रांची में 65 करोड़ की लागत से बन रही हाई-टेक लाइब्रेरी, एक साथ 500 लोगों के पढ़ने की होगी सुविधा

रांची में झारखंड सरकार और सीसीएल की मदद से 65 करोड़ की लागत से सेमराबादी में लाइब्रेरी बन रही है। यह लाइब्रेरी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जिसमें टेक्नोलॉजी का काफी इस्तेमाल होगा। सीनियर सिटीजंस से लेकर बच्चों तक के लिए अलग रीडिंग रूम होंगे। लाइब्रेरी में 6 लिफ्ट, हर फ्लोर पर रीडिंग रूम, ई लाइब्रेरी जैसे कई आधुनिक सुविधाएं होंगी। लाइब्रेरी में एक साथ 500 से अधिक लोग पढ़ सकेंगे।

एक फ्लोर महान हस्तियों के लिए

रांची के सांसद संजय सेठ ने बताया कि हमने लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का जायजा लिया है। काम काफी तेजी से चल रहा है। इस लाइब्रेरी की खास बात यह है कि इसका एक पूरा फ्लोर महान हस्तियों और परमवीर चक्र जैसे बड़े सम्मान पाने वालों के लिए रखा गया है। इस फ्लोर पर इन हस्तियों को जानने और समझने का मौका इस लाइब्रेरी में मिलेगा।

कैफेटेरिया और 6 लिफ्ट की सुविधा

ग्राउंड फ्लोर पर कैफेटेरिया होगी ताकि बच्चों को पढ़ाई के बीच रिफ्रेशमेंट की सुविधा मिल सके। कैफेटेरिया में हेल्दी फूड के विकल्प होंगे। लोगों खासकर बुजुर्ग लोगों को ध्यान में रखकर लाइब्रेरी में 6 लिफ्ट लगाई जा रही हैं। इससे एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर पर आने-जाने में काफी आसानी होगी। लाइब्रेरी में वाई-फाई की भी सुविधा होगी।

सीनियर सिटीजन, बच्चों के लिए खास एरिया

सेठ ने बताया कि एक फ्लोर पूरी तरह से सिटीजंस और बच्चों को समर्पित होगा। सीनियर सिटीजंस की जरूरत को ध्यान में रखते हुए स्पिरिचुअलिटी से जुड़ी किताबों की व्यवस्था की जा रही हैं। ये किताबें हिन्दी, अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में होंगी। बच्चों के लिए कॉमिक्स से लेकर फिक्सन स्टोरी, पजल्स बुक जैसे कई वेरिएंट की किताबें उपलब्ध होंगी।

मोराबादी बनेगा एजुकेशन हब

मोराबादी में कई सारे कॉलेज और यूनिवर्सिटी हैं। इन संस्थानों के स्टूडेंट्स को भी लाइब्रेरी से फायदा होगा। इस क्षेत्र की पहचान पहे से ही एक बड़े एजुकेशन हब के रूप में बन रही है। आर्थिक रूप से कमजोर स्टूडेंट्स का लाइब्रेरी में खास ध्यान रखा जाएगा। उन्हें मुफ्त में लाइब्रेरी एक्सेस की फैसिलिटी दी जाएगी। सामान्य कैटेगरी के स्टूडेंट्स से फीस ली जाएगी। अभी फीस तय नहीं की गई है।

(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)

रांची के रेलवे स्टेशन की बदलने जा रही सूरत, यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगी ये नई सुविधाएं

झारखंड की राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन की सूरत बदलने जा रही है। इसे वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इस पर करीब 447 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। स्टेशन का काम पूरा होने पर यात्रियों को नई सुविधाएं मिलेंगी। नए स्टेशन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।

नई इमारत में 100 बेड की डॉरमेट्री

रांची रेलवे स्टेशन की नई इमारत में 100 बेड की डॉरमेट्री बनाई जा रही है। महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग दो डॉरमेट्री होंगी। प्रॉपर वॉशरूम से लेकर ब्रेस्टफीडिंग एरिया, कैंटीन, कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं यात्रियों को मिलेंगी। बताया जा रहा है कि स्टेशन के साऊथ गेट के खुल जाने के बाद मुख्य गेट पर लोड घट जाएगा।

