Viral Video: न भारत, न गुजरात… पाकिस्तान में दिखा नवरात्रि का ऐसा नजारा, वीडियो देख खुश हो जाएंगे आप

भारत में नवरात्रि के दौरान गरबा, पूजा और माता रानी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो जाता है। लेकिन क्या आपने कभी पाकिस्तान में नवरात्रि का ऐसा नजारा देखा है? सोशल मीडिया पर कराची के एक मंदिर का वीडियो चर्चा में है, जहां हिंदू श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं। कोई गरबा कर रहा है, तो कोई प्रसाद बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कर रहा है। इस वीडियो को देखकर भारत के कई सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं। खास बात यह है कि सरहद के उस पार मनाए जा रहे इस त्योहार की झलक लोगों को धार्मिक आस्था और आपसी जुड़ाव का खूबसूरत संदेश देती नजर आ रही है।

कराची के मंदिर में गरबा करते दिखे श्रद्धालु

इंस्टाग्राम यूजर @munji_galhiyun ने यह वीडियो साझा किया है। इसमें पाकिस्तान के कराची स्थित श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में नवरात्रि उत्सव की झलक दिखाई गई है। वीडियो पर लिखा है, “Navratri Day: 1: Shiv Mandir, Karachi Pakistan।”

वीडियो की शुरुआत में महिला कहती है, “This is not India, this is Pakistan Navratri।” इसके बाद मंदिर परिसर में गरबा करते श्रद्धालु दिखाई देते हैं। कहीं लोग भक्ति संगीत पर झूम रहे हैं, तो कहीं एक साथ प्रसाद ग्रहण करते नजर आ रहे हैं। माता रानी की प्रतिमा और ‘जय माता दी’ लिखे हेडबैंड पहने भक्तों की तस्वीरें भी इस वीडियो को खास बनाती हैं।

नौ दिनों तक चलती हैं नवरात्रि की रौनक

इंस्टाग्राम पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, मंदिर में नवरात्रि का उत्सव नौ दिनों तक चलता है। इस दौरान पूजा-पाठ, पारंपरिक गरबा और सामूहिक कार्यक्रमों के जरिए श्रद्धालु त्योहार मनाते हैं। महिला ने एक अन्य वीडियो में यह भी बताया कि मुस्लिम लड़के अपने परिवार के साथ इन कार्यक्रमों में आ सकते हैं। उसने इसकी वजह लड़कियों की सुरक्षा बताई। उसके अनुसार, उत्सव का समय रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक रहता है।

वीडियो देखकर भारतीय यूजर्स ने जताई खुशी

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी चर्चा में हैं। कई यूजर्स ने पाकिस्तान में हिंदू समुदाय को नवरात्रि मनाते देखकर खुशी जताई, जबकि कुछ ने भविष्य में इन समारोहों में शामिल होने की इच्छा जाहिर की।

एक यूजर ने लिखा, “भगवान आप सभी को आशीर्वाद दें। भारत से ढेर सारा प्यार और प्रार्थनाएं।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि वह भी नवरात्रि में उनके साथ शामिल होना चाहता है और ‘जय माता दी’ कहकर शुभकामनाएं दीं।

एक अन्य यूजर ने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या यह सच है। वहीं, किसी ने लिखा कि यह वीडियो देखकर उसका दिन बन गया।

View this post on Instagram

A post shared by Instagram

भारत-पाकिस्तान के बीच त्योहार साथ मनाने की उम्मीद

कुछ लोगों ने इस वीडियो को दोनों पड़ोसी देशों के बीच बेहतर रिश्तों की उम्मीद से भी जोड़ा। एक यूजर ने इच्छा जताई कि काश किसी दिन भारत और पाकिस्तान के लोग मिलकर त्योहार मना सकें।कराची के मंदिर में नवरात्रि की यह झलक दिखाती है कि धार्मिक परंपराएं और त्योहार लोगों के जीवन में कितनी अहम जगह रखते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो इसी वजह से लोगों का ध्यान खींच रहा है और सरहद के दोनों ओर रहने वाले लोगों के बीच भावनात्मक जुड़ाव की चर्चा को आगे बढ़ा रहा है।

फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी छोड़ संभाला फैमिली बिजनेस, एक दिन में कमाए ₹14.45 लाख

2.04 लाख रुपये की एक टिकट! मुंबई में फाल्गुनी पाठक के गरबा कार्यक्रम में ऐसा क्या खास?

