Delhi Air Pollution: दिल्ली में हवा हुई जहरीली! AQI 327 पहुंचा, GRAP-2 लागू, कोयला-तंदूर पर बैन, जानें क्या-क्या बंद होगा?

दिल्ली-NCR में प्रदूषण एक बार फिर बेकाबू हो गया है, हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी का Air Quality Index (AQI) सोमवार को 327 तक पहुंच गया, जो इस बार का अब तक का सबसे खराब स्तर है। CAQM (Commission for Air Quality Management) ने हालात को देखते हुए तुरंत GRAP का स्टेज-2 पूरे NCR में लागू करने का निर्देश दिया है।

AQI में इस तेज उछाल की सबसे बड़ी वजह खराब मौसम बताया जा रहा है। सिर्फ 3 दिन में AQI 117 से सीधा 324 पर पहुंच गया, जबकि 31 अक्टूबर को AQI 117 (Moderate), 1 नवंबर को 261 (Poor) और 2 नवंबर को 324 (Very Poor) रहा।

सबसे खराब हालत जहांगीरपुरी की है, जहां AQI 447 रिकॉर्ड किया गया, जो Severe कैटेगरी में है। रोहिणी में 420 और पंजाबी बाग में 415 AQI दर्ज हुआ। 58 में से 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा बहुत खराब है।

GRAP-2 में क्या-क्या बैन हुआ?

Stage-2 लागू होने के साथ ही दिल्ली-NCR में कई सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं, जो Stage-1 के साथ मिलकर लागू रहेंगी:

  1. कोयला और लकड़ी पर बैन: होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में कोयले और लकड़ी के तंदूर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
  2. DG सेट पर रोक: इमरजेंसी को छोड़कर सभी डीजल जनरेटर सेट के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी है।
  3. गाड़ियों पर शिकंजा: दिल्ली में BS-IV और उससे पुरानी गाड़ियों की एंट्री बैन रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद से आने वाली Non BS-VI गाड़ियों को भी 31 जनवरी तक दिल्ली में एंट्री नहीं मिलेगी। बिना PUC वाली गाड़ियों पर भी एक्शन होगा।
  4. पार्किंग फीस बढ़ी: प्राइवेट गाड़ियों को रोकने के लिए पार्किंग फीस बढ़ा दी गई है।
  5. सड़कों की सफाई: सभी सड़कों पर रोजाना Mechanical Sweeping और पानी का छिड़काव, Anti-Smog Gun का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा।
  6. कंस्ट्रक्शन साइटों पर सख्ती: धूल रोकने के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

क्या स्कूल बंद रहने वाले हैं?

फिलहाल स्कूल-कॉलेज बंद नहीं होंगे। CAQM के नियमों के मुताबिक स्कूल बंद करना या ऑनलाइन क्लास GRAP Stage-III (AQI 401-450) और Stage-IV (AQI 450+) में ही होता है। हालांकि प्राइवेट स्कूल आउटडोर एक्टिविटी और मॉर्निंग असेंबली को लेकर अपनी एडवाइजरी जारी कर सकते हैं। IMD और IITM का अनुमान है कि अगले कुछ दिन तक AQI Very Poor कैटेगरी में ही बना रहेगा, 5 नवंबर तक इसमें सुधार की उम्मीद कम है।

दिल्ली-NCR की हवा अगले कुछ दिनों तक जहरीली ही रहने वाली है। 5 नवंबर तक AQI में सुधार की कोई उम्मीद नहीं है, ऐसे में GRAP-2 की पाबंदियां सख्ती से लागू रहेंगी। लोगों को सलाह है कि बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें और N95 मास्क का इस्तेमाल करें।