दुर्गा पूजा के बाद दो टिकट काउंटर होंगे शुरू

रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने कहा, “दुर्गा पूजा के बाद दो नए टिकट काउंटर भी खुल जाएंगे। दिसंबर में प्लेटफार्म नंबर 6 के ऑपरेशनल हो जाने की उम्मीद है। नई बिल्डिंग में भी कामकाज शुरू हो जाएगा। प्लेटफार्म नंबर 6 तैयार हो चुका है। यहां पर ट्रेन भी लूप में रुकती है। प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर का काम भी पूरा हो चुका है।”

मुख्य गेट पर यात्रियों का दबाव 50% घटेगा

लिफ्ट की फैसिलिटी शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। साऊथ गेट खुलने से मुख्य गेट पर यात्रियों की भीड़ 50 फीसदी तक कम हो जाएगी। हटिया से आने वाले लोग डायरेक्ट साऊथ गेट आ सकेंगे। उनको घूम कर मेन गेट की तरफ आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां यात्रियों के बैठने की व्यापक व्यवस्था होगी।

2 महीनों में यात्रियों की नई सुविधाएं मिलने लगेंगी

श्रेया सिंह ने बताया, ” 2 महीने में यात्रियों को नई सुविधाएं मिलने लगेंगी। यात्रियों को नया एक्सपीरियंस होगा। यहां चार-पांच एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) भी लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को टिकट के लिए टिकट काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं रह जाएगी। इससे टिकट काउंटर पर भी लोड कम होगा।

(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)

रांची बन रहा लग्जरी प्रॉपर्टी का नया ठिकाना, ₹6 से 8 करोड़ के डुप्लेक्स की डिमांड बढ़ी

रांची लग्जरी प्रॉपर्टी का नया ठिकाना बनने जा रहा है। सिटी में 6 से 8 करोड़ के डुप्लेक्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। महंगी लग्जरी प्रॉपर्टी की बढ़ती मांग को देख कई नए प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं। माना जा रहा है कि शहर के बेहतर हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से राज्य के बाहर रहने वाले लोग अब अपने घर लौटने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

6 से 8 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए इनक्वायरी

रियल स्टेट कंपनी होमली के संस्थापक दीपक ने कहा, ” हमारे पास 5 से 6 करोड़ कीमत वाले डुप्लेक्स की काफी इनक्वायरी आ रही है। इसकी बड़ी वजह यह है कि अब रांची का माहौल बदल रहा है। ग्राहक स्पा, थिएटर, स्विमिंग पूल और हाई सिक्योरिटी जैसी चीजों की मांग कर रहे हैं।”

इस एरिया में अधिक डिमांड

उन्होंने कहा कि खासतौर पर कांके के आसपास के इलाके में लोग लग्जरी अपार्टमेंट चाहते हैं। इस वजह से इस इलाके में कई नए प्रोजेक्ट्स शुरू हुए हैं। इस इलाके में करीब 6-7 नए प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। प्रोजेक्ट्स तैयार होने से पहले ही करीब 50 फीसदी फ्लैट्स और डुप्लेक्स की बुकिंग हो चुकी है।

मिनी टाउन का रूप ले रहा इलाका

यह पूरा इलाका मिनी टाउन का रूप ले रहा है। इस इलाके में बन रहे प्रोजेक्ट्स में स्विमिंग पूल, एटीएम, ग्रॉसरी स्टोर, टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ ही सिक्योरिटी की काफी अच्छी व्यवस्था है। जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को सोसायटी से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। रियल एस्टेट कंपनियां भी लोगों की मांग को ध्यान में रख प्रोजेक्ट बना रही हैं।

कांके इलाके में ज्यादा प्रोजेक्ट्स की वजह

कांके इलाके में ज्यादा प्रीमियम प्रोजेक्ट्स लॉन्च होने की वजह यह है यह रांची के बाहरी एरिया में आता है। इसके आसपास खूबसूरत पहाड़ हैं। 10 किलोमीटर की दूरी पर पतरातु घाटी स्थित है। इस इलाके में नए प्रोजेक्ट्स के पर्याप्त जमीन है। हरा-भरा होने से गर्मी में भी यह इलाका ठंडा रहता है। इसके अलावा इस इलाके में ज्यादा भीड़भाड़ भी नहीं है।

