Gurugram Hit and Run: महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी दौंसा से अरेस्ट, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

Gurugram Hit and Run: गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान के दौसा से आरोपी कल्याण बैंसला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने यह कदम गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर के साथ हुई कथित हिट-एंड-रन की घटना के CCTV फुटेज की जांच के बाद उठाया है। बता दें की उस पर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 भी लगा दी है। यह धारा हत्या की कोशिश से जुड़ी है और इसके तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।

यह घटनाक्रम तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक कार कथित तौर पर मोटरसाइकिल सवार महिला को टक्कर मारकर मौके से भागती हुई दिखाई दे रही है।

CCTV फुटेज की जांच के बाद हत्या की कोशिश का आरोप जोड़ा गया

ऑनलाइन फुटेज सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लिया। सेक्टर 56 थाने में चल रही जांच के दौरान, अधिकारियों ने इलाके के CCTV फुटेज की जांच की।

CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने हत्या की कोशिश का आरोप जोड़ा। शुरुआत में यह मामला BNS की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले बताया था कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं।

बता दें कि यह Hit and run की घटना रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर हुई, जब एक महिला, जिसने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान ‘सिया’ के तौर पर बताई है, बाइकर्स के एक ग्रुप के साथ अप्रिलिया RS 457 चला रही थी।

बाइक से गिरी महिला बाइकर

मोटरसाइकिल पर लगे कैमरों की फुटेज के अनुसार, एक कार ग्रुप के पास आई और सिया की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक से गिर गईं और सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गईं।

सिया को मामूली चोटें आईं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह अभी भी शारीरिक दर्द और इस घटना के भावनात्मक असर से जूझ रही हैं।

CNN-News18 से खास बातचीत में सिया ने कहा, “मेरे घुटनों में दर्द है, पूरे शरीर में दर्द हो रहा है। मैं जल्द ठीक होना चाहती हूं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं बहुत बड़े सदमे में हूं।”

उन्होंने टक्कर से पहले ड्राइवर के व्यवहार को भी याद किया।

उन्होंने CNN-News18 को बताया, “मुझे नहीं पता कि कार गोल्फ कोर्स रोड पर कब आई। उसने पहले थंब्स अप दिखाया और फिर अजीब-अजीब इशारे करता रहा।”

गौरतलब है कि सिया ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया था कि उनकी मोटरसाइकिल के पास आने से पहले कार ने उनके ग्रुप का पीछा किया था। उन्होंने दावा किया कि कार में सवार लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की और जब उन्होंने दूरी बनाए रखने के लिए कहा, तो उन्होंने गाड़ी रोकने को कहा। सिया ने यह भी आरोप लगाया कि वे नशे में लग रहे थे।

फुटेज में कार को उनकी बाइक को टक्कर मारते और फिर वहां से चले जाते हुए देखा जा सकता है।

आरोपी ने टक्कर की बात मानी, लेकिन जान-बूझकर टक्कर मारने से किया इनकार

जिम के मालिक बैंसला, जो खुद को इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी बताते हैं, ने माना है कि टक्कर हुई थी, लेकिन उन्होंने सिया को जान-बूझकर टक्कर मारने से इनकार किया।

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपनी बहन और दो कजिन के साथ यात्रा कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था। मैंने उस युवती के प्रति कोई गलत इशारा नहीं किया; मैंने बस उससे अपनी बाइक धीरे चलाने के लिए कहा था। मैं मानता हूं कि टक्कर हुई थी। अगर मैं उसी समय रुक जाता, तो वे लोग हमें पीट देते।”

बैंसला ने दावा किया कि लगभग 20 से 22 मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार को ओवरटेक किया था और उन्हें शुरू में पता नहीं चला कि उनमें एक महिला भी शामिल थी।

उन्होंने कहा, “वह बिना शीशे (मिरर) में देखे मुड़ रही थीं; तभी, एक यू-टर्न के पास, मेरा कार से कंट्रोल छूट गया और टक्कर हो गई। यह मेरी गलती थी; मैं इसे मानता हूं।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि टक्कर के बाद उन्होंने रुकने के बारे में सोचा था, लेकिन बाइक सवारों द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज किए जाने के बाद उन्होंने न रुकने का फैसला किया।

बैंसला ने कहा, “मेरा परिवार मेरे साथ था, इसलिए मुझे डर था कि अगर हम रुके तो वे हमें पीट सकते हैं। मैंने उनसे बात करने के लिए एक रेड लाइट पर कार रोकी भी थी और उन्हें समझाया था कि इसमें मेरी गलती नहीं थी। उसके बाद, मेरे भाई ने वहां रुकने से मना कर दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरे खिलाफ पहले का कोई मामला नहीं है। अब मुझे परेशान किया जा रहा है।”

