ChatGPT में कैसे लॉक और अनलॉक करें प्राइवेट चैट? यहां जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

ChatGPT Locked Chats Feature: OpenAI ने ChatGPT में एक नया फीचर देना शुरू किया है, जिसकी मदद से यूजर्स अपने प्राइवेट चैट को लॉक कर सकते हैं। इस फीचर का नाम Locked Chats है। यह फीचर उन लोगों के लिए काफी काम का हो सकता है, जो अपना डिवाइस दूसरों के साथ शेयर करते हैं या मीटिंग के दौरान अपनी स्क्रीन शेयर करते हैं।

इस फीचर की मदद से किसी चैट को लॉक करने के बाद वह रेगुलर चैट हिस्ट्री, पिन की गई चैट और सामान्य बातचीत के सर्च रिजल्ट में दिखाई नहीं देगी। इन चैट को देखने के लिए यूजर्स को अलग से दिए गए Locked Chats सेक्शन में जाना होगा और अपना अकाउंट PIN डालना होगा। वहीं, कुछ सपोर्टेड स्मार्टफोन में Face ID, Touch ID या फोन को अनलॉक करने के तरीके से भी चैट खोली जा सकेगी।

यह फीचर ChatGPT के Free, Go, Plus, Pro, Business, Enterprise और Edu प्लान इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध है। अब आइए जानते हैं कि ChatGPT में चैट लॉक करने का यह फीचर कैसे काम करता है और इससे यूजर्स को क्या फायदा होगा।

ChatGPT में अपनी बातचीत को कैसे लॉक करें

  • सबसे पहले अपने डिवाइस पर ChatGPT खोलें।
  • चैट हिस्ट्री में जाएं और उस चैट को ढूंढें जिसे आप लॉक करना चाहते हैं।
  • बातचीत के बगल में दिए गए तीन-बिंदु वाले मेनू पर क्लिक करें।
  • ‘Lock chat’ विकल्प चुनें।
  • पुष्टि करने के लिए फिर से ‘Lock chat’ पर क्लिक करें।
  • अगर आप इस फीचर का पहली बार इस्तेमाल कर रहे हैं, तो चार अंकों का एक अकाउंट PIN बनाएं।
  • पुष्टि करने के लिए PIN को दोबारा दर्ज करें।

इन सभी स्टेप्स को पूरा करने के बाद आपकी बातचीत Locked Chats सेक्शन में दिखाई देने लगेगी।

ChatGPT में लॉक की गई चैट कैसे खोलें

आप जब चाहें अपनी लॉक की गई चैट को एक्सेस कर सकते हैं।

  • सबसे पहले आप अपने डिवाइस पर ChatGPT खोलें और ‘प्रोजेक्ट्स’ (Projects) चुनें।
  • फिर Locked chats पर क्लिक करें।
  • अपने चार अंकों का अकाउंट पिन डालें, या अगर उपलब्ध हो तो Face ID, Touch ID या डिवाइस ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें।
  • इसके बाद जिस बातचीत को खोलना चाहते हैं, उसे चुनें।

खास बात यह है कि अकाउंट पिन सेट करने के बाद, आप सीधे Locked Chats सेक्शन से भी एक नई प्राइवेट बातचीत शुरू कर सकते हैं। OpenAI ने यूजर्स को अपना अकाउंट PIN अच्छी तरह याद रखने की सलाह दी है। हालांकि यूजर्स अपनी बातचीत खोए बिना अपना मौजूदा पिन बदल सकते हैं, लेकिन अगर वे अपना पिन भूल जाते हैं और उसे रीसेट करते हैं, तो सभी Locked Chats हमेशा के लिए डिलीट हो जाएंगी। इसके साथ ही, वे मेमोरीज और फाइलें भी डिलीट हो जाएंगी जो केवल पुराने PIN से सुरक्षित थीं।

