
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, ईरान के साथ बातचीत नहीं कर रहा है। इसके साथ ही बहुत जल्द ही कुछ होने वाला है। अमेरिकी समाचार नेटवर्क ‘न्यूजनेशन’ की व्हाइट हाउस संवाददाता लिब्बी डीन से बात करते हुए, जब ट्रंप से तेहरान के साथ बातचीत में हो रही गतिविधियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कुछ हलचल होने की बात तो मानी, लेकिन यह भी संकेत दिया कि इसका नतीजा अभी अनिश्चित है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान के साथ बातचीत चल रही है, तो ट्रंप ने कहा कि थोड़ी-बहुत, लेकिन देखते हैं आगे क्या होता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरानी सरकार के साथ बातचीत खत्म हो गई है, तो ट्रंप ने कहा कि नहीं, मुझे नहीं लगता कि हम बातचीत कर रहे हैं। लेकिन किसी न किसी तरह से कुछ न कुछ जरूर होगा। यह बहुत जल्द होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को उम्मीद है कि अमेरिकी चुनाव के बाद कुछ घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं। ‘ज्यादातर लोगों को लगता है कि यह चुनाव के बाद होगा, और अब देखते हैं कि आगे क्या होता है।
ट्रंप ने अपनी तारीफ क्यों की?
ट्रंप ने ईरान के प्रति अपने प्रशासन के रुख की तारीफ करते हुए कहा, ‘लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि हमने ईरान के मामले में जो किया है, वह कमाल का है।’ इंटरव्यू के दौरान, ट्रंप ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच की स्थिति को ईरान के साथ एक तरह का छोटा-मोटा टकराव बताया। इसके साथ ही कहा कि अमेरिका सैन्य और आर्थिक, दोनों मोर्चों पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारे प्रतिबंधों ने वहां चल रहे असली समझौते को खत्म कर दिया है। लेकिन ईरान के खिलाफ हम सैन्य और आर्थिक रूप से बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।’
गौरतलब है कि ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर में दावा किया गया है कि अमेरिका और इजराइल ने अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर फिर से हमले करने की योजना तैयार कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी और इजराइली सेनाओं ने ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे, परमाणु सुविधाओं, और मिसाइल व ड्रोन जखीरे को निशाना बनाने के लिए एक छोटे लेकिन तीव्र अभियान की विशेष योजनाएं तैयार की हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों सेनाओं ने अपना अभ्यास तेज कर दिया है, जिसमें हमले की रणनीति का अभ्यास करने के लिए इराक के ऊपर विमान उड़ाना भी शामिल है।
ईरान के सरकारी मीडिया आउटलेट ‘स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क’ (एसएनएन) के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने कहा कि अमेरिका के पास ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’। हम उन्हें ‘फादर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ दिखाएंगे, और यह निश्चित रूप से उनके लिए कुछ नया होगा।


