Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में बदला मौसम, आंधी-तूफान के साथ कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को अचानक से तेज आंधी तुफान के साथ गरज-चमक और झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी। मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जिसके बाद दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगर बारिश की स्थिति लगातार बनती है तो निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर यातायात की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना है। हालांकि, राहत की बात यह है कि जन्माष्टमी के चलते स्कूल-कॉलेज और तमाम दफ्तरों में छुट्टी होने के चलते सड़कों पर ट्रैफिक का कम दबाव रहेगा।

IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश (50 से 100 मिमी) होने की आशंका है। बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और बेहद जरूरी होने पर ही बारिश के दौरान बाहर निकलने की सलाह दी है।

राजस्थान से उत्तर प्रदेश तक भी मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून की अक्षीय रेखा भी सक्रिय है, जो श्रीगंगानगर से होते हुए इस निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक पहुंच रही है। इन मौसमी सिस्टम का असर उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है।

राजस्थान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 130 मिमी बारिश हुई।

इसके अलावा अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, धौलपुर, जयपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, करौली, टोंक, बारां, कोटा और झालावाड़ में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली।

यह भी पढ़ें: Vande Bharat: 5 सितंबर को चलेगी 16-कोच वाली वंदे भारत, वेस्टर्न घाट से होकर दौड़ेगी ये शानदार हाई-स्पीड ट्रेन, जानिए कितना घटेगा टाइम

दिल्ली में भारी बारिश: IMD ने कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया, चेक करें कहां कितनी बारिश

दिल्ली में भारी बारिश: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार की सुबह से ही मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। एक दिन पहले हुई व्यापक बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी करते हुए दिन भर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। इसके साथ ही लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली के इन इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर से जारी नाउकास्ट के अनुसार दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक का रेड और ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

वहीं उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान आने और मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

अगस्त महीने का अब तक का सबसे बरसाती दिन दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों की अवधि के दौरान दिल्ली में इस साल अगस्त का अब तक का सबसे बरसाती दिन रिकॉर्ड किया गया। शहर के मुख्य बेस स्टेशन सफदरजंग में इस अवधि के दौरान 59.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड पर सबसे अधिक 60.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रिज स्टेशन पर 57.0 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा अयानगर में 26.2 मिमी और पालम मौसम केंद्र पर 16.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

तापमान में आई भारी गिरावट, 98 प्रतिशत पहुंची नमी

लगातार हो रही बारिश के चलते दिल्ली के तापमान में काफी गिरावट आई है। शुक्रवार सुबह सफदरजंग बेस स्टेशन पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम यानी 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री गिरकर 23.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि लोधी रोड पर यह सामान्य से 0.8 डिग्री नीचे 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज स्टेशन पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम होकर 22.1 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में सामान्य से 1.6 डिग्री कम यानी 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिन भर कैसा रहेगा बारिश का दौर

मौसम कार्यालय के अनुसार दिन भर आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे और मूसलाधार बारिश का अनुमान है। दोपहर से पहले और दोपहर के समय मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि शाम और रात के समय बारिश का जोर कम होगा और हल्की से बहुत हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज

लगातार बारिश के चलते दिल्ली में हवा साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार सुबह राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 62 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 51 से 100 के बीच का एक्यूआई संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है