Railway Special Trains: दिवाली-छठ पर घर जाने की टेंशन खत्म! रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें पूरी लिस्ट

दिवाली और छठ के मौके पर अगर आप ट्रेन से घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेन सेवाओं का संचालन शुरू करने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के जरिए दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों से बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, इन स्पेशल ट्रेनों के लिए बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में अगर आपका सफर दिवाली या छठ के आसपास है, तो टिकट बुक करने में देरी करना भारी पड़ सकता है।

60 दिन पहले खुली बुकिंग, सुबह 8 बजे से मौका

रेलवे के 60 दिन के एडवांस रिजर्वेशन पीरियड यानी ARP नियम के तहत यात्री टिकट बुक कर सकते हैं। बुकिंग IRCTC की वेबसाइट, ऐप और रेलवे रिजर्वेशन काउंटर के जरिए की जा सकती है।

इस साल दिवाली 8 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। त्योहार के आसपास उत्तर और पूर्व भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में सीटें तेजी से भर सकती हैं और कई रूटों पर लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिल सकती है।

किन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें?

रेलवे ने अलग-अलग शहरों को जोड़ने वाली कई अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं की घोषणा की है। इनमें मुंबई से कटिहार, कानपुर से गुवाहाटी, कटिहार से अमृतसर और डिब्रूगढ़ से कोलकाता जैसे महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं।

मुख्य स्पेशल ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:

  • मुंबई सेंट्रल–कटिहार–मुंबई सेंट्रल (09189/09190): 5 सितंबर से 17 नवंबर के बीच 77 अतिरिक्त फेरे।
  • कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी–कानपुर सेंट्रल (04127/04128): 10 सितंबर से 11 दिसंबर के बीच 14 अतिरिक्त फेरे।
  • कटिहार–अमृतसर–कटिहार (05736/05735): 9 सितंबर से 27 नवंबर के बीच 12 अतिरिक्त फेरे।
  • डिब्रूगढ़–कोलकाता–डिब्रूगढ़ (05932/05931): 5 सितंबर से 30 नवंबर के बीच 13 अतिरिक्त फेरे।
  • वाराणसी–दिल्ली–वाराणसी (04209/04210)।
  • अयोध्या कैंट–आनंद विहार टर्मिनल (04213/04214): द्विसाप्ताहिक।
  • चंडीगढ़–पटना जंक्शन (04512/04511): साप्ताहिक।
  • फिरोजपुर कैंट–पटना जंक्शन (04616/04615): साप्ताहिक।
  • आनंद विहार टर्मिनल–जोगबनी (04008/04007): साप्ताहिक।
  • आनंद विहार टर्मिनल–मुजफ्फरपुर (04028/04027): द्विसाप्ताहिक।
  • दिल्ली–सीतामढ़ी–दिल्ली (04010/04009): साप्ताहिक।
  • नई दिल्ली–कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट (02456/02455)।
  • बरौनी–नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल (02563/02564)।
  • दरभंगा–नई दिल्ली–दरभंगा स्पेशल (02569/02570)।

इन रूटों पर सबसे ज्यादा सीटों की मारामारी

दिवाली और छठ के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है। खासकर दिल्ली-पटना, मुंबई-पटना, बेंगलुरु-पटना, अहमदाबाद-पटना, दिल्ली-गोरखपुर, वाराणसी-दिल्ली और कानपुर-दिल्ली जैसे रूटों पर यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है।इन रूटों पर नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसलिए यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों का विकल्प काफी उपयोगी साबित हो सकता है।

कंफर्म टिकट के लिए पहले से कर लें ये तैयारी

त्योहारों के दौरान टिकट बुकिंग के समय कुछ मिनट की देरी भी सीट हाथ से निकलने की वजह बन सकती है। इसलिए बुकिंग शुरू होने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां कर लेना बेहतर रहेगा।

Master List पहले ही तैयार रखें

IRCTC प्रोफाइल में यात्रियों के नाम, उम्र और बर्थ से जुड़ी जानकारी पहले से सेव कर दें। इससे बुकिंग के दौरान एक-एक जानकारी भरने में समय बर्बाद नहीं होगा।

समय से पहले IRCTC पर लॉगिन करें

बुकिंग शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही IRCTC वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर लेना बेहतर है। आखिरी समय पर लॉगिन करने की कोशिश में सर्वर या इंटरनेट से जुड़ी परेशानी होने पर टिकट बुकिंग प्रभावित हो सकती है।

पेमेंट में न करें देरी

टिकट बुक करते समय भुगतान का विकल्प भी अहम होता है। तेज पेमेंट के लिए UPI या IRCTC Wallet जैसे विकल्प इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इससे पेमेंट प्रक्रिया जल्दी पूरी करने में मदद मिल सकती है।

आखिरी समय का इंतजार पड़ सकता है भारी

दिवाली और छठ देश के सबसे ज्यादा यात्रा वाले त्योहारों में शामिल हैं। ऐसे समय में बड़ी संख्या में लोग नौकरी और कारोबार वाले शहरों से अपने घर लौटते हैं। इसलिए नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें तेजी से भरने की संभावना रहती है।