नवरात्रि शुरू होते ही देशभर में गरबा का रंग चढ़ने लगता है और लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिलता है। लेकिन जब गरबा क्वीन फाल्गुनी पाठक की परफॉर्मेंस हो, तो इसकी एक्साईटमेंट और बढ़ जाती है। हर साल बड़ी संख्या में उनके शो का इंतजार करते हैं। मुंबई में इस साल फाल्गुनी पाठक के साथ नौ रातों तक गरबा का उत्सव मनाया जाएगा। वहीं, फाल्गुनी पाठक का नवरात्रि उत्सव 2026 इस बार अपने महंगे टिकटों की कीमतों को लेकर भी चर्चा में है। कार्यक्रम में सबसे खास VIP पॉड की कीमत करीब 2.04 लाख रुपये रखी गई है।

आयोजन शुरू होने से पहले ही कई कम कीमत वाली टिकट कैटेगरी बिक चुकी हैं। ऐसे में महंगी टिकट और लोगों की जबरदस्त दिलचस्पी, दोनों ही इस गरबा उत्सव को सुर्खियों में ला रहे हैं।

कितनी है टिकट की शुरुआती कीमत

मुंबई में फाल्गुनी पाठक का गरबा उत्सव शुरू हो चुका है और लोगों में जबरदस्त उत्साह है। फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव का आयोजन 11 से 19 अक्टूबर के बीच जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जा रहा है। वहीं इस इवेंट का नाम टवेस्ट एवेन्यू रियल्टी नवरात्रि उत्सव 2026′ रखा गया है। इस कार्यक्रम के टिकटों की कीमत ने लोगों का ध्यान खींचा है। शुरुआती टिकट करीब 2,000 रुपये से शुरू हो रहे हैं, जबकि सबसे खास प्राइवेट पॉड के लिए 2.04 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। यानी इस गरबा आयोजन में आम टिकट से लेकर बेहद महंगे VIP अनुभव तक कई विकल्प मौजूद हैं। आने वाले वीकेंड और कार्यक्रम की आखिरी रातों के लिए कई टिकट कैटेगरी पहले ही बिक चुकी हैं, जबकि प्रीमियम टिकट अभी उपलब्ध हैं।

कितने की है सबसे मंहगी टिकट

फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव में सबसे महंगी टिकट कैटेगरी ‘एक्सक्लूसिव पॉड’ है, जिसकी कीमत करीब 2.04 लाख रुपये है। इस प्राइवेट VIP स्पेस में एक साथ 12 लोग शामिल हो सकते हैं और टिकट के साथ 10,000 रुपये का फूड और बेवरेज वाउचर भी मिलता है, जो तय दिन पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। 18 अक्टूबर के लिए इस कैटेगरी की टिकटें तेजी से बिक रही हैं, जबकि 17 अक्टूबर की एक्सक्लूसिव पॉड टिकटें पहले ही खत्म हो चुकी हैं।

ग्रुप में भी ले सकते हैं टिकट

फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव में दोस्तों और परिवार के साथ जाने वालों के लिए ग्रुप टिकट भी उपलब्ध हैं। पांच लोगों के पैकेज की कीमत 13,000 रुपये है, यानी प्रति व्यक्ति करीब 2,600 रुपये खर्च होंगे। वहीं, 10 लोगों के लिए ग्रुप पैकेज 25,000 रुपये में मिल रहा है, जिसके हिसाब से एक व्यक्ति का टिकट करीब 2,500 रुपये पड़ता है। इस तरह ज्यादा लोगों के साथ बुकिंग करने पर प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत थोड़ी कम हो जाती है।

कम कीमत वाले टिकट बिके

फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव के आखिरी वीकेंड के लिए कम कीमत वाले कई टिकट विकल्प अब उपलब्ध नहीं हैं। 17 अक्टूबर के लिए 2,000 रुपये वाला अर्ली बर्ड पास, 2,300 रुपये का फेज-1 और 2,700 रुपये का फेज-2 टिकट बिक चुका है। हालांकि, 3,500 रुपये की कीमत वाला फाइनल फेज टिकट अभी बुक किया जा सकता है। 18 अक्टूबर के लिए 2,000 रुपये वाला अर्ली बर्ड और 2,300 रुपये का फेज-1 टिकट पहले ही बिक चुका है। लेकिन, 2,700 रुपये वाला फेज-2 टिकट और ग्रुप पैकेज अभी बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। वहीं, 19 अक्टूबर को नवरात्रि उत्सव का आखिरी दिन होगा और इस दिन 2,700 रुपये का फेज-2 टिकट तेजी से बिक रहा है। पांच और 10 लोगों वाले ग्रुप पैकेज भी तेजी से भर रहे हैं।

इस बार कार्यक्रम में क्या है खास

इस बार फाल्गुनी पाठक का गरबा कार्यक्रम खुले मैदान की जगह पूरी तरह से एसी वाले जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जा रहा है। यहां डांस के लिए कारपेट वाला बड़ा फ्लोर तैयार किया गया है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में रोजाना महा आरती, लाइव म्यूजिक और परफॉर्मेंस, आकर्षक लाइटिंग और खाने-पीने की कई सुविधाएं भी मिलेंगी। लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त पेड पार्किंग की व्यवस्था भी रखी गई है।