वकील का दावा- महिला 140-170 किमी/घंटे की रफ्तार से चला रही थी बाइक

बैंसला के वकील नवीन बैंसला ने बताया कि जब यह घटना हुई, तब उनके क्लाइंट दिल्ली में एक रिश्तेदार के घर से अपने परिवार के साथ लौट रहे थे।

“मेरे क्लाइंट दिल्ली में एक रिश्तेदार के घर से अपने परिवार के साथ लौट रहे थे। लगभग 25 राइडर्स लगातार मेरे क्लाइंट से आगे निकल रहे थे; महिला 140-170 kmph की रफ्तार से गाड़ी चला रही थी, तभी उसने दाईं ओर मुड़ने की कोशिश की और मेरे क्लाइंट ने बाईं ओर मुड़ने की कोशिश की, जिससे टक्कर हो गई।”

घटना में शामिल कार मनीष के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसने कहा कि टक्कर के समय वह गाड़ी नहीं चला रहा था।

मनीष ने कहा, “मैं सेना में काम करता हूं और हां, यह गाड़ी मेरी ही है। मैं काम पर था और मेरे दोस्त कल्याण सिंह ने मेरी कार ली थी।”

उसके चाचा करतार पोसवाल ने भी कहा कि बैंसला ने गाड़ी ली थी और परिवार को उसके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

महिला के पिता ने सख्त कार्रवाई की मांग की

सिया के पिता ने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में मीडिया रिपोर्ट से पता चला, क्योंकि उनकी बेटी ने शुरू में उन्हें इसके बारे में नहीं बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि टक्कर जानबूझकर मारी गई थी और इस घटना को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया।

उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” बाद में सिया ने कहा कि वह कानूनी कार्रवाई करेंगी और अपने वकील के साथ FIR दर्ज कराएंगी। उन्होंने समाचार संगठनों से यह भी अनुरोध किया कि वे उनकी पहचान उजागर न करें या उनका चेहरा न दिखाएं।

वहीं, विवाद के बाद बैंसला ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है।

गुरुग्राम पुलिस ने दोहराया है कि वह सड़क पर होने वाले झगड़ों (रोड रेज), लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-कानूनी व्यवहार के प्रति ‘जीरो-टॉलरेंस’ की नीति अपनाती है, और कहा कि इसमें शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: VIDEO: ‘मैं वहीं मर सकती थी…’, गुरुग्राम हिट एंड रन केस में पीड़िता सिया ने तोड़ी चुप्पी, आरोपी के दावों पर उठाए सवाल

Gurugram: ‘जानबूझकर नहीं किया…’, महिला बाइक राइडर को पहले मारी टक्कर अब आरोपी ने कही ये बात

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला काफी चर्चा में है। गोल्फ कोर्स रोड पर लेडी बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को एक कार सवार युवक ने साइड से टक्कर मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वहीं अब इस मामले के आरोपी कल्याण बैंसला ने अपना बयान दिया है। आरोपी कल्याण बैंसला ने लेडी बाइकर को जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया है। बैंसला ने कहा कि, कार से बाइक की टक्कर गलती से हुई थी। बैंसला ने ये भी दावा किया कि उसे उस समय ये नहीं पता था कि बाइक एक महिला चला रही थी।

बैंसला ने क्या कहा

इंडिया टुडे टीवी से बातचीत में बैंसला ने कहा कि, मामले की सच्चाई CCTV फुटेज देखकर ही सामने आ सकती है। बैंसला ने कहा, दो बाइक सवार बार-बार उनकी कार को ओवरटेक कर रहे थे। इसके बाद वे बाइक आगे ले गए और अचानक रफ्तार धीमी कर दी, जिससे यह घटना हुई। बैंसला ने कहा, “वे बार-बार मेरे सामने आ रहे थे और फिर बाइक धीमी कर रहे थे।” उन्होंने आगे कहा, “क्या मैं सबको टक्कर मार रहा हूं? आप CCTV चेक कर सकते हैं।” बैंसला ने दावा किया कि बाइकर्स ने बाद में कार का शीशा देखे बिना अपनी मोटरसाइकिल मोड़ दी और कंट्रोल खो दिया, जिससे टक्कर हो गई। उन्होंने कहा, “मान लेते हैं कि टक्कर गलती से हुई। मैं मानता हूं कि गलती हुई थी।”

