Nvidia Stock Crash: दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनियों में शुमार एनवीडिया के शेयर बुधवार 11 नवंबर को धड़ाम हो गए। कंपनी के सीईओ जेनसेन हुआंग के एक और अफेयर के सामने आने और बोर्ड की उन्हें पद से हटाने की तैयारी से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स ने निवेशकों ने चिंताएं बढ़ाई तो धड़ाधड़ बिकवाली होने लगी। इसके चलते आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में चिप कंपनी का शेयर करीब 9% तक गिर गया। इससे पहले लगातार दो कारोबारी दिनों में 10% टूटने के बाद बुधवार को रेगुलर ट्रे़डिंग में इसमें 3% की रिकवरी आई थी लेकिन फिर यह नए मामले सामने आने के बाद कंपनी के शेयरों पर दबाव फिर बढ़ गया।
Nvidia के सीईओ की गद्दी खतरे में?
बुधवार को न्यूयॉर्क टाइम्स ने कंपनी के पूर्व एंप्लॉयीज के हवाले से खुलासा किया कि हुआंग का ‘चाइनीज जासूस’ एलिस हुआंग के साथ अफेयर तो था ही, साथ ही कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी उनका अफेयर था। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल मार्च में कंपनी की एक कॉन्फ्रेंस के दौरान सैन जोसे (San Jose) के एक होटल में हुआंग और पॉवेल को एक-दूसरे के करीब देखा गया था, और दोनों वीडियो में भी दिखे हैं। इसके बाद सीएनबीसी ने सूत्रों के हवाले से खुलासा किया कि हुआंग और पॉवेल के अफेयर की चर्चाएं कई वर्षों से चल रही थीं, क्योंकि पॉवेल का हेल्थ या साइंस के क्षेत्र से कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी वे इस अहम पद पर बनी हुई हैं।
बाद में फिर वॉल स्ट्रीट जर्नल ने खुलासा किया कि एनवीडिया का बोर्ड हुआंग को उनके पद से हटाने की तैयारी कर रहा है। हुआंग 1993 में कंपनी की शुरुआत से ही इस पद पर बने हुए हैं। जोन्सट्रेडिंग (Jonestrading) के माइकल ओ’रूर्के के अनुसार अगर स्वतंत्र जांच में ये आरोप सही पाए गए, तो बोर्ड को उन्हें हटाना ही होगा। आज के समय में कॉर्पोरेट गवर्नेंस का यही मानक है। उनका यह भी कहना है कि सबसे बुरी बात ये है कि यह कोई इकलौती घटना नहीं, बल्कि एक पैटर्न है।
बता दें कि वीकेंड पर हुआंग के साथ अपने अफेयर की बात एनवीडिया के सीईओ ने स्वीकार की थी लेकिन इस्तीफे को लेकर कुछ नहीं कहा। इसकी बजाय उन्होंने कहा कि वह खोए हुए भरोसे को फिर से कायम करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। वैसे कई अमेरिकी सांसदों ने हुआंग से अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर इस्तीफा देने को कहा है।
Chip Stocks फंसे बिकवाली की आंधी में
सीईओ से जुड़े मामले सामने आने के बाद सिर्फ एनवीडिया के शेयर ही नहीं टूटे बल्कि बिकवाली की आंधी में दूसरी चिप कंपनियों के शेयर भी फंस गए। नैस्डैक फ्यूचर्स (Nasdaq Futures) में भी गिरावट आई है। रेगुलर ट्रेडिंग में 24% की तेजी के बाद कोरवीव (CoreWeave) के शेयरों में आफ्टर-आवर्स में 5% की गिरावट आई, तो इंटेल (Intel), डेल (Dell) और सुपर माइक्रो (Super Micro) के शेयरों में 3%-4% तक की गिरावट आई। नैस्डैक फ्यूचर्स भी लगभग 300 प्वाइंट्स नीचे आ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