कितनी देर तक चलेगा परफॉर्मेंस

फाल्गुनी पाठक का यह नवरात्रि उत्सव 11 से 19 अक्टूबर तक यानी लगातार नौ दिनों तक आयोजित किया जाएगा। हर रात कार्यक्रम की शुरुआत रात 8 बजे होगी और करीब चार घंटे तक गरबा और लाइव परफॉर्मेंस का सिलसिला चलेगा। इस आयोजन को ट्राइबवाइब और अल्फोंसो स्टूडियोज ने तैयार और प्रमोट किया है, जबकि वेस्ट एवेन्यू रियल्टी इसका टाइटल पार्टनर है। आयोजकों का दावा है कि ये कार्यक्रम गरबा प्रेमियों को एक खास और प्रीमियम नवरात्रि अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।

Devi Shakti Event: अंबानी फैमली ने धूम धाम से किया देवी मां का स्वागत, रणवीर सिंह-कृति सेनन से लेकर इन एक्टर्स ने इवेंट में लिया हिस्सा

Devi Shakti Event: नवरात्रि के एक दिन पहले अंबानी परिवार ने ‘देवी शक्ति’ के सम्मान में और भारत की शानदार कारीगरी की विरासत को समर्पित ‘स्वदेश’ (Swadesh) के एक साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए एक खास शाम का आयोजन किया।

शनिवार शाम को रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बॉलीवुड हस्तियां और खास मेहमान भारतीय कारीगरी, सांस्कृतिक परंपराओं और त्योहारों के शुभ माहौल का जश्न मनाने के लिए एक साथ आए। इस जश्न में पूरा अंबानी परिवार शामिल हुआ, जिसमें नीता अंबानी और मुकेश अंबानी, उनके बेटे आकाश अंबानी और अनंत अंबानी, और बहुएं श्लोका मेहता और राधिका मर्चेंट शामिल थे।

नीता अंबानी शानदार कढ़ाई वाली मैजेंटा-पिंक सिल्क साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। इस साड़ी पर बारीक सोने की ज़री का काम और सजावटी बॉर्डर था। उन्होंने इसके साथ भारी कढ़ाई वाला ब्लाउज, शानदार ज्वेलरी, बिंदी और खूबसूरत इयररिंग्स पहने थे। वहीं मुकेश अंबानी ने क्लासिक ब्लैक बंदगला सूट पहनकर उनके लुक को पूरा किया, जिसमें गुलाबी पॉकेट स्क्वायर ने रंग का एक हल्का सा टच जोड़ा।

इस जश्न में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी अंबानी परिवार के साथ शामिल हुए। इनमें रणवीर सिंह, कृति सेनन, आमिर खान, रश्मिका मंदाना, अदिति राव हैदरी, जैकलीन फर्नांडिस, जैकी श्रॉफ, शनाया कपूर, सारा अली खान, संजय दत्त, मनीष मल्होत्रा ​​और गौरी खान जैसे कई नामी चेहरे शामिल थे।

दूसरे मेहमानों ने भी त्योहार के हिसाब से कपड़े पहने थे। वे शानदार साड़ियों, बारीक कढ़ाई वाले एथनिक कपड़ों और पारंपरिक लिबास में नजर आए, जो भारतीय टेक्सटाइल, कारीगरी और सदाबहार फेस्टिव फैशन की खूबसूरती को दर्शाते थे।

शाम का मुख्य आकर्षण ‘स्वदेश इरोस’ में ‘देवी शक्ति’ कार्यक्रम था, जिसमें नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व और भारत की शिल्प विरासत की अद्भुत विविधता का संगम देखने को मिला। स्टोर के एक साल पूरे होने के मौके पर उन कारीगरों को सम्मानित किया गया, जिनकी लगन, हुनर ​​और रचनात्मकता ने देश की पारंपरिक कलाओं को आज भी जीवित रखा है।

मेहमानों को कालीघाट पेंटिंग, कलमकारी और आशावली बुनाई के लाइव प्रदर्शन के ज़रिए भारत की मशहूर कलाओं को बनाने की बारीक प्रक्रियाओं को करीब से देखने का मौका मिला। इन इंटरैक्टिव प्रदर्शनों में कला के इन रूपों में शामिल बारीकी, धैर्य और विशेषज्ञता को दिखाया गया, जिससे आने वाले लोग उस कारीगरी की सराहना कर सके जो पीढ़ियों से चली आ रही है।

एक खास लिमिटेड-एडिशन कलमकारी प्रदर्शन ने जश्न में चार चांद लगा दिए और इस पारंपरिक कला की खूबसूरती को सबके सामने पेश किया। इन अनुभवों के जरिए, ‘स्वदेश इरोस’ ने भारत की कलात्मक विरासत को दिखाने और देश की सांस्कृतिक पहचान को संजोने वाले कारीगरों के प्रति सम्मान और सराहना बढ़ाने के अपने संकल्प को फिर से दोहराया।