योगी सरकार का त्योहारों पर तोहफा, दिवाली-छठ पर 24 घंटे मिलेगी बिजली

योगी सरकार का त्योहारों पर तोहफा, दिवाली-छठ पर 24 घंटे मिलेगी बिजली

uppcl News

Yogi Government: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों पर प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

 

एके शर्मा ने कहा कि त्योहार के समय बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं। बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए तथा छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

झटपट पोर्टल के आवेदनों का तत्काल हो निस्तारण

ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर विद्युत कनेक्शन को लेकर अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्देश दिए कि नियमित बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या न झेलनी पड़े। जहां जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों का क्षमता विस्तार तत्काल किया जाए। ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। इससे घरेलू, व्यावसायिक सहित अन्य श्रेणियों को लगातार पांचवें महीने सीधा लाभ मिलेगा।

नगर पंचायतों में भी मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति 

नवसृजित नगर पंचायतों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इन क्षेत्रों में मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को नगर विकास विभाग तैयार है, इसलिए विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

UP MLC Election Winner List: यूपी एमएलसी चुनाव की 11 सीटों में से 10 पर आ गया रिजल्ट, जानिए कौन-कहां से जीता, देखें- पूरी विनर लिस्ट

UP MLC Election Results Winner List: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की मतगणना के बीच अब तक 10 सीटों के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए गए हैं जिनमें से छह सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तीन पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीत हासिल की है। वाराणसी से प्राप्त न्यूज के अनुसार, मतगणना के पांचवें दौर के अंत तक बुधवार रात करीब 11:30 बजे वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी 9,491 मतों से आगे है। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की।

आधिकारिक परिणामों के अनुसार, मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी कांति सिंह, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव, आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल और आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह विजयी रहे।

इसके अलावा, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉ. मान सिंह यादव, मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंद शर्मा और बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने जीत हासिल की। भाजपा ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भी अपना कब्जा बरकरार रखा जहां पार्टी प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को 307 मतों के अंतर से हराया। त्रिपाठी को 14,887, जबकि यादव को 14,580 मत मिले।

परिणाम घोषित होने के बाद ध्रुव त्रिपाठी मतगणना केंद्र से विजय का संकेत दिखाते हुए बाहर निकले। हालांकि, राजीव यादव ने आरोप लगाया कि उनकी हार सुनिश्चित करने के लिए चुनाव में हेरफेर किया गया। उन्होंने करीब 1,000 मतों की चोरी का दावा करते हुए कहा कि वह परिणाम को चुनौती देने के लिए निर्वाचन आयोग और अदालत का रुख करेंगे।

यादव ने मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चौथे दौर में गिने गए 1,612 मतों की न्यायिक जांच के बजाय फॉरेंसिक जांच कराने की मांग भी की। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच जीत हासिल की। उन्होंने परिणाम घोषित होने से पहले ही अपनी जीत का दावा किया और प्रशासन पर आधिकारिक घोषणा में देरी करने का आरोप लगाया।

चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने वाराणसी शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन प्रशासन परिणाम घोषित नहीं कर रहा है, जिससे संदेह पैदा होता है।

झांसी से सूचना विभाग द्वारा जारी परिणाम के मुताबिक, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों से पराजित किया। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के आशुतोष सिन्हा और लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी की कांति सिंह मजबूत बढ़त बनाए हुए थे।

11 सीटों पर हुए थे मतदान

शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 विधान परिषद सीट के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। इससे पहले, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें पार्टी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल फटा हुआ कुर्ता पहने दिखाई दे रहे थे। उनके समर्थकों ने आरोप लगाया था कि अग्रवाल के साथ मारपीट की गई। उन्होंने निर्वाचन आयोग, उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति से मामले का तत्काल संज्ञान लेने का अनुरोध किया था। साथ ही, प्रशासन से अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र तुरंत देने की मांग की।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के दौरान मतों की संख्या में अंतर और प्रक्रिया को लेकर भी विवाद हुआ। मऊ के एक मतदान केंद्र की मतपेटी में दर्ज संख्या से 52 मत अधिक मिलने पर प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई। इसके अलावा, एक प्रत्याशी की शिकायत के बाद अयोध्या के अपर आयुक्त अजय सैनी को मतगणना ड्यूटी से हटा दिया गया। हालांकि, प्रशासन ने कहा कि मतगणना नियमानुसार कराई जा रही है।

लाइव अपडेट के लिए यहां क्लिक करें:- UP MLC Election Results Live

निर्वाचन क्षेत्र के अनुसार विजेताओं की लिस्ट

1. मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: दिनेश कुमार गोयल (बीजेपी)

2. आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (बीजेपी)

3. इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. मान सिंह यादव (समाजवादी पार्टी)

4. लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: उमेश द्विवेदी (बीजेपी)

5. वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी)

6. आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. आकाश अग्रवाल (समाजवादी पार्टी)

7. मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: श्रीचंद शर्मा (बीजेपी)

8. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. हरि सिंह ढिल्लों (बीजेपी)

9. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: ध्रुव कुमार त्रिपाठी (बीजेपी)

10. लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: कांति सिंह (समाजवादी पार्टी)

11. वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: आशुतोष सिन्हा (समाजवादी पार्टी) आगे; अंतिम दौर की गिनती जारी है।