Vaibhav Sooryavanshi: ‘बनाएंगे अगला सचिन तेंदुलकर…’, वैभव सूर्यवंशी को लेकर BCCI कर रही बड़ी प्लानिंग

वैभव सूर्यवंशी का नाम, भारत में क्रिकेट को पसंद करने वाला हर कोई जानने लगा है। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। इंटरेनशनल क्रिकेट में कदम रखने के साथ ही उन्होंने सभी को अपना दीवाना बना लिया है। वहीं वैभव को लेकर बीसीसीआई भी अब काफी गंभीर है और वो इस युवा बल्लेबाज को सचिन तेंदुलकर जैसा बड़ा नाम बनते देखना चाहती है। गुरुवार को हुई बीसीसीआई की समीक्षा बैठक में इसकी भी चर्चा हुई। मीटिंग के बाद सचिव देवजीत सैकिया ने इसका खुलासा किया।

बीसीसीआई का बड़ा प्लान

दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे वैभव सूर्यवंशी से उम्मीद की जा रही है कि वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की तरह लंबा और शानदार क्रिकेट करियर बनाएं। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड इस युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन और करियर पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि वैभव के भविष्य को लेकर बीसीसीआई की टीम हर जरूरी कदम पर उसका ध्यान रख रही है।

सचिन जैसे नाम बनाने की तैयारी!

सैकिया ने रिपोर्टर्स से कहा कि बीसीसीआई चाहता है कि वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी देश के लिए उसी तरह शानदार प्रदर्शन करें, जिस तरह सचिन तेंदुलकर और दूसरे महान खिलाड़ियों ने किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड वैभव को लेकर काफी गंभीर है और उसके प्रदर्शन के साथ-साथ इंटरनेशनल करियर में आगे बढ़ने वाले हर कदम पर नजर रख रहा है। बीसीसीआई उसके भविष्य को लेकर बेहद करीब से काम कर रहा है, ताकि वह आगे चलकर देश के लिए लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन कर सके।

वैभव पर है नजर

सैकिया ने रिपोर्टर्स से कहा, “हम चाहते हैं कि वैभव सूर्यवंशी या उनके स्तर का कोई भी खिलाड़ी देश के लिए उसी तरह खेले, जैसे सचिन तेंदुलकर और दूसरे महान खिलाड़ियों ने खेलकर अपनी पहचान बनाई।” उन्होंने आगे कहा, “इसी वजह से हम वैभव को काफी गंभीरता से लेते हैं। उसके खेल के हर पहलू और इंटरनेशनल करियर में आगे बढ़ने वाले हर कदम पर नजर रखी जा रही है। बीसीसीआई उसके भविष्य को लेकर बहुत करीब से नजर रख रहा है।”

वैभव के बल्लेबाजी के सभी फैन

बता दें कि, बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ पांच मैच खेले हैं, लेकिन उनके प्रदर्शन ने बीसीसीआई की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। बाएं हाथ के इस युवा ओपनर ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार बल्लेबाजी की और 776 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन के दम पर उन्हें ऑरेंज कैप समेत कई पुरस्कार मिले और भारतीय टीम में जगह बनाने का मौका मिला।

इंटरनेशनल क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती तीन मैचों में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और पांचवें टी20 मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में भी जगह नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने जल्द ही वापसी करते हुए अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 200 से ज्यादा रन बनाए और शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार अपने नाम किया।

IND vs AFG: दिल्ली में होगी चौकों-छक्कों की बारिश, खेलते दिखेंगे वैभव सूर्यवंशी! अफगानिस्तान सीरीज का आ गया शेड्यूल

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले तीन मैचों की टी20 सीरीज का शेड्यूल जारी हो गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम सितंबर में भारत के दौरे पर आएगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, सीरीज के मुकाबले 13 सितंबर से 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे। ACB ने बताया कि इन तारीखों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की भी मंजूरी मिल चुकी है। वहीं इस सीरीज में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक्शन में दिखाई दे सकते हैं। हाल ही में हुए जिम्बाब्वे दौरे पर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेली थी।

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, ACB के CEO नसीब खान ने बोर्ड के कमर्शियल पार्टनर्स को भेजे एक लेटर में लिखा, “ACB ये कन्फर्म करता है कि भारत का अफ़गानिस्तान टूर 2026, 13 सितंबर से 17 सितंबर तक होने वाला है। ACB यह भी कन्फर्म करता है कि इवेंट की तारीखें BCCI के साथ कन्फर्म और सहमत हो गई हैं और तय मैचों की जगहें भी फाइनल हो गई हैं।”

