Personal Loan: अपनी आर्थिक जरूरतों के लिए कैसे चुनें सही पर्सनल लोन? ये 5 फैक्टर करेंगे आपकी मदद

Personal Loan: -पर्सनल लोन जरूरत के समय बड़ी राहत दे सकता है। मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई, शादी-ब्याह, घर की मरम्मत या पुराने कर्जों को चुकाने जैसे कई कामों के लिए लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बिना योजना के लिया गया लोन बाद में आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है। इसलिए लोन लेने से पहले अपनी जरूरत, चुकाने की क्षमता और लोन की शर्तों को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए।

1. सबसे पहले तय करें कितनी रकम चाहिए

लोन के लिए आवेदन करने से पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि आपको कितनी रकम की जरूरत है और उसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना है। कई बार लोग जरूरत से ज्यादा लोन ले लेते हैं, जिससे EMI और ब्याज दोनों का बोझ बढ़ जाता है।

जरूरत के हिसाब से लोन लेने का फायदा यह है कि कुल ब्याज कम चुकाना पड़ता है और लोन चुकाना भी आसान रहता है। इससे आपकी वित्तीय स्थिति पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता।

2. ब्याज दरों की तुलना करना जरूरी

पर्सनल लोन चुनते समय सबसे अहम ब्याज दर है। अलग-अलग बैंक अलग-अलग दरों पर लोन देते हैं। जून 2026 में Axis Bank 8.95% सालाना की शुरुआती ब्याज दर पर पर्सनल लोन ऑफर कर रहा है। वहीं HDFC Bank और कई अन्य बैंक 9.99% से शुरू होने वाली दरों पर लोन दे रहे हैं।

ब्याज दर में छोटा-सा अंतर भी लंबे समय में बड़ी रकम का फर्क पैदा कर सकता है। इसलिए किसी एक बैंक के ऑफर को देखकर फैसला करने की बजाय कई बैंकों की दरों की तुलना करना बेहतर रहता है।

3. छिपे हुए शुल्कों को नजरअंदाज न करें

सिर्फ कम ब्याज दर देखकर लोन लेना सही फैसला नहीं होता। कई बार प्रोसेसिंग फीस, प्रीपेमेंट चार्ज, पार्ट-पेमेंट फीस, लेट पेमेंट पेनाल्टी और दूसरे शुल्क लोन की कुल लागत को काफी बढ़ा देते हैं।

यही वजह है कि आवेदन करने से पहले सभी नियम और शुल्कों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। इससे बाद में किसी तरह की परेशानी या अतिरिक्त खर्च से बचा जा सकता है।

4. सही टेन्योर चुनना भी उतना ही अहम

लोन का टेन्योर आपकी EMI और कुल ब्याज लागत दोनों को प्रभावित करता है। कम अवधि वाला लोन चुनने पर EMI ज्यादा आती है, लेकिन कुल ब्याज कम देना पड़ता है। वहीं लंबी अवधि चुनने पर EMI कम हो जाती है, लेकिन ब्याज का कुल बोझ बढ़ जाता है।

इसलिए ऐसा टेन्योर चुनना चाहिए, जो आपकी आय और मासिक बजट के हिसाब से संतुलित हो। EMI इतनी होनी चाहिए कि बाकी जरूरी खर्चों पर असर न पड़े।

5. बैंक की साख और सेवा भी देखें

लोन लेते समय सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि बैंक या वित्तीय संस्था की साख भी देखनी चाहिए। ग्राहक सेवा, शिकायत निपटान व्यवस्था, लोन प्रोसेसिंग की पारदर्शिता और रकम मिलने में लगने वाला समय जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी है। एक अच्छी संस्था से लिया गया लोन पूरी प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बना सकता है।

सोच-समझकर लें पर्सनल लोन का फैसला

पर्सनल लोन एक वित्तीय जिम्मेदारी है। बैंक आपको तय शर्तों पर रकम देता है और बदले में आपको हर महीने EMI चुकानी होती है। इसलिए लोन लेने से पहले अपनी आय, खर्च, मौजूदा कर्ज और भविष्य की जरूरतों का आकलन जरूर करें।

ब्याज दर, टेन्योर, अतिरिक्त शुल्क और चुकाने की क्षमता को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला आपको आर्थिक दबाव से बचा सकता है। जरूरत पड़ने पर किसी योग्य वित्तीय सलाहकार की राय लेना भी फायदेमंद हो सकता है।

EPF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी! जल्द खाते में आएगा ब्याज का पैसा, ऐसे चेक करें बैलेंस

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। कोई भी वित्तीय फैसला लेने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Personal Loan: सैलरी वालों को आसानी से मिलता है पर्सनल लोन, लेकिन इन 5 बातों नजरअंदाज करना पड़ेगा महंगा