यूजर्स अपना PIN रीसेट करने के लिए ChatGPT की Settings > Security and login > Account PIN > Reset PIN पर जा सकते हैं। हालांकि, PIN रीसेट करने के दौरान अगर लॉक की गई चैट डिलीट हो जाती हैं, तो उन्हें दोबारा रिकवर नहीं किया जा सकता। यहां तक कि OpenAI की सपोर्ट टीम भी इन डिलीट हुई बातचीत को वापस नहीं ला सकती।

यह भी पढ़ें: भारत में Lava Aura Curve लॉन्च: मिनी रियर डिस्प्ले और 6,000mAh बैटरी के साथ; जानें कीमत

भारत में Lava Aura Curve लॉन्च: मिनी रियर डिस्प्ले और 6,000mAh बैटरी के साथ; जानें कीमत

अगर आप ऐसा स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, जिसका लुक प्रीमियम हो और डिस्प्ले भी खास हो, तो Lava का नया फोन आपके लिए दिलचस्प हो सकता है। दरअसल, कंपनी ने भारत में अपना नया Lava Aura Curve लॉन्च कर दिया है। इस फोन में कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले के साथ पीछे की तरफ एक छोटी स्क्रीन दी गई है। इसके अलावा, इसमें MediaTek का Dimensity 7100 प्रोसेसर मिलता है।

बता दें कि Lava Aura Curve को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया गया है। वहीं, इसके डिजाइन और कई फीचर्स सितंबर में भारत में आए Lava Virat Curve से मिलते-जुलते हैं। कंपनी के मुताबिक, Aura Curve ने AnTuTu बेंचमार्क टेस्ट में 8 लाख से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है। फोन में 6.67 इंच की फुल-HD+ 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दी गई है।

Lava Aura Curve की कीमत और उपलब्धता

Lava Aura Curve के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत भारत में 23,999 रुपये रखी गई है। ग्राहक इस स्मार्टफोन को दो कलर ऑप्शन- Him Silver और Ambar Blue में खरीद सकेंगे।

कंपनी ने बताया है कि Lava Aura Curve को खरीदने के लिए ग्राहकों को ऑफलाइन रिटेल स्टोर पर जाना होगा। फिलहाल, कंपनी ने इसे अपने ऑफलाइन Lava रिटेलर्स के जरिए उपलब्ध कराने की जानकारी दी है।

गौरतलब है कि Lava Virat Curve के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत भी भारत में 23,999 रुपये है। यह Ellora Slate, Heritage Indigo और Makrana Ivory जैसे तीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

Lava Aura Curve के फीचर्स

Lava Aura Curve में 6.67 इंच की फुल-HD+ 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इसका रिफ्रेश रेट 120Hz है और स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 1,100 निट्स तक है। फोन में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर दिया गया है, जिसके साथ 6GB LPDDR5 RAM और 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है।

यह स्मार्टफोन Android 16 पर काम करता है। कंपनी ने इसमें दो साल तक ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट और तीन साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। फोन में Vayu AI के कई फीचर्स भी मिलते हैं। इनमें AI Circle Search, AI Call Summary और AI Voice Translation शामिल हैं। AI Voice Translation की मदद से 80 भाषाओं में अनुवाद किया जा सकता है।

कैमरे की बात करें तो Lava Aura Curve में 50MP का डुअल AI रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें Sony IMX752 सेंसर मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 13MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

फोन के पीछे कैमरा मॉड्यूल के नीचे एक छोटी डिस्प्ले भी मौजूद है। इस मिनी डिस्प्ले पर समय, बैटरी लेवल, नोटिफिकेशन और कस्टम मैसेज देखे जा सकते हैं।

इसके अलावा, Lava Aura Curve में 6,000mAh की बैटरी है, जो 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर इसमें 660 मिनट तक के यूट्यूब वीडियो देखे जा सकते हैं। इसकी बनावट को MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन भी मिला है, और धूल व पानी के छींटों से बचाव के लिए इसमें IP64 रेटिंग दी गई है।

यह भी पढ़ें: iQOO Neo 12 की लॉन्च डेट कन्फर्म, मिलेगा कूलिंग फैन और 9,000mAh की बैटरी! जानें फीचर्स