: इन 6 गेंदों ने भारत से छीन लिया मैच, जैकब बेथल ने खेली धाकड़ पारी, टीम इंडिया को मिला हार

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज मैनचेस्टर के ओल्डट्रैफर्ड में खेला गया। मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से मात दी है। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वहीं सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। दूसरे टी-20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। टारगेट का पीछा करने आई इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया।

जैकब बेथेल की नाबाद अर्धशतकीय पारी टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह रही। वहीं इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया। लेकिन वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए वैभव 14 रन की ही पारी खेल पाए।

कैसी थी भारत की पारी

दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 191 रनों का लक्ष्य रखा। टीम को 15 वर्षीय डेब्यू खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (14) और अभिषेक शर्मा (43) ने तेज शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। अच्छी शुरुआत के बाद वैभव अपना विकेट गंवा बैठे। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों पर 43 रन, ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 49 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों में 37 रन की अहम पारी खेली। आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड की ओर से सैम करन सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके।

कैसी थी इंग्लैंड की पारी

191 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में जोस बटलर और फिल सॉल्ट को बिना खाता खोले पवेलियन भेजकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने 39 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। उनके आउट होने के बाद जैकब बेथेल ने 46 गेंदों में नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेली। वहीं टॉम बैंटन ने 32 गेंदों पर 39 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।

मैच के आखिरी ओवरों में जब भारत जीत की ओर बढ़ता दिख रहा था, तब बेथेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया। रवि बिश्नोई के 17वें ओवर में बेथेल ने 29 रन बना डाले। उनकी दमदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 19 ओवर में 6 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया और 4 विकेट से जीत दर्ज की।

भारत की प्लेइंग 11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती

इंग्लैंड की प्लेइंग 11: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग

IND vs ENG: प्लेइंग 11 से निकाले जाने के बाद नाराज सैमसन को मनाते दिखे गौतम गंभीर? वीडियो हो रहा वायरल

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करने आई भारतयी टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 190 रन बनाई। वहीं इ्ंग्लैंड की टीम अभी बैटिंग कर रही है। इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए डेब्यू किया है। वैभव को संजू सैमसन की जगह टीम में शामिल किया गया है। वहीं इसी बीच टीम से बाहर किए जाने के बाद संजू सैमसन और हेड कोच गौतम गंभीर के बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गौतम ने संजू से की बातचीत

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार खराब प्रदर्शन के बाद संजू सैमसन को टीम से बाहर बैठना पड़ा। उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम से खेलने का मौका मिला। इसी बीच हेड कोच गौतम गंभीर और संजू सैमसन मैदान पर बातचीत करते नजर आए। जब टीम मैनेजमेंट ने वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला किया, तभी मैदान पर हेड कोच गौतम गंभीर और संजू सैमसन आपस में बातचीत करते नजर आए। कैमरे में कैद हुई इस बातचीत को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, क्योंकि सैमसन इस मुकाबले में अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं थे।

बड़ी पारी नहीं खेल पाए वैभव

इस बातचीत की कोई ऑडियो सुनाई नहीं दिया, इसलिए ये कहना संभव नहीं है कि दोनों के बीच क्या बात हुई। लेकिन उस समय की स्थिति को देखते हुए यह दृश्य काफी चर्चा में रहा। संजू सैमसन सिर्फ खराब फॉर्म की वजह से बाहर किए गए एक आम खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि वह लंबे समय से टीम के भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेल रहे युवा वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने तेज शुरुआत करने की कोशिश की, लेकिन 10 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हो गए और यादगार डेब्यू का मौका हाथ से निकल गया।

गंभीर ने हमेशा किया सपोर्ट

संजू सैमसन लंबे समय से टीम प्रबंधन के भरोसेमंद खिलाड़ियों में रहे हैं। जब उनके चयन को लेकर सवाल उठ रहे थे, तब भी हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट ने उनका साथ नहीं छोड़ा। टी20 विश्व कप के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी शानदार नाबाद 97 रन की पारी के बाद गंभीर ने खुलकर उनकी तारीफ की थी और कहा था कि सैमसन बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उनका मानना था कि टीम ने उन पर जो भरोसा दिखाया, सैमसन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से उसे सही साबित किया। नए खिलाड़ी को मौका मिलने के बाद भी गौतम गंभीर का संजू सैमसन से बात करना चर्चा का विषय बन गया। इसने दिखाया कि टीम में बदलाव के बावजूद खिलाड़ियों का सम्मान बना रहता है।

IND vs ENG: वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ अपने पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी ने बनाए इतने रन, इस सिक्स के सभी बने मुरीद

IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत के लिए अपने इंटरनेशल करियर की शुरुआत की। पिछले काफी समय से वैभव के डेब्यू की काफी चर्चा हो रही थी। वहीं अपने डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए। अपनी छोटी पारी के दौरान वैभव ने जोफ्रा आर्चर और जोश टंग जैसे तेज गेंदबाजों के खिलाफ दो शानदार छक्के भी लगाए। वैभव अपने डेब्यू मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और विल जैक्स की गेंद पर स्टंप आउट होकर पवेलियन लौट गए।

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। वहीं अबतक 17 ओवर के बाद भारतीय टीम 4 विकेट खोकर 150 रन बनाई है।

कैसी थी वैभव की पारी

पारी की शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग की गेंदों का सामना करने में थोड़ी परेशानी हुई। तेज रफ्तार और अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर उन्हें लय पकड़ने में समय लगा। लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा और शुरुआत में एक रन लेकर अपना खाता खोला। ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच पर शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजी करना उनके लिए आसान नहीं रहा। वैभव ने जोफ्रा आर्चर की तेज गेंद पर बेहतरीन छक्का लगाकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला सिक्स जड़ा। इसके बाद जोश टंग की धीमी गेंद को भी मिडविकेट के ऊपर से बाउंड्री के पार भेजते हुए एक और शानदार छक्का लगाया। हालांकि, इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने लगातार अच्छी गेंदबाजी कर उन पर दबाव बनाए रखा।

14 रन बनाकर आउट हुए वैभव

विल जैक्स के खिलाफ भी वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखने की कोशिश की। लेकिन गेंद की रफ्तार में बदलाव से वह चकमा खा गए और शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को मिस कर बैठे। इसके बाद विकेटकीपर जोस बटलर ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें स्टंप आउट कर दिया। वैभव की 14 रन की तेज पारी में दो शानदार छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मैच में स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए।

भारत की प्लेइंग 11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती

इंग्लैंड की प्लेइंग 11: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग