न सेटअप बिगड़ा, न मार्केट चकमा दिया… फिर भी एक ही दिन में गंवा दिए ₹61 लाख! गलती ऐसी की हैरान रह जाएंगे आप

Stock Market Viral Story: शेयर बाजार के F&O सेगमेंट से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ट्रेडर को न तो खराब टेक्निकल चार्ट्स की वजह से नुकसान हुआ और न ही बाजार की चाल ने उसे चकमा दिया, बल्कि एक छोटी सी चूक की वजह से उसके ₹61 लाख साफ हो गए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मयंक राज नाम के इस ट्रेडर ने अपनी आपबीती साझा करते हुए लिखा, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि देर तक सो जाना मुझे इतना महंगा पड़ जाएगा।’ दरअसल, 9 अक्टूबर को समय पर नींद न खुलने की वजह से वे अपना स्टॉप-लॉस नहीं लगा सके और एक झटके में उनका लाखों की पोजीशन लाल निशान में चला गया।

मयंक ने अपनी पोस्ट में बताया कि, ‘कल मैंने कॉल ऑप्शंस शॉर्ट किए थे, लेकिन आज सुबह मैं समय पर नहीं उठ सका। जब मैं आखिरकार उठा और अपनी ओपन पोजीशन चेक की, तो मुझे बहुत बड़ा नुकसान हो चुका था। यह नुकसान मेरे ट्रेड सेटअप की गलती से ज्यादा अनुशासन की कमी के कारण हुआ। अगर मैं समय पर उठ जाता, तो अपने तय स्टॉप-लॉस के अनुसार ₹15-20 लाख के आसपास नुकसान सीमित करके बाहर निकल जाता।’

कैसे हुआ नुकसान और कैसे रिकवर हुए 10 लाख?

ट्रेडर ने अपने X अकाउंट पर अपने ट्रेडिंग डैशबोर्ड का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें 13 अक्टूबर की एक्सपायरी वाले Nifty 22,000 Call को शॉर्ट करने पर ₹71 लाख का घाटा दिखाई दे रहा था। वैसे उसने उसी एक्सपायरी के Nifty 22,500 Call को खरीदकर ₹10 लाख का मुनाफा कमाया, जिससे उसका कुल शुद्ध नुकसान घटकर ₹61 लाख रह गया।

मयंक ने आगे लिखा, ‘लेकिन कोई बात नहीं। मैंने पिछले हफ्ते कुछ अच्छा मुनाफा कमाया था, हालांकि इस नुकसान ने अब मेरे अक्टूबर महीने के कुल P&L को लाल निशान में धकेल दिया है। देखते हैं बाकी महीना कैसा रहता है। अब मेरा ध्यान धीरे-धीरे रिकवरी करने, अनुशासित रहने और अक्टूबर को हरे निशान में बंद करने पर होगा। मैं अपनी यह यात्रा आपके साथ साझा करता रहूंगा।’

सोशल मीडिया पर नेटीजंस ने दी ये सलाह

इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की भारी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई यूजर्स और अनुभवी ट्रेडर्स ने मयंक को भविष्य में BTST ट्रेड्स से बचने की सलाह दी। यूजर्स ने कहा कि ओवरनाइट पोजीशन ले जाते समय सिस्टम में पहले से स्टॉप लॉस सेट कर देना चाहिए, ताकि खुद मौजूद न रहने पर भी भारी नुकसान से बचा जा सके। एक X यूजर ने लिखा कि 8 अक्टूबर को जब निफ्टी 1.5% गिरा था, तब इतने निचले स्तर पर मार्केट को शॉर्ट करना ही एक बड़ी गलती थी।

9 अक्टूबर को कैसी रही बाजार की चाल

भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार, 9 अक्टूबर को बढ़त के साथ बंद हुए और पिछले 25 वर्षों में अपनी सबसे लंबी साप्ताहिक गिरावट की श्रृंखला को तोड़ दिया। Nifty 50 1.3% की बढ़त के साथ 22,520.45 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं Sensex 1.23% उछलकर 72,472.33 के स्तर पर पहुंचा।

बाजार में इस रिकवरी की मुख्य वजह आईटी (IT) शेयर रहे। दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के मजबूत तिमाही नतीजों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कमाई में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में मजबूत वृद्धि ने शेयर बाजार की बढ़त की कमान संभाली।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

क्या आप जानते हैं? ये जानवर खड़े होकर भी ले सकते हैं गहरी नींद, तरीका कर देगा हैरान

जब इंसान थकता है तो सबसे पहले उसे आरामदायक बिस्तर और सुकून भरी नींद की तलाश होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जानवरों की दुनिया में सोने और आराम करने के तरीके काफी अलग होते हैं? कई जानवर ऐसे हैं जो बिना बिस्तर और बिना जमीन पर लेटे भी आराम कर लेते हैं। कोई खड़े-खड़े आंखें बंद कर लेता है, तो कोई पेड़ की डाल पर बैठकर ही नींद पूरी करता है। हाथी, जिराफ, घोड़े, जेब्रा और फ्लेमिंगो जैसे जानवरों की नींद से जुड़े ये तरीके प्रकृति की अनोखी समझ को दिखाते हैं। इनके लिए आराम सिर्फ शरीर को शांत करना नहीं, बल्कि आसपास के खतरे से खुद को सुरक्षित रखना भी होता है।

यही वजह है कि कई जानवरों ने अपने शरीर और व्यवहार में ऐसे खास बदलाव विकसित किए हैं, जो उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में आराम करने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं उन जानवरों के बारे में, जो इंसानों से बिल्कुल अलग अंदाज में सोते हैं।

हाथी

अपने विशाल शरीर के बावजूद हाथी कभी-कभी खड़े होकर थोड़ी देर आराम या नींद ले लेते हैं। इससे उन्हें बार-बार जमीन पर लेटने और फिर उठने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, जब उन्हें ज्यादा गहरी नींद या लंबे आराम की जरूरत होती है, तो वे जमीन पर लेटना भी पसंद करते हैं। खड़े होकर आराम करना उन्हें आसपास की स्थिति पर नजर बनाए रखने में भी मदद कर सकता है।

जिराफ

जिराफ बेहद कम समय सोने वाले स्तनधारियों में गिने जाते हैं। वे परिस्थितियों के अनुसार दिन में करीब 30 मिनट से लेकर कुछ घंटों तक आराम कर सकते हैं। उनकी लंबी टांगों और गर्दन के कारण जमीन पर लेटना और फिर उठना आसान नहीं होता। इसलिए वे कई बार खड़े-खड़े ही आराम कर लेते हैं, ताकि खतरा महसूस होने पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकें।

मैना और कबूतर

मैना और कबूतर जैसे पक्षी पेड़ों की डालियों पर बैठकर आराम करते हैं और इसी स्थिति में सो भी सकते हैं। इनके पैरों में ऐसा प्राकृतिक तंत्र होता है, जिससे डाल पर बैठते ही पंजे मजबूती से पकड़ बना लेते हैं। यही वजह है कि नींद के दौरान भी वे आसानी से नीचे नहीं गिरते। ऊंचाई पर आराम करना उन्हें जमीन के कई शिकारियों से सुरक्षित रखने में भी मदद करता है।

फ्लेमिंगो

फ्लेमिंगो को एक पैर पर खड़े रहने के लिए जाना जाता है, लेकिन खास बात यह है कि वे इसी मुद्रा में सो भी सकते हैं। एक पैर पर खड़े रहने से पानी में शरीर की गर्मी कम निकलती है। उनके पैरों की बनावट और संतुलन की क्षमता इस अजीब दिखने वाली मुद्रा को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करती है।

जेब्रा

जंगल और खुले मैदानों में जेब्रा को हमेशा शिकारियों का खतरा बना रहता है। ऐसे में खड़े होकर आराम करना उनके लिए उपयोगी हो सकता है। इस तरह वे पूरी तरह जमीन पर लेटे बिना थोड़ी देर आराम कर सकते हैं और खतरा नजर आते ही तेजी से भाग सकते हैं। उनके पैरों में मौजूद विशेष संरचना लंबे समय तक खड़े रहने में मदद करती है।

गाय

गाय भी खड़े होकर आराम कर सकती हैं, खासकर तब जब वे अपने आसपास के माहौल पर नजर रखना चाहती हैं। हालांकि, लंबे आराम और बेहतर नींद के लिए वे जमीन पर लेटती हैं। सुरक्षित माहौल मिलने पर गायों को अक्सर समूह में लेटे हुए आराम करते देखा जा सकता है।

घोड़े

घोड़े खड़े होकर सोने की अपनी क्षमता के लिए शायद सबसे ज्यादा मशहूर हैं। इनके पैरों में ‘स्टे अपरेटस’ (Stay Apparatus) नाम की विशेष व्यवस्था होती है, जो पैरों को स्थिर स्थिति में रखने में मदद करती है। इससे घोड़ा बिना लगातार मांसपेशियों पर दबाव डाले खड़ा रहकर आराम कर सकता है। जंगल में रहने वाले घोड़ों के लिए यह क्षमता खास तौर पर उपयोगी है, क्योंकि खतरा सामने आते ही वे जल्दी से दौड़ सकते हैं।

Viral Post: ‘कभी खाने को थे मोहताज…’ एक फैसले ने बदल दी जिंदगी, अब शख्स बना रहा अपने ‘सपनों का महल’