ईवी चालकों को बड़ी राहत! नोएडा की 30 अहम पार्किंग में लगेंगे चार्जिंग स्टेशन, कार से लेकर दोपहिया तक होगी चार्जिंग की सुविधा

EV Charging Stations Noida: नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। शहर में अब घर के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी ईवी चार्जिंग की सुविधा मिलने लगेगी। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत नोएडा प्राधिकरण और यूपी रिन्यूएबल एंड चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बीच 24 सितंबर को एमओयू हुआ है।

इस MoU के तहत शहर की 30 अहम पार्किंग में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर कम से कम दो चार्जर होंगे, जिनसे एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन चार्ज हो सकेगा। चार्जिंग स्टेशनों का पूरा खर्च कंपनी उठाएगी, जबकि प्राधिकरण स्थान उपलब्ध कराएगा।

इससे ईवी वाहनों की खरीद में भी हो सकता है इजाफा

अब तक नोएडा में ईवी वाहन खरीदने वाले लोगों के सामने सबसे बड़ी चिंताओं में से एक सार्वजनिक जगह पर चार्जिंग की सुविधा की कमी भी रही है। घर पर चार्जिंग की सुविधा होने के बावजूद शहर में सफर के दौरान बैटरी खत्म होने पर वाहन को चार्ज करने के विकल्प न के बराबर हैं। ऐसे में नोएडा निवासी ईवी खरीदने से पहले चार्जिंग को लेकर सोचते हैं। अब 30 अलग-अलग पार्किंग वाली जगहों पर चार्जिंग स्टेशन लगने से वाहन चालकों को होने वाली परेशानी दूर होगी।

सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग की सुविधा बढ़ने से ईवी चालकों को सफर के दौरान चार्जिंग की चिंता से राहत मिल सकेगी। खास बात यह है कि हर एक स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे, जिनसे एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन को चार्ज किया जा सकेगा। नोएडा में चार्जिंग नेटवर्क बढ़ने से आने वाले समय में ईवी वाहनों की खरीद में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।

इन जगहों पर लगेंगे चार्जिंग स्टेशन

नोएडा प्राधिकरण के सीनियर अधिकारी एस पी सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नोएडा मेट्रो पार्किंग सेक्टर 101, वेद वन पार्किंग सेक्टर 78, बॉटनिकल गार्डन पार्किंग सेक्टर 38, मेट्रो पार्किंग सेक्टर 76, मेट्रो पार्किंग, ब्लॉक E सेक्टर 51, हेरिटेज हॉस्पिटल्स लिमिटेड पार्किंग क्षेत्र सेक्टर 119, नोएडा इंडोर स्टेडियम पार्किंग लॉट सेक्टर 21A, मेट्रो पार्किंग, ब्लॉक C सेक्टर 81, मेट्रो पार्किंग सेक्टर 154, मेट्रो पार्किंग गढ़ी चौखंडी / गढ़ीपुर सेक्टर 145, मेट्रो पार्किंग झट्टा सेक्टर 146, शहीद भगत सिंह पार्किंग लॉट सेक्टर 150, मेट्रो पार्किंग सेक्टर 144, नोएडा अथॉरिटी पार्किंग (NSEZ मेट्रो के पास) ब्लॉक A फेज-2, वेंडर्स जोन (हल्दीराम के पास) सेक्टर 18, सब मॉल (SAB Mall) पार्किंग सेक्टर 27 में लगाए जाएंगे।

नोएडा के महत्वपूर्ण जगहों पर मिलेगी ये सुविधा

इसके साथ ही कैम्ब्रिज स्कूल पार्किंग सेक्टर 27, ब्रह्मपुत्र मार्केट पार्किंग सेक्टर 29, अंडरग्राउंड मल्टीलेवल पार्किंग ब्लॉक B सेक्टर 1, बीएचईएल (BHEL) ऑफिस पार्किंग के पास सेक्टर 18, महामाया फ्लाई-ओवर के नीचे पार्किंग ब्लॉक C सेक्टर 38, गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पार्किंग सेक्टर 29, निरूलाज होटल के सामने सेक्टर 15, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास पार्किंग, सेक्टर 2, आईजीएल (IGL) गैस स्टेशन विकास मार्ग सेक्टर 122, साया स्टेटस मॉल सेक्टर 129, इन्फोसिस कैंपस सेक्टर 132, एनटीपीसी ईओसी (NTPC EOC) ऑफिस ब्लॉक A सेक्टर 24, नोएडा अथॉरिटी का नया ऑफिस सेक्टर 96, कमांड कंट्रोल सेंटर बिल्डिंग सेक्टर 94 में स्थापित किए जाएंगे।

रिपोर्ट- सुमित राजपूत

Samay Raina: समय रैना ने वरुण धवन को ‘बॉर्डर 2’ के लिए किया ट्रोल, एक्टर ने दिया करारा जवाब

Samay Raina: समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के हालिया एपिसोड में वरुण धवन का मजाक उड़ाया और उन पर ‘बॉर्डर 2’ को बर्बाद करने का आरोप लगाया। यह सब तब शुरू हुआ जब एक कंटेस्टेंट ने जजों से 1 से 5 के बीच कोई नंबर चुनने को कहा। वरुण ने 1 चुना और कहा, “मुझे 1 पसंद है।”