यह भी पढ़ें: मेट्रो बनेगी पटना के लोगों की लाइफ लाइन, पूरा शहर मेट्रो नेटवर्क के दायरे में आएगा

किफायती नहीं आधुनिक सुविधाओं पर फोकस

दीपक ने कहा, “ग्राहकों की बातचीत से हमें लगता है कि अब लोगों का फोकस किफायती नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं वाले घरों पर बढ़ा है। वे फ्लैट या डुप्लेक्स के लिए करोड़ों की कीमत चुकाने को तैयार हैं। इसलिए हमें भी उनकी जरूरतों के हिसाब से प्रोजेक्ट्स बनाने पड़ रह रहे हैं।”

(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)

रांची में जल्द शुरू होगा नाइट मार्केट, झारखंड की संस्कृति की मिलेगी झलक

रांची के लोगों के लिए अच्छी खबर है। सिटी में नाइट मार्केट बनने जा रहा है। एक तरफ इससे रांची के लोगों को शॉपिंग का नया एक्सपीरियंस मिलेगा तो दूसरी तरफ रोजगार के बड़े मौके बनेंगे। नाइट मार्केट के लिए जमीन की पहचान कर ली गई है। आइए इस नाइट मार्केट की खास बातें जानते हैं।

ग्रामीण महिलाओं को एलॉट होंगे आउटलेट

रांची में प्रस्तावित नाइट मार्केट की खास बात यह है कि इसमें ग्रामीण महिलाओं को प्राथमिकता के साथ फूड आउटलेट एलॉट किया जाएगा। इतना ही नहीं आउटलेट शुरू करने के लिए उन्हें सब्सिडी भी दी जाएगी। इस मार्केट के लिए करमटोली चौक के करीब स्थित करमटोली तालाब के पास 51 डिसमिल जमीन की पहचान कर ली गई है। इस जमीन की बाउंड्री भी हो गई है।

शॉपिंग के साथ लजीज व्यंजन का उठा सकेंगे लुत्फ

रांची के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा, “ग्रामीण महिलाओं से आउटलेट का कोई रेंट नहीं लिया जाएगा। अपने घर खाना बनाने वाली महिलाओं को आउटलेट मिलेगा। उनके आउटलेट को प्रमोट किया जाएगा और उनको पलाश ब्रैंड से भी जोड़ा जाएगा। नाइट मार्केट को ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित करने का प्लान है, जहां शहर के लोग शॉपिंग के नए एक्सपीरियंस के साथ ही लजीज व्यंजन का लुफ्त उठा सकेंगे।

नाइट मार्केट में मिलेगी झारखंड की संस्कृति की झलक 

नाइट मार्केट के जरिए न सिर्फ झारखंड के व्यंजन को पहचान मिलेगी बल्कि बल्कि लोगों को हेल्दी फूड भी उपलब्ध होगा। खासतौर पर यहां मिलेट प्रोडक्ट्स यह उपलब्ध होंगे। इनमें मड़वा, बाजरा, मकई, घोड़ा चावल, मडवा के बने लड्डू, मकई लड्डू व बिस्किट, बांस के अचार शामिल हैं। यहां पर सिटी के लोगों को झारखंड के सोहराय पेंटिंग की खूबसूरत कलाकृति भी देखने को मिलेगी। नाइट मार्केट की साज-सज्जा का खास ध्यान रखने का प्लान है।

यह भी पढ़ें: रांची की सूरत बदलेगी, 2400 करोड़ रुपये की लागत से शहर में बनेंगे तीन नए फ्लाईओवर

शहर के लोगों में नाइट मार्केट को लेकर उत्साह

गौरव ने कहा कि यह सिर्फ नाइट मार्केट नहीं होगा बल्कि यहां आप झारखंड की संस्कृति और आदिवासियों की जिंदगी के बारे में जान सकेंगे। लोग नाइट पार्क में झारखंड के खानपान, यहां के कपड़े, यहां की पेंटिंग को एक्सप्लोर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि खासकर राज्य के बाहर के लोगों को नाइट मार्केट में पूरे झारखंड को करीब से देखने का मौका मिलेगा। सिटी के लोगों में नाइट मार्केट को लेकर काफी उत्साह है।

(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)