नहीं पता था बाइकर महिला है

उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि वह बाइकर्स को टक्कर मारने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, “मैं वीडियो में भी कह रहा था कि तुम ठीक से चला रहे हो, लेकिन धीरे चलाओ। मुझे बार-बार परेशान मत करो।” बैंसला ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि महिला घायल हो गई है, तो उन्हें इस बात का दुख हुआ। उन्होंने दावा किया कि टक्कर के समय उन्हें यह पता नहीं था कि मोटरसाइकिल कौन चला रहा था। उन्होंने कहा, “मुझे दुख है कि गलती हो गई। मुझे नहीं पता था कि उस पर एक लड़की थी।” बता दें कल्याण बैंसला का ये बयान सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आया है।

 

बैंसला ने इससे पहले किसी भी क्रिमिनल केस में शामिल होने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “मेरे नाम पर मेरे खिलाफ कभी कोई केस नहीं हुआ।” बैंसला ने कहा, “अगर लोग ये बातें कह रहे हैं, और अगर यह मेरे परिवार पर आता है, तो मैं निश्चित रूप से बोलूंगा और कहूंगा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ।”

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

बाइक के कैमरे में रिकॉर्ड हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया। महिला बाइकर ने आरोप लगाया कि कार चालक ने उसका पीछा कर तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मारी। गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच भी शुरू कर दी है। महिला बाइकर ने भी कहा कि वह अपने वकील की मदद से आगे कानूनी कार्रवाई करेगी। हादसे के बाद एक अन्य बाइक सवार के हेलमेट कैमरे में भी पूरी घटना रिकॉर्ड हुई।

Video: ‘दोस्त ले गया था गाड़ी’ गुरुग्राम में महिला राइडर को टक्कर मामले में आया नया मोड़, कार के मालिक ने बताई सच्चाई

₹50 हजार की स्कूटी पर 10 लाख रुपये का चालान! गुरुग्राम में पुलिस ने रोका तो सामने आया 96 बार नियम तोड़ने का हैरान करने वाला रिकॉर्ड

गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया है। राजीव चौक पर नियमित जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी सवार को रोका, लेकिन दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ते ही मामला काफी अलग निकला। वाहन के रिकॉर्ड में कुछ ऐसा सामने आया, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। यह मामला सिर्फ एक चालान या नियम उल्लंघन तक सीमित नहीं था, बल्कि लंबे समय से चली आ रही लापरवाही का खुलासा कर रहा था।

ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और अन्य वाहन चालकों को भी नियमों का पालन करने की सलाह दी है। आखिर स्कूटी के रिकॉर्ड में ऐसा क्या मिला, जिसने इसे चर्चा का विषय बना दिया? आगे जानिए पूरी कहानी।

96 बार तोड़े ट्रैफिक नियम, 10 लाख रुपये का जुर्माना लंबित

जांच में पता चला कि इस स्कूटी के खिलाफ कुल 96 चालान दर्ज थे, जिनकी जुर्माना राशि करीब 10 लाख रुपये तक पहुंच चुकी थी। ये सभी चालान लंबे समय से लंबित थे। पुलिस के अनुसार, वाहन पर कई बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया गया था, लेकिन चालान का भुगतान नहीं किया गया।

गलत दिशा में चला रहा था स्कूटर, हेलमेट भी नहीं था

पुलिस ने बताया कि जब युवक को रोका गया, उस समय भी वह नियमों की अनदेखी कर रहा था। वह गलत दिशा में स्कूटी चला रहा था और उसने हेलमेट भी नहीं पहना था। पूछताछ के दौरान जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागज पेश नहीं कर सका।

कैमरों और ई-चालान से पकड़ी गईं गलतियां

ट्रैफिक अधिकारियों के मुताबिक, स्कूटी पर दर्ज चालानों में कुछ ई-चालान मशीन के जरिए जारी किए गए थे, जबकि ज्यादातर चालान कैमरा आधारित निगरानी प्रणाली से बनाए गए थे। ये चालान मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अलग-अलग नियमों के उल्लंघन से जुड़े थे।

2017 मॉडल की स्कूटी बहन के नाम पर थी

पूछताछ में युवक की पहचान निशांत के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, वह मेदांता अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। यह 2017 मॉडल की स्कूटी उसकी बहन दीपिका के नाम पर रजिस्टर्ड थी।

पुलिस ने वाहन मालिकों को दी चेतावनी

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि लंबित चालान वाले वाहन मालिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से अपील की गई है कि वे समय पर अपने चालानों का भुगतान करें, ताकि भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।

Independence Day 2026: भारत का अनोखा शहर! जहां 15 अगस्त की सुबह नहीं, 14 अगस्त की रात ही फहराया जाता है तिरंगा