दिल्ली का दम घुटा, AQI 250 पार,प्रदूषण रोकने के लिए सरकार का नया प्लान

नई दिल्ली: दिल्ली और प्रदूषण की चर्चा इस बार तेज हो गई है प्रदूषण ने इस बार का सबसे खराब रिकॉर्ड बना दिया है। रविवार को राजधानी का AQI 261 पहुंच गया, जो पिछले कई महीनों में सबसे ज्यादा है।इधर 1 नवंबर से प्रदूषण को लेकर नए नियम लागू हुए हैं और उधर बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। चेकिंग के चलते दिल्ली-गुरुग्राम और नोएडा बॉर्डर पर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि ये सख्ती आने वाले दिनों में जरूरी है, क्योंकि अगर अभी रोकथाम नहीं की गई तो दिसंबर-जनवरी में हालात और बिगड़ सकते हैं।

चेकिंग के नाम पर घंटों फंसे लोग

नए नियमों को लागू कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें बॉर्डर पर हर गाड़ी की जांच कर रही हैं। इसी वजह से दिल्ली के अंदर जाने वाले सभी रास्तों पर जाम की स्थिति बन गई। MCD टोल बूथ और बाकी एंट्री पॉइंट्स पर भी यही हाल रहा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया और कहा कि जाम के कारण उनका काम बिगड़ गया।

दिल्ली के 22 सेंटरों पर हवा बेहद खराब, PM2.5 बना सबसे बड़ी वजह

रविवार को दिल्ली में AQI 261 दर्ज किया गया। इतना खराब AQI आखिरी बार 12 जुलाई को देखा गया था, और 17 अप्रैल के बाद यह पहली बार है जब आंकड़ा 250 से ऊपर पहुंचा है।दिल्ली के 57 सेंटरों में से 22 पर हवा बेहद खराब और 21 पर खराब रही। 14 जगहों पर ही हवा मध्यम श्रेणी में थी। सबसे ज्यादा प्रदूषण जहांगीरपुरी में रहा, जहां AQI 378 तक पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी के बहुत करीब है। फिलहाल हवा बिगड़ने की सबसे बड़ी वजह PM2.5 है।

प्रदूषण रोकने के लिए सरकार ने लागू किए ये नए नियम

सर्दी में प्रदूषण को काबू में रखने के लिए सरकार ने कई सख्त फैसले लिए हैं –

  • BS-IV या उससे पुरानी गाड़ियों वाले बाहर के वाहनों की दिल्ली में एंट्री बंद।
  • धूल उड़ाने वाले निर्माण कार्यों पर रोक।
  • पार्किंग का चार्ज दोगुना कर दिया गया है।
  • ऑफिस में सिर्फ 50% स्टाफ को आने की इजाजत, बाकी को वर्क फ्रॉम होम।

ये नियम अलग-अलग तारीखों तक लागू रहेंगे। कुछ पाबंदियां 28 फरवरी तक रहेंगी।

250 से ज्यादा टीमें कर रही हैं चेकिंग

परिवहन विभाग ने 250 से ज्यादा कर्मचारियों को बॉर्डर, टोल प्लाजा और प्रदूषण वाली जगहों पर लगाया है। 13 बड़े टोल प्लाजा पर 39 टीमें तैनात हैं। नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरों से नियम तोड़ने वाली गाड़ियों को पकड़ा जा रहा है। पकड़े जाने पर ई-चालान और गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।

गाड़ियों के साथ फसल के अवशेष भी बने वजह

रविवार को दिल्ली के प्रदूषण में गाड़ियों का हिस्सा 16.4% रहा, जबकि खेतों में फसल के अवशेष जलाने का हिस्सा बढ़कर 18.5% तक पहुंच गया। इसके अलावा पड़ोसी इलाकों का प्रदूषण भी दिल्ली की हवा बिगाड़ रहा है। झज्जर से 9.2% और गुरुग्राम से 4.8% प्रदूषण दिल्ली में आया है।

अभी राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 6 दिन तक हवा खराब से बेहद खराब के बीच रह सकती है। ऐसे में नए नियमों का असर देखने में थोड़ा वक्त लगेगा, लेकिन बॉर्डर पर लग रहा जाम लोगों के लिए नई मुसीबत बन गया है।