इन शहरों के स्टेडियम का करती है इस्तेमाल अफगानिस्तान

अफगानिस्तान की टीम पिछले कुछ समय से भारत के अलग-अलग शहरों को अपने घरेलू मुकाबलों के लिए इस्तेमाल करती रही है। उसने लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में अपने मैच खेले हैं, लेकिन अब तक भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज का मुकाबला नहीं हुआ है। ऐसे में भारत की जमीन पर होने वाली यह टी20 सीरीज दोनों टीमों के लिए खास मानी जा रही है। ACB ने तारीखों की पुष्टि तो कर दी लेकिन साथ ही बोर्ड ने साफ किया कि संबंधित अधिकारियों की ओर से सीरीज का सार्वजनिक आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।

बांग्लादेश दौरे की संभावना कम

अफगानिस्तान के भारत दौरे की पुष्टि के बाद अब बांग्लादेश के खिलाफ उसकी सीरीज होने की संभावना काफी कम हो गई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 1 से 13 सितंबर के बीच छह वनडे और टी20 मुकाबलों के लिए समय तय किया था, लेकिन अफगानिस्तान के भारत दौरे की तारीखें इससे टकरा रही हैं। ऐसे में अफगानिस्तान का बांग्लादेश दौरा फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है। BCB की प्रस्तावित तारीखों में अब तीन हफ्ते से भी कम समय बचा है और ऐसे में बांग्लादेश सीरीज होने की संभावना लगभग खत्म होती दिख रही है। अगर सरकारों की ओर से आखिरी समय में कोई अलग फैसला या निर्देश आता है, तो स्थिति बदल सकती है।

ब्रॉडकास्ट राइट्स को लेकर हलचल

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, ITW यूनिवर्स, जिसके पास इस सीरीज के मीडिया राइट्स हैं, तीन मैचों के लीनियर राइट्स को लेकर JioStar, Sony Sports और Zee Unite8 के साथ बातचीत कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार तक ब्रॉडकास्टर के नाम पर फैसला होने की उम्मीद है। वहीं, सीरीज के डिजिटल राइट्स FanCode के पास हैं।

IND vs AFG: भारत का अफगानिस्तान पर 3-0 से क्लीन स्वीप, शुभमन गिल की कप्तानी में जीती पहली वनडे सीरीज

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज को भारत ने अपने नाम किया है। टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। बतौर कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार किसी वनडे सीरीज में जीत हासिल की है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 218 रन पर सिमट गई।

219 रन के आसान टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 28.4 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 224 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। अफगानिस्तान के लिए हश्मतुल्लाह शाहिदी ने 102 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन उनकी यह कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी। भारत की जीत की नींव यशस्वी जायसवाल के दूसरे वनडे शतक और रोहित शर्मा के साथ उनकी शानदार ओपनिंग साझेदारी ने रखी।

भारत की शानदार बल्लेबाजी

टारगेट का पीछा करने आई भारत की टीम को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित ने शुरुआत में थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन जल्द ही अपने पुराने अंदाज में नजर आए और बेहतरीन शॉट्स लगाए। उन्होंने राशिद खान की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर अपना आत्मविश्वास दिखाया। वहीं, जायसवाल ने पहले ही ओवर से आक्रामक रुख अपनाया और अजमतुल्लाह उमरजई के ओवर में लगातार चौके लगाकर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। उस ओवर में मिले पेनल्टी रन के साथ भारत ने तेजी से स्कोर आगे बढ़ाया और मजबूत शुरुआत हासिल की। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 22.5 ओवर में 170 रन की शानदार पार्टनरशिप की।

भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन

इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी सटीक गेंदों के सामने अफगान टीम ने महज 36 रन के भीतर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। मुश्किल हालात में कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने जिम्मेदारी संभाली और धैर्य के साथ शानदार शतक लगाया। उन्होंने 131 गेंदों में 102 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला और अफगानिस्तान को 218 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

IND vs AFG 3rd ODI: 39 साल की उम्र में रोहित शर्मा ने किया कमाल, मैच में कर दिखाया ये बड़ा कारनामा

IND vs AFG:  भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज चेन्नई में खेला जा रहा है। मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने आई अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। वहीं इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट लेकर विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। वहीं रोहित शर्मा ने फील्डिंग में अहम भूमिका निभाते हुए अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों के कैच लपके। भारतीय वनडे क्रिकेट के लंबे इतिहास में ये पहली बार हुआ जब किसी मैच में टीम के पहले तीन विकेट एक ही खिलाड़ी ने कैच लिए हो।

अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में प्रसिद्ध कृष्‍णा ने अफगानिस्‍तान को बैक टू बैक 4 झटके दिए। प्रसिद्ध कृष्‍णा के ओवर के पहले 3 कैच रोहित शर्मा ने लिया, वहीं मुकाबले का चौथा कैच श्रेयस अय्यर ने लिया।

इससे पहले कब लिए है विकेट

भारतीय वनडे क्रिकेट में इससे पहले भी ऐसे मौके आए हैं जब किसी एक फील्डर ने एक ही गेंदबाज की गेंद पर तीन कैच पकड़े हों। 2004 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वीवीएस लक्ष्मण ने इरफान पठान की गेंदों पर तीन कैच लिए थे। वहीं 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ शिखर धवन ने जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी पर ऐसा किया था। लेकिन, इन दोनों मौकों पर गेंदबाज और फील्डर की जोड़ी ने टीम के शुरुआती तीनों विकेट मिलकर नहीं दिलाए थे। इसी वजह से कि रोहित शर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा की उपलब्धि को खास माना जा रहा है।

प्रसिद्ध कृष्णा की शानदार गेंदबाजी

प्रसिद्ध कृष्णा और रोहित शर्मा की जोड़ी ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में खूब परेशान किया। प्रसिद्ध ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज का विकेट हासिल किया। उनकी गेंद पर स्लिप में खड़े रोहित शर्मा के हाथों में पहुंच गई। प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी सटीक गेंदबाजी से अफगानिस्तान के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनकी गेंदों पर रहमत शाह और इब्राहिम जदरान भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और दोनों के विकेट भारत के खाते में चले गए। ये तीनों कैच भी रोहित शर्मा ने लिया।

इसके बाद उन्होंने दरवेश रसूली को भी पवेलियन भेजकर अपना चौथा विकेट हासिल किया। श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन कैच में बदल दिया। प्रसिद्ध की शानदार गेंदबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

IND vs AFG: टीम इंडिया को रास आ रही है गिल की कप्तानी, अफगानिस्तान पर हासिल की बड़ी जीत

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया। मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है। वहीं शुभमन गिल की कप्तानी में ये भारत की पहली वनडे सीरीज जीत भी रही है। टीम की जीत में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई। मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। वहीं भारतीय टीम की ओर से इस मैच में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया।

पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के सामने रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन शतकीय पारी की बदौलत भारत ने 402 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। वहीं टारगेट का पीछा करने आई अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई। भारत ने अफगानिस्तान को 170 रनों से हराया है। इससे पहले धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया था। वहीं सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।

कैसी थी भारत की पारी

अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में टीम प्रबंधन ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करते हुए यशस्वी जायसवाल को पारी की शुरुआत करने का मौका दिया, जबकि शुभमन गिल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। यशस्वी जायसवाल 4 रन बनाकर आउट हुए। वहीं इसके बाद शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने पारी को संभाला, लेकिन रोहित 48 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गिल ने ईशान किशन के साथ मिलकर 224 रन की बड़ी साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। कप्तान शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 154 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 79 गेंदों पर 125 रन की शानदार पारी खेली। भारत की पूरी टीम 49.5 ओवर में 402 रन पर ऑलआउट हो गई।

कैसी थी अफगानिस्तान की पारी

पहाड़ से टारगेट का पीछा करने आई अफगानिस्तान की टीम के बल्लेबाजों पर भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। अफगानिस्तान के बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज 41 रन, इब्राहिम जद्रान 21 रन, सेदिकुल्लाह अटल 42 रन और रहमत शाह 79 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान के बाकि बल्लेबाज कोई खास कमाल नहीं कर पाए।

भारत के गेंदबाज अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट झटके। वहीं अपने डेब्यू मैच में प्रिंस यादव ने 2 विकेट चटकाए। वाशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला। वहीं अफगानिस्तान के गेंदबाज नंगेयालिया खारोटी को 4 विकेट मिले। राशीद खान को 3 विकेट, एम गजनफर और मोहम्मद सलीम सफी को 1-1 विकेट मिला।

IND vs AFG: टीम इंड‍िया ने लखनऊ में रचा इत‍िहास, 400+ रन जड़कर बनाया ये महार‍िकॉर्ड

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जा रहा है। लखनऊ में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार शतकीय पारियां खेलते हुए टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों ने तेजी से रन बटोरते हुए बड़े-बड़े शॉट लगाए और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनकी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 400 से ज्यादा रन बनाकर विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं 400 रन बनाने के साथ भारत ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए है।