समय ने एक्टर की बात बीच में काटी और उन पर तंज कसते हुए कहा, “फिर तुमने ‘बॉर्डर 2’ क्यों खराब की?” वरुण जोर-जोर से हंस पड़े, लेकिन उन्होंने फिल्म का बचाव किया और बताया कि फिल्म ने पैसे कमाए थे। उन्होंने कहा, “यार, वो फिल्म चली थी।” इसके बाद, समय ने वरुण से उनकी पिछली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का नाम बताने को कहा। स्टैंड-अप कॉमेडियन ने फिल्म के नाम को एक मजेदार मोड़ देते हुए कहा, “है पापा डायरेक्टर तो एक्टर तो होना ही है।”

‘बॉर्डर 2’ के बारे में

अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी, 2026 को रिलीज हुई। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ हैं और यह 1997 की वॉर क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है और इसे गुलशन कुमार और टी-सीरीज ने जेपी फिल्म्स के साथ मिलकर पेश किया है। फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिले और बॉक्स ऑफिस पर इसने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया। इसका लाइफटाइम कलेक्शन लगभग 465 करोड़ रुपये रहा।

वरुण धवन के IGL में आने पर समय का मजाक

शो के दौरान, समय रैना ने वरुण धवन पर एक और तंज कसा और याद दिलाया कि कैसे पिछले साल के विवाद के बाद आलिया भट्ट भी उनके शो में आई थीं। उन्होंने कहा, “FIR के बाद मुझे इतने बड़े स्टार्स मिले हैं – आलिया भट्ट और अब वरुण धवन, शो का स्तर गिरता जा रहा है।”

शेरोन वर्मा ने भी वरुण के पिछले एक बयान पर मजाक किया। उन्होंने कहा, “मैं आपकी बहुत बड़ी फैन हूं वरुण। मेरा पसंदीदा परफॉर्मेंस वो है जब आपने कहा था कि ‘दिलवाले’ फिल्म ‘इंसेप्शन’ जैसी है।” हालांकि, वरुण ने साफ किया कि उन्होंने यह बात मजाक में कही थी। इन सबके बीत बता दें कि राखी सावंत ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के आने वाले एपिसोड में जजों के पैनल में शामिल होंगी।

दिल्ली-NCR वालों को लगा बड़ा झटका! आज सुबह से ₹3।89 महंगी हुई CNG, जानें आपके शहर में क्या है नया रेट

CNG Price: दिल्ली और उससे सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सीएनजी (CNG) का इस्तेमाल करने वालों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के शहरों में सीएनजी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें आज शनिवार 29 अगस्त को सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई हैं। कंपनी ने सीएनजी की दरों में प्रति किलोग्राम 3.89 रुपये का इजाफा किया है। इससे निजी कार मालिकों के साथ-साथ ऑटो, कैब और दूसरी कमर्शियल गाड़ियां चलाने वालों को झटका लगा है।

जानिए दिल्ली और आसपास के शहरों में क्या है सीएनजी का नया रेट

आईजीएल द्वारा की गई इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत ₹83.09 प्रति किलोग्राम से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलोग्राम हो गई है। इससे पहले 17 मई को सीएनजी की कीमतों में ₹1 प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया था। आज से लागू हुई ₹3.89 प्रति किलोग्राम की वृद्धि इस वर्ष की सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। सीएनजी की कीमतें बढ़ने का सीधा असर रोजाना सफर करने वाले आम लोगों और कमर्शियल ट्रांसपोर्ट के किराए पर पड़ने की संभावना है।

क्यों बढ़ाए गए सीएनजी के दाम? आईजीएल ने बताई वजह

IGL ने शुक्रवार देर रात जारी एक बयान में सीएनजी की कीमतों में इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की बढ़ती कीमतों को बताया है। कंपनी का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से ग्लोबल लेबल पर एलएनजी के दामों में तेज उछाल आया है।

आईजीएल के मुताबिक सीएनजी सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्राकृतिक गैस का एक बड़ा हिस्सा इंपोर्टेट LNG से आता है। जब से पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू हुआ है तब से स्पॉट मार्केट में एलएनजी की कीमतें काफी तेजी से बढ़ी हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा संकट और इनपुट कॉस्ट का असर

कंपनी के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलएनजी की ऊंची कीमतों और इनपुट गैस कॉस्ट पर पड़ रहे असर को देखते हुए फैसला लिया गया है। आईजीएल ने कहा है कि गैस की बढ़ी हुई इनपुट कॉस्ट की भरपाई आंशिक रूप से करने के लिए प्रति किलोग्राम ₹3.89 कीमत बढ़ाना जरूरी था।

ग्लोबल एनर्जी मार्केट में यह तेजी ईरान युद्ध और ग्लोबल ऑयल शिपमेंट के मेन समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में आने वाली अड़चनों के बाद से ही देखी जा रही है। इस साल फरवरी के अंत से ही क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने की वजह से अंतरराष्ट्रीय क्रूड और गैस की दरों में भारी उछाल दर्ज किया गया है।