MP Jahrili Sharab: मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर! 9 लोगों की दर्दनाक मौत, जिले में मचा हड़कंप

LPG ग्राहकों के लिए अलर्ट! 16 अगस्त तक पूरा करें ये जरूरी काम वरना नहीं मिलेगा सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर

अगर आप भी घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडरों का उपयोग करते हैं और सब्सिडी रेट पर गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपके लिए बेहद जरूरी खबर है। तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए अनिवार्य आधार आधारित ई-केवाईसी पूरा करने की अंतिम समय-सीमा जारी कर दी है। सीएनबीसी टीवी 18 की रिपोर्ट के मुताबिक उपभोक्ताओं के पास ई-केवाईसी पूरा करने के लिए अब सिर्फ 16 अगस्त 2026 तक का समय बचा है।

पब्लिक सेक्टर की ऑयल कंपनियों ने ऐसे उपभोक्ताओं को अंतिम एसएमएस (SMS) रिमाइंडर भेजना शुरू कर दिया है जिन्होंने अब तक अपना वेरिफिकेशन पूरा नहीं किया है। चेतावनी दी गई है कि जो ग्राहक 16 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं करा पाएंगे वे अधिसूचित घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर खरीदने की पात्रता खो सकते हैं। इसके साथ ही सत्यापन पूरा होने तक उनकी एलपीजी सब्सिडी भी रुक सकती है।

इंडेन ग्राहकों को मिला अंतिम रिमाइंडर संदेश

इंडेन के ग्राहकों को भेजे गए आधिकारिक संदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करना जारी रखने के लिए ई-केवाईसी करना अनिवार्य है। समय-सीमा समाप्त होने के बाद जब तक आधार सत्यापन नहीं हो जाता, तब तक ग्राहक घरेलू कीमतों के पात्र नहीं रहेंगे। एसएमएस में लिखा गया है कि – प्रिय ग्राहक, घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए आपको ई-केवाईसी करना जरूरी है। पहले भेजे गए रिमाइंडर के बावजूद आपने अभी तक अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है। आप इंडियनऑयल वन ऐप के माध्यम से घर बैठे या अपने वितरक के पास अथवा डिलीवरी कर्मी के माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं। 16.08.26 तक ई-केवाईसी न करने पर जब तक ई-केवाईसी पूरा नहीं हो जाता आप घरेलू दरों पर सिलेंडर के लिए अपात्र हो जाएंगे। कृपया जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी पूरा करें।

साइबर धोखाधड़ी से रहें सावधान! कंपनियों ने जारी की चेतावनी

तेल कंपनियों ने ई-केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर हो रही साइबर धोखाधड़ी को लेकर भी ग्राहकों को अलर्ट किया है। उपभोक्ताओं को फर्जी कॉल या संदेश मिल सकते हैं जिनमें दावा किया जा सकता है कि अगर वे किसी लिंक पर क्लिक नहीं करते या व्यक्तिगत विवरण साझा नहीं करते हैं तो उनका एलपीजी कनेक्शन काट दिया जाएगा या सब्सिडी रोक दी जाएगी। कंपनियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ग्राहक किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपने आधार विवरण, ओटीपी या बैंक खाते की जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ई-केवाईसी प्रक्रिया सिर्फ एलपीजी कंपनी के आधिकारिक ऐप, आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत गैस एजेंसी के माध्यम से ही पूरी की जानी चाहिए।

कैसे पूरा करें एलपीजी ई-केवाईसी? (3 आसान तरीके)

एलपीजी ग्राहक नीचे दिए गए किसी भी एक तरीके से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया आसानी से पूरी कर सकते हैं-

ऐप के जरिए: इंडियनऑयल वन ऐप के माध्यम से (पात्र ग्राहकों के लिए घर बैठे सुविधा)।

गैस एजेंसी जाकर: अपने संबंधित एलपीजी वितरक के पास जाकर।

डिलीवरी बॉय के माध्यम से: सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मी के जरिए।

1 अगस्त से लागू हुए एलपीजी से जुड़े अन्य नए नियम

अनिवार्य ई-केवाईसी के अलावा, एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए कुछ अन्य नए नियम और सेवाएं भी लागू की गई हैं। सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी के नियमों में संशोधन किया है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को अब एक साल में पहले के 9 सिलेंडरों के बजाय केवल 4 एलपीजी सिलेंडरों पर सब्सिडी प्रदान की जाएगी। उधर बेंगलुरु के उपभोक्ताओं को अब कुछ एलपीजी सिलेंडर खरीदने के लिए गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं होगी। एचपीसीएल (HPCL) ने स्विगी इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी की है, जिसके जरिए 10 किलोग्राम वाले एचपी नव्या एलपीजी सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाले मिनी एलपीजी सिलेंडर घर मंगवाए जा सकते हैं।

भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने भारत लाइट जिप नाम से एक नई सेवा शुरू की है, जो नए एलपीजी कनेक्शन और होम डिलीवरी की प्रक्रिया को तेज बनाती है। यह सेवा वर्तमान में मुंबई में उपलब्ध है और 15 अगस्त तक इसे 24 राज्यों के 100 अन्य शहरों में विस्तारित किए जाने की उम्मीद है।