LPG ग्राहकों के लिए अलर्ट! 16 अगस्त तक पूरा करें ये जरूरी काम वरना नहीं मिलेगा सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर

अगर आप भी घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडरों का उपयोग करते हैं और सब्सिडी रेट पर गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपके लिए बेहद जरूरी खबर है। तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए अनिवार्य आधार आधारित ई-केवाईसी पूरा करने की अंतिम समय-सीमा जारी कर दी है। सीएनबीसी टीवी 18 की रिपोर्ट के मुताबिक उपभोक्ताओं के पास ई-केवाईसी पूरा करने के लिए अब सिर्फ 16 अगस्त 2026 तक का समय बचा है।

पब्लिक सेक्टर की ऑयल कंपनियों ने ऐसे उपभोक्ताओं को अंतिम एसएमएस (SMS) रिमाइंडर भेजना शुरू कर दिया है जिन्होंने अब तक अपना वेरिफिकेशन पूरा नहीं किया है। चेतावनी दी गई है कि जो ग्राहक 16 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं करा पाएंगे वे अधिसूचित घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर खरीदने की पात्रता खो सकते हैं। इसके साथ ही सत्यापन पूरा होने तक उनकी एलपीजी सब्सिडी भी रुक सकती है।

इंडेन ग्राहकों को मिला अंतिम रिमाइंडर संदेश

इंडेन के ग्राहकों को भेजे गए आधिकारिक संदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करना जारी रखने के लिए ई-केवाईसी करना अनिवार्य है। समय-सीमा समाप्त होने के बाद जब तक आधार सत्यापन नहीं हो जाता, तब तक ग्राहक घरेलू कीमतों के पात्र नहीं रहेंगे। एसएमएस में लिखा गया है कि – प्रिय ग्राहक, घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए आपको ई-केवाईसी करना जरूरी है। पहले भेजे गए रिमाइंडर के बावजूद आपने अभी तक अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है। आप इंडियनऑयल वन ऐप के माध्यम से घर बैठे या अपने वितरक के पास अथवा डिलीवरी कर्मी के माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं। 16.08.26 तक ई-केवाईसी न करने पर जब तक ई-केवाईसी पूरा नहीं हो जाता आप घरेलू दरों पर सिलेंडर के लिए अपात्र हो जाएंगे। कृपया जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी पूरा करें।

साइबर धोखाधड़ी से रहें सावधान! कंपनियों ने जारी की चेतावनी

तेल कंपनियों ने ई-केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर हो रही साइबर धोखाधड़ी को लेकर भी ग्राहकों को अलर्ट किया है। उपभोक्ताओं को फर्जी कॉल या संदेश मिल सकते हैं जिनमें दावा किया जा सकता है कि अगर वे किसी लिंक पर क्लिक नहीं करते या व्यक्तिगत विवरण साझा नहीं करते हैं तो उनका एलपीजी कनेक्शन काट दिया जाएगा या सब्सिडी रोक दी जाएगी। कंपनियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ग्राहक किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपने आधार विवरण, ओटीपी या बैंक खाते की जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ई-केवाईसी प्रक्रिया सिर्फ एलपीजी कंपनी के आधिकारिक ऐप, आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत गैस एजेंसी के माध्यम से ही पूरी की जानी चाहिए।

कैसे पूरा करें एलपीजी ई-केवाईसी? (3 आसान तरीके)

एलपीजी ग्राहक नीचे दिए गए किसी भी एक तरीके से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया आसानी से पूरी कर सकते हैं-

ऐप के जरिए: इंडियनऑयल वन ऐप के माध्यम से (पात्र ग्राहकों के लिए घर बैठे सुविधा)।

गैस एजेंसी जाकर: अपने संबंधित एलपीजी वितरक के पास जाकर।

डिलीवरी बॉय के माध्यम से: सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मी के जरिए।

1 अगस्त से लागू हुए एलपीजी से जुड़े अन्य नए नियम

अनिवार्य ई-केवाईसी के अलावा, एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए कुछ अन्य नए नियम और सेवाएं भी लागू की गई हैं। सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी के नियमों में संशोधन किया है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को अब एक साल में पहले के 9 सिलेंडरों के बजाय केवल 4 एलपीजी सिलेंडरों पर सब्सिडी प्रदान की जाएगी। उधर बेंगलुरु के उपभोक्ताओं को अब कुछ एलपीजी सिलेंडर खरीदने के लिए गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं होगी। एचपीसीएल (HPCL) ने स्विगी इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी की है, जिसके जरिए 10 किलोग्राम वाले एचपी नव्या एलपीजी सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाले मिनी एलपीजी सिलेंडर घर मंगवाए जा सकते हैं।

भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने भारत लाइट जिप नाम से एक नई सेवा शुरू की है, जो नए एलपीजी कनेक्शन और होम डिलीवरी की प्रक्रिया को तेज बनाती है। यह सेवा वर्तमान में मुंबई में उपलब्ध है और 15 अगस्त तक इसे 24 राज्यों के 100 अन्य शहरों में विस्तारित किए जाने की उम्मीद है।

LPG Price Today: एलपीजी सिलेंडर का नया रेट जारी, जानें- कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर की आज कितनी है कीमत

LPG Rate Today: आज यानी 2 जुलाई को एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियों की तरफ से जारी ताजा दरों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹942 और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,930 रुपये पर बनी हुई है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 1 जुलाई से ₹183.50 की कटौती लागू है। इसका लाभ होटल, रेस्तरां, ढाबा और अन्य छोटे-बड़े कारोबारियों को मिल रहा है।

हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। आम उपभोक्ताओं को अभी राहत का इंतजार है। फिलहाल, आम परिवारों को 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर पहले की कीमत पर ही मिलेगा। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 2 जुलाई को उपभोक्ताओं के लिए 1 जुलाई को लागू की गई दरें ही प्रभावी हैं।

अब कब होगा रेट में बदलाव?

शहरवार कीमतों में स्थानीय टैक्स और परिवहन लागत के कारण मामूली अंतर हो सकता है। गैस सिलेंडर की कीमतों में अगला संभावित बदलाव अब 1 अगस्त को होगा। शहरवार कीमतों में स्थानीय टैक्स और परिवहन लागत के कारण मामूली अंतर हो सकता है। कमर्शियल एलपीजी के दामों में इस साल की पहली कटौती है।

कमर्शियल एलपीजी की नई कीमत अब 2,930 रुपये प्रति सिलेंडर होगी। जबकि पिछले महीने यह बढ़कर 3,113 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जब भू-राजनीतिक तनावों के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई थीं।

चारों महानगरों में 19 किलोग्राम (कमर्शियल) सिलेंडर के नए दाम

1 जुलाई 2026 के अपडेट के अनुसार, देश के प्रमुख महानगरों में संशोधित कीमतें इस प्रकार हैं:-

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹183.50 घटकर अब ₹2,930.00 हो गई है (जो पहले ₹3,113.50 थी)।

कोलकाता: कोलकाता में इस सिलेंडर के दाम घटकर ₹3,081.50 पर आ गए हैं (पिछले महीने यह ₹3,255.50 पर था)।

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमत ₹2,885.50 तय की गई है।

चेन्नई: चेन्नई में भी कीमतों में कटौती के बाद नया भाव ₹3,100.00 के स्तर पर पहुंच गया है।

घरेलू गैस (14.2 किलोग्राम) उपभोक्ताओं को क्या मिला?

जहां एक तरफ कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भारी कटौती की गई है। वहीं, आम जनता के रसोई बजट यानी 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम अपने पुराने स्तर पर ही स्थिर बने हुए हैं:-

दिल्ली: ₹942.00कोलकाता: ₹968.00

मुंबई: ₹941.50

चेन्नई: ₹957.50

कीमतों में कटौती की मुख्य वजह

बाजार विशेषज्ञों और पेट्रोलियम मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट और ईरान युद्ध के चलते पिछले कुछ महीनों में गैस की आपूर्ति बाधित हुई थी। इसके कारण कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। हालांकि, अब अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमतों में आई स्थिरता और भारत में एलपीजी के घरेलू उत्पादन में सुधार के चलते सरकार ने व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर लगे आपूर्ति प्रतिबंध हटा दिए हैं। इसका सीधा फायदा इस कटौती के रूप में सामने आया है।

इसके अलावा तेल कंपनियों ने छोटे व्यापारियों के लिए उपयोग में आने वाले 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमतों में भी ₹13 की कमी की है। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत ₹808.50 हो गई है। व्यावसायिक गैस सस्ती होने से बाजार में खाद्य वस्तुओं और रेस्टोरेंट के बिलों में थोड़ी नरमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट से इन 9 नए रूट पर इंडिगो ने फ्लाइट का किया ऐलान, Noida International airport से अब टोटल 15 रूट पर हवाई सेवा