Personal Loan: भारत में डिजिटल पर्सनल लोन का चलन तेजी से बढ़ा है। खासकर, सैलरी को देखकर मिलने वाला पर्सनल लोन। पारंपरिक लोन के मुकाबले इसमें कम कागजी काम होती है। लोन देने वाली कंपनियां आपकी सैलरी, नौकरी की स्थिरता, क्रेडिट स्कोर, पुराने लोन चुकाने का रिकॉर्ड और बैंकिंग पैटर्न देखकर तय करती हैं कि आपको कितना लोन दिया जा सकता है।

इस वजह से लोन जल्दी मंजूर हो जाता है और कम समय में पैसा मिल सकता है। लोग इन लोन का इस्तेमाल मेडिकल इमरजेंसी, शादी-ब्याह, बच्चों की पढ़ाई, पुराने कर्ज चुकाने या कई महंगे लोन को एक जगह जोड़ने के लिए करते हैं।

हालांकि, आसान से मिलने का मतलब यह नहीं है कि बिना सोचे-समझे लोन ले लिया जाए। कुछ गलतियां आपको बाद में परेशानी में डाल सकती हैं।

सैलरी वाले पर्सनल लोन में क्या जोखिम हैं?

ऐसे लोन में कई बार सिर्फ ब्याज ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग फीस और दूसरे चार्ज भी जुड़ जाते हैं। इससे लोन की कुल लागत बढ़ सकती है। आसान मंजूरी मिलने की वजह से कुछ लोग जरूरत से ज्यादा रकम उधार ले लेते हैं। इससे बाद में EMI का बोझ बढ़ जाता है।

इसके अलावा अगर आप लंबी अवधि का लोन चुनते हैं, तो मंथली EMI कम जरूर हो सकती है, लेकिन कुल ब्याज ज्यादा देना पड़ सकता है। समय पर EMI नहीं चुकाने पर क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है। इसका असर भविष्य में होम लोन, कार लोन या क्रेडिट कार्ड मिलने पर भी पड़ सकता है।

समझदारी से लोन लेने के 5 तरीके

1. सिर्फ जरूरत भर का लोन लें

कई बार लोग जितना लोन मिल सकता है, उतना ले लेते हैं। लेकिन सही तरीका यह है कि सिर्फ उतनी ही रकम लें, जिसकी वास्तव में जरूरत हो।

ज्यादा लोन का मतलब ज्यादा EMI और ज्यादा ब्याज है। इसलिए पहले जरूरत का सही आकलन करें और फिर लोन लें।

2. EMI चुकाने की क्षमता जरूर देखें

लोन लेना आसान है, लेकिन हर महीने EMI भरना उतना आसान नहीं होता।

नया लोन लेने से पहले यह जरूर देखें कि आपकी सैलरी का कितना हिस्सा EMI में जाएगा। अगर पहले से कोई लोन चल रहा है, तो उसका भी ध्यान रखें। ऐसी EMI चुनें जिसे आप आराम से चुका सकें।

3. अलग-अलग बैंकों की तुलना करें

लोन लेने से पहले सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग फीस, दूसरे चार्ज और लोन की शर्तों की भी तुलना करें।

कई बार कम ब्याज वाला लोन दूसरे चार्ज की वजह से महंगा पड़ सकता है। इसलिए पूरी लागत समझने के बाद ही फैसला लें।

4. अच्छा क्रेडिट स्कोर बनाए रखें

क्रेडिट स्कोर जितना अच्छा होगा, भविष्य में उतनी ही आसानी से लोन मिल सकता है। 750 या उससे ज्यादा का क्रेडिट स्कोर आमतौर पर अच्छा माना जाता है।

इसके लिए EMI और क्रेडिट कार्ड बिल हमेशा समय पर चुकाएं। लोन या कार्ड पेमेंट में देरी करने से क्रेडिट स्कोर पर नेगेटिव असर पड़ता है।

5. लोन का इस्तेमाल सही काम में करें

लोन की रकम का इस्तेमाल सोच-समझकर करें। महंगे गैजेट, लग्जरी शॉपिंग या गैर-जरूरी खर्चों के लिए बार-बार लोन लेना सही नहीं माना जाता।

कोशिश करें कि लोन का इस्तेमाल किसी जरूरी जरूरत, इमरजेंसी या ऐसे काम में हो जो आपकी वित्तीय स्थिति को बेहतर बनाने में मदद करे।

लोन लेते समय जल्दबाजी न करें

सैलरी पर मिलने वाला पर्सनल लोन जरूरत के समय काफी मददगार साबित हो सकता है। लेकिन लोन लेने से पहले उसकी लागत, EMI, ब्याज और अपनी चुकाने की क्षमता को अच्छी तरह समझ लेना जरूरी है।

अगर सही योजना और अनुशासन के साथ लोन लिया जाए, तो यह आपके वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने में मदद कर सकता है। वहीं बिना योजना के लिया गया लोन लंबे समय तक आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है।

New Tax Regime: न्यू टैक्स रिजीम में भी बचा सकते हैं टैक्स, जानिए 7 आसान तरीके

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।