दोस्त से मिलने निकली 13 साल की लड़की, आधी रात मां को भेजा मैसेज- मैं खतरे में हूं, किडनैप्‍ड और गैंग रेप के आरोप

दोस्त से मिलने निकली 13 साल की लड़की, आधी रात मां को भेजा मैसेज- मैं खतरे में हूं, किडनैप्‍ड और गैंग रेप के आरोप

Guna rape case

पश्‍चिम बंगाल के कोलकाता में एक बार फिर एक 13 साल की लड़की को किडनैप करने और सामूहिक दुष्‍कर्म का झकझौर देने वाला मामला सामने आया है। कोलकाता की इस 13 साल की लड़की ने अपहरण और गैंगरेप का आरोप लगाया है।

परिवार के मुताबिक, लड़की दोस्त से मिलने निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ पिलाकर कई लोगों ने उसके साथ दुष्‍कर्म किया। इसके बाद दुष्‍कर्म का वीडियो बनाकर परिवार को धमकाया और फिरौती मांगी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

क्‍या है पूरा मामला : कोलकाता के पूर्वी बाहरी इलाके की एक महिला ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 13 वर्षीय बेटी को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने इस घिनौनी हरकत का वीडियो बना लिया और उसके जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। ‘पीटीआई’ के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि शिकायत में महिला ने अपनी बेटी के दोस्त और कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया है, साथ ही पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) के लिए भेज दिया गया है।

बता दें कि शनिवार 24 अक्टूबर को 13 साल की नाबालिग अपने घर से सहेली के घर मिलने गई थी। वह दोपहर करीब 3:30 बजे घर से गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह दोस्त से मिलकर वापस लौट आएगी, लेकिन शाम बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो उसकी मां को चिंता होने लगी। मां ने रात करीब साढ़े आठ बजे बेटी को फोन किया। लड़की ने बताया कि वह सहेली के साथ बैरकपुर में है और रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच घर लौट आएगी। लेकिन तय समय बीत जाने के भी लड़की वापस नहीं आई।

सुबह 11 बजे इस हाल में घर लौटी लड़की : परिवार का आरोप है कि लड़की रविवार सुबह करीब 11 बजे घर लौटी। उस समय वह रो रही थी और मानसिक तनाव में थी। मां ने जब उससे बात की तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। परिवार ने आरोप लगाया कि उसे एक गाड़ी में कहीं ले जाया गया था। वहां उसे पानी या कोल्‍ड्रिंक्‍स में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद कई लोगों ने उसके साथ शारीरिक और यौन उत्पीड़न किया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि लड़की को जबरन आई-पिल यानी आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली खिलाई गई।

मां को भेजी आपत्‍तिजनक तस्‍वीरें : इस मामले में परिवार ने सुकन्या दास, देबजीत सरकार और कुनाल कुमार राउत समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के दौरान नाबालिग का वीडियो रिकॉर्ड किया गया था। बाद में इसी वीडियो का इस्तेमाल लड़की और उसके परिवार को धमकाने के लिए किया गया और फिरौती मांगी गई। बताया जा रहा है कि लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें उसकी मां को भी भेजी गईं। “शिकायत के अनुसार, यह लड़की 24 अक्टूबर को बागुआटी स्थित अपने घर से बिराती में एक दोस्त से मिलने के लिए निकली थी, जिसके बाद उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया”। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, वीडियो की पुष्‍टि के लिए भी जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच : एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक “हमें शिकायत मिल गई है और हमने जांच शुरू कर दी है। हम सभी आरोपों की गहराई से जांच कर रहे हैं और विवरणों का सत्यापन कर रहे हैं” उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी या हिरासत की सूचना नहीं है।