UP Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान से बढ़ेगी चिंता, यूपी में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सो में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान बन सकता है। इस दबाव की वजह से उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के जारी बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके असर से प्रदेश में 28 अक्टूबर से बेमौसम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ज्यादातर दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में मजबूत हो रहा मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, 24 अक्टूबर तक यह दबाव वाला क्षेत्र और मजबूत होगा, जबकि 25 अक्टूबर तक यह गहरे दबाव में बदल सकता है। अनुमान है कि 26 अक्टूबर की सुबह तक यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके बाद तूफान की ताकत और बढ़ सकती है और यह उत्तरी आंध्र प्रदेश व दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ सकता है। इस मौसमी सिस्टम का असर 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश में भी पड़ने की आशंका है। इसके चलते अक्टूबर के आखिरी दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश हो सकती है।

कैसा होगा यूपी का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 27 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रह सकता है। वहीं, 24 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है। इसके बाद 28 अक्टूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल सकता है। इस दिन कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 29 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के साथ भारी बारिश होने की भी आशंका है। दूसरी ओर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

इन जगहों पर होगी तेज बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 29 अक्टूबर को इन जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा, बांदा, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़ समेत कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 27 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी नहीं है। हालांकि, 28 अक्टूबर से पूर्वी यूपी में मौसम बदल सकता है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम का असर अक्टूबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के मौसम पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।

 

कल का मौसम 22 अक्टूबर: इन 8 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी, केरल-तमिलनाडु में होगी बहुत भारी बारिश

Weather Forecast October 22: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर आक्रामक हो गया है। दक्षिण भारत से लेकर अंडमान सागर तक फैली अलग अलग मौसमी प्रणालियों और चक्रवाती परिसंचरण के असर से बारिश और आंधी-तूफान का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा और विस्तृत मौसम बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार 22 अक्टूबर को देश के करीब 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौसम का असर काफी प्रभावी रहने वाला है। मौसम विभाग ने केरल और तमिलनाडु के कई इलाकों में मूसलाधार से लेकर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

आइए विस्तार से जानते हैं कि कल 22 अक्टूबर को देश के अलग अलग राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहेगा।

WhatsApp Image 2026-10-21 at 6.58.17 PM

केरल और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश का तांडव

दक्षिण प्रायद्वीप में सक्रिय मानसूनी हलचलों और बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव प्रणालियों के चलते दक्षिणी राज्यों में बादलों का डेरा और भारी बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 अक्टूबर को केरल व माहे और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इन दोनों राज्यों के कई जिलों के लिए प्रशासन और मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग अलग जिलों में भी भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली कड़केगी।

इन राज्यों में आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट

दक्षिण भारत के अलावा देश के दूसरे हिस्सों में भी मौसमी हलचल की वजह से आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आएंगी। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, केरल व माहे, लक्षद्वीप, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी।

इसके साथ ही तटीय कर्नाटक के विभिन्न अंदरूनी और तटीय इलाकों में कल गरज-चमक के साथ तेज आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। आंध्र प्रदेश के कुछ मैदानी और तटीय हिस्सों में दिन भर तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी।

कोंकण-गोवा में उमस और तटीय क्षेत्रों में स्क्वॉली वेदर की चेतावनी

एक तरफ जहां दक्षिण और मध्य भारत के कई राज्य बारिश और आंधी की चपेट में हैं, वहीं पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में मौसम उमस भरा बना रह सकता है। समुद्री क्षेत्रों में लगातार बन रही हलचल को देखते हुए मछुआरों और नौका चालकों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। केरल तट के पास और लक्षद्वीप क्षेत्र में स्क्वॉली वेदर के सक्रिय रहने की वजह से वहां 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 55 किमी/घंटे तक के तेज हवा के झोंके चलने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए संबंधित समुद्री इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में फिर मंडराया चक्रवात का खतरा, अंडमान सागर से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों के लिए आया IMD का ये अलर्ट