400 से ज्यादा रन बनाने का आकड़ा

भारतीय टीम ने वनडे क्रिकेट में एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का दम दिखाते हुए 400 से अधिक रन का स्कोर खड़ा किया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 400 रन का आंकड़ा पार करने के मामले में साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली है। दोनों टीमों ने अब तक आठ-आठ बार ये कारनामा किया है। इस सूची में इंग्लैंड तीसरे स्थान पर है, जिसने सात मुकाबलों में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं।

टीम400+ ODI टोटल वाली टीमों की संख्या
इंडिया8
साउथ अफ्रीका8
इंग्लैंड7
ऑस्ट्रेलिया3
न्यूजीलैंड2
श्रीलंका2
जिम्बाब्वे1

सबसे बड़ा स्कोर इस टीम ने बनाया

वनडे क्रिकेट में सबसे बड़े टीम स्कोर का रिकॉर्ड अब भी इंग्लैंड के नाम दर्ज है। इंग्लैंड ने साल 2022 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 498 रन बनाकर इस फॉर्मेट का सर्वोच्च स्कोर खड़ा किया था। दूसरी ओर, अफगानिस्तान की टीम के लिए ये दूसरी बार रहा जब उसके खिलाफ किसी टीम ने 400 से ज्यादा रन बनाए। इससे पहले 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ 417 रन का विशाल स्कोर बनाया था।

शुभमन-ईशान का शतक

भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और शुरुआती झटका जल्दी लग गया। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को मजबूती दी। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलना शुरू किया और फिर तेजी से रन बटोरते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रोहित शर्मा 48 रन बनाकर आउट हुए। वहीं शुभमन गिल ने 110 गेंदों में 154 रन की शानदार पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने भी तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 79 गेंदों पर 125 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने एकाना क्रिकेट स्टेडियम में 50 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

रोहित ने दर्ज किया ये रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने अपनी 48 रनों की शानदार पारी के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 14 हजार रन पूरे करते हुए भारतीय क्रिकेट के चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में जगह बना ली। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह भारत के केवल पांचवें खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली हासिल कर चुके हैं। रोहित का लंबे समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन उनकी शानदार बल्लेबाजी और निरंतरता को दर्शाता है।

IND vs AFG : मानव सुथार का ड्रीम डेब्यू, भारत ने दर्ज की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत!

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए इकलौते टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत एक पारी और 272 रन से थी, लेकिन मुल्लांपुर में टीम इंडिया ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

 

बल्लेबाजों ने खड़ा किया रनों का पहाड़

 

भारत ने पहली पारी में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार 126 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली। साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन जोड़े। वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

दोनों पारियों में बिखरी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी

 

564 रन के जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी सिर्फ 152 रन पर सिमट गई। रहमत शाह ने 60 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। भारत ने 412 रन की बढ़त हासिल करने के बाद फॉलोऑन दिया।

 

दूसरी पारी में अफगानिस्तान की शुरुआत थोड़ी बेहतर रही, लेकिन एक बार फिर भारतीय स्पिनरों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। पूरी टीम 112 रन पर ढेर हो गई। यह अफगानिस्तान के टेस्ट इतिहास के सबसे कम स्कोरों में से एक है।

 

 डेब्यू में छा गए मानव सुथार

 

इस मैच के सबसे बड़े स्टार रहे डेब्यूटेंट मानव सुथार। युवा स्पिनर ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 6 विकेट झटके। उन्होंने अफगान बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया और मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी।

दूसरी पारी में भी सुथार ने विकेट हासिल कर अपना प्रभाव बनाए रखा। दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने 7 विकेट लिए और साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक और बेहतरीन स्पिन विकल्प मिल गया है। डेब्यू मैच में उनका यह प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

 

 स्पिनरों ने किया काम तमाम

 

दूसरी पारी में वाशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट लेकर अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी। वहीं कुलदीप यादव ने 3 विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने भी विकेट चटकाए, जिसके चलते अफगानिस्तान की टीम ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकी।

 

भारत की टेस्ट इतिहास में सबसे बड़ी जीत

 

एक पारी और 300 रन की जीत अब टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 272 रन तथा अफगानिस्तान को एक पारी और 262 रन से हराया था। मुल्लांपुर में मिली यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए एक नया रिकॉर्ड लेकर आई है और टीम के दबदबे को भी दर्शाती है।

 

भारत ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी—तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को पूरी तरह मैच से बाहर रखा और इतिहास रच दिया।