Disha Salian Death Case: आदित्य ठाकरे से लेकर डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती तक…दिशा सालियन मौत मामले में CBI की FIR में इन दिग्गजों के नाम

Disha Salian Death Case: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में FIR दर्ज की है। इस महीने की शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सालियान की मौत की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) से कराने का आदेश दिया था। कोर्ट ने छह साल तक FIR दर्ज नहीं करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा था कि उसकी जांच से जवाब मिलने के बजाय और सवाल खड़े होते हैं। पीठ ने छह साल तक मामले को केवल दुर्घटनावश मौत के रूप में देखने के लिए पुलिस की आलोचना की थी। जांच में स्पष्ट विसंगतियों की ओर इशारा किया था।

कैसे हुई थी सालियान की मौत?

राजपूत की मैनेजर के रूप में कुछ समय काम कर चुकीं दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी। राजपूत एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। इसके बाद दोनों की मौत की घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगने लगी थीं।

राजपूत की मौत के बाद मचे हंगामे के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने बाद में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल करते हुए कहा था कि राजपूत की मौत आत्महत्या से हुई थी। हालांकि, संबंधित अदालत ने अभी इस रिपोर्ट पर सुनवाई नहीं की है।

CBI की FIR में इन दिग्गजों के नाम

अधिकारियों ने बताया कि दिशा सालियन की मौत के मामले में दर्ज FIR में शिवसेना (UBT) विधायक आदित्य ठाकरे, अभिनेता डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती के नाम शामिल हैं। यह घटनाक्रम बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा केंद्रीय एजेंसी को मामले की जांच अपने हाथ में लेने का आदेश देने के लगभग दो सप्ताह बाद हुआ है। हत्या, गैंगरेप, आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने और गलत जानकारी देने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक, इस FIR में कई दिग्गजों के नाम हैं जिनकी भूमिका की जांच की जानी है। इनमें शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के अलावा रोहन रॉय, एक्टर डिनो मोरिया और सूरज पंचोली, आदित्य के बॉडीगार्ड, रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे, मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह, DCP विशाल ठाकुर और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नाम शामिल हैं। दस्तावेज में राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख, कई पुलिस अधिकारियों, फोरेंसिक अधिकारियों, डॉक्टरों और अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं।

उद्धव ठाकरे का जिक्र

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, CBI की FIR में कहा गया है, “तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (आदित्य ठाकरे के पिता) और अन्य लोगों ने साजिश और उसके बाद मामले को दबाने में अहम भूमिका निभाई। संबंधित सरकारी कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों की भी जांच की जानी चाहिए। उन पर केस के कागजात, फाइलें और अन्य सार्वजनिक रिकॉर्ड नष्ट करने या छिपाने, आधिकारिक रिकॉर्ड में हेरफेर करने और गैर-कानूनी कामों एवं अपराधियों को बचाने के लिए सार्वजनिक धन, मैनपावर और पुलिस मशीनरी का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है।”

CBI की FIR के अनुसार, आदित्य ठाकरे, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, रिया चक्रवर्ती और पोस्टमार्टम में देरी के लिए जिम्मेदार डॉक्टर एवं कर्मचारी उन लोगों में शामिल हैं जिनकी भूमिका की जांच जरूरी है। इससे पहले, केंद्रीय जांच एजेंसी ने जांच में मदद के लिए पुलिस को पत्र लिखकर दिशा सालियन की मौत से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगे थे।

पिता ने की थी CBI जांच की अपील

पिछले हफ्ते सालियन के पिता सतीश सालियन ने अपनी बेटी की मौत की जांच के सिलसिले में CBI के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। अपने बयान में सतीश सालियन ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके बेटे और शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों ने कथित साजिश और उसके बाद मामले को दबाने में अहम भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें- Gurugram accident Video: गुरुग्राम में स्पोर्ट्स लेडी बाइकर को कार चालक ने मारी जानलेवा टक्कर! वीडियो देख भड़के यूजर्स, गोल्फ कोर्स रोड की है घटना

बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2 सितंबर को CBI जांच का आदेश दिशा सालियन के पिता की याचिका पर दिया। उन्होंने आरोप लगाया था कि जून 2020 में अपनी बेटी की मौत की जांच में मुंबई पुलिस ने लापरवाही बरती थी। कोर्ट ने छह साल तक FIR दर्ज न करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाई। कोर्ट ने यह भी गौर किया कि मौत के छह साल बाद भी सालियन के परिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और ADR की कॉपी नहीं दी गई थी।

Disha Salian Death: दिशा सालियान केस में आया अपडेट, CBI ने सुशांत सिंह राजपूत की दिवंगत मैनेजर के मामले में FIR दर्ज की

Disha Salian Death: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने सोमवार को दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में FIR दर्ज की। यह कदम बॉम्बे हाई कोर्ट के उस आदेश के बाद उठाया गया जिसमें मामले की गहन जांच के लिए कहा गया था।

सालियन 8 जून 2020 को मृत पाई गई थीं। उनकी मौत मुंबई के बांद्रा में स्थित सुशांत सिंह राजपूत के घर पर उनके मृत पाए जाने से कुछ दिन पहले हुई थी। उनकी मौत को पहले ‘एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट’ (ADR) के तौर पर दर्ज किया गया था।

कोर्ट ने CBI जांच का आदेश दिया

यह घटनाक्रम बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा CBI को FIR दर्ज करने और सालियन की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करने का आदेश दिए जाने के बाद हुआ है। इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस मंजूषा देशपांडे की डिवीजन बेंच ने इस बात पर चिंता जताई थी कि सालियन के परिवार के हत्या के आरोपों के बावजूद केवल ADR ही दर्ज किया गया था।

कोर्ट ने यह भी गौर किया था कि मौत के पांच साल बाद भी सालियन के परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ADR की कॉपी नहीं दी गई थी। कोर्ट के आदेश के बाद सालियन के पिता सतीश सालियन ने कहा था कि उन्होंने जांच अधिकारियों को अपनी बेटी की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी दे दी है और उन्हें भरोसा है कि जल्द ही कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

परिवार ने जानकारी दी

शुक्रवार को ANI से बात करते हुए सतीश सालियन ने कहा कि उन्होंने जांचकर्ताओं को अपनी बेटी की मौत से जुड़ी घटनाओं के बारे में जो कुछ भी पता था वह बता दिया है और उन कई लोगों के नाम भी दिए हैं, जिनसे वे चाहते हैं कि अधिकारी पूछताछ करें।

उन्होंने कहा, “मैंने तथ्य वैसे ही बताए जैसे वे थे। मैंने उन्हें अपनी बेटी के साथ हुई हर घटना के बारे में बताया। मैंने सभी नाम बताए- आदित्य, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और बॉडीगार्ड्स। उन्होंने सब कुछ नोट कर लिया। उन्होंने कहा कि वे मेरी बताई बातों के आधार पर कार्रवाई करेंगे। कुछ दिनों में कार्रवाई शुरू हो जाएगी।” उन्होंने कहा, “सच को हराया नहीं जा सकता। भगवान वहीं होते हैं जहां सच होता है। इसीलिए न्याय जरूर होगा।”

सुशांत की बहन की प्रतिक्रिया

CBI की जांच पर सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति का भी ध्यान गया है, जिन्होंने हाल ही में जांच को लेकर उम्मीद जताई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए श्वेता ने कहा, “सच की अपनी ताकत होती है… इसे कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, परेशान किया जा सकता है, लेकिन इसे हराया नहीं जा सकता।” उन्होंने सालियन मामले में CBI जांच का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राजपूत के कई फॉलोअर्स को उम्मीद मिली है।